CGTalkies

CGTalkies News

बारिश थमते ही महानदी में शुरू हुआ रेत का खेल! दिन में ट्रैक्टर, रात में हाईवा से निकाली जा रही रेत, प्रशासन मौन

(सीजी टॉकिज) नवापारा:- बारिश का दौर थमते ही गोबरा नवापारा क्षेत्र में महानदी के घाटों पर कथित अवैध रेत खनन का कारोबार फिर सक्रिय होने लगा है। पारागांव, लखना और कोलियारी क्षेत्र में नदी के विभिन्न घाटों पर दिन-रात रेत निकाले जाने और उसके अवैध परिवहन की शिकायतें सामने आ रही हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पहले सैकड़ों ट्रैक्टरों के जरिए महानदी से रेत निकालकर नदी किनारे या आसपास के स्थानों पर डंप किया जाता है। इसके बाद रात के अंधेरे में हाइवा वाहनों के जरिए रेत को रायपुर समेत अन्य शहरों तक भेजे जाने की बात कही जा रही है।

दिन में ट्रैक्टरों की कतार, रात में हाईवा की आवाजाही

स्थानीय लोगों के अनुसार दिन के समय रेत से लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही और रात में हाइवा वाहनों का परिवहन लगातार जारी रहता है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी से लगातार रेत निकाले जाने से महानदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण पर असर पड़ सकता है। वहीं भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र की सड़कों को भी नुकसान पहुंचने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

कार्रवाई की मांग, विभागों की भूमिका पर सवाल

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पारागांव, लखना और कोलियारी के रेत घाटों की जांच कराने, अवैध खनन एवं परिवहन की शिकायतों की सत्यता की पड़ताल करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे विभागीय मिलीभगत के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन शिकायतों पर कब तक कार्रवाई करता है और महानदी में चल रहे कथित अवैध रेत खनन पर किस तरह रोक लगाई जाती है।

VIDEO

पीएमश्री हरिहर शाला की कमान अब महेश राम नेताम को, वित्तीय प्रभार सहित बने प्रभारी प्राचार्य; प्रेस क्लब ने भी दी शुभकामनाएं

(सीजी टॉकिज) :- नवापारा नगर की प्रतिष्ठित पीएमश्री शासकीय हरिहर शाला की कमान अब महेश राम नेताम संभालेंगे। रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार श्री नेताम को वित्तीय प्रभार सहित प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके प्रभारी प्राचार्य बनने पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं राजिम प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुलाकात कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के गौरव को बनाए रखने का दिया भरोसा

प्रभारी प्राचार्य का दायित्व मिलने के बाद महेश राम नेताम ने कहा कि पीएमश्री योजना के अंतर्गत आने वाली नगर की इस पुरानी एवं प्रतिष्ठित शाला के गौरव और गरिमा के अनुरूप विद्यालय का संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और पालकों के सहयोग से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की।

मिडिल स्कूल के स्टाफ ने दी बधाई

महेश राम नेताम के प्रभारी प्राचार्य बनने पर हरिहर मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक एवं स्टाफ ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रधान पाठक आलोक सिंह ठाकुर, संकुल समन्वयक विनोद साहनी, शिक्षक अश्वनी साहू, बल्लू देवांगन, भरत लाल साहू एवं होरीलाल चांदने सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने श्री नेताम को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

राजिम प्रेस क्लब ने भी दी शुभकामनाएं

प्रभारी प्राचार्य महेश राम नेताम को राजिम प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी मुलाकात कर बधाई दी। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि नगर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था के विकास और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए मीडिया की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

इस दौरान राजिम प्रेस क्लब के अध्यक्ष नीरज शर्मा, उपाध्यक्ष सोमा शर्मा, सचिव श्रीकांत साहू, कोषाध्यक्ष कुलदीप अग्रवाल तथा सदस्य नागेंद्र निषाद मौजूद रहे।

प्रेस क्लब के सदस्यों ने श्री नेताम को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पीएमश्री हरिहर शाला शैक्षणिक क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगी।

महानदी पुल हादसे में दूसरी मौत, घायल सुनील जैन ने अस्पताल में तोड़ा दम

(सीजी टॉकिज) नवापारा:- नवापारा के महानदी पुल पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में घायल सुनील कुमार जैन (कटनी वाले) की भी आज इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल सुनील जैन को बेहतर उपचार के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इससे एक दिन पहले इसी हादसे में गंभीर रूप से घायल देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा की भी नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौत हो गई थी।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील कुमार जैन दोनों बाइक से नवापारा से राजिम की ओर जा रहे थे। बाइक सुनील चला रहा था। जैसे ही वे राजिम महानदी पुल पर पहुंचे कि सामने से तेज रफ्तार आ रही पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर दोनों सवारों को अलग-अलग दिशाओं में उछाल दिया।

हादसे में देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे थे, जबकि सुनील जैन दूर जा गिरे थे। घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई थी और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए थे।

पहले देवेंद्र, अब सुनील ने भी दम तोड़ा

हादसे के तत्काल बाद डायल 112 की टीम ने गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। वहीं सुनील जैन को भी अस्पताल ले जाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया था। परिजनों द्वारा उन्हें रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था। लेकिन गंभीर चोटों के चलते आज उपचार के दौरान सुनील कुमार जैन ने भी दम तोड़ दिया।

जैन समाज और नवापारा में पसरा मातम

सुनील कुमार जैन के निधन की खबर मिलते ही जैन समाज और नवापारा नगर में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग परिजनों और परिचितों से मिलने पहुंचे और ढ़ांढस बंधाया।

हादसे के बाद चालक भी हुआ था अचेत

हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक की पहचान बिशेषर कांवडे, निवासी सांकरा के रूप में बताई गई। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

राजिम पुल में पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, पुल से नीचे गिरा बाइक सवार, मौत

(सीजी टॉकिज) राजिम:-  राजिम से नवापारा की ओर जा रहे बाइक सवार दो लोगों को महानदी पुल पर एक पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार पुल से नीचे जा गिरे। हादसे में देवेंद्र शर्मा (55) की मौत हो गई, जबकि उनके साथी सुनील जैन घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील जैन बाइक से राजिम से नवापारा की ओर आ रहे थे। दोनों जैसे ही नवापारा सीमा के पास महानदी पुल पर पहुंचे, उसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सवार अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे, जबकि सुनील जैन पुल पर दूर जा गिरे।

इलाज के दौरान देवेंद्र की मौत

हादसे के बाद आसपास के लोग और राहगीर तत्काल मदद के लिए दौड़े। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को तत्काल नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों, वाहन चालक की स्थिति और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

नवापारा में सिगरेट पीने जाने को लेकर विवाद, दो युवकों पर डंडे एवं लोहे की रॉड से हमला; मामला दर्ज

(सीजी टॉकिज) :- नवापारा इलाके में सिगरेट पीने को लेकर दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के तीन लोगों ने दोनों युवकों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का, डंडे एवं लोहे की रॉड से मारपीट की। घटना में दोनों युवकों को चोटें आई हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

सिगरेट पीने जा रहे थे दोनों युवक

शिकायत के मुताबिक, रायपुर के संतोषी नगर राहुल ऑटो चलाने का काम करता है। 9 सितंबर 2026 को वह अपने दोस्त प्रवीण यादव के साथ ग्राम कुर्रा में अपनी दीदी के घर आया था। बताया गया कि दोपहर करीब 2.30 बजे राहुल और प्रवीण सिगरेट पीने के लिए जा रहे थे। दोनों गोदाम के पास पहुंचे, तभी ग्राम कुर्रा के तीन-चार लोग वहां आए और उन्हें वहां से चले जाने के लिए कहा।

आरोप है कि इसी बात को लेकर सामने बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर राहुल और प्रवीण वहां से वापस अपनी दीदी के घर की ओर जाने लगे। इसी दौरान गुलाब सोनवानी, धर्मेंद्र सोनवानी और राकेश सोनवानी ने पीछे से आकर दोनों को घेर लिया। तीनों ने अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का, डंडे तथा लोहे की रॉड से मारपीट हमला कर दिया।

मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

मारपीट में राहुल और उसके दोस्त प्रवीण यादव को चोट लगी है। घटना के बाद राहुल थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है।

नवापारा फूलचंद कॉलेज के पास चाकू लहराकर दहशत, युवक गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) नवापारा :- नवापारा पुलिस ने फूलचंद कॉलेज नवापारा के खेल मैदान के पास धारदार बटनदार चाकू लेकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चाकू बरामद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक 7 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि समीर खान नामक युवक फूलचंद कॉलेज के खेल मैदान के पास आम जगह पर बटनदार धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को चाकू लहराकर डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस टीम और गवाहों के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध युवक की घेराबंदी की गई। पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम समीर खान पिता मोहम्मद नासिर खान (27 वर्ष) निवासी, तर्री रोड नवापारा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटनदार धारदार बटंची चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू को गवाहों के समक्ष जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया और थाने लाया गया।

आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना में हथियार रखना स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर रायपुर न्यायालय भेज दिया है।

अभनपुर-राजिम मार्ग पर युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस

(सीजी टॉकिज)अभनपुर :- अभनपुर-राजिम मार्ग पर शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की मौत सड़क हादसे में हुई या उसके साथ कोई आपराधिक वारदात हुई? इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने शुरू की जांच

अभनपुर मार्ग पर मिला युवक का शवजानकारी के अनुसार मानिकचौरी के रेलवे क्रासिंग के पास शुक्रवार रात युवक का खून से लथपथ शव मिला। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान अभनपुर क्षेत्र के ग्राम गातापार निवासी देवाराम साहू पिता स्वर्गीय जुगराम साहू (48 वर्ष) के रूप में हुई है।

मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका गहरा गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार दोपहर अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जांच सेंपल एकत्र किए हैं। वहीं पुलिस द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

अभनपुर मार्ग पर मिला युवक का शवघटना रात की होने के कारण पुलिस के सामने कई अहम सवाल हैं। देवाराम साहू वहां कैसे पहुंचे? उनकी मौत किस परिस्थिति में हुई? क्या वे किसी हादसे का शिकार हुए या किसी ने उन्हें निशाना बनाया? घटनास्थल के पास ही मृतक की बाइक बरामद होने की बात भी सामने आई है। मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशानों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।

नवापारा में शुष्क दिवस पर शराब की बिक्री: कोचिया गिरफ्तार, 62 पौवा शराब जब्त

(सीजी टॉकिज) नवापारा :- अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए गोबरा नवापारा पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए सोमवारी बाजार स्थित चबूतरे से एक शराब कोचिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 62 पौवा देशी मसाला शराब जब्त की है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6200 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश एवं थाना प्रभारी गोबरा नवापारा के नेतृत्व में क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 4 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सोमवारी बाजार गोबरा नवापारा के चबूतरे के पास एक व्यक्ति काले रंग के पिट्ठू बैग में अवैध शराब रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक निषाद (48 वर्ष) पिता विष्णु निषाद निवासी वार्ड क्रमांक 13 गोबरा नवापारा जिला रायपुर बताया। पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें 62 पौवा देशी मंदिरा मसाला शराब बरामद हुई। आरोपी से शराब रखने और बिक्री के संबंध में वैध लाइसेंस एवं दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर थाना गोबरा नवापारा लाया। मामले में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को रायपुर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक हिरेन्द्र वर्मा, आरक्षक टीकम साहू और आरक्षक रोमन ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नवापारा में फिर चाकूबाजी: सुनसान रास्ते में युवक को घेरकर चाकू से हमला, मोबाइल और नकदी लूटी

(सीजी टॉकिज) नवापारा:- नवापारा क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद रास्ता रोककर मारपीट, चाकूबाजी और लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कुर्रा गोदाम के पास का है, जहां रात के अंधेरे में चार अज्ञात युवकों ने एक बाइक सवार को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। विरोध करने पर एक आरोपी द्वारा चाकू से हमला करने और मोबाइल व नकदी लूटकर फरार होने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार ग्राम टीला निवासी खिलावन निषाद 1 सितंबर की रात नवापारा से घरेलू काम निपटाकर अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 एके 5637 से घर लौट रहा था। रात करीब 10 बजे पटेवा की ओर से जाते समय ग्राम कुर्रा गोदाम के पास चार व्यक्ति मिले। आरोप है कि चारों ने उसका रास्ता रोक दिया। बाइक रोकते ही आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
विरोध किया तो चाकू से हमला

शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब युवक ने इसका विरोध किया तो चारों ने मिलकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान उनमें से एक ने चाकू निकाल लिया और बांयी जांघ, बांये कंधे के नीचे तथा कमर के नीचे चाकू से वार कर दिया। हमले में घायल युवक से मोबाइल और एक हजार रुपये नकद छीनकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद डायल-112 की मदद से घायल को उपचार के लिए सीएचसी गोबरा नवापारा ले जाया गया। हालत को देखते हुए परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी बताया गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 126(2), 296, 3(5), 309(4) और 351(2) BNS के तहत FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गोबरा नवापारा में आधी रात रास्ता रोककर युवक को पीटा, चाकू-डंडे से हमला, वाहन में तोड़फोड़ और मोबाइल लूट; 9 आरोपी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) नवापारा :- गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा में आधी रात एक राहगीर का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी, वाहन में तोड़फोड़ और मोबाइल लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल 4 अपचारी बालकों को किशोर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना अंतर्गत ग्राम चिल्हाती निवासी रोहित कुमार यादव (40 वर्ष) 29 अगस्त की रात अपने तुफान वाहन क्रमांक सीजी 04 क्यूआर 4710 से अपने गांव से धमतरी की ओर जा रहे थे। रात करीब 1 बजे ग्राम कुर्रा के पास करीब 9 लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।

चाकू-डंडे से मारपीट का आरोप

आरोप है कि रास्ता रोकने के बाद आरोपियों ने रोहित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद चाकू, डंडे और हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। यही नहीं, आरोपियों ने वाहन में जमकर तोड़फोड़ की और मोबाइल फोन लूटने का भी आरोप है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रोहित को नवापारा अस्पातल में भर्ती कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोबरा नवापारा पुलिस थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे ने तत्काल एक्शन लिया। थाना प्रभारी ने आरोपियों की पहचान कर रात में दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में शामिल 4 नाबालिगों समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

4 नाबालिगों समेत 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सागर साहू (22 वर्ष) निवासी गोबरा बस्ती, चंदन यादव (19 वर्ष) निवासी शीतलापारा नवापारा, टीकम साहू (19 वर्ष) निवासी तर्री, मुकेश नगराची (19 वर्ष) निवासी शीतलापारा नवापारा, घनश्याम निषाद (19 वर्ष), निवासी खेलीपारा नवापारा शामिल है। पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू, डंडे और लूटे गए मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ की है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 296, 115(2), 118(1), 351(2), 310(2), 324(4), 111 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।