CGTalkies

CGTalkies News

पैरी नदी में 4 दिन से लापता युवक का शव मिला, झाड़ियों और मलबे के बीच फंसा था शव; पानी उतरते ही खुला राज

(सीजी टॉकिज) :- कोपरा एनीकट में बाढ़ के दौरान पैरी नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हुए व्यक्ति का शव आखिरकार चार दिन बाद मंगलवार को नदी के बीच झाड़ियों और मलबे के बीच फंसा मिला। पानी का जलस्तर कम होने के बाद नदी के बीच टीलेनुमा हिस्से में शव दिखाई दिया, जिसके बाद ग्राम तर्रा के ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार को एक व्यक्ति कोपरा स्थित पैरी नदी पर बने एनीकट को पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह नदी की तेज धार की चपेट में आ गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते वह नदी में बह गया और फिर दिखाई नहीं दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नदी में बहने से पहले युवक ने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार भी लगाई थी, लेकिन तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।

झाड़ियों में मिला शव

घटना के बाद पुलिस और SDRF की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया था। नदी में लगातार तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के कारण तलाश अभियान में काफी दिक्कतें आ रही थीं। पिछले कई दिनों से नदी और उसके आसपास के इलाकों में लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही थी। मंगलवार को पानी का स्तर कुछ कम हुआ तो ग्राम तर्रा के पास नदी के बीच झाड़ियों और मलबे में एक शव फंसा हुआ दिखाई दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

बताया जा रहा है कि शव नदी के बीच टीलेनुमा हिस्से में घास-झाड़ियों और मलबे के बीच फंसा हुआ है। मौके तक पहुंचने के लिए अभी भी करीब कमर तक पानी पार करना पड़ रहा है। शव काफी समय से पानी में पड़े होने के कारण उसकी हालत खराब हो गई है और उसमें काला और कीड़े पड़ चुके हैं।

पुलिस टीम मौके के लिए रवाना

शव मिलने की सूचना के बाद पांडुका पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। पुलिस का कहना है कि शव को बाहर निकालने के साथ ही संबंधित व्यक्ति की शिनाख्त और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शव उसी व्यक्ति का है जो शुक्रवार को पैरी नदी में बहा था या किसी अन्य व्यक्ति का। शिनाख्त और जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सप्ताहभर से अंधेरे में राजिम का लक्ष्मण झूला! मोबाइल की टॉर्च के सहारे चलने मजबूर श्रद्धालु-सैलानी; जिम्मेदारों की अनदेखी पर उठे सवाल

(सीजी टॉकिज) राजिम:- छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल राजिम के त्रिवेणी संगम में बना लक्ष्मण झूला इन दिनों बदइंतजामी का शिकार नजर आ रहा है। झूले पर लगी लाइटें पिछले करीब एक सप्ताह से बंद पड़ी हैं। शाम होते ही यहां अंधेरा छा जाता है और श्रद्धालुओं व सैलानियों को मोबाइल की टॉर्च जलाकर लक्ष्मण झूला पार करना पड़ रहा है।

राजिम को छत्तीसगढ़ का प्रयाग कहा जाता है। महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के त्रिवेणी संगम पर स्थित यह क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। यहां भगवान राजीव लोचन, भगवान कुलेश्वरनाथ के दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहीं लक्ष्मण झूला भी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।

बाढ़ के बीच अंधेरा, बढ़ी परेशानी

इन दिनों महानदी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संगम क्षेत्र में लोगों को अधिक सतर्कता के साथ आवाजाही करने की जरूरत है। ऐसे समय में लक्ष्मण झूला की लाइटों का बंद होना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। अंधेरे में झूले से गुजरने वाले लोगों को डर और असहजता का सामना करना पड़ रहा है। लाइट व्यवस्था बंद होने के कारण कई लोग मोबाइल की टॉर्च के सहारे रास्ता तलाशते हुए नजर आ रहे हैं। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं के लिए अंधेरे में झूला पार करना परेशानी का कारण बन रहा है।

आकर्षण का केंद्र था लक्ष्मण झूला, अब पसरा अंधेरा

लक्ष्मण झूला पर लगी आकर्षक लाइटें रात के समय दूर से ही लोगों का ध्यान खींचती थीं। शाम ढलते ही रोशनी से जगमगाता झूला राजिम की खूबसूरती में चार चांद लगाता था। सैलानी यहां पहुंचकर फोटो, वीडियो और सोशल मीडिया के लिए रील भी बनाते हैं। लेकिन पिछले एक सप्ताह से लाइटें बंद होने के कारण रात में लक्ष्मण झूला की रौनक गायब है। त्योहारी मौसम में जब राजिम में बड़ी संख्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, तब इस तरह की अव्यवस्था चिंता का विषय बनी हुई है।

जिम्मेदारों को नहीं दिख रहा अंधेरा?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पिछले करीब सप्ताहभर से लाइटें बंद हैं तो अब तक इन्हें दुरुस्त क्यों नहीं कराया गया? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर शिकायत के बावजूद इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा? राजिम जैसे प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल के प्रमुख आकर्षण लक्ष्मण झूला पर सप्ताहभर से अंधेरा पसरा होना व्यवस्था पर सीधा सवाल खड़ा करता है। यहां 24 घंटे बिजली और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

तुरंत सुधार की मांग

स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और सैलानियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि लक्ष्मण झूला की बंद पड़ी सभी लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। साथ ही नियमित रूप से लाइटिंग और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जाए, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अंधेरे में मोबाइल टॉर्च के सहारे चलने की मजबूरी न हो।

प्रश्न यही है कि जब राजिम को पर्यटन और धार्मिक नक्शे पर चमकाने की बात होती है, तो फिर उसके सबसे बड़े आकर्षणों में से एक लक्ष्मण झूला सप्ताहभर तक अंधेरे में क्यों पड़ा है?

तीज महोत्सव और सम्मान समारोह : विधायक रोहित साहू ने ग्राम सेम्हरतरा को दी 22.40 लाख के विकास कार्यों की सौगात, तीज महोत्सव में हुए शामिल

(सीजी टॉकिज) राजिम :- ग्राम सेम्हरतरा में हरियाली तीज के अवसर पर तीज महोत्सव ,सम्मान समारोह तथा भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इसी प्रकार विधायक निजग्राम पिपरछेडी में भी तीज महोत्सव का आयोजन किया गया जिसमें विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए तथा सभी मातृशक्तियों को तीज महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

समारोह की अध्यक्षता सरपंच संघ अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत सेम्हरतरा के सरपंच हरीश साहू ने की। समारोह के दौरान विधायक रोहित साहू ने कुल 22.40 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन व शिलान्यास किया। इसमें 7.20 लाख रुपये की लागत से बनने वाला सामुदायिक भवन, 5.20 लाख रुपये की लागत की सी.सी. रोड और 10.00 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली मुख्य सी.सी. रोड शामिल है।

विधायक रोहित साहू ने कहा कि तीज का त्योहार हमारी सनातन संस्कृति, परंपरा और माता-बहनों के त्याग व समर्पण का प्रतीक है। हमारी सरकार और मेरी व्यक्तिगत प्राथमिकता हमेशा गांव, गरीब और किसान का सर्वांगीण विकास रही है। ग्राम सेम्हरतरा में आज 22.40 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन केवल शुरुआत है, क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार में देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के सरकार में फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण और समय सीमा के भीतर पूरे होंगे।

सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचल में तीज महोत्सव का यह सफल आयोजन हमारी सामाजिक एकजुटता को दर्शाता है। विधायक रोहित साहू जी लगातार राजिम विधानसभा के प्रत्येक गांव की समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान कर रहे हैं। 22.40 लाख रुपये के कार्यों की स्वीकृति से सेम्हरतरा के ग्रामीणों को आवागमन और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में बड़ी राहत मिलेगी। पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मिलकर क्षेत्र की प्रगति के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान गांव की वरिष्ठ महिला बुजुर्गों, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। तीज उत्सव के तहत स्थानीय महिलाओं के लिए नारियल फेक, मटका फोड़,कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़, बिस्किट खाओ , बलून फोड़ और फुगड़ी जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन आयोजन भी किया गया। जिसमें प्रथम द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतियोगियों को उपहार देकर सम्मान किया गया।

रात्रि में प्रसिद्ध कीर्तनकार कामता प्रसाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित थीं। उक्त विविध प्रतियोगिताओं और भूमिपूजन कार्यक्रम में दयाराम साहू ,रामप्रसाद साहू ,महेंद्र साहू, चिंताराम साहू ,महेश साहू ,शांति कुमार साहू, दिलीप साहू ,बसंत,संतूराम ,दौलतराम, कैलाश, रोहित साहू, नरेश साहू, तुकेश साहू, ढेलू राम ,पंचराम ,भूखनराम साहू, रेखु साहू, मिलेश्वरी साहू, किसलाल साहू, मंशा राम, खम्भान साहू, पन्ना निर्मलकर, ईश्वर साहू सहित सृजन युवा नवयुवक मंडल सेम्हरतरा के अध्यक्ष आदित्य साहू, उपाध्यक्ष इंद्र कुमार साहू,सचिव शिवशंकर साहू,आशाराम सहसचिव,हुलास साहू सूचना प्रभारी,रुपेशसाहू सह सूचना प्रभारी, नंद किशोर सोसल मिडिया प्रभारी,युगल किशोर सह. मिडिया प्रभारी,धनेन्द्र साहू,सागर,हरिश,राजा, उमाकांत,हितेश,खुमान साहू ,पीयूष,भावेश ,भूपेन्द्र,डिकेश्वर,फत्तेलाल,छगनलाल,लक्ष्मीकांत ,छत्रपाल आदि शामिल रहे।

ब्रेकिंग: पैरी नदी के तेज बहाव में फंसा युवक, रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले बहा

(सीजी टॉकिज) :- राजिम क्षेत्र में एनीकट पार करते एक युवक पैरी नदी में बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश की जा रही है। मामला पांडुका थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह एक कोपरा स्थित पैरी नदी में बने एनीकट पार करने की कोशिश कर रहा था। अचानक वह पानी की तेज धार की चपेट में आ गया और बहने लगा। युवक के नदी की धार में फंसने के बाद उसने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई। लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते युवक पानी में ओझल हो गया।

पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

पैरी नदी में बहा युवकघटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद जिले के पाण्डुका थाना और धमतरी जिले के मगरलोड थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। कुछ देर बाद SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम द्वारा पैरी नदी में युवक की तलाश की जा रही है। हालांकि नदी में तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं।

बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के चलते सिकासार और सोढ़ूर जलाशय से पैरी नदी में पानी छोड़ा गया है। इसके कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। घटना के बाद कोपरा, खिसोरा समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू टीम के साथ युवक की तलाश में सहयोग कर रहे हैं। फिलहाल युवक के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई थी। SDRF और रेस्क्यू टीम द्वारा पैरी नदी में तलाश अभियान लगातार जारी है।

पत्रकार की कार में आधी रात आगजनी, जलकर खाक हुआ वाहन; मचा हड़कंप

(सीजी टॉकिज) पाण्डुका :- गरियाबंद जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र में एक पत्रकार की घर के सामने खड़ी कार में मध्य रात्रि आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना 7 सितंबर की देर रात की बताई जा रही है। आग इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, पत्रकार हेमंत कुमार तिवारी की कार रोज की तरह उनके घर के सामने टीन शेड के नीचे खड़ी थी। रात करीब 12 बजे अचानक कार के सेंसर से सायरन जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर हेमंत तिवारी उठे और बाहर आकर देखा तो कार धधक रही थी। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी पाण्डुका थाना प्रभारी चिंताराम देशमुख को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस जवानों और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।

फायर ब्रिगेड को भी दी गई सूचना

आग की गंभीर स्थिति को देखते हुए गरियाबंद फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हो गई और मालगांव तक पहुंच चुकी थी। इसी दौरान स्थानीय स्तर पर आग पर काबू पाने की सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन को वापस भेज दिया गया। घर में मौजूद बोर मशीन के पानी और पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी।

आग लगने का कारण अज्ञात

फिलहाल कार में आग कैसे लगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद पाण्डुका पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आग दुर्घटनावश लगी या किसी ने जानबूझकर वाहन को निशाना बनाया, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

लंबे समय से पत्रकारिता कर रहे हैं हेमंत तिवारी

हेमंत कुमार तिवारी ग्राम पंचायत तौरेंगा के मौलीपारा में रहते हैं और पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। स्थानीय स्तर पर वे विभिन्न जनसमस्याओं, कथित गड़बड़ियों और ज्वलंत मुद्दों से जुड़ी खबरें प्रकाशित करते रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र में घर के सामने खड़े वाहन में इस तरह आग लगने की घटना को लेकर लोग चिंतित हैं।

पुलिस अब घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगजनी के वास्तविक कारण और इसके पीछे किसी व्यक्ति की भूमिका का खुलासा हो सकेगा।

स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनता की आवाज से क्यों घबरा रहे हैं भाजपा विधायक? – रूपेश साहू

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- स्मार्ट मीटर हटाओ और पुराना मीटर लगाओ की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर द्वारा चलाए जा रहे घर-घर जनसंपर्क अभियान को मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा विधायक की बेचैनी साफ दिखाई दे रही है। जनता के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रियता देखकर विधायक जी अब अपने ही कार्यकर्ताओं को नसीहत देने में लगे हैं।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने तंज कसते हुए कहा कि विधायक जी को जनता की समस्याओं की चिंता करने के बजाय कांग्रेस के घर-घर पहुंचने की चिंता सताने लगी है। अगर स्मार्ट मीटर से जनता खुश है और बिजली बिलों को लेकर कोई परेशानी नहीं है, तो फिर कांग्रेस के अभियान से इतनी झल्लाहट क्यों?

उन्होंने कहा कि जनता के सवालों का जवाब कार्यकर्ताओं को नसीहत देकर नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर देना चाहिए। विधायक जी को चाहिए कि वे अपने कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के अभियान पर नजर रखने की बजाय बढ़े हुए बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और आम उपभोक्ताओं की परेशानियों का समाधान कराने की दिशा में काम करने की नसीहत दें।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के घर तक पहुंचकर उनकी बात सुन रहे हैं,उनकी समस्याओं को दर्ज कर रहे हैं और स्मार्ट मीटर के खिलाफ उनकी आवाज को मजबूती दे रहे हैं। यही जनसंपर्क अगर सत्ता पक्ष को खटक रहा है,तो यह कांग्रेस की नहीं बल्कि जनता की आवाज की ताकत है।

रूपेश साहू ने कहा “विधायक जी, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को नसीहत देने से पहले अपनी सरकार और विभाग से पूछिए कि जनता बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर को लेकर सवाल क्यों उठा रही है? लोकतंत्र में सवालों से घबराने की नहीं, सवालों का जवाब देने की जरूरत होती है।”

गरियाबंद ब्रेकिंग: गजपल्ला वॉटरफॉल में फिर डूबा युवक, स्टंटबाजी का वीडियो वायरल; पिछले साल भी गई थी युवती की जान

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- जिले के गजपल्ला वॉटरफॉल में एक बार फिर दर्दनाक हादसा सामने आया है। पिकनिक मनाने रायपुर से पहुंचे युवाओं के समूह में शामिल एक युवक की जलप्रपात में नहाने के दौरान डूबने से मौत होने की खबर है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।

जानकारी के मुताबिक रायपुर निवासी 17 वर्षीय आदित्य चौधरी अपने 5 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गजपल्ला वॉटरफॉल पहुंचे थे। इसी दौरान आदित्य नहाने के लिए पानी में उतरा और गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। साथियों ने घटना की सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद संबंधित टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक नाम और अन्य विवरण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। रेस्क्यू टीम द्वारा शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई।

स्टंटबाजी का वीडियो वायरल

गजपल्ला वॉटरफॉल में युवक के डूबने की घटना के बीच यहां सैलानियों की कथित स्टंटबाजी का वीडियो भी चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो में कुछ लोग पानी और चट्टानों के बीच बेहद खतरनाक अंदाज में स्टंट करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि गजपल्ला वॉटरफॉल को पर्यटकों के लिए प्रतिबंधित किया जा चुका है, लेकिन लोग यहां तक पहुंच कैसे रहे हैं? यह बड़ा सवाल है।

एक साल पहले भी गई थी युवती की जान

गजपल्ला वॉटरफॉल में यह पहली घटना नहीं है। 15 जुलाई 2025 को भी यहां एक युवती की डूबने से मौत हो गई थी। उस समय रायपुर से 5 लड़कियां और 2 लड़के पिकनिक मनाने गजपल्ला जलप्रपात पहुंचे थे। इसी दौरान 18 वर्षीय महविश खान पानी में डूब गई थीं। घटना के बाद करीब 24 घंटे तक तलाश अभियान चलाया गया और युवती का शव जलप्रपात के नीचे बने खोल में फंसा मिला था।

प्रशासन ने किया था बैन

घटना के बाद जिला प्रशासन द्वारा गजपल्ला जलप्रपात को पर्यटकों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी भी कराई गई थी। बताया गया कि यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार गजपल्ला जलप्रपात का पानी कई जगह 20 फीट से अधिक गहरा है। जलप्रपात के भीतर चट्टानों के खोल और सुरंगनुमा हिस्से भी हैं, जिससे पानी में उतरने वालों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।

Video

अभनपुर-राजिम मार्ग पर युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस

(सीजी टॉकिज)अभनपुर :- अभनपुर-राजिम मार्ग पर शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की मौत सड़क हादसे में हुई या उसके साथ कोई आपराधिक वारदात हुई? इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने शुरू की जांच

अभनपुर मार्ग पर मिला युवक का शवजानकारी के अनुसार मानिकचौरी के रेलवे क्रासिंग के पास शुक्रवार रात युवक का खून से लथपथ शव मिला। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान अभनपुर क्षेत्र के ग्राम गातापार निवासी देवाराम साहू पिता स्वर्गीय जुगराम साहू (48 वर्ष) के रूप में हुई है।

मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका गहरा गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार दोपहर अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जांच सेंपल एकत्र किए हैं। वहीं पुलिस द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

अभनपुर मार्ग पर मिला युवक का शवघटना रात की होने के कारण पुलिस के सामने कई अहम सवाल हैं। देवाराम साहू वहां कैसे पहुंचे? उनकी मौत किस परिस्थिति में हुई? क्या वे किसी हादसे का शिकार हुए या किसी ने उन्हें निशाना बनाया? घटनास्थल के पास ही मृतक की बाइक बरामद होने की बात भी सामने आई है। मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशानों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।

ज्ञानोवा हाइट्स स्कूल बासीन में कृष्ण जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस का भव्य समारोह, दही-हांडी और रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

(सीजी टॉकिज) राजिम :- स्थानीय ज्ञानोवा हाइट्स स्कूल बासीन के प्रांगण में 5 सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का संयुक्त समारोह हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। भक्ति, संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा से सराबोर इस आयोजन में विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने कृष्ण जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस की थीम पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

नन्हे राधा-कृष्ण ने जीता सबका दिल

जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा, कृष्ण, गोपियों और ग्वालों की आकर्षक वेशभूषा में नजर आए। विद्यालय परिसर को फूलों, मोरपंखों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण मानो गोकुल की छटा बिखेर रहा था। बच्चों ने कृष्ण लीला, भजनों पर आधारित नृत्य-नाटिका सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। वहीं दही-हांडी एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम ने समारोह में विशेष उत्साह भर दिया। नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

समारोह के दूसरे चरण में शिक्षक दिवस को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीनियर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के सम्मान में भाषण, कविता पाठ और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को तिलक लगाकर उनका सम्मान किया तथा अपने हाथों से बनाए गए ग्रीटिंग कार्ड भेंट किए। इस दौरान बच्चों ने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रधानाचार्य ने बताया गुरु और ईश्वर का महत्व

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को कृष्ण जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन और ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते’ के संदेश के माध्यम से विद्यार्थियों को कर्म के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि समाज के निर्माण में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। गुरु और ईश्वर दोनों ही मनुष्य को सही मार्ग दिखाने का कार्य करते हैं। विद्यार्थियों को अपने जीवन में अनुशासन, कर्म और संस्कारों को अपनाने की प्रेरणा दी गई।

राष्ट्रगान और प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के सम्मान समारोह, राष्ट्रगान एवं बच्चों तथा उपस्थित अतिथियों के बीच प्रसाद वितरण के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर भक्ति, उत्साह, सकारात्मक ऊर्जा और गुरु-शिष्य परंपरा से सराबोर नजर आया।

शिक्षक दिवस पर अरंड स्कूल में न्योता भोज, स्वर्गीय फेंकू प्रसाद शर्मा की स्मृति में परिवार ने बच्चों को कराया भोजन

(सीजी टॉकिज) राजिम:- शिक्षक दिवस के अवसर पर अरंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में सेवानिवृत्त शिक्षक स्वर्गीय फेंकू प्रसाद शर्मा की स्मृति में न्योता भोज का आयोजन किया गया। बासीन निवासी स्वर्गीय शर्मा के परिवारजनों ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को भोजन कराया और उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वर्गीय फेंकू प्रसाद शर्मा ने अरंड स्थित प्राथमिक शाला में लंबे समय तक शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। इसी विद्यालय से वे सेवानिवृत्त हुए थे। 21 अगस्त 2026 को स्वास्थ्यगत कारणों के चलते उनका आकस्मिक निधन हो गया था। शिक्षक दिवस के अवसर पर उनकी कर्मभूमि रहे अरंड स्कूल पहुंचकर परिवारजनों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ उनकी स्मृतियां साझा कीं।

इस अवसर पर श्रीमती विशाखा शर्मा, बड़े सुपुत्र आशीष शर्मा, छोटे सुपुत्र आशुतोष शर्मा और नाती अथर्व शर्मा सहित प्रधान पाठक लक्ष्मी ध्रुव एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। परिवार के सदस्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्वर्गीय शर्मा को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को नमन किया।

परिवारजनों ने कहा कि स्वर्गीय शर्मा जी का अरंड स्कूल और यहां अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों से विशेष लगाव रहा है। विद्यालय उनकी कर्मभूमि रहा, इसलिए उनकी स्मृति को जीवंत बनाए रखने और बच्चों के साथ उनके आत्मीय जुड़ाव को याद रखने के उद्देश्य से न्योता भोज का आयोजन किया गया। न्योता भोज के माध्यम से परिवार ने न केवल बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं, बल्कि स्वर्गीय फेंकू प्रसाद शर्मा की शिक्षा सेवा और उनके विद्यार्थियों के प्रति समर्पण को भी श्रद्धापूर्वक याद किया। शिक्षक दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यालय परिवार के लिए भावुक और प्रेरणादायी अवसर बन गया।