CGTalkies

CGTalkies News

सड़क हादसे रोकने की अनोखी पहल, मवेशियों के गले में लगाई जा रही रेडियम पट्टी

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- सड़क पर बेसहारा घूमने वाले मवेशियों की सुरक्षा और रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से मेसर्स सुभाष कुमार अग्रवाल कंपनी ने सराहनीय पहल शुरू की है। कंपनी की ओर से सड़क पर घूमने वाले मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी लगाई जा रही है, ताकि रात में वाहन चालकों को दूर से ही मवेशियों की मौजूदगी दिखाई दे सके।

मवेशियों की सुरक्षा Gariabandरात के अंधेरे में जब किसी वाहन की हेडलाइट की रोशनी मवेशियों पर पड़ेगी, तो उनके गले में लगी रेडियम पट्टी रोशनी को रिफ्लेक्ट करेगी। इससे वाहन चालकों को सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी का पहले ही पता चल सकेगा और वे समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर सकेंगे। इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिल सकती है।

मवेशियों के साथ वाहन चालकों की सुरक्षा का भी प्रयास

कंपनी की इस पहल को जनहित, सड़क सुरक्षा और गौधन संरक्षण से जुड़ा प्रयास माना जा रहा है। सड़क पर अचानक मवेशियों के आ जाने से अक्सर वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा पैदा होता है। ऐसे में रेडियम पट्टी मवेशियों को रात में अधिक दृश्य बनाने का एक सरल उपाय है। कंपनी का कहना है कि सड़क और विकास कार्यों के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले लोगों और बेजुबान जीवों की सुरक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है।

कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

मवेशियों की सुरक्षा Gariabandइस पहल के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर अमन कुमार दुबे, वरिष्ठ स्ट्रक्चर इंजीनियर पुष्पराज पटेल, एचआर एडमिन अमित दुबे, स्ट्रक्चर इंजीनियर सतेंद्र पटेल, लैब प्रभारी मुकेश यादव, स्ट्रक्चर इंजीनियर प्रियांशु मिश्रा एवं स्टोर प्रभारी विकाश पटेल सहित कंपनी के कर्मचारी मौजूद रहे।

राजिम में युवक की संदिग्ध मौत, सतनामी समाज का थाना घेराव, 5 लोगों पर हत्या का आरोप; FIR और गिरफ्तारी की मांग

(सीजी टॉकिज) :- राजिम इलाके में युवक की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। 27 सितंबर को घर की खिड़की में फांसी के फंदे पर मिले युवक के शव को लेकर परिजन और सतनामी समाज इसे आत्महत्या मानने को तैयार नहीं हैं। हत्या की आशंका जताते हुए आज सतनामी समाज ने राजिम थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

राजिम थाना परिसर के सामने बड़ी संख्या में समाज के लोग और ग्रामीण जुटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। स्थिति को देखते हुए राजिम, फिंगेश्वर सहित गरियाबंद जिले से पुलिस बल तैनात किया गया है।

फांसी के फंदे पर मिला था शव

राजिम में युवक की संदिग्ध मौतजानकारी के अनुसार, ग्राम टेका निवासी राजकुमार भारद्वाज का शव 27 सितंबर को उसके घर की खिड़की में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। घटना के बाद पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। वहीं, मृतक के परिजनों ने शुरू से ही मौत को आत्महत्या मानने से इनकार किया और हत्या की आशंका जताई।

परिजनों के मुताबिक घटना वाले दिन सुबह राजकुमार घर के बाहर बैठा हुआ था। परिवार के सदस्य खेत में काम करने गए थे। करीब 11.30 बजे जब वे वापस लौटे तो राजकुमार का शव घर की खिड़की में फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसी परिस्थिति को लेकर परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की।

पांच लोगों पर मारपीट और हत्या का आरोप

राजिम थाना घेरावमृतक के परिजनों ने गांव के पांच लोगों पर राजकुमार के साथ मारपीट करने और उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान राजकुमार की मौत हुई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटकाया गया।

थाना पहुंचकर सौंपा था आवेदन

मृतक के परिजनों ने राजिम थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन सौंपा था। आवेदन में घटना की निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ FIR दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी।

पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है। लेकिन रिपोर्ट आने से पहले ही मामला अब सामाजिक आक्रोश का रूप ले चुका है।

थाना के सामने बैठा समाज

राजिम थाना घेरावशुक्रवार को सतनामी समाज के लोग बड़ी संख्या में राजिम थाना पहुंचे और थाना के सामने बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी राजिम के फॉरेस्ट नाका से थाने तक पैदल मार्च निकाला उसके बाद थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि राजकुमार की मौत की निष्पक्ष जांच हो और जिन पांच लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनके खिलाफ FIR दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की जाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गरियाबंद SDOP लितेश सिंह समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद है। इलाके अलावा राजिम, फिंगेश्वर और गरियाबंद जिले के अन्य क्षेत्रों से पुलिस बल तैनात किया है। थाना परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच मामले को लेकर बातचीत की स्थिति बनी हुई है।

फिंगेश्वर के दर्रीपार में जमीन विवाद के बाद तनाव, राजा गुरु बालक दास की प्रतिमा खंडित मिलने से सतनामी समाज में आक्रोश, बड़ी संख्या में थाना पहुंचने का आह्वान

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र से लगे दर्रीपार में जमीन विवाद को लेकर चल रहे विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। जमीन संबंधी मामले की जांच के लिए बुधवार को प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा प्रशासन की गाड़ी को रोकने की बात सामने आई थी। इसके ठीक अगले दिन गुरुवार सुबह दर्रीपार क्षेत्र में शूरवीर एवं महान प्रतापी राजा गुरु बालक दास की स्थापित प्रतिमा खंडित हालत में मिलने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।

प्रतिमा खंडित किए जाने की खबर फैलते ही सतनामी समाज के लोगों में आक्रोश देखा गया। समाज के पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।

बताया जा रहा है कि दर्रीपार में जमीन को लेकर विवाद पहले से चल रहा था। इसी मामले की जांच के लिए बुधवार को प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा था। जांच के दौरान प्रशासन की गाड़ी रोके जाने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद गुरुवार सुबह प्रतिमा खंडित मिलने की घटना ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। हालांकि, प्रतिमा किसने और किन परिस्थितियों में खंडित की, इसका स्पष्ट खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

सुबह से ही समाज में आक्रोश, थाना पहुंचने की अपील

घटना को लेकर तहसील परिक्षेत्र सतनामी समाज के अध्यक्ष कोमल ढीढी ने समाज के लोगों से बड़ी संख्या में सुबह 10 बजे फिंगेश्वर थाना पहुंचने की अपील की है। उन्होंने समाज के लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से थाना पहुंचकर घटना के संबंध में पुलिस के समक्ष अपनी बात रखने का आह्वान किया है।

वहीं तहसील परिक्षेत्र सतनामी समाज के सचिव कुलेश्वर सोनवानी ने कहा कि समाज के लोग थाना पहुंचकर घटना में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो समाज के प्रतिनिधि गरियाबंद एसपी से मुलाकात कर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग करेंगे।

जमीन विवाद से जुड़ा मामला, प्रशासनिक जांच के बाद बढ़ा तनाव

दर्रीपार में जमीन विवाद को लेकर प्रशासन की टीम की मौजूदगी और उसके बाद प्रतिमा खंडित मिलने की घटना को लेकर अब पुलिस और प्रशासन के सामने मामले की पूरी कड़ियों को जोड़ने की चुनौती है। समाज के लोगों का कहना है कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द बना रहे।

फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। प्रतिमा खंडित करने के पीछे कौन लोग हैं और घटना का जमीन विवाद से कोई संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

बाढ़ आपदा के बीच ग्राउंड जीरो पर उतरे विधायक रोहित साहू, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लिया नुकसान का जायजा

(सीजी टॉकिज) राजिम :- विगत दिनों क्षेत्र में हुई लगातार मूसलाधार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण उत्पन्न बाढ़ और उससे हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू सीधे ग्राउंड जीरो पर उतरे। विधायक ने अपने सघन दौरे के तहत बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हुए कोपरा, तर्रा और कुरूसकेरा गांवों का दौरा किया और वर्तमान स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हुए नुकसान का प्रत्यक्ष जायजा लिया।

दौरे के दौरान विधायक रोहित साहू के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विधायक ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि जलभराव और बाढ़ से प्रभावित किसी भी नागरिक को राहत पहुंचाने में कोई ढिलाई न बरती जाए। प्रशासनिक टीम ने भी गांवों में पहुंचकर नुकसान के आकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर विधायक रोहित साहू ने सीधे ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने पानी से घिरे घरों, डूबी हुई फसलों और रास्तों पर हुए नुकसान का निरीक्षण किया।

विधायक ने संकट की इस घड़ी में ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शासन और प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है। मीडिया से मुखातिब होते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन प्रभावितों की मदद के लिए पूरी तत्परता से काम कर रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं और जिन परिवारों के घरों को नुकसान पहुंचा है, उनका त्वरित सर्वे कर जल्द से जल्द उचित मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्कता बरतें।

इस दौरान प्रमुख रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष कोपरा गोपी ध्रुव, महामंत्री हेमंत वर्मा नगर पंचायत कोपरा के पार्षद प्रणय साहू, एल्डरमैन झामन साहू, दिलीप वर्मा, झाड़ू तारक, अजय साहू, दिनेश साहू, पूर्व अध्यक्ष नोगेश्वर साहू, जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महडिक, पुरेंद्र साहू, ग्राम पंचायत तर्रा के सरपंच प्रतिनिधि तुकेश साहू, कुरूसकेरा सरपंच कमल क्रांति राव, ग्वाल तारक, नोखे साहू ,नेपाल साहू, चेमन साहू, रिपु निर्मलकर, तेजराम पटेल ,पीयूष साहू, चम्मपु पटेल, बाली पटेल, गिरधारी तारक, विनोद पटेल, शेखर पटेल, लक्षमन पटेल सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सेवानिवृत्त होने वाले दो स्वास्थ्यकर्मियों को कलेक्टर ने सौंपा पीपीओ आदेश, शाल-श्रीफल से किया सम्मानित

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय तक समर्पित भाव से सेवाएं देने वाले दो कर्मचारियों के लिए 29 सितंबर का दिन भावुक और गौरवपूर्ण रहा। 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले लेखराम वर्मा, पर्यवेक्षक, सेक्टर फिंगेश्वर और दौवा राम चक्रधारी, एनएमए, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपरा को कलेक्टर के करकमलों से पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) प्रदान किया गया। इस अवसर पर दोनों कर्मचारियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

सेवानिवृत्ति से पहले मिला पीपीओ आदेश

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्नेहलता हुमने ने बताया कि जिला गरियाबंद में स्वास्थ्य विभाग के लिए यह अवसर विशेष रहा। दोनों कर्मचारियों को उनकी दीर्घकालीन, समर्पित एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्ति से पहले पीपीओ आदेश प्रदान करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन संबंधी किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने दी सुखमय जीवन की शुभकामनाएं

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक गणपत नायक एवं खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी योगेश पराना सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के सेवाकाल के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों का अनुभव और सेवाभाव विभाग के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

सभी ने लेखराम वर्मा और दौवा राम चक्रधारी के स्वस्थ, दीर्घायु, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

राजिम-छुरा मार्ग का होगा चौड़ीकरण और मजबूतीकरण; विधायक रोहित साहू ने कुदाली चलाकर किया भूमिपूजन

(सीजी टॉकिज) :- राजिम विधानसभा क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही बहुप्रतीक्षित मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ गई है। राजिम से छुरा होते हुए ओडिशा को जोड़ने वाले करीब 45 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन राजिम विधायक रोहित साहू की मौजूदगी में संपन्न हुआ। करीब 145.62 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य से क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने वाली है।

कार्यक्रम की शुरुआत राजिम के भक्तिन माता चौक से हुई, जहां विधायक रोहित साहू, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य को लेकर अपनी खुशीजताते हुए विधायक को धन्यवाद ज्ञापित किया।

घोषणा पत्र में था शामिल

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए मजबूत सड़क नेटवर्क बेहद जरूरी है। राजिम-छुरा सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया की उनकी चुनावी घोषणा पत्र में भी इस सड़क के चौड़ीकरण का मुद्दा शामिल था जो आज पूरा हो गया।

विधायक रोहित साहू ने इस बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना को स्वीकृति एवं मूर्त रूप देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो सकी है और अब इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

भूमिपूजन के बाद विधायक एवं जनप्रतिनिधि मार्ग में आने वाले विभिन्न ग्रामों से होते हुए छुरा पहुचेंगे। इस दौरान बेलटुकरी, भैंसातरा, कैंदकेरा, तरीघाट, कुंडेल, छुइया, जमाही, बोइरगांव, पंक्तियां, मडेली एवं लोहझर सहित विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों से मुलाकात कर संवाद किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन छुरा के बजरंग चौक में पूजा-अर्चना के साथ सम्पन्न होगा।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष इंद्राणी साहू, नगर अध्यक्ष महेश यादव, जिला पंचायत सदस्य नंदनी साहू, जनपद उपाध्यक्ष सतीश यादव, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, लाला साहू, एसडीओ लोक निर्माण विभाग ऋषि सेन, सीएमओ नगर पालिका राजिम संतोष विश्वकर्मा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से भीमहत्वपूर्ण

बता दे कि राजिम-छुरा मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जो राजिम और छुरा को जोड़ने के साथ ओडिशा तक आवागमन का प्रमुख माध्यम भी है। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की मांग कर रहे थे। सड़क के संकरी और कई हिस्सों में कमजोर होने के कारण वाहन चालकों एवं ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

इस मार्ग का महत्व धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से भी काफी अधिक है। इसी मार्ग से प्रसिद्ध घटारानी एवं जतमई धाम जाने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। इन धार्मिक स्थलों पर दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद आवागमन सुगम और सुरक्षित होने के साथ व्यापार, पर्यटन, धार्मिक गतिविधियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है।

145 करोड़ से बदलेगी राजिम-छुरा मार्ग की तस्वीर, 45 किमी सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का होगा शुभारंभ; वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी

(सीजी टॉकिज) :- राजिम क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब धरातल पर उतरने जा रही है। राजिम से छुरा होते हुए ओडिशा को जोड़ने वाले करीब 45 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राजिम विधायक रोहित साहू के प्रयासों से स्वीकृत इस परियोजना से राजिम-छुरा मार्ग की तस्वीर बदलने के साथ ही क्षेत्र में आवागमन की सुविधाएं बेहतर होने की उम्मीद है।

भक्तिन माता चौक से शुरू होगा कार्यक्रम

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे राजिम के भक्तिन माता चौक से होगी। यहां विधायक रोहित साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद विधायक एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि विभिन्न ग्रामों से होते हुए छुरा पहुंचेंगे। इस दौरान मार्ग में आने वाले गांवों में ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े विषयों पर संवाद भी किया जाएगा।

इन गांवों से होकर गुजरेगा विकास का कारवां

कार्यक्रम के प्रमुख पड़ावों में बेलटुकरी, भैंसातरा, कैंदकेरा, तरीघाट, कुंडेल, छुइया, जमाही, बोइरगांव, पंक्तियां, मडेली और लोहझर शामिल हैं। इसके बाद छुरा के बजरंग चौक में पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। सड़क निर्माण के शुभारंभ को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की मांग उठती रही है।

राजिम से ओडिशा तक मजबूत होगी कनेक्टिविटी

राजिम-छुरा मार्ग केवल दोनों क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़क नहीं है, बल्कि यह आगे ओडिशा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग भी है। इस मार्ग से प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों घटारानी और जतमई धाम जाने वाले श्रद्धालुओं का भी बड़ी संख्या में आवागमन होता है।

वर्तमान में सड़क के संकरे और अपेक्षाकृत कमजोर होने के कारण कई स्थानों पर यातायात को लेकर परेशानियां सामने आती हैं। चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का काम पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन और व्यापार को भी मिलेगा बढ़ावा

सड़क का विकास केवल आवागमन तक सीमित नहीं रहेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से राजिम, छुरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। घटारानी और जतमई जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। इससे स्थानीय दुकानदारों, छोटे व्यापारियों, परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों तथा अन्य स्थानीय व्यवसायों को अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है।

वर्षों पुरानी मांग अब होगी पूरी

क्षेत्रवासियों का कहना है कि राजिम-छुरा मार्ग लंबे समय से यातायात के दबाव और सड़क की स्थिति के कारण महत्वपूर्ण जरूरत बना हुआ था। अब करीब 145 करोड़ रुपये की लागत से 45 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना राजिम क्षेत्र को छुरा और आगे ओडिशा से जोड़ने वाली कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

ये जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष इंद्राणी साहू, मीरा ठाकुर, नगर अध्यक्ष महेश यादव, लुकेश्वरी निषाद, जिला पंचायत सदस्य नंदनी ओमकार साहू, नंदनी कोमल डीडी, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, मंजूलता हरित, हेमंत सिन्हा, खोमन चंद्राकर सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

गरियाबंद में 8 नग हीरों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, माइनिंग एक्ट के तहत कार्रवाई

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले में कीमती हीरों के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छुरा पुलिस ने बाइक पर सवार तीन आरोपियों को 8 नग हीरे के साथ पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से बरामद हीरों की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने हीरों के अलावा बाइक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी हीरों को कागज में लपेटकर अपने-अपने कब्जे में रखे हुए थे और मोटरसाइकिल से रसेला-खरखरा मार्ग की ओर जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रास्ते में घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।

22 सितंबर को छुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 क्यूएच 5325 पर तीन व्यक्ति रसेला-खरखरा मार्ग की ओर जा रहे हैं और उनके पास बहुमूल्य खनिज पदार्थ हीरा मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल रसेला-खरखरा मार्ग की ओर रवाना हुई और देवरी-धामनडीह तिराहा मोड़ के पास नाकाबंदी कर दी।

तीन संदिग्ध को पुलिस ने रोका

नाकाबंदी के दौरान कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए और मोटरसाइकिल के अनुसार एक बाइक आती दिखाई दी। बाइक पर तीन लोग सवार थे। पुलिस ने वाहन को रोककर पूछताछ की। बाइक चालक ने अपना नाम लिलेश्वर नायक (26) निवासी मेड़की डबरी थाना छुरा बताया। बीच में बैठे व्यक्ति की पहचान हेमकुमार यादव (65) निवासी सड़क परसुली, थाना गरियाबंद के रूप में हुई, जबकि पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम पुरण नायक (33) निवासी मेड़की डबरी, थाना छुरा बताया। पुलिस ने संदेह के आधार पर तीनों की अलग-अलग तलाशी ली।

किसी की जेब में 3 तो किसी के पास मिले 2 हीरे

गरियाबंद हीरा तस्करीतलाशी के दौरान पुलिस को लिलेश्वर नायक के पास सफेद कागज में लिपटे 3 नग चमकीले पत्थर, हेमकुमार यादव के पास से 3 नग हीरे और पुरण नायक के पास से 2 नग हीरे बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के संयुक्त कब्जे से बरामद सामान को गवाहों के समक्ष जब्त किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

माइनिंग एक्ट के तहत अपराध दर्ज

पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों लिलेश्वर नायक, हेमकुमार यादव और पुरण नायक के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस तथा धारा 21(4), 21(1) माइनिंग एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

परसदा खुर्द में विकास का संकल्प: रामनाम की गूंज के बीच रोहित साहू ने गिनाईं सरकार की योजनाएं

(सीजी टॉकिज)छुरा :- ग्राम पंचायत परसदा खुर्द में आयोजित अखंड रामनाम सप्ताह एवं लोकार्पण समारोह विकास और जनकल्याण की योजनाओं पर केंद्रित रहा। मुख्य अतिथि राजिम विधायक रोहित साहू ने 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित धरना शेड तथा उचित मूल्य दुकान में 1.60 लाख रुपए की लागत से निर्मित शेड का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

“विकास का मतलब सिर्फ निर्माण नहीं, हर परिवार के जीवन में बदलाव है”

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार का उद्देश्य गांव के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल और मूलभूत सुविधाएं ग्रामीण विकास की बुनियाद हैं। गांवों में सड़क और आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तो शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच भी आसान होगी।

उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना, भूमिहीन परिवारों की जरूरतें और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण जैसे विषय सरकार की प्राथमिकताओं में हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है और सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।

योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने का संकल्प

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी का अर्थ है कि गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि पात्र हितग्राही योजनाओं की जानकारी लें और आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी होने पर जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग से संपर्क करें।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही विचारधारा की सरकार होने से विकास कार्यों और योजनाओं के समन्वय को गति मिल रही है। “डबल इंजन सरकार का लाभ तभी सार्थक होगा, जब योजनाओं का लाभ गांव के आखिरी घर तक पहुंचे। हमारा प्रयास है कि परसदा खुर्द सहित पूरे क्षेत्र में विकास की रफ्तार लगातार आगे बढ़े।”

विकास का संकल्पविधायक ने यह भी कहा कि आवास से वंचित परिवारों, भूमिहीनों, महिलाओं, किसानों और जरूरतमंदों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ शासन के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग और गांव की आवश्यकताओं को जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने की अपील की।

रामनाम सप्ताह ने बांधा भक्तिमय माहौल

कार्यक्रम में अखंड रामनाम सप्ताह के चलते पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में नजर आया। विधायक सहित अतिथियों ने निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरा अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने की। विशेष अतिथि जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला महिला उपाध्यक्ष केशरी ध्रुव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर हेमंत सिन्हा, विष्णु राम नरेश, टोकेश्वरी मांझी, पंकज निर्मलकर, सरपंच दिशेश्वरी ठाकुर, उपसरपंच ओमप्रकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

जतमई लॉज में पुलिस का छापा, 5 जुआरी रंगे हाथों गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) :- जतमई लॉज के कमरे में चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ताश के 52 पत्तों पर पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। कार्रवाई के दौरान फड़ और आरोपियों के कब्जे से 20400 रुपये नकद एवं ताश की गड्डी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मामला पांडुका थाना क्षेत्र का है।

मुखबिर की सूचना पर लॉज में रेड

जानकारी के अनुसार, शनिवार 19 सितंबर को उपनिरीक्षक चिंताराम देशमुख को मुखबिर से सूचना मिली कि पाण्डुका स्थित जतमई लॉज में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर एसडीओपी से स्वीकृति प्राप्त करने के बाद पुलिस टीम ने लॉज में दबिश दी।

पुलिस टीम को आते देख लॉज के पिछले दरवाजे से कुछ संदिग्ध भागने में सफल रहे। वहीं, हॉल के बगल वाले कमरे की घेराबंदी कर पुलिस ने पांच जुआरियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की सेन (30), सुरेश साहू (33), पुरुषोत्तम पटेल (35), लीलाराम साहू (40) और सोहन लाल साहू (27) बताए।

कोपरा, पाण्डुका और सुरसाबांधा के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की सेन, सुरेश साहू और पुरुषोत्तम पटेल निवासी कोपरा बताए गए हैं। वहीं, लीलाराम साहू निवासी पाण्डुका तथा सोहन लाल साहू निवासी सुरसाबांधा (राजिम) है। तलाशी के दौरान आरोपियों के फड़ और जेब से अलग-अलग रकम बरामद की गई। पुलिस ने जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही नकदी और ताश की गड्डी को जब्त कर लिया।

पुलिस ने लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की सेन के पास से 3800 रुपए, सुरेश साहू से 4500 रुपए, पुरुषोत्तम पटेल के पास से 4700 रुपए, लीलाराम साहू से 3800 तथा सोहन लाल साहू से 3600 रुपए बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा जुआ खेलने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस ने रकम और ताश जब्त कर कार्रवाई की।

जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) तथा बीएनएस की धारा 112(2) व 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।