CGTalkies

CGTalkies News

राजिम नगर पंचायत को मिला नगरपालिका का दर्जा, राजपत्र में आदेश प्रकाशित

विधायक रोहित साहू ने मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री का जताया आभार

(सीजी टॉकिज) राजिम:- धर्मनगरी राजिम के इतिहास में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। राजिम वासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राजिम नगर पंचायत को नगरपालिका का दर्जा दे दिया गया है। इस संबंध में आधिकारिक आदेश छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित कर दिया गया है। इस राजपत्र प्रकाशन के साथ ही अब राजिम नगरपालिका परिषद आधिकारिक रूप से अस्तित्व में आ गई है। इस ऐतिहासिक फैसले के बाद संपूर्ण राजिम नगर में उत्सव का माहौल है। स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।

विधायक रोहित साहू ने जताया आभार

राजिम विधानसभा के विधायक रोहित साहू ने इस बड़ी सौगात के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव का राजिम नगरवासियों की ओर से आभार जताया। विधायक साहू ने कहा कि यह निर्णय राजिम के चहुंमुखी विकास में मील का पत्थर साबित होगा। आज का दिन हम सभी राजिम वासियों के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक है।

राजिम को नगरपालिका का दर्जा मिलना हमारे नगर के विकास को एक नई उड़ान देने की शुरुआत है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ सबका विकास के संकल्पों के साथ विकास की नई इबारत लिखी है, राजिम को नगरपालिका का दर्जा मिलना भाजपा की सरकार में ही संभव है। प्रदेश सरकार के ऐसे लोकहितकारी निर्णय से आज नई सौगात मिली है। मैं राजिम की जनता की ओर से माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी और उपमुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव जी का कोटि-कोटि धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने हमारी इस जनभावना को समझा और इसे धरातल पर उतारा।

अब राजिम में बुनियादी सुविधाओं, सड़कों, स्वच्छता और अधोसंरचना का तेजी से विस्तार होगा। बजट का दायरा बढ़ेगा, जिससे हम राजिम को एक आधुनिक और सुविधायुक्त शहर के रूप में विकसित कर सकेंगे। राजिम नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा राजिम नगर पंचायत का नगरपालिका में तब्दील होना हमारे लिए एक नए युग की शुरुआत है। मैं इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रदेश सरकार और हमारे सजग विधायक रोहित साहू जी का विशेष आभार व्यक्त करता हूं जिनके निरंतर प्रयासों से यह सपना सच हुआ है।

अब हमारी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। नगरपालिका बनने से शहर के विकास के लिए अधिक फंड और संसाधन उपलब्ध होंगे। हम सब मिलकर राजिम को स्वच्छता, जन-सुविधाओं और नागरिक सेवाओं के मामले में भी प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ नगरपालिका बनाने के लिए संकल्पित हैं। मैं राजिम की जनता को इस नई शुरुआत की बधाई देता हूँ।

नगरपालिका बनने से सुविधाओं का होगा विस्तार

नगरपालिका बनने से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न शहरी विकास योजनाओं के तहत मिलने वाले बजट में भारी बढ़ोतरी होगी। साफ-सफाई, जल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट्स और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीक और अधिक अमला उपलब्ध होगा। नगरपालिका में उन्नयन होने से नए उद्योगों, व्यवसायों और पर्यटन विकास को गति मिलेगी जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही प्रशासनिक अमले में बढ़ोतरी होने से आम जनता विभिन्न कार्य अधिक तेजी और पारदर्शिता से पूरे होंगे।

राजिम को मिला नगर पालिका का दर्जा, राज्य सरकार ने जारी की अधिसूचना

(सीजी टॉकिज) राजिम:- छत्तीसगढ़ की धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी राजिम के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य शासन ने लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत का नगर पालिका के रूप में उन्नयन कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही राजिम अब आधिकारिक रूप से नगर पालिका बन गया है। शासन के इस फैसले से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान राजिम नगर पंचायत की सीमाएं ही नई नगर पालिका की सीमाएं होंगी। नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद राजिम को अधिक वित्तीय संसाधन, प्रशासनिक अधिकार और शहरी विकास योजनाओं का व्यापक लाभ मिलेगा, जिससे शहर के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य शासन के इस निर्णय से राजिम के सुनियोजित शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि नगर पालिका बनने के बाद सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के विकास में तेजी आएगी। साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की शहरी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से नागरिकों तक पहुंच सकेगा।

राजिम क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और नागरिक लंबे समय से नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा देने की मांग कर रहे थे। शहर की लगातार बढ़ती आबादी, धार्मिक महत्व और पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए यह मांग लगातार उठाई जा रही थी। अब शासन की अधिसूचना जारी होने के साथ ही वर्षों पुरानी यह मांग पूरी हो गई है।

छत्तीसगढ़ के श्प्रयागराजश् के नाम से प्रसिद्ध राजिम अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए देशभर में जाना जाता है। यहां प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले राजिम कुंभ कल्प में लाखों श्रद्धालु देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचते हैं। नगर पालिका बनने के बाद धार्मिक पर्यटन, शहरी अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।

नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर को आधारभूत सुविधाओं के लिए अधिक बजट उपलब्ध होगा। सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों को गति मिलेगी। साथ ही नए विकास कार्यों की स्वीकृति और क्रियान्वयन भी पहले की तुलना में अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।

राज्य शासन के इस निर्णय का स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत करते हुए इसे राजिम के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।

महानदी में डूबे युवक का 15 घंटे बाद मिला शव, दो बच्चों को बचाने के दौरान गई थी जान

(सीजी टॉकिज) नवापारा-राजिम:- शनिवार दोपहर महानदी में दो मासूम बच्चों को बचाने के दौरान डूबे युवक का शव करीब 15 घंटे बाद रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। शनि मंदिर के पीछे नेहरू घाट के नीचे नदी में शव तैरता दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोबरा नवापारा पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रदीप कश्यप

प्रदीप कश्यप

जानकारी के अनुसार नवापारा इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (लगभग 35 वर्ष) शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी पत्नी मंगला कश्यप और एक मासूम बच्चे के साथ महानदी के नेहरू घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए प्रदीप कश्यप और एक अन्य युवक बिना देर किए नदी में कूद पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दूसरे युवक ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन प्रदीप कश्यप तेज बहाव की चपेट में आ गए। कुछ ही क्षणों में वह गहरे पानी में समा गए और फिर दिखाई नहीं दिए।

महानदी में डूबा युवक

घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कई घंटे तक मोटर बोट और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन शनिवार देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा और नदी के तेज बहाव के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने शनि मंदिर के पीछे नेहरू घाट के नीचे नदी में एक शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही लोगों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई तथा आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस दर्दनाक घटना से पूरे गोबरा नवापारा शहर में शोक की लहर है। प्रदीप कश्यप की बहादुरी की हर ओर चर्चा हो रही है। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दो मासूम बच्चों को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई। दोनों बच्चों की जान तो बच गई, लेकिन उन्हें बचाने वाला युवक खुद महानदी की तेज धाराओं का शिकार हो गया।

महानदी में नहाने के दौरान युवक लापता, पुलिस और स्थानीय लोग तलाश में जुटे

(सीजी टॉकीज) नवापारा-राजिम:- नवापारा में शनिवार दोपहर महानदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। दो मासूम बच्चों की जान बचाने के लिए नदी में कूदे एक युवक की तेज बहाव में डूबने से मौत की आशंका है। यह पूरी घटना उसकी पत्नी की आंखों के सामने हुई। देखते ही देखते युवक नदी की लहरों में समा गया। घटना के बाद नेहरू घाट पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

महानदी में डूबा युवकजानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (लगभग 35 वर्ष) शनिवार दोपहर करीब 2.45 बजे अपनी पत्नी मंगला कश्यप और एक मासूम बच्चे के साथ महानदी के नेहरू घाट के पास नहाने पहुंचे थे। प्रदीप नदी में स्नान कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी घाट पर कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो अन्य मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए प्रदीप कश्यप और एक अन्य युवक बिना देर किए नदी में कूद पड़े। दोनों ने जान जोखिम में डालकर बच्चों तक पहुंचने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरे युवक ने किसी तरह दोनों बच्चों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया, लेकिन प्रदीप कश्यप तेज बहाव की चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में वे गहरे पानी में समा गए और फिर दिखाई नहीं दिए।

घटना के बाद पत्नी मंगला कश्यप बदहवास हो गईं। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक प्रदीप गहराई में डूब चुका था। घटना के बाद घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय युवकों ने बिना समय गंवाए नदी में उतरकर अपने स्तर पर तलाश शुरू कर दी, लेकिन प्रदीप का कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस और SDRF ने संभाला मोर्चा

महानदी में डूबा युवकघटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एसडीआरएफ को सूचना दी गई। करीब शाम 4 बजे एसडीआरएफ की टीम विशेष उपकरणों, ऑक्सीजन मास्क और मोटर बोट के साथ मौके पर पहुंची और सघन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे तक टीम ने नदी के कई हिस्सों में गहन खोजबीन की। गोताखोरों ने गहरे पानी में उतरकर तलाशी ली और बोट के जरिए बहाव वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला।

अंधेरा और तेज बहाव बना बाधा

शाम ढलने के साथ नदी में बढ़ते अंधेरे और जल प्रवाह के कारण एसडीआरएफ को रेस्क्यू अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह फिर से व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा और युवक की तलाश जारी रहेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष पहुंचीं, परिवार को बंधाया ढांढस

महानदी में डूबा युवकघटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी साहू भी नेहरू घाट पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान पुलिस, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नगरवासी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

राजिम: युवक की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुला राज, पुलिस ने दर्ज की FIR

राजिम क्षेत्र के ग्राम पितईबंध में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक तौर पर जिस घटना को हत्या की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा था, वह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हिट एंड रन सड़क हादसा निकली। राजिम पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानिए पूरा मामला

उल्लेखनीय है कि 3 जुलाई की देर रात ग्राम पितईबंध निवासी उत्तम भारती (23 वर्ष) का शव उसके घर के सामने सड़क किनारे मिला था। सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से गांव में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था तथा कई संदिग्धों से पूछताछ भी की थी।

राजिम पुलिस द्वारा जांच, परिजनों के बयान तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि घटना हत्या नहीं बल्कि सड़क दुर्घटना थी। जांच में सामने आया कि उत्तम भारती भोजन करने के बाद घर के सामने सड़क किनारे बैठा था। इसी दौरान राजिम से पोखरा की ओर जा रहे किसी अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों ने घायल युवक को तत्काल 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजिम पहुंचाया, जहां मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि युवक की मौत फेफड़े, लिवर, प्लीहा और मस्तिष्क जैसे महत्वपूर्ण अंगों में गंभीर चोट तथा अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई। रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति दुर्घटनाजन्य (Accidental) बताई गई है।

अज्ञात वाहन चालक की तलाश तेज

घर के सामने मिली युवक की लाशमर्ग जांच पूरी होने के बाद राजिम पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 एवं 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

राजिम में घर के सामने मिली युवक की लाश, शरीर पर लोहे की रॉड के वार के निशान; हत्या की आशंका

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम पितईबंद में शनिवार तड़के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। युवक का शव उसके ही घर के सामने मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मृतक के शरीर पर लोहे की रॉड जैसे किसी भारी हथियार से वार किए जाने के निशान दिखाई देने के बाद हत्या की आशंका और गहरा गई है।

मृतक की पहचान उत्तम भारती के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। परिजनों ने युवक को गंभीर हालत में तत्काल राजिम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या युवक की हत्या कहीं और की गई और शव घर के सामने लाकर फेंका गया, या गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह किसी तरह अपने घर तक पहुंचा?

सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए रवाना हो चुकी है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण और हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

राजिम विधायक रोहित साहू का जनदर्शन कार्यक्रम स्थगित

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यों के चलते विगत दिनों से दिल्ली प्रवास पर हैं। विधायक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस व्यस्तता के चलते राजिम में उनके निवास कार्यालय में सोमवार को आयोजित होने वाला नियमित जनदर्शन कार्यक्रम स्थगित किया गया है।

तत्पश्चात् जनदर्शन कार्यक्रम अपनी पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पुनः प्रारंभ किया जाएगा। उक्त जानकारी विधायक रोहित साहू के निज सहायक किशोर कुमार साहू ने दी है।

आपातकाल की बरसी पर भाजपा की मशाल रैली, लोकतंत्र सेनानियों को किया नमन

(सीजी टॉकिज) राजिम:- आपातकाल की बरसी की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी जिला गरियाबंद द्वारा बुधवार को गायत्री मंदिर परिसर राजिम से सुंदरलाल शर्मा चौक तक मशाल रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए।

रैली का नेतृत्व विधायक रोहित साहू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने किया। इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय था, जिसमें नागरिक अधिकारों का हनन किया गया और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया।

भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकार ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा एवं संविधान के मूल्यों को बनाए रखने के लिए आपातकाल की घटनाओं को याद रखना आवश्यक है। मशाल रैली के माध्यम से लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को नमन करते हुए युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

रैली गायत्री मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुंदरलाल शर्मा चौक पहुंची, जहां लोकतंत्र सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव: तिलक लगाकर बच्चों को कराया शाला प्रवेश

बच्चे बड़े सपने देखें और लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ें, सफलता जरूर मिलेगी – रोहित साहू

(सीजी टॉकिज) राजिम:- नवीन शिक्षण सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोमा विकासखंड फिंगेश्वर में अत्यंत हर्षाेल्लास और गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय परिसर में टीन शेड कार्य का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू उपस्थित थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चन्दूलाल साहू जी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती नंदनी ओंकार साहू सभापति, जिला पंचायत गरियाबंद, श्रीमती नंदनी कोमल ढीढ़ी सभापति जिला पंचायत गरियाबंद, इंद्रजीत महाड़िक सदस्य जिला पंचायत गरियाबंद, डॉ.रामकुमार साहू पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष, चंद्रशेखर साहू भाजपा जिला महामंत्री,जितेन्द्र साहू जनपद सदस्य फिंगेश्वर, रिकेश साहू मंडल अध्यक्ष राजिम,हरीश साहू अध्यक्ष सरपंच संघ फिंगेश्वर,ओमप्रकाश साहू अध्यक्ष सहकारी समिति कोमा,बलराम साहू सरपंच ग्राम पंचायत कोमा,नीतू जनक बंजारे उपसरपंच ग्राम पंचायत कोमा,भोजराम यादव अध्यक्ष ग्राम विकास समिति कोमा,टहलूरराम तारक अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति पूर्व मा. शाला कोमा,घनश्याम साहू अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति प्रा. शाला कोमा आदि शामिल हुए।

इस अवसर पर स्कूल पहुंचे नवप्रवेशी बच्चों का अतिथियों द्वारा तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और निरूशुल्क पाठ्य-पुस्तकें एवं कॉपियां भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों और ग्रामीणों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत स्कूल परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

कार्यक्रम के संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की धुरी है। हमारे मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में राज्य सरकार हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए संकल्पित है। आज इस शाला प्रवेशोत्सव के पावन अवसर पर मैं सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। पालकों से मेरी अपील है कि वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें तथा बच्चे बड़े सपने देखे और लक्ष्य बनाकर आगे बढे,सफलता जरूर मिलेगी।

इसके साथ ही आज हमने पर्यावरण को बचाने और अपनी धरती मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए श्एक पेड़ मां के नामश् अभियान के तहत पौधे रोपे हैं। मैं सभी शिक्षकों, बच्चों और ग्रामीणों से आग्रह करता हूँ कि इन पौधों की देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करें ताकि हमारा स्कूल परिसर हरा-भरा और स्वस्थ रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छ.ग. राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चन्दूलाल साहू ने कहा कि आज का दिन हमारे नौनिहालों के लिए एक नई यात्रा की शुरुआत है। पढ़बो सब झन, गढ़बो जन-जन के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए हमें छत्तीसगढ़ के भविष्य को संवारना है। स्कूल हमारे जीवन में संस्कारों की वेदी है। मुझे पूरा विश्वास है कि शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोमा के शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ बच्चों को बेहतर नागरिक बनाएंगे। बुनियादी सुविधाओं और बेहतर अधोसंरचना के लिए आज भूमिपूजन भी किया गया है, जो इस क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सभापति श्रीमती नंदनी ओमकार साहू ने कहा कि एक शिक्षित बेटी और एक शिक्षित बेटा ही उन्नत समाज का निर्माण कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर लगातार सुधर रहा है। पालकों और शिक्षकों के बीच का बेहतर समन्वय ही बच्चों की प्रतिभा को निखार सकता है। आज इस प्रवेशोत्सव में बच्चों के चेहरों की मुस्कान देखकर यह साफ है कि वे स्कूल आने के लिए कितने उत्साहित हैं। हम सब मिलकर फिंगेश्वर विकासखंड को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाएंगे। कार्यक्रम को नंदनी डीडी, इंद्रजीत महाडिक ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और राज्य गीत के साथ हुई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी फिंगेश्वर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विशेष रूप से आसपास के सरपंचगण ,शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण,पालक तथा विकासखंड के शिक्षकगण उपस्थित रहे। स्थानीय प्रशासन और शाला परिवार द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन किया गया।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रतीक – रोहित साहू

(सीजी टॉकिज) राजिम :- भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद् एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर मंगलवार को विधायक कार्यालय राजिम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक रोहित साहू सहित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ.मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने देश की एकता को सर्वाेपरि मानते हुए जम्मू-कश्मीर में लागू दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था का विरोध किया तथा राष्ट्रहित के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया। उनका जीवन देशभक्ति, त्याग और समर्पण की अनुपम मिसाल है,जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता के प्रबल प्रहरी थे। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने तथा भारत को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ.मुखर्जी के योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि विजय कंडरा, पन्ना साहू, होरीलाल साहू, किशोर साहू, ईश्वर साहू भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मातृ शक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।