CGTalkies

CGTalkies News

बीजापाल में पहली बार पहुंचे कोई विधायक, देवगुड़ी निर्माण का विधायक रोहित साहू ने किया भूमिपूजन, घोषणाओं की झड़ी से गदगद हुए ग्रामीण

(सीजी टॉकिज) छुरा:-  विकासखंड छुरा के अंतर्गत आने वाले ग्राम बीजापाल में विधायक रोहित साहू के मुख्य आतिथ्य में देवगुड़ी निर्माण कार्य का स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ भूमिपूजन किया। यह पहला अवसर है जब आजादी के बाद से अब तक इस अंचल में कोई भी स्थानीय विधायक पहुंच पाया है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और विधायक के पहली बार गांव की धरती पर कदम रखने से ग्रामीणों में अपार उत्साह देखा गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत गरियाबंद के कृषि सभापति लेखराज धुवा उपस्थित रहे।

विधायक रोहित साहू ने किया भूमिपूजन

इसके साथ ही कार्यक्रम में जनपद पंचायत छुरा के सदस्य लच्छन कुमार नेताम, ग्राम पंचायत बिरनीबाहरा के सरपंच चैतन राम ठाकुर, उपसरपंच कलीराम नेताम, जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा ईमरान अली, भाजपा मण्डल छुरा के महामंत्री रामलाल कुलदीप, बूथ अध्यक्ष बिरनीबाहरा महेश्वर दीवान, ग्राम समिति बीजापाल के अध्यक्ष गैंदराम सिन्हा तथा ग्राम पटेल-बीजापाल धनीराम विश्वकर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि के रूप में सभा को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि आज का दिन बीजापाल और पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। मुझे इस बात की पीड़ा थी कि अब तक इस क्षेत्र के गांवों तक जनप्रतिनिधि सुगमता से नहीं पहुंच पाए थे, लेकिन आज आपके बीच आकर मुझे जो अपनापन और आशीर्वाद मिल रहा है, वह मेरे राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। हमारी सरकार और हमारा विजन स्पष्ट है अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति और दूरस्थ गांवों तक विकास की रोशनी पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।

विधायक ने आगे कहा कि देवगुड़ी हमारी सांस्कृतिक और आदिवासी आस्था का केंद्र हैं, जिनका संरक्षण और संवर्द्धन करना हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बीजापाल, बिरनीबाहरा, कुड़ेमा और नागिनबाहरा क्षेत्र में सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। क्षेत्र के विकास के लिए सरकार के खजाने के द्वार हमेशा खुले हैं।

घोषणाओं की झड़ी से गदगद हुए ग्रामीण

विधायक रोहित साहू ने गांव के इस मंच से घोषणाओं की झड़ी करते हुए अनेक घोषणाएं भी की जिसमें प्रमुख रूप से बीजापाल में आने वाले दिनों में राजस्व शिविर लगाने के लिए घोषणा की साथ ही गांव में एक बोर खनन , बीजापाल में मुक्तिधाम सह प्रतिक्षालय निर्माण ,महिला सामुदायिक भवन निर्माण बीजापाल, बिरनीबाहरा में टीन शेड निर्माण,पुलिया निर्माण ताराझर नाला,अतिरिक्त कमरा निर्माण माध्यमिक शाला बीजापाल तथा शिव मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

उन्होंने शासन के अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का बखान करते हुए सभी योजनाओं का लाभ उठाने की बात कही। जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने कहा कि अब हमारे क्षेत्र में विकास की एक नई गति देखने को मिल रही है। विधायक रोहित साहू जी के नेतृत्व में सुदूर गाँव-गाँव तक विकास योजनाएँ पहुँच रही हैं। बीजापाल में देवगुड़ी निर्माण की यह पहल हमारी लोक-संस्कृति की रक्षा करने के साथ-साथ गाँव के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा ने कहा कि अंचल के किसानों और ग्रामीण लोगों के हित में सरकार तथा हमारे विधायक जी लगातार कार्य कर रहे हैं। बीजापाल जैसे सुदूर गाँव में विधायक जी का स्वयं पहुँचना यह दर्शाता है कि वे जन-जन से कितने जुड़े हुए हैं। देवगुड़ी भूमि-पूजन से गाँव में धार्मिक और सामाजिक चेतना सुदृढ़ होगी। कृषि एवं ग्रामीण बुनियादी ढाँचे की मजबूती के लिए हम सब हर सम्भव प्रयास कर रहे हैं।

इस अवसर पर कोमल ढ़ीढ़ी जिला पंचायत प्रतिनिधि एवं अध्यक्ष सतनामी समाज तहसील परिक्षेत्र,अध्यक्ष सहकारी समिति लचकेरा, हैप्पी सिंग उपसरपंच मडेली, दिशांक चंद्राकर, पुरुषोत्तम गोस्वामी महामंत्री भाजपा मंडल खड़मा,ब्रजलाल नेताम,ठाकुर राम सिन्हा,सुरेन्द्र साहू, द्वारिका सिन्हा, जागनाथी सिन्हा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *