CGTalkies

CGTalkies News

चार बच्चों की मां की संदिग्ध मौत: पिता ने दामाद पर लगाया हत्या का आरोप, अवैध संबंधों के चलते कुएं में धक्का देने का आरोप

(सीजी टॉकिज) आरंग :- रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आरंग शहर के वार्ड क्रमांक-14 स्थित शनि मंदिर के पास रहने वाली पुष्पा सोनकर की कुएं में गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पिता ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए अपने दामाद भोला सोनकर पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने आरंग थाने में लिखित शिकायत देकर हत्या का मामला दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

20 साल पहले हुई थी शादी

मृतका के पिता रामधार सोनकर के अनुसार, लगभग 20 वर्ष पूर्व पुष्पा का विवाह भोला सोनकर से हुआ था। दंपति के चार बच्चे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले करीब तीन वर्षों से भोला सोनकर का दूसरी महिला से अवैध संबंध था, जिससे उसका एक वर्ष का बच्चा भी है। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि भोला अक्सर पुष्पा के साथ मारपीट करता था और उसे जान से मारने की धमकियां देता था।

परिजनों के अनुसार, घटना से एक रात पहले भोला सोनकर घर नहीं लौटा था। मृतका की 18 वर्षीय बेटी का कहना है कि 31 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे भोला घर पहुंचा और पुष्पा से उसका विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद वह उसे घर के पीछे स्थित बाड़ी की ओर ले गया। करीब सुबह 8.15 बजे भोला ने मृतका के भाई गोविंदा को फोन कर बताया कि पुष्पा कुएं में गिर गई है।

रायपुर ले जाते समय तोड़ा दम

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो पुष्पा गंभीर हालत में कुएं के पास मिली। उसे पहले आरंग के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के पिता और अन्य परिजनों का कहना है कि पुष्पा को अच्छी तरह तैरना आता था। ऐसे में उसका अचानक कुएं में गिर जाना उन्हें संदिग्ध लग रहा है। उनका आरोप है कि दूसरी महिला से संबंधों में बाधा बनने के कारण भोला सोनकर ने ही पुष्पा को कुएं में धक्का देकर उसकी हत्या की।

निष्पक्ष जांच की मांग

मृतका के परिजनों ने 2 अगस्त को आरंग थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कराने तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

आरंग पुलिस का कहना है कि परिजनों से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रमंडल खेलों में ज्ञानेश्वरी यादव ने रजत जीतकर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, भाजयुमो जिला अध्यक्ष पिंटू साहू बोले- कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष पिंटू साहू ने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल-2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए कहा कि उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि ने पूरे देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की सफलता प्रदेश की प्रतिभा, मेहनत और अटूट संकल्प का प्रतीक है।

पिंटू साहू ने कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतना इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कठोर परिश्रम और अनुशासन के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी और प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि

खेलों में ज्ञानेश्वरी यादव का दमदार प्रदर्शनउन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन दे रही है। मुख्यमंत्री द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा प्रदेश के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने वाला निर्णय है। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ेगा।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर अभ्यास, समर्पण और अनुशासन के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता निश्चित मिलती है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार मातृशक्ति और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का तिरंगा बुलंद करें। पिंटू साहू ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

सोनतीर्थ घाट के निर्माणाधीन संस्कार भवन का विधायक रोहित साहू ने किया निरीक्षण

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम के ऐतिहासिक सोनतीर्थ घाट पर निर्माणाधीन संस्कार भवन का राजिम विधायक रोहित साहू ने औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुविधा से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश

विधायक रोहित साहू ने निर्माण स्थल पर उपयोग की जा रही सामग्री का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने संस्कार भवन परिसर में पेयजल व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्नान स्थल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि सोनतीर्थ घाट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पिंडदान करने वाले परिवार और धार्मिक-सामाजिक आयोजनों में शामिल होने वाले लोग पहुंचते हैं। ऐसे में यहां बनने वाला संस्कार भवन सर्वसुविधायुक्त, विशाल और सुविधाजनक होना चाहिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि धर्मनगरी राजिम आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

गुणवत्ता से समझौता नहीं

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी या गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया कि संस्कार भवन बनने के बाद प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पिंडदान और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब तक अंतिम संस्कार के बाद होने वाली धार्मिक रस्मों और सामाजिक आयोजनों के लिए समुचित स्थान का अभाव था, जिसे यह भवन दूर करेगा।

निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, पार्षद बलराम यादव, भारत यादव, आकाश राजपूत तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी संतोष विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

डायल 112 की फुर्ती से बची युवक की जान, सड़क हादसे के बाद मिनटों में पहुंची पुलिस

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- संकट की घड़ी में पुलिस की तत्परता एक बार फिर जीवनरक्षक साबित हुई। गरियाबंद जिले में डायल 112 की टीम ने सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचा ली। घटना छुरा थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, छुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़ागांव के पास एक मोटरसाइकिल चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

समय पर उपचार मिलने से बची जान

डायल 112 वाहन में तैनात आरक्षक यशवंत त्रिवेन्द्र और वाहन चालक जागेश्वर निर्मलकर ने मौके पर पहुंचकर घायल की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस जवानों ने बिना समय गंवाए घायल को सुरक्षित वाहन में बैठाया और सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा पहुंचाकर भर्ती कराया। समय पर उपचार मिलने से घायल की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने डायल 112 टीम के आरक्षक यशवंत त्रिवेन्द्र और चालक जागेश्वर निर्मलकर की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस का पहला दायित्व नागरिकों की सुरक्षा और संकट के समय उनकी सहायता करना है। उन्होंने कहा कि जिले की डायल 112 टीम पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है।

‘‘एक्के नम्बर सबो बर’’ की भावना के साथ संचालित डायल 112 सेवा नागरिकों के लिए हर प्रकार की आपात स्थिति में भरोसेमंद सहायता बनकर लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।

तालाब किनारे संदिग्ध हालत में मिली चौकीदार की लाश, हत्या की आशंका

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकरो से मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव स्थित तालाब के पास एक चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

छह माह चौकीदारी कर रहा था

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार (30 वर्ष) पिता जलसिंह सिदार, निवासी ग्राम तोरला, थाना झरबंद, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार परमेश्वर पिछले करीब छह माह से ग्राम टोकरो स्थित तालाब में चौकीदार के रूप में कार्यरत था और वहीं रहकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा था।

तालाब किनारे में मिला शव

मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब के पास उसका शव पड़ा देखा। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मृतक के पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों, संपर्कों और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

तालाब में तैरते मिली युवक की लाश, दोस्तों के साथ घूमने निकला था, दूसरे दिन मिला शव

(सीजी टॉकिज) नवापारा :- नवापारा थाना क्षेत्र से मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। नवापारा के किसान पारा (वार्ड क्रमांक 11) निवासी विमल यादव (30) का शव दुलना-पटेवा मार्ग स्थित तालाब में तैरता मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। मृतक सोमवार को अपने दोस्तों भोलू (पिपरौद) और गोलू (दुलना) के साथ घर से घूमने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, जबकि उसका मोबाइल भी बंद मिला।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि विमल के सिर के पीछे चोट के निशान हैं और उसका मोबाइल फोन भी गायब है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और हत्या तीनों पहलुओं से जांच कर रही है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इधर, पति की मौत की खबर मिलते ही विमल की पत्नी गहरे सदमे में चली गई। बताया जा रहा है कि उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया और मानसिक आघात में अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी तथा स्वयं पर धारदार हथियार से कई वार कर आत्महत्या कर ने की कोशिश की। बच्ची की गर्दन और महिला के गले में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

नवापारा में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर 10 साल का मासूम झूलसा, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

(सीजी टॉकिज) नवापारा :- गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के लगे ग्राम कुर्रा में सोमवार को 10 साल का मासूम हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर झुलस गया। बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा का है।

जानकारी के अनुसार कक्षा चौथी का छात्र डुमेंद्र कुमार (10 वर्ष) स्कूल की छुट्टी के बाद गांव के प्राथमिक शाला मैदान में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इस दौरान गेंद टीन शेड पर जा गिरी। गेंद लाने के लिए छात्र डुमेंद्र कुमार शेड पर चढ़ा और 33 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करंट लगते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई और बच्चा शेड पर ही गिर पड़ा। साथ खेल रहे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह डुमेंद्र को नीचे उतारकर तत्काल पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार उपचार जारी है।

चेतावनी के बाद भी नहीं जागा विभाग

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि स्कूल परिसर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से हादसे को न्योता दे रही थी। सुशासन तिहार के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग को आवेदन देकर इस लाइन को हटाने की मांग की थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते लाइन हटाई जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।

विद्युत विभाग के AE धर्मेंद्र साहू ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें अभी मिली है। उन्होंने कहा कि संबंधित हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए विभाग के पास फिलहाल पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं है। हालांकि मामले की जांच कर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सावन के पहले सोमवार को कुलेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी भीड़, दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु

(सीजी टॉकिज) राजिम:- सावन माह के प्रथम सोमवार को त्रिवेणी संगम तट स्थित प्राचीन श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। ‘‘हर-हर महादेव’’ और ‘‘बम-बम भोले’’ के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो उठा। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।

सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर महिलाओं, युवतियों, बुजुर्गों और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को गंगाजल, दूध, दही, शहद और पवित्र जल से अभिषेक किया। शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, कनेर के पुष्प् और मौसमी फल अर्पित कर भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में गूंजते शिव भजनों और वैदिक मंत्रोच्चार ने भक्तिमय वातावरण को और अधिक दिव्य बना दिया।

भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और पुजारियों ने श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित दर्शन की व्यवस्था की। कतारबद्ध तरीके से श्रद्धालुओं को दर्शन कराए गए, जिससे पूरे समय व्यवस्था सुचारू बनी रही।

पंचकोशी के शिवालयों में भी उमड़ी श्रद्धा

राजिम ही नहीं, बल्कि पूरे अंचल के प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बाबा गरीबनाथ महादेव मंदिर, मामा-भांजा मंदिर, दान दानेश्वर, राजराजेश्वर, ब्रह्मचर्य आश्रम स्थित सोमेश्वरनाथ मंदिर सहित पंचकोशी क्षेत्र के कोपेश्वरनाथ, फणेश्वरनाथ, ब्रह्मणेश्वरनाथ, पटेश्वरनाथ और चंपेश्वरनाथ मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक का सिलसिला चलता रहा।

 

राजिम रेस्ट हाउस में भाजपा महिला मोर्चा की बैठक संपन्न: संगठन विस्तार पर मंथन, 16 अगस्त को भव्य सावन महोत्सव और सीमा पर तैनात जवानों को भेजी जाएंगी राखियां

(सीजी टॉकिज) राजिम:- भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला गरियाबंद की प्रथम कामकाजी एवं परिचयात्मक बैठक का आयोजन राजिम स्थित विश्राम गृह में संपन्न हुआ। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों पर विचार-विमर्श कर रूपरेखा तय की गई।

बैठक में मुख्य रूप से आगामी 16 अगस्त को आयोजित होने वाले सावन महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही, रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर देश की सीमाओं पर दिन-रात मुस्तैदी से तैनात भारत मां के वीर जवानों के सम्मान एवं लंबी आयु की कामना के लिए महिला मोर्चा द्वारा विशेष रूप से राखियां एवं शुभकामनाएं भेजने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया।

बैठक में प्रमुख रूप से राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा महिला मोर्चा जिला प्रभारी सविता चंद्राकर, सह प्रभारी माधुरी साहू ने महिला कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा।

महिला कार्यकर्ता भाजपा की रीढ़

बैठक को संबोधित करते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि भाजपा की रीढ़ हमारी महिला कार्यकर्ता हैं, जिनकी शक्ति और समर्पण के बल पर संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है। सावन का महीना हमारी सनातन संस्कृति और बहनों के स्नेह का प्रतीक है।

16 अगस्त को आयोजित होने वाला सावन महोत्सव हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजेगा और बहनों की एकजुटता की मिसाल पेश करेगा। इसके साथ ही सीमा पर तैनात हमारे नौजवान, जो अपने परिवारों से दूर रहकर देश की सुरक्षा कर रहे हैं, उनके लिए राखियां भेजना एक सराहनीय पहल है। जब हमारी बहनों द्वारा भेजी गई स्नेह की डोर उन तक पहुंचेगी, तो उनका मनोबल और अधिक बढ़ेगा।

ऐतिहासिक होगा सावन महोत्सव

भाजपा महिला मोर्चा की जिला प्रभारी श्रीमती सविता चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि प्रथम कामकाजी एवं परिचयात्मक बैठक के माध्यम से आज गरियाबंद जिले की महिला मोर्चा एक नई ऊर्जा के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुट गई है। 16 अगस्त का सावन महोत्सव ऐतिहासिक होगा। इसमें पारंपरिक खेलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बहनों के सम्मान का भव्य संगम देखने को मिलेगा। इसके साथ ही, सरहद के रक्षकों को राखी अभियान के तहत गरियाबंद जिले की हर पंचायत और मंडल से राखियां एकत्र कर सेना के जवानों तक भेजी जाएंगी।

सह-प्रभारी श्रीमती माधुरी साहू ने भी बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर अपने विचार व्यक्त किए। बैठक के अंत में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती बिंदु सिन्हा ने समस्त अतिथियों एवं बहनों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि मैं महिला मोर्चा की ओर से हमारे विधायक रोहित साहू जी, जिला प्रभारी श्रीमती सविता चंद्राकर जी, सह-प्रभारी माधुरी साहू जी एवं आप सभी वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने इस बैठक को सफल बनाया। 

बैठक में महिला मोर्चा की वरिष्ठ नेत्रियों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही जिसमें प्रमुख रूप से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रेखा सोनकर एवं श्रीमती तनु मिश्रा,जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा पारस ठाकुर,उपाध्यक्ष नगर पालिका राजिम श्रीमती पूर्णिमा चंद्राकर,वरिष्ठ कार्यकर्ता व पदाधिकारी श्रीमती स्वंजना उपाध्याय, श्रीमती संतोषी श्रीवास्तव, श्रीमती मधु नाथानी, श्रीमती भारती साहू जिला महामंत्री, श्रीमती लक्ष्मी श्रीवास्तव, श्रीमती भुनेश्वरी साहू, श्रीमती तोकेश्वरी मांझी, हीरामनी साहू, रेणुका साहू तथा बड़ी संख्या में गरियाबंद जिले की महिला मोर्चा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थीं, जिन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।

विधायक रोहित साहू और नपाध्यक्ष महेश यादव ने पौनी पसारी कॉम्प्लेक्स निर्माण का किया भूमिपूजन

(सीजी टॉकिज) राजिम:- जन-सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए विधायक रोहित साहू ने राजिम नगर के दत्तात्रेय मंदिर के समीप बनने वाले पौनी पसारी कॉम्प्लेक्स के भूमिपूजन कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने नगरवासियों को नए विकास कार्यों की सौगात दी। पौनी पसारी कॉम्प्लेक्स के निर्माण से स्थानीय छोटे व्यापारियों, बेरोज़गार युवाओं और स्वरोजगार से जुड़े पारंपरिक व्यवसायियों को व्यापार के लिए एक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधायुक्त स्थान मिल सकेगा, जिससे उनकी आजीविका में सुधार होगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम के तत्काल पश्चात, विधायक रोहित साहू ने वार्ड क्रमांक 01 गांधी नगर का दौरा किया। सघन जनसंपर्क अभियान के दौरान विधायक ने वार्ड के नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। वार्डवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित मांगों को विधायक के समक्ष रखा जिसे विधायक रोहित साहू ने सभी मुद्दों को विस्तार से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए।

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान भावुक क्षण तब देखने को मिला जब विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र की वरिष्ठ नागरिक एवं लोक संस्कृति की प्रतीक बिहुला बाई का आत्मीय स्वागत एवं नागरिक अभिनंदन किया जिन्हें अयोध्या के श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा उत्सव में आमंत्रित किया गया था।

इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों और हमारी समृद्ध लोक संस्कृति को जीवित रखने वाले गुणीजनों का सम्मान करना हमारी सदियों पुरानी परंपरा और संस्कारों का मूल हिस्सा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने विधायक रोहित साहू का राजिम नगर की जनता की ओर से सहृदय धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मैं राजिम नगर पालिका और समस्त नगरवासियों की ओर से हमारे विधायक रोहित साहू जी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ, जो राजिम के विकास के लिए निरंतर समर्पित हैं।

पौनी पसारी योजना हमारे छोटे व्यापारी भाइयों और खासकर युवाओं के लिए एक वरदान साबित होगी। आज विधायक जी के प्रयासों से नई सुविधाओं को विस्तार दिया जा रहा है।नगर पालिका परिषद राजिम इस निर्माण कार्य को पूरी गुणवत्ता और तय समय-सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक के नेतृत्व में राजिम विकास के नए आयाम छू रहा है।

इस दौरान प्रमुख रूप से नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा चंद्राकर, सीएमओ संतोष विश्वकर्मा, राजिम भक्तिन मंदिर समिति अध्यक्ष लाला साहू सहित पार्षद मंशाराम कुर्रे, भारत यादव, आकाश राजपूत, सुरेश पटेल, बलराम यादव, तुषार कदम, उत्तम निषाद, अजय पटेल, टंकु सोनकर, कमल सिन्हा, गजेश्वर ध्रुव, ऋषि दुबे एवं योगेंद्र राजपूत सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।