CGTalkies

CGTalkies News

जतमई माता मंदिर में 10 अक्टूबर को होगा वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान, ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्लास्टिक मुक्त जतमई का संकल्प; विधायक रोहित साहू होंगे मुख्य अतिथि

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 10 अक्टूबर को जतमई माता मंदिर प्रांगण में वृक्षारोपण एवं प्लास्टिक मुक्त-सफाई अभियान का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन गरियाबंद वनमंडल द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम शनिवार को सुबह 8 बजे जतमई माता मंदिर प्रांगण में आयोजित होगा।

अभियान के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में वृक्षारोपण के साथ स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। लोगों को एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा प्राकृतिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। अभियान के माध्यम से जल संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति भी जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से जतमई क्षेत्र को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। गरियाबंद वनमंडल ने जिलेवासियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत 9 अक्टूबर को राजिम में होगी महानदी गंगा आरती, छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार आरु साहू की सांस्कृतिक संध्या से सजेगी शाम

(सीजी टॉकिज) राजिम :- सेवा संकल्प अभियान के तहत 9 अक्टूबर 2026 को राजिम स्थित महानदी तट पर महानदी गंगा आरती एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के जिला नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर के निर्देश पर आयोजन की तैयारियों को लेकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विशाल महाराणा एवं जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता एस के बर्मन की उपस्थिति में विश्राम गृह राजिम में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

इस दौरान कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि शाम 6:30 बजे महानदी गंगा आरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात शाम 7 बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध युवा लोक कलाकार आरु साहू अपनी सांस्कृतिक टीम के साथ मनमोहक प्रस्तुति देंगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने पहुंचे। बैठक में कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, मंचीय व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, गंगा आरती स्थल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, बैरिकेटिंग, पार्किंग, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मंच, दर्शक दीर्घा, आरती स्थल एवं अन्य व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर स्वच्छता एवं सुचारु आवागमन सहित नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रविवार 03 अक्टूबर को स्वच्छ महानदी, सुंदर राजिम, सुरक्षित घाट के तहत जन सहभागिता के साथ वृहद स्वच्छता अभियान भी चलाया गया था। जिसमें गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं राजिम वासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई थी। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों से आग्रह किया है कि वे कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपनी सहभागीता निभाएं।

परसदा जोशी से टीला एनिकट तक बनेगी पक्की सड़क, विधायक रोहित साहू के प्रयास से 04 करोड़ 70 लाख रुपए की मिली स्वीकृति

(सीजी टॉकिज) राजिम:- राजिम विधानसभा क्षेत्र की बहुत पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग अब विधायक रोहित साहू के लगातार प्रयासों से पूरी होने जा रही है। लगातार अनेक विकास परियोजनाओं और वर्षों पुरानी समस्याओं का निदान करने वाले विधायक रोहित साहू ने जब से क्षेत्र के विधायक के रूप में बागडोर संभाली है, तब से ही विकास की एक नई लहर देखने को मिल रही है। उनका कार्यकाल जन-सेवा और चौतरफा विकास का पर्याय बन गया है।

विधायक रोहित साहू अपने निरंतर प्रयास,सेवा और समर्पण भाव से क्षेत्र के विकास को एक नई पहचान दे रहे हैं। परसदा जोशी से टीला एनिकट तक पक्की सड़क की बहुप्रतीक्षित मांग भी अब पूरी हो चुकी है। शासन ने 2.50 किमी इस लंबे मार्ग के लिए 4 करोड़ 70 लाख 48 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के निरंतर और अथक प्रयासों का परिणाम है, जिससे क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर दौड़ गई है।

इस मार्ग के बन जाने से गरियाबंद जिला के फिंगेश्वर विकासखंड से रायपुर जिला के आरंग विकासखंड का सीधा जुड़ाव बन जाएगा। विधायक रोहित साहू ने इस सड़क की मांग को गंभीरता से लिया और लगातार शासन स्तर पर इसकी स्वीकृति के लिए प्रयासरत रहे। उनके विशेष प्रयासों से ही अब इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए लगभग 4 करोड़ 70 लाख 48 हजार रुपए के राशि की स्वीकृति मिली है। इस स्वीकृति से क्षेत्रवासियों को नई सौगात मिली है।

यह प्रगति का नया मार्ग, डबल इंजन में डबल गति से हो रहा विकास : विधायक रोहित

विधायक रोहित ने इस अवसर पर कहा, यह सड़क हमारे क्षेत्र के समृद्धि और प्रगति का मार्ग है। हमने जनता से जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। 4 करोड़ 70 लाख 48 हजार रुपए की राशि यह सुनिश्चित करेगी कि आने वाले कई वर्षों तक हमारे क्षेत्र की जनता को आवागमन में कोई परेशानी न हो।

विधायक रोहित साहू ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार जताया है। उन्होंने आगे कहा कि यह महत्वपूर्ण स्वीकृति डबल इंजन सरकार की सौगात है जो सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र पर काम कर रही है। यह सौगात स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि जब केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार एक साथ काम करती हैं, तो विकास कितनी तेजी और पारदर्शिता से ज़मीन पर उतरता है। यह सरकार हर वर्ग, हर क्षेत्र के विकास को लेकर सजगता से कार्य कर रही है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मोदी जी की गारंटी को धरातल पर उतारने का कार्य कर रहे हैं जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र की जनता को नई सौगात मिल रही है। वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग भी अब पूरी होने जा रही है, राजिम विधानसभा क्षेत्र में लगातार एक के बाद विकास के कार्य हो रहे हैं जो वर्षों से फलीभूत होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। भाजपा की डबल इंजन सरकार में वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान लगातार हो रहा है और आने वाले समय में भी विकास के नए कार्य क्षेत्रवासियों को देखने को मिलेंगे। इस घोषणा के बाद से ही क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने कहा कि हम प्रदेश सरकार तथा विधायक रोहित साहू के आभारी हैं।

बारिश थमते ही महानदी में शुरू हुआ रेत का खेल! दिन में ट्रैक्टर, रात में हाईवा से निकाली जा रही रेत, प्रशासन मौन

(सीजी टॉकिज) नवापारा:- बारिश का दौर थमते ही गोबरा नवापारा क्षेत्र में महानदी के घाटों पर कथित अवैध रेत खनन का कारोबार फिर सक्रिय होने लगा है। पारागांव, लखना और कोलियारी क्षेत्र में नदी के विभिन्न घाटों पर दिन-रात रेत निकाले जाने और उसके अवैध परिवहन की शिकायतें सामने आ रही हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पहले सैकड़ों ट्रैक्टरों के जरिए महानदी से रेत निकालकर नदी किनारे या आसपास के स्थानों पर डंप किया जाता है। इसके बाद रात के अंधेरे में हाइवा वाहनों के जरिए रेत को रायपुर समेत अन्य शहरों तक भेजे जाने की बात कही जा रही है।

दिन में ट्रैक्टरों की कतार, रात में हाईवा की आवाजाही

स्थानीय लोगों के अनुसार दिन के समय रेत से लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही और रात में हाइवा वाहनों का परिवहन लगातार जारी रहता है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी से लगातार रेत निकाले जाने से महानदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण पर असर पड़ सकता है। वहीं भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र की सड़कों को भी नुकसान पहुंचने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

कार्रवाई की मांग, विभागों की भूमिका पर सवाल

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पारागांव, लखना और कोलियारी के रेत घाटों की जांच कराने, अवैध खनन एवं परिवहन की शिकायतों की सत्यता की पड़ताल करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे विभागीय मिलीभगत के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन शिकायतों पर कब तक कार्रवाई करता है और महानदी में चल रहे कथित अवैध रेत खनन पर किस तरह रोक लगाई जाती है।

VIDEO

हिमांशी, विनय और भूपेंद्र बने नगर स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के चैंपियन; खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- नगर की ऐतिहासिक क्रीड़ा संस्था समता क्लब फिंगेश्वर के 58वें स्थापना दिवस के अवसर पर नगर स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के जूनियर बालिका वर्ग में हिमांशी यदु ने प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि अंशिका निर्मलकर उपविजेता रहीं।

जूनियर बालक वर्ग में विनय यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं चिरंजीवी यदु ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में भूपेंद्र राजवंशी विजेता बने, जबकि अतीक वारसी उपविजेता रहे।

58 वर्षों से खेल प्रतिभाओं को दे रहा मंच

स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था के संस्थापक घनश्याम यदु ने संस्थापक क्रीड़ा ध्वज का ध्वजारोहण किया। इस दौरान नन्हे खिलाड़ियों ने भी अपने खेल का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने जमकर सराहना की। घनश्याम यदु ने संस्था के सभी संस्थापक सदस्यों को याद करते हुए समता क्लब से जुड़ी पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित रूप से खेलों से जुड़े रहने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष धनराज सूर्यवंशी ने समता क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस संस्था ने लंबे समय से नगर के बच्चों और युवाओं को खेल के लिए बेहतर मंच प्रदान किया है। उन्होंने संस्था से जुड़ी अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि समता क्लब ने अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने बच्चों से मोबाइल और अन्य गतिविधियों में समय बिताने के बजाय खेलों से जुड़कर अपनी प्रतिभा निखारने और नगर का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

संस्था के उपाध्यक्ष दूजलाल बंजारे ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि समता क्लब द्वारा वर्षों से खिलाड़ियों को निशुल्क खेल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने संस्था के संस्थापक घनश्याम यदु और उनके सहयोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्लब बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्था के अध्यक्ष भागवत हरित ने भी सभी विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता में उत्तम राजवंशी, उमेश यदु, दिनेश श्रीवास, पुष्पेंद्र निषाद, लक्ष्य शर्मा, पीयूष यदु, राहुल शर्मा, शंभू यादव, जिज्ञासा शर्मा, भूमिका रावत, जानवी रावत, काव्य योगी, योगिता योगी, पद्माक्षी साहू, नमन श्रीवास सहित कई खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

पुरस्कार वितरण समारोह में महेंद्र यदु, नोस राम साहू, सोहनलाल सेन, रवि दत्त मिश्रा, कमलेश यदु, पत्रकार योगेश ठाकुर, मनोज निर्मलकर और जयकुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अभनपुर में तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूटी सवार तीन युवकों को रौंदा, एक की मौके पर मौत, दो गंभीर

(सीजी टॉकिज) अभनपुर:- अभनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूटी सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों के नाबालिग होने की जानकारी सामने आ रही है।

घटना अभनपुर स्थित शुभम के मार्ट के पास की बताई जा रही है। हादसा इतना भीषण था कि मृतक के पैर के चिथड़े सड़क पर बिखर गए और सड़क खून से सन गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश के साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

1998-99 से नियुक्त शिक्षकों ने तूता मैदान में किया सत्याग्रह, पुरानी पेंशन की मांग; आंदोलन कर प्रशासन के नाम सौंपा ज्ञापन

(सीजी टॉकिज)रायपुर :- प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ के बैनर तले 1998-99 से नियुक्त एलबी संवर्ग के शिक्षकों ने अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को रायपुर के तूता धरना स्थल में दिनभर सत्याग्रह आंदोलन किया। प्रदेशभर से पहुंचे करीब 5 हजार शिक्षकों ने नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करते हुए पुरानी पेंशन सहित समस्त देय लाभ प्रदान किए जाने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। आंदोलन के बाद प्रशासन के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।

प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजकिशोर तिवारी एवं कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नारायण सोनी ने कहा कि संगठन लंबे समय से 1998 से नियुक्त एलबी संवर्ग के शिक्षकों को उनकी देय तिथि से सेवा की गणना कर सकल लाभ दिए जाने की मांग कर रहा है। इस संबंध में प्रदेश के मंत्री, विधायक, सांसद तथा शासन-प्रशासन को समय-समय पर ज्ञापन सौंपे गए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

संघ पदाधिकारियों के अनुसार, 1998-99 में शिक्षा विभाग द्वारा आवंटित पेंशन योग्य पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की गई थी। वर्ष 2001 में उनका नियमितीकरण हुआ तथा वर्ष 2018 में स्कूल शिक्षा विभाग में शासकीयकरण किया गया। संघ का कहना है कि केंद्रीय सिविल सेवा पेंशन नियमावली 1972 के प्रावधानों के तहत उनकी पूर्व सेवा अवधि की गणना करते हुए नियुक्ति तिथि से पुरानी पेंशन सहित सभी सकल लाभ प्रदान किए जाने चाहिए।

संघ ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के बोर्ड स्कूल शिक्षा विभाग एवं सतनाम सिंह व अन्य से संबंधित प्रकरण क्रमांक 6865/2022 में 8 सितंबर 2026 को दिए गए निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि 2004 से पूर्व नियुक्त कर्मचारियों की सेवा अवधि को उनके वास्तविक नियुक्ति काल से गणना किए जाने का रास्ता स्पष्ट हुआ है। संघ का दावा है कि नियुक्ति भले ही एडहॉक आधार पर हुई हो और बीच में सेवा समाप्त कर पुनर्नियुक्ति की गई हो, फिर भी पात्रता के अनुसार पूर्व सेवा अवधि के लाभ दिए जाने चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष राजकिशोर तिवारी ने कहा कि 1998-99 में नियुक्त होकर सेवानिवृत्त हो चुके कई शिक्षकों की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। यदि पूर्व सेवा अवधि को शून्य मानकर वर्ष 2018 से ही सेवा की गणना की जाती रही तो आने वाले समय में वर्तमान शिक्षकों के सामने भी ऐसी ही स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है, तो 1998 से 2004 के पूर्व नियुक्त एलबी संवर्ग के शिक्षकों को पेंशन के अधिकार से वंचित क्यों रखा जा रहा है। संघ ने इसे समानता के अधिकार के विपरीत बताते हुए शासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की।

सत्याग्रह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एक स्वर में नियुक्ति तिथि से पुरानी पेंशन सहित समस्त लाभ दिए जाने की मांग की। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी मांग पूरी होने तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने और मांग को अंजाम तक पहुंचाने की शपथ भी ली।

आंदोलन का संचालन उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, सचिव नवीन चंद्राकर, महासचिव डेसनाथ पांडे, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नारायण सोनी सहित विभिन्न संभागीय एवं जिला अध्यक्षों ने किया। कार्यक्रम का संचालन प्रेमचंद डड़सेना ने किया।

आरंग के कुरूद रेत खदान में रात के अंधेरे में बेखौफ अवैध उत्खनन: NGT के नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं

(सीजी टॉकिज) रायपुर:- आरंग क्षेत्र के कुरूद स्थित महानदी तट पर रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) की सख्त रोक और नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए यहां रात भर भारी-भरकम मशीनें गरज रही हैं।

हैरानी की बात यह है कि बीते दिनों इसी खदान के संचालन को लेकर आयोजित जनसुनवाई में स्थानीय ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया था। इसके बावजूद, नियम-कायदों को ताक पर रखकर रेत का यह काला कारोबार बिना किसी खौफ के जारी है।

2 जेसीबी, दर्जनों ट्रैक्टर और हाइवा वाहनों का जमघट

मौके से मिले एक्सक्लूसिव वीडियो/फोटो और गुप्त जानकारियों से इस बात का स्पष्ट खुलासा हुआ है कि महानदी के सीने से रात भर अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। उत्खनन स्थल पर 2 जेसीबी मशीनें, दर्जनों ट्रैक्टर और कई भारी-भरकम हाइवा वाहन लगातार सक्रिय हैं।

जांच में यह बेहद चौंकाने वाला पहलू सामने आया है कि इस पूरे अवैध खेल में कुछ स्थानीय ट्रैक्टर मालिकों और ग्रामीणों की भी सीधी संलिप्तता है। कार्ययोजना के तहत पहले ग्रामीणों के ट्रैक्टरों के जरिए नदी के भीतर से रेत निकालकर एक जगह डंप की जाती है, फिर जेसीबी मशीनों से उस रेत को तेज़ी से हाइवा वाहनों में लोड कर दिया जाता है।

15,000 रुपये प्रति हाइवा का रेट: अंतरजिले तक सप्लाई की चेन

सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, इस अवैध उत्खनन स्थल पर प्रति हाइवा रेत लोड करने के बदले लगभग 15,000 रुपये की दर से मोटी रकम वसूली जा रही है।

कुरूद रेत खदान की बारीक रेत की मांग निर्माण कार्यों में अत्यधिक है, इसी भारी मांग का फायदा उठाते हुए यहाँ से निकाली गई रेत को सिर्फ राजधानी रायपुर ही नहीं, बल्कि बेमेतरा, कवर्धा और राज्य के अन्य दूर-दराज के जिलों तक धड़ल्ले से अवैध रूप से सप्लाई किया जा रहा है।

जनसुनवाई में विरोध, पर रात में भारी वाहनों की बेधड़क आवाजाही

उल्लेखनीय है कि कुरूद में रेत खदान की लीज और संचालन को लेकर हुई प्रशासनिक जनसुनवाई में ग्रामीणों ने पर्यावरण नुकसान और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारी विरोध जताया था। लेकिन इसके विपरीत, रात के समय स्थानीय संलिप्तता के बल पर दर्जनों वाहनों की आवाजाही जारी रहती है। संकरे रास्तों पर तेज रफ्तार दौड़ते इन भारी वाहनों और रात में चल रही मशीनों के कारण क्षेत्र में कभी भी कोई अप्रिय घटना या भीषण सड़क दुर्घटना घटने की गंभीर आशंका बनी हुई है।

जिम्मेदार अधिकारी बेखबर या जानबूझकर मौन..?

विगत 4 से 5 घंटों से नदी तट पर अवैध उत्खनन की यह पूरी प्रक्रिया बेधड़क चल रही है, लेकिन अब तक न तो स्थानीय पुलिस और ना ही खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। शासन के सख्त निर्देशों के बावजूद जिम्मेदार तंत्र का बेखबर रहना या मौन साधे रखना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। इस अवैध कारोबार के चलते रोज राज्य सरकार को लाखों रुपये के राजस्व की चपत लग रही है।

अब देखना यह होगा कि वीडियो/फोटो साक्ष्यों और इस समाचार के उजागर होने के बाद जिम्मेदार अधिकारी और विभाग क्या कोई ठोस व सख्त दंडात्मक कार्रवाई करते हैं, या फिर यह अवैध खेल यूं ही जारी रहेगा?

VIDEO

राजिम महानदी घाट पर चला स्वच्छता महाभियान, विधायक से लेकर अधिकारियों तक ने थामी झाड़ू

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शनिवार को राजिम के महानदी घाट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह 7 बजे आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने हाथों में झाड़ू थामकर पुराना मंच से लक्ष्मण झूला तक घाट एवं नदी तट क्षेत्र की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू सहित नगर पालिका राजिम अध्यक्ष महेश यादव, एसडीएम विशाल महाराणा, अधीक्षण अभियंता जल संसाधन विभाग गरियाबंद एस.के. बर्मन सहित सैकड़ों जनप्रतिनिधि, आम नागरिक, स्वच्छता दीदियां, अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। अभियान के दौरान सभी ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए घाट परिसर एवं नदी तट पर मौजूद कचरे और प्लास्टिक को एकत्र किया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता कार्य में सहभागिता निभाई। बड़ी संख्या में नागरिकों के एक साथ सफाई अभियान में शामिल होने से पूरे क्षेत्र में स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिखाई दिया।

स्वच्छता में हर नागरिक दे अपना योगदान – विधायक रोहित साहू

इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि 17 सितंबर से पूरे प्रदेश और देश में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में राजिम के त्रिवेणी संगम में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें जिला अधिकारी-कर्मचारी, जल संसाधन एवं राजस्व विभाग के अधिकारी -कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्वच्छता दीदियां और विभिन्न वर्गों के नागरिक सहभागी बने।

उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ प्रत्येक व्यक्ति को अपने वार्ड, नगर, क्षेत्र, प्रदेश और देश को स्वच्छ रखने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से सेवा, समर्पण और सद्भाव की भावना के साथ स्वच्छता अभियान में निरंतर सहभागिता निभाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सभी की भागीदारी जरूरी है और विकसित भारत के संकल्प की दिशा में भी नागरिकों का योगदान महत्वपूर्ण है। इसी तारतम्य में धर्म नगरी राजिम में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें सैकड़ों की तादात में लोगों की भागीदारी रही।

स्वच्छ एवं सुरक्षित घाट बनाने की दिशा में पहल

अभियान का उद्देश्य राजिम महानदी घाट एवं नदी तट क्षेत्र को प्लास्टिक और कचरा मुक्त बनाना तथा श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के लिए स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण तैयार करना रहा। सफाई के दौरान घाट के विभिन्न हिस्सों से कचरा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस पहल के माध्यम से नागरिकों को धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महानदी एवं उसके आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने की सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।

जनभागीदारी से साकार हो रहा ‘स्वच्छ राजिम-सुंदर राजिम’ का संकल्प

राजिम धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। महानदी घाट पर वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन होता है। ऐसे में घाट एवं नदी तट की स्वच्छता बनाए रखना महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से ‘स्वच्छ राजिम, सुंदर राजिम’ की भावना के साथ आयोजित स्वच्छता अभियान में विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता निभाई।

अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी ने यह संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। इस दौरान हमारा हस्ताक्षर – स्वच्छ महानदी, सुंदर घाट, सेल्फी जोन बनाया गया था।

सड़क हादसे रोकने की अनोखी पहल, मवेशियों के गले में लगाई जा रही रेडियम पट्टी

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- सड़क पर बेसहारा घूमने वाले मवेशियों की सुरक्षा और रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से मेसर्स सुभाष कुमार अग्रवाल कंपनी ने सराहनीय पहल शुरू की है। कंपनी की ओर से सड़क पर घूमने वाले मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी लगाई जा रही है, ताकि रात में वाहन चालकों को दूर से ही मवेशियों की मौजूदगी दिखाई दे सके।

मवेशियों की सुरक्षा Gariabandरात के अंधेरे में जब किसी वाहन की हेडलाइट की रोशनी मवेशियों पर पड़ेगी, तो उनके गले में लगी रेडियम पट्टी रोशनी को रिफ्लेक्ट करेगी। इससे वाहन चालकों को सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी का पहले ही पता चल सकेगा और वे समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर सकेंगे। इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिल सकती है।

मवेशियों के साथ वाहन चालकों की सुरक्षा का भी प्रयास

कंपनी की इस पहल को जनहित, सड़क सुरक्षा और गौधन संरक्षण से जुड़ा प्रयास माना जा रहा है। सड़क पर अचानक मवेशियों के आ जाने से अक्सर वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा पैदा होता है। ऐसे में रेडियम पट्टी मवेशियों को रात में अधिक दृश्य बनाने का एक सरल उपाय है। कंपनी का कहना है कि सड़क और विकास कार्यों के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले लोगों और बेजुबान जीवों की सुरक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है।

कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

मवेशियों की सुरक्षा Gariabandइस पहल के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर अमन कुमार दुबे, वरिष्ठ स्ट्रक्चर इंजीनियर पुष्पराज पटेल, एचआर एडमिन अमित दुबे, स्ट्रक्चर इंजीनियर सतेंद्र पटेल, लैब प्रभारी मुकेश यादव, स्ट्रक्चर इंजीनियर प्रियांशु मिश्रा एवं स्टोर प्रभारी विकाश पटेल सहित कंपनी के कर्मचारी मौजूद रहे।