(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- फिंगेश्वर थाना क्षेत्र से 20 अगस्त से लापता कक्षा 12वीं की नाबालिग छात्रा को पुलिस ने करीब 40 दिन बाद बस्तर जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी दीपक यादव को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी दीपक यादव पर नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप है। छात्रा के लापता होने के बाद फिंगेश्वर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया, जिसके आधार पर पुलिस टीम बस्तर जिले पहुंची और छात्रा को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बरामद नाबालिग छात्रा को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में नवप्रशिक्षु उप निरीक्षक हेमंत साहू एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिंगेश्वर पुलिस की इस कार्रवाई से करीब 40 दिनों से अपनी बेटी की तलाश कर रहे परिजनों को राहत मिली है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।












Leave a Reply