(सीजी टॉकिज) :- अभनपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने ही पिता की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। साथ ही बेटे के साथ आए दिन विवाद करता था। जिससे आक्रोशित होकर बेटे ने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पिता के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
वारदात के बाद आरोपी ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच और पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
शराब के नशे में विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम केंद्री निवासी डोमार साहू (48) 9 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे शराब के नशे में अपनी पत्नी दुलेश्वरी साहू से चरित्र को लेकर विवाद कर रहा था। इसी दौरान उनका 22 वर्षीय बेटा डोमेश साहू घर पहुंचा। विवाद के बीच पिता ने पत्नी और बेटे के संबंध में आपत्तिजनक आरोप लगाए, जिससे डोमेश गुस्से में आ गया।
आक्रोशित होकर उसने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पिता के गले पर कई वार कर दिए। बचाव के दौरान डोमार के दाहिने हाथ की कलाई के पास भी चोट आई। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के समय मृतक की पत्नी भी मौके पर मौजूद थी।
हत्या के बाद रची आत्महत्या की कहानी
वारदात के बाद आरोपी ने सच्चाई छिपाने की कोशिश की। उसने अपने पहने हुए कपड़े गांव के बड़े नहर-नाले में फेंक दिए और घर लौटकर परिजनों तथा आसपास के लोगों को बताया कि उसके पिता ने आत्महत्या कर ली है। हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियों और पुलिस की जांच में मामला संदिग्ध नजर आया।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना ग्राम केंद्री के सरपंच ने रात करीब 11.30 बजे अभनपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
पुलिस ने संदेह के आधार पर बेटे डोमेश साहू से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में उसने पिता की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। हत्या के बाद कपड़े नहर-नाले में फेंकने और घटना को आत्महत्या बताकर गुमराह करने की कोशिश से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।












Leave a Reply