(सीजी टॉकिज) राजिम:- गरियाबंद जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजिम में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देते हुए नवनिर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (Block Public Health Unit) का शुभारंभ किया गया। इस आधुनिक स्वास्थ्य इकाई का लोकार्पण राजिम विधायक रोहित साहू ने अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ फीता काटकर किया। यूनिट शुरू होने से अब क्षेत्र के मरीजों को 97 प्रकार की रक्त एवं अन्य स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क उपलब्ध होंगी और उनकी रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी।
कार्यक्रम में राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, जनपद अध्यक्ष श्रीमती इन्द्राणी नेहरू साहू, जिला पंचायत सभापति श्रीमती नंदनी ओंकार साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा चन्द्राकर, वरिष्ठ भाजपा नेत्री सुश्री छाया राही सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट शुरू होने से राजिम क्षेत्र के लोगों को आधुनिक लैब जांच, संक्रामक रोगों की निगरानी और बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि यूनिट में अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से 97 प्रकार की विभिन्न जांचें कम समय में की जाएंगी। साथ ही डेंगू, मलेरिया, डायरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का डेटा तत्काल उपलब्ध होने से समय रहते नियंत्रण और उपचार में मदद मिलेगी। इससे मरीजों को छोटी-छोटी जांचों के लिए निजी लैब या बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। कार्यक्रम को राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव आदि ने भी संबोधित किया।
जीवनदीप समिति की बैठक में दिए अहम निर्देश
लोकार्पण के बाद विधायक रोहित साहू ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जीवनदीप समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, रोशनी और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की गई।
विधायक ने निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले और किसी भी मरीज को दवाइयों की कमी के कारण बाहर से दवा खरीदने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने जीवनरक्षक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने, एक्स-रे, पैथोलॉजी लैब और अन्य जांच उपकरणों को सुचारु रूप से संचालित करने तथा अस्पताल परिसर और वार्डों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जीवनदीप समिति के कोष का पारदर्शी उपयोग कर अस्पताल के विकास कार्यों में तेजी लाने पर भी सहमति बनी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न, बीएमओ डॉ. स्नेहलता हुमने, पार्षद तुषार कदम, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा, एल्डरमैन मधु नत्थानी, देवकी साहू, लक्ष्मी श्रीवास्तव, जीवन दीप समिति सदस्य सोमनाथ पटेल, कुलेश्वर साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
















Leave a Reply