CGTalkies

CGTalkies News

गरियाबंद के जंगल में नक्सलियों का विस्फोटक डंप बरामद, संयुक्त सर्चिंग के दौरान मिला आईईडी और विस्फोटक सामग्री, बीडीएस टीम ने किया नष्ट

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर क्षेत्र के कुल्हाडीघाट कैंप से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम दड़ईपानी के जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया गया। बरामद आईईडी और विस्फोटकों को बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एफ/65 बटालियन सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल एवं बीडीएस टीम की संयुक्त पार्टी क्षेत्र में सर्च अभियान पर निकली हुई थी। अभियान के दौरान जवानों को जंगल में एक संदिग्ध डंप होने की सूचना मिली। तलाशी लेने पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य उपयोगी सामान बरामद किया गया।

आईईडी, बीजीएल राउंड और विस्फोटक सामग्री बरामद

संयुक्त टीम ने मौके से लगभग 15 मीटर कमर्शियल कॉर्डेक्स वायर, करीब 1.5 किलोग्राम गन पाउडर, जिलेटिन रॉड, एक कुकर आईईडी (लगभग 4 किलोग्राम), एक टिफिन आईईडी (लगभग 5 किलोग्राम), 6 बीजीएल राउंड, एक एयर गन, एक इंटरसेप्टर, एक इंसास मैगजीन, दवाइयां तथा दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि नक्सलियों ने इन सामग्रियों को भविष्य में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने और बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से जंगल में डंप कर रखा था।

बीडीएस टीम ने मौके पर किया निष्क्रिय

बरामद IED बम और अन्य विस्फोटक सामग्री को गंभीर खतरे को देखते हुए बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) द्वारा मौके पर ही नियंत्रित विस्फोट के जरिए सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया। इससे क्षेत्र में संभावित बड़े खतरे को टाल दिया गया।

लगातार जारी है नक्सल विरोधी अभियान

गरियाबंद जिले के संवेदनशील वन क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्चिंग और नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में सुरक्षाबलों की सक्रियता बढ़ने से नक्सलियों की गतिविधियों पर लगातार अंकुश लग रहा है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सर्च अभियान आगे भी जारी रहेगा।

करियर काउंसलिंग सेमिनार में अधिकारियों ने दिखाया सफलता का रास्ता

कलेक्टर, एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दिए करियर निर्माण और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के गुर

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिला मुख्यालय स्थित ऑक्शन हॉल में बेरोजगार युवक-युवतियों तथा स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय भव्य करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण, लक्ष्य निर्धारण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, वनमंडलाधिकारी शशिगानंद, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन, अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, डीएसपी गरिमा दादर तथा अन्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। सेमिनार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं युवा शामिल हुए।

सफलता के लिए लक्ष्य और समय प्रबंधन जरूरी – कलेक्टर

कलेक्टर बीएस उइके ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले अपनी रुचि को पहचाने कि वो किस फिल्ड में जाना चाहते है। इसके लिए उन्हें स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आधारभूत ज्ञान से शुरू होती है, इसलिए विद्यार्थियों को एनसीईआरटी की पुस्तकों का नियमित अध्ययन करना चाहिए।

इसके साथ ही प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने, समसामयिक घटनाओं की जानकारी रखने तथा लेख और संपादकीय पढ़ने की आदत डालने को कहा। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रीलिम्स, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी के विभिन्न चरणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा की प्रकृति अलग होती है, इसलिए उसकी तैयारी भी योजनाबद्ध तरीके से करनी चाहिए।

अनुशासन और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी – एसपी

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए अनुशासन, धैर्य और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने पुलिस सेवा और सिविल सर्विसेज में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि असफलता किसी भी यात्रा का अंत नहीं होती, बल्कि यह सफलता की ओर बढ़ने का एक महत्वपूर्ण अनुभव है। असफलताओं से सीख लेकर और अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता – प्रखर चंद्राकर

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अध्ययन, अनुशासन और कड़ी मेहनत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने बेसिक्स मजबूत करने तथा नियमित अभ्यास के माध्यम से आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में पढ़ने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में भी जानकारी दी गई। एआई तकनीक का उपयोग अध्ययन सामग्री तैयार करने, विषयों को बेहतर ढंग से समझने, अभ्यास प्रश्नों के समाधान खोजने तथा अपनी कमजोरियों की पहचान कर तैयारी को और प्रभावी बनाने में किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक का सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव

सेमिनार में उपस्थित अन्य अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। अधिकारियों ने युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार करियर चुनने तथा समय का सदुपयोग करने की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह अकादमी एक बेहतर अवसर प्रदान करेगा। जिसका अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने तकनीक और एआई का सकारात्मक उपयोग करते हुए निरंतर सीखने की आदत विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

खुला संवाद बना आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयोजित ओपन सेशन विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान छात्रों ने अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं। विद्यार्थियों ने तनाव प्रबंधन, पढ़ाई की रणनीति, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू करने का सही समय तथा सफलता के लिए आवश्यक गुणों जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे।

अधिकारियों ने सरल, व्यावहारिक और प्रेरणादायक उदाहरणों के माध्यम से छात्रों की शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उनके भविष्य निर्माण के लिए उपयोगी बताया। सेमिनार में जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और प्रशिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।

22 जून से प्रारंभ होगी अकादमी

जिला प्रशासन द्वारा गरियाबंद, मैनपुर, देवभोग और फिंगेश्वर विकासखंड में रेस रत्नगर्भा अकादमी फॉर कॉम्पिटिटिव एग्जाम की शुरुआत की जा रही है। अकादमी की नियमित कक्षाएं 22 जून 2026 से प्रारंभ होंगी, जहां विद्यार्थियों को एआई आधारित आधुनिक शिक्षण प्रणाली के माध्यम से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इस दौरान जिला पंचायत के उप संचालक श्रीमती पदमिनी हरदेल एवं कार्यक्रम का संचालन डीपीएम श्री पतंजल मिश्रा ने किया।

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे: विधायक रोहित साहू ने कोपेश्वरनाथ धाम में की विशेष पूजा, देश की समृद्धि और जनकल्याण की कामना

(सीजी टॉकिज) :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजिम क्षेत्र के प्रसिद्ध कोपरा स्थित कोपेश्वरनाथ महादेव मंदिर में बुधवार को भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान भगवान कोपेश्वरनाथ महादेव का वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ विशेष अभिषेक किया गया तथा महाआरती कर देश की सुख-समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना की गई।

इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित हुए। मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की उन्नति और नागरिकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।

12 वर्षों में विकास का नया अध्याय – रोहित साहू

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। गरीब कल्याण, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, अधोसंरचना विकास, किसानों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने की उपलब्धि पर भगवान कोपेश्वरनाथ महादेव का अभिषेक एवं महाआरती आयोजित कर देश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की गई है।

विधायक रोहित साहू ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

धार्मिक आयोजन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और भगवान शिव के जयकारों से माहौल गूंजता रहा।़

गरियाबंद में थाना प्रभारियों का तबादला, एसपी ने जारी किए आदेश, देखिए सूची

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले में कई थाना प्रभारियों का नवीन पदस्थापना आदेश जारी हुआ है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने आदेश जारी किया है। आदेश में 4 निरीक्षक और 2 सहायक उप निरीक्षक का नाम शामिल है। इस फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जारी आदेश के अनुसार ओमप्रकाश यादव को थाना प्रभारी जुगाड़, शिशिर पाण्डेय को थाना प्रभारी सिटी कोतवाली गरियाबंद, शिवशंकर हुर्रा को रक्षित केंद्र गरियाबंद संबद्ध साइबर सेल और सिद्धेश्वर प्रताप सिंह को थाना प्रभारी मैनपुर की जिम्मेदारी दी गई है।

तबादला सूची में सहायक उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। यदु राज ठाकुर को जुगाड़ थाना से हटाकर रक्षित केंद्र गरियाबंद संबद्ध साइबर सेल में पदस्थ किया गया है, जबकि संतराम साहू को सिटी कोतवाली से स्थानांतरित कर राजिम थाना भेजा गया है।

खेत, तालाब और मंदिर में छिपाई गई थी लाखों की लकड़ी! स्निफर डॉग की मदद से वन विभाग का बड़ा खुलासा

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य की लकड़ियां और तैयार फर्नीचर बरामद किए हैं। हैरानी की बात यह रही कि तस्करों ने वन विभाग की कार्रवाई से बचने के लिए लकड़ियों को खेतों, तालाब किनारे और यहां तक कि मंदिर परिसर के आसपास अलग-अलग स्थानों पर छिपा रखा था। लेकिन वन विभाग की संयुक्त टीम और स्निफर डॉग की सूझबूझ के आगे उनकी सारी चालाकी नाकाम साबित हुई।

एक-एक ठिकाना खंगाला, खुलता गया राज

उपनिदेशक वरुण जैन के नेतृत्व में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने साहेबिन कछार क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान लगभग 4 से 5 घन मीटर अवैध लकड़ियां तथा कई तैयार फर्नीचर जब्त किए गए। बरामद सामग्री में सागौन, साल और बीजा जैसी बहुमूल्य प्रजातियों की लकड़ियां शामिल हैं।

वन विभाग को आशंका थी कि क्षेत्र में अवैध लकड़ी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। इसी आधार पर टीम ने स्निफर डॉग की मदद से कई संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली। जांच के दौरान खेतों, तालाब किनारे और मंदिर के आसपास छिपाकर रखी गई लकड़ियों का पता चला, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।

गिरफ्तार आरोपी से मिला था सुराग

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 5 जून को की गई एक कार्रवाई में करीब ढाई घन मीटर अवैध लकड़ी जब्त की गई थी और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी से मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर साहेबिन कछार क्षेत्र में यह बड़ी कार्रवाई की गई।

सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध कारोबार से जुड़े लोगों ने लकड़ियों और फर्नीचर को अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था, ताकि वन विभाग को कोई सुराग न मिल सके। लेकिन तकनीकी जांच और स्निफर डॉग की मदद से पूरा खेल उजागर हो गया।

वन माफियाओं पर कसता शिकंजा

वन विभाग ने जब्त की गई समस्त सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

लगातार कार्रवाई से मचा हड़कंप

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग का दावा है कि वन संपदा की तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

श्रमिकों संग बांटी खुशियां, पौधे लगाकर मनाया विधायक रोहित साहू का जन्मदिन

(सीजी टॉकिज) राजिम :- जनसेवा, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम उस समय देखने को मिला जब राजिम विधानसभा के लोकप्रिय विधायक रोहित साहू के जन्मदिन के अवसर पर ग्राम सोरिद खुर्द में श्रमिक भाई-बहनों के साथ सादगीपूर्ण एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्र के युवा नेता राजू साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रमिकों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं तथा पौधारोपण कर हरित भविष्य का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को मिठाई एवं नाश्ता वितरित किया गया। श्रमिकों के साथ आत्मीयता से संवाद करते हुए राजू साहू ने कहा कि समाज के विकास में श्रमिक वर्ग की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उनकी मेहनत और समर्पण से ही गांव, शहर और देश की प्रगति संभव हो पाती है। ऐसे में विधायक रोहित साहू जी के जन्मदिन को श्रमिकों के बीच मनाना उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को इसके लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

राजू साहू ने अपने संबोधन में कहा कि विधायक रोहित साहू जी सदैव क्षेत्र के विकास, गरीबों, किसानों, युवाओं और श्रमिकों के हितों के लिए समर्पित रहे हैं। उनके जन्मदिन को सेवा, सद्भाव और सामाजिक सरोकारों से जोड़कर मनाना ही उनके प्रति सच्ची शुभकामना है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशियां पहुंचाना ही जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का वास्तविक दायित्व है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रमिकों, ग्रामीणों एवं युवाओं ने विधायक रोहित साहू जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल जनसेवा जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, श्रम सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की।

चलती कार में लगी आगः कुछ ही मिनटों में जलकर खाक, चालक ने कूदकर बचाई जान

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले के पाण्डुका क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सरकड़ा के पास मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर दौड़ रही एक कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी निवासी चंद्रहास कमार अपनी कार से एक रिश्तेदार को छोड़ने कोपरा गए थे। रिश्तेदार को छोड़ने के बाद वे वापस छुरा लौट रहे थे। इसी दौरान सरकड़ा गांव स्थित कार्तिक पुलिया हनुमान मंदिर के पास उनकी कार अचानक बंद हो गई। कार रुकने के बाद वाहन के इंजन हिस्से से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। खतरा भांपते हुए चंद्रहास कमार तुरंत कार से बाहर निकल गए। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा।

घटना को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सड़क से गुजर रहे राहगीर भी आग की लपटें देखकर रुक गए। दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन वाहन को बचाया नहीं जा सका।

कार मालिक चंद्रहास कमार ने बताया कि उन्होंने यह वाहन वर्ष 2025 में ही खरीदा था। नई कार में अचानक आग लगने की घटना से वे हैरान और परेशान हैं। उनका कहना है कि वाहन में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी की जानकारी पहले कभी नहीं मिली थी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।

आधी रात पहुंचा प्रेस क्लब, विधायक रोहित साहू के जन्मदिन पर मनाया उत्सव; जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब, बधाइयों की लगी कतार

(सीजी टॉकिज) :- राजिम विधानसभा के लोकप्रिय एवं युवा विधायक रोहित साहू के जन्मदिन के अवसर पर प्रेस क्लब राजिम द्वारा उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की गई। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधायक रोहित साहू के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

जन्मदिन के अवसर पर प्रेस क्लब राजिम के सदस्य आधी रात राजिम विधायक के निवास पहुंचे। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में केक काटकर खुशियां मनाई गईं। उपस्थित लोगों ने विधायक रोहित साहू के जनसेवा, विकास कार्यों और क्षेत्र के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राजिम क्षेत्र निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

प्रेस क्लब राजिम के सदस्यों ने कहा कि रोहित साहू जनता के बीच अपनी सरलता, सहजता और जनहित के कार्यों के लिए विशेष पहचान रखते हैं। उन्होंने विधायक के सफल एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान प्रेस क्लब राजिम के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे तथा सभी ने मिलकर विधायक रोहित साहू को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

वृक्षारोपण का वृहद कार्यक्रम

इधर विधायक रोहित साहू के जन्मदिन पर 9 जून को उनका पूरा दिन जनसंपर्क, धार्मिक दर्शन एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रमों में व्यस्त रहेगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार वे प्रातः 9 बजे राजिम स्थित निवास से भगवान राजीव लोचन मंदिर, राजिम माता मंदिर, बाबा गरीब नाथ मंदिर एवं सिद्ध मनोकामना हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।

इसके बाद वे फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम बेलटुकरी, श्यामनगर, पाण्डुका एवं सांकरा (गाड़ाघाट) पहुंचकर वृक्षारोपण, विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण, वृद्धजनों के सम्मान तथा विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पाण्डुका में नवोदय विद्यालय परिसर, भूमिपूजन हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर, शीतला मंदिर एवं गायत्री मंदिर के समीप आयोजित कार्यक्रमों में भी उनकी सहभागिता रहेगी। वहीं सांकरा में यादव समाज द्वारा आयोजित वार्षिक अधिवेशन, वृक्षारोपण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में भी वे शामिल होंगे।

जन्मदिन के अवसर पर क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में समर्थकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं। इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष नीरज शर्मा, उपाध्यक्ष थनेश्वर साहू, सचिव श्रीकांत साहू, कोषाध्यक्ष कुलदीप अग्रवाल, सहसचिव तामेश्वर साहू सदस्य राहुल ठाकुर, थानेश्वर बंजारे, देव प्रसाद बघेल तथा नागेन्द्र निषाद उपस्थित थे।

गरियाबंद दर्दनाक हादसा: साइनबोर्ड से टकराई बाइक, युवक की मौके पर मौत

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे साइनबोर्ड से जा टकरा गई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार चंचल मांझी अपने एक साथी के साथ बाइक से देवभोग-उरमाल मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे सड़क किनारे लगे साइनबोर्ड से जा भिड़ा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक चंचल मांझी गंभीर रूप से घायल हो चुका था।

हादसे इतना दर्दनाक था कि बाइक चालक की गर्दन टूट गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही देवभोग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

विश्व पर्यावरण दिवस पर पीपरछेड़ी में वृक्षारोपण, विधायक रोहित साहू ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

(सीजी टॉकिज) :- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को ग्राम पीपरछेड़ी (छुरा) में जिला प्रशासन द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू, राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, भाजपा जिला महामंत्री आशीष शर्मा, जिला पंचायत वन सभापति शिवांगी चतुर्वेदी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने शीतला मंदिर प्रांगण में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। साथ ही सामुदायिक भवन का लोकार्पण तथा उपस्वास्थ्य केंद्र का भूमिपूजन भी किया गया।

इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने उपस्थित लोगों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास कम से कम एक पौधा लगाने और उसे गोद लेकर उसकी देखरेख करने का संकल्प लेने की अपील की। विधायक ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पेड़ लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाले समय में गांव और शहर हरे-भरे बनेंगे, पर्यावरण संतुलित रहेगा, वर्षा बेहतर होगी और लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिलेगी।

राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का आह्वान करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफल हो सकता है।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनसहभागिता के महत्व पर विशेष जोर दिया गया तथा ग्रामीणों ने भी अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।