(सीजी टॉकिज) राजिम:- गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोगीडीपा स्थित जलाशय में मंगलवार शाम एक ग्रामीण का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान ग्राम जोगीडीपा निवासी निगम साहू (52 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला मछली पकड़ने के दौरान डूबने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5 बजे ग्रामीणों ने जलाशय में एक शव पानी पर तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना मृतक के भाई प्रकाश साहू ने तत्काल फिंगेश्वर थाना और ग्राम सरपंच को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जयप्रकाश नेताम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पानी में मिला मछली जाली
पुलिस जांच के दौरान मृतक के आसपास पानी में मछली पकड़ने की जाली फैली हुई मिली, जबकि उनके गले में एक थैला भी लटका हुआ था। इन परिस्थितियों के आधार पर प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि मछली पकड़ने के दौरान किसी कारणवश उनका संतुलन बिगड़ गया और वे जलाशय में डूब गए। हालांकि पुलिस अन्य सभी संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने रात करीब 8 बजे शव को जलाशय से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए फिंगेश्वर चीरघर भेज दिया गया। थाना प्रभारी जयप्रकाश नेताम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।















Leave a Reply