CGTalkies

CGTalkies News

राखी के धागों में बंधा देशप्रेम, सैनिक भाइयों के साथ पीएमश्री स्कूल की बेटियों ने मनाया रक्षाबंधन

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पीएमश्री सेजेस अभनपुर में सैनिक भाइयों के सम्मान एवं उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से “एक राखी देश के नाम” कार्यक्रम का भावपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने सैनिक भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह के साथ देश की रक्षा में समर्पित वीर जवानों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।

राखी बांधने के दौरान कई छात्राओं और सैनिक भाइयों की आंखें नम हो गईं। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों और विद्यालय की बेटियों के बीच स्नेह एवं भावनाओं का यह मिलन उपस्थित सभी लोगों के लिए अविस्मरणीय और भावुक क्षण बन गया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने सैनिक भाइयों के सम्मान में अनेक देशभक्ति नृत्य, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं ने अपनी भावनाओं को प्रभावशाली स्पीच के माध्यम से व्यक्त करते हुए कहा कि देश के वीर जवान कठिन परिस्थितियों में अपने परिवार से दूर रहकर देशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उनकी इसी त्याग, तपस्या और समर्पण के कारण देशवासी सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य डॉ. तारा त्रिपाठी ने कहा कि “इस तरह के आयोजन केवल उत्सव तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये बच्चों को सीधे देशप्रेम, राष्ट्रसेवा और सैनिकों के त्याग से जोड़ते हैं। जब बच्चे सैनिकों से मिलते हैं और उनके हाथों में राखी बांधते हैं, तो उनके मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना और अधिक मजबूत होती है।”

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने सैनिक भाइयों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके साहस, शौर्य और राष्ट्रसेवा को नमन किया। राखी के इस पवित्र धागे ने विद्यालय की बेटियों और सैनिक भाइयों के बीच स्नेह के साथ-साथ देशप्रेम का भी मजबूत बंधन स्थापित किया।

इस आयोजन में भारतीय थलसेना के छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा सब एरिया अटल नगर नया रायपुर से नायब सूबेदार श्याम बहादुर राणा ,जगत बहादुर कंवर, मणी कुमार मगर, एवं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद छत्तीसगढ़ जिला रायपुर से हवलदार संतोष कुमार साहू सांख्यिकी अधिकारी , नायक योगेश कुमार साहू, नायक कमलनारायण मिश्रा, एवं अग्निवीर झामेश्वर धीवर 282 मीडियम रेजिमेंट कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हेमन्त कुमार साहू ने किया आयोजन में विद्यालय के दोनों माध्यम के समस्त शिक्षक स्टाफ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही ।

यह आयोजन उपस्थित सभी लोगों के लिए भावनाओं, सम्मान और राष्ट्रभक्ति से भरा ऐसा अविस्मरणीय अवसर रहा, जिसकी स्मृतियां लंबे समय तक सभी के मन में बनी रहेंगी।

अभनपुर में झाड़-फूंक के बहाने दुष्कर्म, सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 44.42 लाख की ठगी का आरोप

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में झाड़-फूंक और इलाज के नाम पर महिला का भरोसा जीतकर उसके साथ दुष्कर्म करने तथा सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर अभनपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के सागर जिले निवासी आरोपी आशाराम चौधरी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2019 में वह लगातार सिरदर्द की समस्या से परेशान थी। इसी दौरान उसकी पहचान मध्यप्रदेश के सागर निवासी आशाराम चौधरी से हुई। आरोपी झाड़-फूंक के माध्यम से बीमारी ठीक करने का दावा करता था। महिला का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसकी परिस्थितियों और विश्वास का फायदा उठाया।

सरकारी नौकरी लगवाने का दिया झांसा

पीड़िता के अनुसार, उस समय एक सरकारी पद की परीक्षा देने की तैयारी कर रही थी। आरोप है कि आरोपी ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और दावा किया कि वह संबंधित पद पर नौकरी लगवा सकता है। महिला के अनुसार, आरोपी ने इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके अलावा सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग समय में उससे कुल 44 लाख 42 हजार रुपये ले लिए।

न नौकरी मिली, न लौटाए रुपये

पीड़िता का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी लगातार रुपये वापस करने और नौकरी लगवाने का आश्वासन देता रहा। इसी कारण उसने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई और लंबे समय तक आरोपी के वादे पर भरोसा करती रही। लेकिन समय बीतने के बाद भी न तो महिला को नौकरी मिली और न ही आरोपी ने रकम वापस की। इसके बाद पीड़िता ने अभनपुर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, आरोपी मध्यप्रदेश के सागर जिले का निवासी है। शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कुर्रा रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव: प्रदर्शन के बाद रेलवे ने पंप लगाकर निकाला पानी, स्थायी समाधान की मांग

(सीजी टॉकिज) नवापारा:-कुर्रा रेलवे अंडरब्रिज में बारिश के बाद हुए जलभराव और कीचड़ की समस्या को लेकर ग्रामीणों और कांग्रेसियों के धरना-प्रदर्शन के बाद आखिरकार रेलवे विभाग हरकत में आया। शुक्रवार रात करीब 11 बजे रेलवे कर्मचारियों ने पंप लगाकर अंडरब्रिज में भरे पानी को बाहर निकालने का काम शुरू किया। काफी देर तक पंप चलाकर पानी निकाला गया, जिसके बाद अंडरब्रिज से पानी बाहर निकला और आवागमन फिर से शुरू हो सका।

हालांकि, पानी निकलने के बाद ग्रामीणों की परेशानी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि हर बारिश में अंडरब्रिज के जलमग्न होने की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति निर्मित न हो।

जलभराव से परेशान थे हजारों ग्रामीण

पंप हाउस बंद और रेलवे अंडर ब्रिज बना तालाबकुर्रा रेलवे अंडरब्रिज में बारिश के बाद जमा गंदा पानी और कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं, किसानों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कुर्रा, सोनेसिली, आलेखुटा सहित आसपास के गांवों के लोगों के लिए यह प्रमुख आवागमन मार्ग है। बारिश के दौरान अंडरब्रिज में पानी इतना भर जाता है कि कई बार स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है। वहीं मार्ग बंद होने की स्थिति में लोगों को वैकल्पिक रास्ते का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और दूरी दोनों बढ़ जाते हैं।

समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा ग्रामीण के अध्यक्ष गिरधारी साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने अंडरब्रिज में धरना-प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने अंडरब्रिज में भरे पानी के बीच बैठकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की थी।

प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा ग्रामीण के अध्यक्ष गिरधारी साहू ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि दो दिनों के भीतर अंडरब्रिज से पानी निकालकर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के बाद रेलवे द्वारा देर रात पंप लगाकर पानी निकाले जाने से फिलहाल आवागमन की समस्या दूर हो गई है।

यशवंत साहू बोले- सिर्फ पानी निकालना समाधान नहीं

जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू ने कहा कि अंडरब्रिज में जलभराव केवल पानी भरने की समस्या नहीं है, बल्कि यह हजारों ग्रामीणों के सुरक्षित आवागमन और स्कूली बच्चों की सुविधा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा कि हर बारिश में पानी निकालने की अस्थायी व्यवस्था करने के बजाय स्थायी जल निकासी की व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।

स्थायी जल निकासी व्यवस्था बने

ग्रामीणों का कहना है कि पंप लगाकर पानी निकालना तत्काल राहत जरूर है, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है। अंडरब्रिज में बार-बार जलभराव की स्थिति को देखते हुए रेलवे और संबंधित विभागों को तकनीकी स्तर पर समस्या का निरीक्षण कर ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे बारिश के दौरान पानी जमा ही न हो। ग्रामीणों को उम्मीद है कि रेलवे विभाग अब केवल पानी निकालने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था बनाने की दिशा में भी कार्रवाई करेगा।

ग्रामीण रहे मौजूद

प्रदर्शन में सरपंच अजय साहू, जनपद सदस्य लखन साहू, कुंती, साहिल टंडन, धनराज साहू, मुकेश साहू, संजय यादव, तोषण साहू, उमेश यादव, मोहन साहू, भोजराज साहू, रूपेश साहू, नीलू साहू, रुमेंद्र साहू, मानस साहू, चौतन्य साहू, जनी यादव, भूपेश साहू, मीना गेंदें, दिलीप खरे, सनत नगारची, भारत साहू, राम अवतार खरे, ललिता टंडन, प्रेमदास मानिकपुरी, शिवा साहू, किशन साहू, दीपक साहू, संजना साहू और भुनभुन साहू सहित कुर्रा, सोनेसिली एवं आलेखुटा के स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

अभनपुर नगरपालिका अध्यक्ष पर CMO-इंजीनियर से गाली-गलौज और धमकी का आरोप, FIR दर्ज

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- अभनपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे के खिलाफ मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) निलेश केरकेट्टा और उप अभियंता दुशांत चौहान से कथित गाली-गलौज, धमकी और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप है। शिकायत के बाद पुलिस ने उत्रसेन गहिरवारे के खिलाफ अभनपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज ऑडियो-वीडियो के साथ सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 को शाम करीब 4 बजे सीएमओ निलेश केरकेट्टा और उप अभियंता दुशांत चौहान नगर पालिका कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे अपने कक्ष से बाहर आए और भुगतान से जुड़े मामले को लेकर दोनों अधिकारियों से विवाद करने लगे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक गाली-गलौज की और डंडे से मारने की धमकी देते हुए मारपीट का प्रयास किया।

20 मिनट तक विवाद का आरोप

शिकायत के अनुसार, बिना काम किए फंड से भुगतान करने को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष और अधिकारियों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि भुगतान के लिए दबाव बनाने के बाद अध्यक्ष ने करीब 20 मिनट तक अधिकारियों के साथ गाली-गलौज के साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना के दौरान कार्यालय में अन्य कर्मचारी और महिला कर्मचारी भी मौजूद थे। सीएमओ ने शिकायत में कहा है कि इस घटना से कार्यालय में भय और असुरक्षा का माहौल बना है।

अधिकारियों ने घटना की सीसीटीवी ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव के माध्यम से पुलिस को उपलब्ध कराई है। पुलिस ने रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे के खिलाफ FIR दर्ज

सीएमओ निलेश केरकेट्टा की शिकायत पर अभनपुर पुलिस ने अपराध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2) और 221 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले में CCTV फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में नगर पालिका अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट होगा।

अभनपुर के आरा मिल पर छापा, करोड़ों की लकड़ियां जब्त; करोड़ों के अवैध कारोबार की जांच

निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण केंद्र अभनपुर में संस्थान से चयनित अग्निवीर झामेश्वर धीवर ने छुट्टी के दौरान किया मोटिवेट

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद छत्तीसगढ़ जिला रायपुर के तत्वाधान में संचालित निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण केंद्र अभनपुर जिला रायपुर का पांचवा चरण प्रारंभ हो रहा है। यह प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क होता है। जो बच्चे सैन्य सेवा जैसे आर्मी, एयरफोर्स, नेवी, अग्निवीर, एसएससी जीडी एवं अन्य पुलिस बलों में वह इस प्रशिक्षण संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद छत्तीसगढ़ के तत्वाधान में विभिन्न जिलों में भी निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण संचालित है यह प्रशिक्षण स्थानीय पूर्व सैनिकों द्वारा दिया जाता है। निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण केंद्र अभनपुर से प्रशिक्षण प्राप्त कर अग्निवीर थलसेना में चयनित जवान अग्निवीर झामेश्वर धीवर छुट्टी के दौरान प्रशिक्षक ग्राउंड पहुंचे। वहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को अग्निवीर में भर्ती होने के लिए प्रेरित किया तथा उनके साथ होने वाले कठिनाइयों को साझा करते हुए बच्चों को मोटिवेट किया।

इस अवसर पर प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षक पूर्व सैनिक कमल नारायण मिश्रा (शिक्षक), पूर्व सैनिक योगेश साहू (शिक्षक), पूर्व सैनिक अश्वनी साहू (शिक्षक) एवं प्रशिक्षार्थी बच्चे उपस्थित रहे। समस्त प्रशिक्षक गणों ने अधिक से अधिक युवाओं एवं युवतियों को प्रशिक्षण में सम्मिलित होने की अपील की है। यह निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद छत्तीसगढ़ जिला रायपुर एवं जिला प्रशासन रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में चलाया जा रहा है जिसमें पूर्व सैनिक निशुल्क सेवा दे रहे हैं।

छात्राओं को मिली सरस्वती साइकिल, एक पेड़ मां के नाम’ के तहत जनप्रतिनिधियों व व्यापारियों ने किया पौधरोपण ।

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी/अंग्रेजी माध्यम विद्यालय अभनपुर में मंगलवार को निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अभनपुर नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति तथा विद्यालय परिवार ने सहभागिता की। इस दौरान छात्राओं को निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरित की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अभनपुर विधायक इन्द्र कुमार साहू ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने विद्यालय की आवश्यकताओं और विद्यार्थियों की सुविधाओं को देखते हुए परिसर में शेड निर्माण की घोषणा की। विधायक ने कहा कि शेड निर्माण का कार्य आगामी 26 जनवरी तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अभनपुर के अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे ने की। उन्होंने विद्यालय को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान करने की बात कही। वहीं बलविंदर सिंह गांधी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों से विद्यालय के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए सहयोग करने की अपील की।

शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गोयल भट्ट के मार्गदर्शन में नगर के व्यापारियों को कार्यक्रम से जोड़ा गया। व्यापारियों ने भी विद्यालय के विकास में अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

विद्यालय को बेहतर बनाने का संकल्प

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने विद्यालय को शिक्षा, अधोसंरचना एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दृष्टि से बेहतर बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर हर संभव सहयोग करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि विद्यालय के विकास में समाज की सामूहिक सहभागिता विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव बन सकती है इस अवसर पर गोयल भट्ट अध्यक्ष शाला विकास प्रबंधन समिति ,किशन शर्मा सांसद प्रतिनिधि,नगर पालिका परिषद के पार्षद मीना साहू ,चंपा लेदेकर,डोमेन्द्रा साहू , रानू राठी, बीरेन्द्र प्रताप सिंहा,बीरबल टंडन,वेदप्रकाश ठाकुर ,दीक्षा राठी , राजेश गांधी ,राजा राय,हरीश पांडे, अनिल शुक्ला,उमेश साहू,मुकेश ढीढी,ललित जैन, नान्हे गिलहरे,उमेश साहू,शशिकांत शर्मा , सीएमओ निलेश केरकेट्टा, बीईओ धरमचंद जैन ,प्राचार्य डॉ.तारा त्रिपाठी सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ की उपस्थिति रही ।

अभनपुर: टोकरो हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, पत्नी ने ही की पति की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टोकरो में हुए चौकीदार परमेश्वर सिदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी तिजियाबाई सिदार (26 वर्ष) ने ही अपने पति की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

तालाब किनारे मिला था चौकीदार का शव

जानकारी के अनुसार 4 अगस्त की सुबह ग्राम टोकरो के छांटा तालाब के पास चौकीदार परमेश्वर सिदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के गले पर दबाव के निशान देख हत्या की आशंका के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण, तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को मृतक की पत्नी तिजियाबाई सिदार पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब का आदी था, उसके चरित्र पर संदेह करता था और अक्सर मारपीट करता था। उसने यह भी दावा किया कि घटना की रात जब वह बाहर से लौटी तो उसने अपने पति को अपनी बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश करते देखा। गुस्से में आकर उसने अपनी साड़ी के पल्लू से पति का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद रची साजिश

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को बाहर रख दिया और खुद कमरे में चली गई। बाद में दरवाजा बाहर से बंद होने का आभास कराने की कोशिश की। सुबह गांव वालों के आने का इंतजार किया और खुद को घटना से अनजान दिखाते हुए रोने-बिलखने लगी। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। अभनपुर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

राष्ट्रमंडल खेलों में ज्ञानेश्वरी यादव ने रजत जीतकर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, भाजयुमो जिला अध्यक्ष पिंटू साहू बोले- कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष पिंटू साहू ने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल-2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए कहा कि उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि ने पूरे देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की सफलता प्रदेश की प्रतिभा, मेहनत और अटूट संकल्प का प्रतीक है।

पिंटू साहू ने कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतना इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कठोर परिश्रम और अनुशासन के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी और प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि

खेलों में ज्ञानेश्वरी यादव का दमदार प्रदर्शनउन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन दे रही है। मुख्यमंत्री द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा प्रदेश के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने वाला निर्णय है। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ेगा।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर अभ्यास, समर्पण और अनुशासन के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता निश्चित मिलती है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार मातृशक्ति और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का तिरंगा बुलंद करें। पिंटू साहू ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

तालाब किनारे संदिग्ध हालत में मिली चौकीदार की लाश, हत्या की आशंका

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकरो से मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव स्थित तालाब के पास एक चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

छह माह चौकीदारी कर रहा था

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार (30 वर्ष) पिता जलसिंह सिदार, निवासी ग्राम तोरला, थाना झरबंद, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार परमेश्वर पिछले करीब छह माह से ग्राम टोकरो स्थित तालाब में चौकीदार के रूप में कार्यरत था और वहीं रहकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा था।

तालाब किनारे में मिला शव

मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब के पास उसका शव पड़ा देखा। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मृतक के पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों, संपर्कों और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

अभनपुर-रायपुर मार्ग पर डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत; बाइक के उड़े परखच्चे

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :-  अभनपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार अभनपुर-रायपुर मुख्य मार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान धनेंद्र साहू निवासी उपरपारा, अभनपुर के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।