(सीजी टॉकिज) राजिम:- राजिम विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। विधायक रोहित साहू आज दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन कर कार्यों का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे चौबेबांधा चौक में आयोजित होगा, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
पहली परियोजना के तहत राजिम साईं मंदिर से नवीन मेला मैदान होते हुए चौबेबांधा-नवागांव पुल तक 3.30 किलोमीटर लंबी सड़क का 9 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। वहीं, दूसरी परियोजना में चौबेबांधा से सिंधौरी होते हुए नेशनल हाईवे 130 सी के मुख्य मार्ग तक 3.60 किलोमीटर सड़क का 4 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से उन्नयन किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से नवीन मेला मैदान में मेला एवं अन्य बड़े आयोजनों के दौरान लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। सड़कें चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा आसपास के गांवों के लोगों को भी सुरक्षित और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा। राजिम विधानसभा में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के साथ ही विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इन दोनों परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आम नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।












Leave a Reply