CGTalkies

CGTalkies News

फिंगेश्वर में उज्जैन की तर्ज पर निकलेगी बाबा महाकाल की भव्य पालकी, 10 अगस्त को महाकालमय होगा फिंगेश्वर

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- फिंगेश्वर में सावन मास के द्वितीय सोमवार 10 अगस्त को बाबा महाकाल की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी। उज्जैन के बाबा महाकाल की पालकी यात्रा की तर्ज पर होने वाले इस आयोजन को लेकर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष पालकी यात्रा में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

दोपहर 2 बजे शुरू होगी पालकी यात्रा

आयोजन समिति के अनुसार, 10 अगस्त को दोपहर 2 बजे स्वर्गीय रानी श्याम कुमारी देवी चौक से बाबा महाकाल की पालकी यात्रा का शुभारंभ होगा। आकर्षक फूलों से सजी पालकी में बाबा महाकाल को विराजमान किया जाएगा और श्रद्धालु पालकी को अपने हाथों में उठाकर नगर के प्रमुख मार्गों से लेकर जाएंगे। पालकी यात्रा के दौरान गाजे-बाजे, डीजे और धुमाल के साथ बाबा महाकाल के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय नजर आएगा।

शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुराना बस स्टैंड परिसर पहुंचेगी। यहां बजरंग दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा बाबा महाकाल का फूलों की वर्षा, जयकारों और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए आकर्षक मंच तैयार किया जा रहा है। इसके बाद पालकी शोभायात्रा नगर के व्यापारिक क्षेत्र से होते हुए नया बस स्टैंड परिसर पहुंचेगी, जहां मुख्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शिव-पार्वती विवाह की होगी मनमोहक प्रस्तुति

नया बस स्टैंड परिसर में लाइट एवं साउंड सिस्टम के साथ बाबा महाकाल की भव्य आरती होगी। इसके बाद दुर्ग से आने वाले अघोरी ग्रुप द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन का प्रमुख आकर्षण शिव-पार्वती विवाह की मनमोहक प्रस्तुति रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की जा रही है। नगर के युवाओं द्वारा इसकी तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

प्रमुख आकर्षण का केंद्र

बाबा महाकाल की पालकी शोभायात्रा में विभिन्न स्थानों से आने वाले कलाकार एवं ग्रुप अपनी प्रस्तुति देंगे। इनमें प्रमुख रूप से राजिम के डमरू वादक ग्रुप, ओडिशा के झालर घंटी बाजा, थ्री स्टार अघोरी झांकी ग्रुप दुर्ग, डीजे राजा राजिम, डीजे नाइस जोन राजिम, आदित्य म्यूजिकल ग्रुप राजिम, छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध एंकर आरजे नमित रायपुर, धुमाल गौरी कृपा ग्रुप दुर्ग शामिल रहेंगे।

इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर आयोजकों ने व्यापक तैयारियां की हैं। नगर मुख्यालय के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

विधायक और मंदिर ट्रस्ट को आमंत्रण

नगरवासियों और आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए राजिम विधायक रोहित साहू तथा फिंगेश्वर मंदिर ट्रस्ट कमेटी के सर्वराकार राजा नीलेन्द्र बहादुर सिंह को महाआरती में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

आयोजन समिति ने नगर मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा महाकाल की पालकी यात्रा एवं महाआरती में शामिल होने की अपील की है।

लल्ला सोनवानी के घर-अड्डों पर पुलिस का धावा, पेट्रोल और वाहन समेत कई सामग्री जब्त

(सीजी टॉकिज) नवापारा:- रायपुर जिले के गोबरा नवापारा पुलिस की टीम ने शुक्रवार को टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के निवास और उसके कथित अड्डे पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस टीम के पहुंचते ही कथित अड्डे पर मौजूद कई संदिग्ध लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके की तलाशी लेते हुए कई महत्वपूर्ण वस्तुएं बरामद की हैं।

लल्ला सोनवानी के घर पुलिस की रेडपुलिस की टीम सुबह करीब 11.30 बजे सदर रोड स्थित लल्ला सोनवानी के निवास पहुंची। लोगों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से दो जेरिकेन में भरा पेट्रोल मिला है, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही लल्ला सोनवानी, उसके परिजनों और समर्थकों द्वारा पुलिस वाहन पर पेट्रोल बम फेंकने और पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने जैसी धमकियां दी गई।

लल्ला सोनवानी के घर पुलिस की रेडअब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पेट्रोल किस उद्देश्य से रखा गया था और इसका घटना से कोई संबंध है या नहीं। तलाशी के दौरान कथित अड्डे पर शराब की खाली बोतलों का ढेर भी मिला। पुलिस द्वारा मौके पर मिले सामान और परिसर की गतिविधियों की जांच की जा रही है।

‘सभापति’ लिखी स्कॉर्पियो और ईको वाहन पर कार्रवाई

पुलिस टीम द्वारा मौके से ‘सभापति’ लिखी स्कॉर्पियो और एक ईको वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस वाहन को रोकने और उसका पीछा करने के दौरान इन वाहनों के इस्तेमाल की आशंका है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करेगी।

पुलिस पहुंची तो कई लोग हुए फरार

दूसरे दिन की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम जैसे ही लल्ला सोनवानी के निवास और कथित अड्डे पर पहुंची, वहां मौजूद कई लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा फरार लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई आगे भी जारी रहने के संकेत

पुलिस द्वारा बरामद सामग्री, जब्त किए जा रहे वाहनों और मौके से फरार लोगों के संबंध में जांच आगे बढ़ाई जा रही है। सीएसपी तुलसी लेकाम और गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे ने बताया कि अब तक स्कार्पियो-इको वाहन समेत तीन बाइक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मौके पर मिला पेट्रोल के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

एक दिन पहले हुई थी बड़ी कार्रवाई

टुम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में आबकारी एक्ट के तहत जेल निरुद्ध किया गया था। 5 अगस्त को जेल से छूटने के बाद लल्ला सोनवानी अपने घर पहुंचा था। पुलिस को जानकारी मिली कि उसके विरुद्ध जिला दंडाधिकारी रायपुर द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत कार्रवाई की जानी है। 6 अगस्त को थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए सदर रोड स्थित उसके घर की ओर रवाना हुई। पुलिस वाहन को देखकर लल्ला भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने दबोच लिया।

अस्पताल में परिजनों का हंगामा

इसके बाद पुलिस ने लल्ला सोनवानी को पुलिस अभिरक्षा में मुलाहिजे के लिए सीएचसी गोबरा नवापारा ले जाया गया। इसी दौरान उसकी मां, दोनों पत्नियां और कुछ अन्य लोग अस्पताल पहुंचकर लल्ला सोनवानी को छुड़ाने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की का प्रयास किया गया और अश्लील गाली-गलौज की गई।

पुलिस के अनुसार पुलिस टीम लल्ला सोनवानी को रायपुर जेल दाखिल कराने के लिए रवाना हुई। इसके कुछ समय बाद लल्ला सोनवानी के साथी यश सोना, सागर कुर्रे, गौकरण, दौलत आडिल और खुलेश कुमार रात्रे समेत अन्य लोग स्कॉर्पियो और करीब चार मोटरसाइकिलों से पुलिस वाहन का पीछा करने लगे और रोकने का प्रयास किया गया।

स्थिति बिगड़ती देख प्रधान आरक्षक राधेश्याम सिंह ने सीएसपी को मोबाइल से घटना की जानकारी दी। सीएसपी के निर्देश पर पुलिस वाहन को वापस थाना परिसर लाया गया। थाने परिसर में लल्ला सोनवानी कथित तौर पर मोहल्ले के करीब 100 लोगों को थाने में बुलाकर घेराव कराने, पुलिसकर्मियों को उसकी पत्नी के माध्यम से हरिजन एक्ट और बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके अलावा पुलिस वाहन पर पेट्रोल बम फेंककर पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने, थाना और कलेक्टर-एसपी के बंगले को बम से उड़ाने जैसी धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।

थाना परिसर में जुटी भीड़

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी यश सोना, सागर कुर्रे, गौकरण, दौलत आडिल, खुलेश कुमार रात्रे, लल्ला सोनवानी और उसकी मां व दो पत्नी एवं अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 132, 221, 296, 351(2) और 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों का पुलिस ने नगर में जुलूस भी निकाला।

नवापारा में संध्या राव का इस्तीफा नामंजूर, नेता प्रतिपक्ष पद पर बनी रहेंगी; धनेंद्र साहू की मौजूदगी में बनी सहमति

(सीजी टॉकिज) नवापारा :- नगर पालिका परिषद नवापारा की नेता प्रतिपक्ष श्रीमती संध्या राव के इस्तीफे को नामंजुर कर दिया गया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू और पार्टी नेताओं से चर्चा कर उनके इस्तीफा को खारिज करते हुए पूर्ववत की तरह नेता प्रतिपक्ष के पद पर कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

जानिए पूरा मामला

नगर पालिका परिषद गोबरा-नवापारा की वर्तमान नेता प्रतिपक्ष, तीन बार की निर्वाचित पार्षद संध्या राव के इस्तीफे से पिछले दिनों नगर की राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया था। उनके कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने के फैसले को संगठन के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा था।

सर्वसम्मति से लिया निर्णय

इस्तीफा सौंपने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, जिला अध्यक्ष राजेंद्र (पप्पू) बंजारे तथा वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संध्या राव का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा। वे पहले की तरह नगर पालिका परिषद गोबरा-नवापारा की नेता प्रतिपक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाती रहेंगी।

धनेंद्र साहू की मौजूदगी में बनी सहमति

बैठक में पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू ने संगठनात्मक एकता पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस की ताकत उसके कार्यकर्ताओं और सामूहिक निर्णयों में है। उन्होंने सभी नेताओं से व्यक्तिगत मतभेद भुलाकर पार्टी हित में कार्य करने की अपील की। बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामा यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सौरभ शर्मा, राजा चावला, अजय साहू, अर्जुन साहू, तरुण कंसारी, ब्लॉक पदाधिकारी मितेश शाह, सुरेंद्र साहू सहित अन्य नेताओं और नगर पालिका के अधिकांश कांग्रेस पार्षदों से चर्चा की गई।

विस्तृत चर्चा और वरिष्ठ नेताओं से टेलीफोनिक परामर्श के बाद यह राय बनी कि संध्या राव सक्रिय महिला नेता हैं और उनका इस्तीफा स्वीकार करना संगठन तथा पार्टी के हित में नहीं होगा। बैठक के दौरान संध्या राव ने भी कांग्रेस की विचारधारा, नेतृत्व और संगठन के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए पार्टी के साथ पूर्ववत कार्य करने की सहमति दी।

जिला अध्यक्ष पप्पू बंजारे ने जारी किया आदेश

बैठक के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र (पप्पू) बंजारे ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि संध्या राव का इस्तीफा निरस्त किया जाता है तथा वे पूर्ववत नेता प्रतिपक्ष के रूप में कार्य करती रहेंगी। साथ ही संगठनात्मक समन्वय बनाए रखते हुए सभी जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं को मिलकर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र (पप्पू) बंजारे ने कहा कि संवाद, समन्वय और एकजुटता ही कांग्रेस की पहचान है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और जनता के बीच सक्रिय रहने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

गनियारी जलाशय, पतोरा नहर लाइनिंग और ठाकुरदेव जलाशय का होगा कायाकल्प, जिले की तीन जलाशय परियोजनाओं के लिए मिली 11 करोड़ राशि की स्वीकृति

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के सतत प्रयासों से जिले की सिंचाई परियोजनाओं के विकास हेतु करोड़ों रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। राज्य सरकार द्वारा गरियाबंद जिले की तीन प्रमुख जलाशयों एवं व्यपवर्तन योजनाओं के जीर्णोद्धार, मरम्मत एवं नहर लाइनिंग कार्यों के लिए 11 करोड़ रुपये से अधिक 1104.23 लाख रुपए की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

इस स्वीकृति से क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि को सीधा लाभ मिलेगा और अंतिम छोर के खेतों तक सुचारू रूप से पानी पहुँच सकेगा। इन स्वीकृत कार्यों में पतोरा व्यपवर्तन योजना के शीर्ष जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य हेतु 202.50 लाख रुपए, गनियारी जलाशय योजना के शीर्ष कार्य का जीर्णोद्धार, वेस्ट वियर व्यर्थ जल निकास की मरम्मत, मुख्य नहर की रिमॉडलिंग एवं सीमेंट कंक्रीट लाइनिंग कार्य के लिए 466.00 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है जिससे 144 हेक्टेयर से अधिक रकबा कृषि भूमि लाभान्वित होगी।

इसके अलावा ठाकुरदेव जलाशय योजना शीर्ष तथा मुख्य नहर एवं शाखा नहरों का जीर्णोद्धार, मरम्मत व नहर लाइनिंग कार्य 435.73 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं जिससे 80 हेक्टेयर से अधिक रकबा लाभान्वित होगा। इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि हमारा राजिम विधानसभा क्षेत्र और संपूर्ण गरियाबंद जिला कृषि प्रधान क्षेत्र है।

अन्नदाता का सम्मान और उनकी खुशहाली ही मेरे जीवन का सबसे बड़ा ध्येय है। जब-जब खेतों तक पानी पहुँचने में बाधा आई है,हमने किसानों के हित में कार्य किया है। आज गनियारी, ठाकुरदेव और पतोरा जैसी सिंचाई योजनाओं के जीर्णोद्धार व नहरों के सुदृढ़ीकरण की जो स्वीकृति मिली है, वह हमारे हजारों किसानों के सपनों और मेहनत को नया जीवन देने का संकल्प है। नहरों के सीमेंट लाइनिंग से पानी का अपव्यय रुकेगा और अंतिम छोर पर खड़े किसान के खेत तक भी आसानी से पानी पहुँचेगा। जब खेत लहलहाएंगे, तभी हमारा क्षेत्र समृद्ध और शक्तिशाली बनेगा।

विधायक रोहित साहू ने इस जनहितैषी और किसान हितैषी निर्णय के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का राजिम एवं गरियाबंद क्षेत्र की जनता की ओर से धन्यवाद व आभार व्यक्त किया और कहा कि छत्तीसगढ़ की सुशासन की सरकार विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में मोदी की गारंटी को धरातल पर उतार रही है। हमारी सरकार ने तत्काल बजटीय स्वीकृति देकर यह साबित कर दिया है कि यह सरकार किसानों के हितों के प्रति कितनी संवेदनशील है। मैं मुख्यमंत्री जी का कोटि-कोटि धन्यवाद करता हूँ जिन्होंने हमारी माँग को प्राथमिकता देते हुए यह स्वीकृति प्रदान की।

वर्षों पुरानी नहरों के जर्जर होने के कारण सिंचाई संकट से जूझ रहे क्षेत्रीय किसानों ने इस स्वीकृति पर अपार हर्ष व्यक्त किया है। गनियारी, पतोरा और ठाकुरदेव क्षेत्र के ग्रामीणों एवं किसान संघों ने लोकप्रिय रोहित साहू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सजग नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के कारण ही इतने बड़े स्तर पर बजट स्वीकृत हो पाया है।

अभनपुर: टोकरो हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, पत्नी ने ही की पति की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टोकरो में हुए चौकीदार परमेश्वर सिदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी तिजियाबाई सिदार (26 वर्ष) ने ही अपने पति की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

तालाब किनारे मिला था चौकीदार का शव

जानकारी के अनुसार 4 अगस्त की सुबह ग्राम टोकरो के छांटा तालाब के पास चौकीदार परमेश्वर सिदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के गले पर दबाव के निशान देख हत्या की आशंका के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण, तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को मृतक की पत्नी तिजियाबाई सिदार पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब का आदी था, उसके चरित्र पर संदेह करता था और अक्सर मारपीट करता था। उसने यह भी दावा किया कि घटना की रात जब वह बाहर से लौटी तो उसने अपने पति को अपनी बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश करते देखा। गुस्से में आकर उसने अपनी साड़ी के पल्लू से पति का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद रची साजिश

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को बाहर रख दिया और खुद कमरे में चली गई। बाद में दरवाजा बाहर से बंद होने का आभास कराने की कोशिश की। सुबह गांव वालों के आने का इंतजार किया और खुद को घटना से अनजान दिखाते हुए रोने-बिलखने लगी। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। अभनपुर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

नवापारा में रासुका कार्रवाई के बीच हंगामा, फिल्मी स्टाइल में पुलिस गाड़ी का किया पीछा, 15 आरोपी गिरफ्तार; नगर में निकला आरोपियों का जुलूस

(सीजी टॉकिज) नवापारा:- रायपुर जिले के गोबरा-नवापारा में गुरुवार को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत की जा रही पुलिस कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। आबकारी प्रकरण में जेल में निरुद्ध रहे टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के खिलाफ जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी रासुका आदेश का पालन कराने पहुंची पुलिस टीम को आरोपी के परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस और परिजनों के बीच झूमाझटकी तक की नौबत आ गई।

आरोप है कि परिजनों ने पुलिस के शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की तथा कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, आरोपी के परिजनों ने फिल्मी स्टाइल में पुलिस वाहन का पीछा भी किया और रास्ते में गाड़ी रोककर कार्रवाई बाधित करने की कोशिश की।

नगर में निकाला जुलूस 

घटना की सूचना मिलते ही नगर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लल्ला सोनवानी सहित विरोध कर रहे सभापति और उसके परिजनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद थाना से लेकर अस्पताल तक पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपियों को ले जाया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपियों द्वारा पुलिसकर्मियों को धमकी देने तथा पुलिस वाहन को पेट्रोल बम से उड़ाने जैसी गंभीर धमकियां भी दी गईं। मामले में शासकीय कार्य में बाधा, धमकी, पुलिस से मारपीट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत अलग से प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्रवाई के दौरान सीएसपी तुलसी लेकाम, एसडीएम रवि सिंह, अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम, गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

नवापारा नगरवासियों ने पुलिस की इस कार्रवाई को अब तक का सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासियों की भीड़ जमा हो गई थी।

विधायक के निर्देश पर कुकदा पिकअप वियर से छोड़ा गया पानी, राजिम क्षेत्र के किसानों को मिलेगी राहत, किसानों की समस्या पर विधायक रोहित साहू ने लिया संज्ञान

(सीजी टॉकिज) राजिम :- क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू की त्वरित पहल और निर्देशों के बाद सिंचाई विभाग ने कुकदा पिकअप वियर से पानी डायवर्ट कर नहरों में छोड़ दिया है। इस फैसले से क्षेत्र के उन किसानों को बड़ी राहत मिलेगी जो बीते दिनों से सिंचाई के लिए पानी की किल्लत का सामना कर रहे थे। क्षेत्र में पानी की कमी के कारण किसानों की चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही थीं और फसलों को बचाने के लिए पानी की नितांत आवश्यकता थी।

किसानों की इस ज्वलंत समस्या को विधायक रोहित साहू ने गंभीरता से लिया और तत्काल जल संसाधन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की फसलों को सूखने से बचाने के लिए कुकदा पिकअप वियर से तुरंत पानी डायवर्ट कर वितरक नहरों में छोड़ी जाए।

विधायक के निर्देश के बाद सिंचाई विभाग ने कुकदा पिकअप वियर से पानी का प्रवाह शुरू कर दिया है, जिससे अंतिम छोर तक पानी पहुँचाने की व्यवस्था की जा रही है। कुकदा पिकअप वियर से पानी डायवर्ट किए जाने के बाद राजिम क्षेत्र के तीन प्रमुख डिस्टिब्यूटर्स फिंगेश्वर डिस्टिब्यूटर,रक्शा डिस्टिब्यूटर और परसदा डिस्टिब्यूटर के फसलों को नया जीवन मिलेगा।

इन तीनों डिस्टिब्यूटर्स में समय पर पानी छोड़े जाने से राजिम और फिंगेश्वर क्षेत्र के किसानों ने विद रोहित साहू का आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि यदि सही समय पर पानी नहीं मिलता तो उनकी मेहनत और फसल दोनों बर्बाद हो सकती थीं। विधायक रोहित साहू की इस संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के लिए फिंगेश्वर, रक्शा और परसदा डिस्टिब्यूटर क्षेत्र के किसान भाइयों ने उनका सहृदय धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है।

नवापारा में दूध बांटने निकले व्यक्ति की नाले में गिरकर दर्दनाक मौत

(सीजी टॉकिज) नवापारा :- नवापारा में बुधवार सुबह घर-घर दूध पहुंचाने निकले एक व्यक्ति की नाले में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने दूधवाले को तत्काल नवापारा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार नवापारा के सोमवारी बाजार निवासी संतोष यादव (55 वर्ष) रोज की तरह बुधवार सुबह अपनी मोपेड बाइक से शहर के विभिन्न इलाकों में दूध वितरण के लिए निकले थे। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क किनारे बने नाले में जा गिरे।

हादसे में संतोष यादव के सिर पर गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और तत्काल नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। संतोष यादव लंबे समय से दूध वितरण का कार्य करते थे और स्थानीय लोगों के बीच काफी परिचित थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां तीन फीट गहरी खुली नाली बनी हुई है, जिस पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। प्रतिदिन सैकड़ों लोग इस मार्ग से पैदल और दोपहिया वाहनों से आवाजाही करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुली नाली लंबे समय से दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है।

बुधवार को संतोष की मौत के बाद लोगों में नाराजगी है और उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल नाली को ढंकने अथवा सुरक्षा बैरिकेड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की कोई और दुखद घटना न हो।

जुआ फड़ में राजिम पुलिस की रेड, 6 जुआरी गिरफ्तार, मोबाइल-ताश की गड्डी समेत नगद जब्त

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस की टीम ने फड़ पर छापा मारा। इस दौरान मौके से छह जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 लाख 18 हजार 600 की मशरूका जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। मामला गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिलेभर में अवैध नशे, जुआ और सट्टे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को थाना राजिम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तरीघाट में खुले स्थान पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और जुआ खेलते हुए छह लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम भोला वर्मा (36), संतोष साहू (39), लीलाराम मारकण्डे (39), संतोष यादव (45), गजेश साहू (37) और गुलाब साहू (40) निवासी ग्राम तरीघाट थाना राजिम जिला गरियाबंद बताए। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 78,600 नगद, चार मोबाइल फोन (कीमत लगभग 40,000) तथा 52 पत्तों की एक ताश की गड्डी बरामद कर कुल 1,18,600 का मशरूका जब्त किया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक प्रक्रिया की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

10 अगस्त को विधानसभा स्तरीय भव्य कांवड़ यात्रा निकलेगी, विधायक रोहित साहू ने की तैयारियों की समीक्षा

(सीजी टॉकिज) राजिम :- सावन माह के पावन अवसर पर 10 अगस्त सोमवार को आयोजित होने वाली विधानसभा स्तरीय भव्य कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर राजिम विधायक रोहित साहू ने सामाजिक पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में यात्रा को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

फिंगेश्वर से होगा यात्रा की शुरूआत

विधायक रोहित साहू ने बताया कि कांवड़ यात्रा का शुभारंभ प्रातः 9 बजे फनीकेश्वरनाथ महादेव मंदिर, फिंगेश्वर में पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके पश्चात श्रद्धालु पदयात्रा करते हुए प्रातः 11 बजे ग्राम बोरसी पहुंचेंगे, जहां अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद यात्रा दोपहर 1 बजे ग्राम कोमा पहुंचेगी, जहां चाय-नाश्ते के उपरांत यात्रा आगे बढ़ेगी।

कांवड़ यात्रायात्रा 2 बजे राजिम नगर में प्रवेश कर शिवाजी चौक, सुंदरलाल शर्मा चौक, महामाया चौक, राजिमलोचन मंदिर होते हुए लक्ष्मण झूला के मार्ग से कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की जाएगी।

विधायक रोहित साहू ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सभी शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया। बैठक में सामाजिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे तथा यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया।