(सीजी टॉकिज) राजिम :- नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम पचपेड़ी में धार्मिक आस्था, विकास और शिक्षा के सम्मान का संगम देखने को मिला। राजिम विधायक रोहित साहू जब गांव पहुंचे तो समूचे ग्रामवासियो ने हृदय से उनका स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर विकास को गति देने का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामवासियों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए माता रानी से क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।
विधायक के ओजस्वी संबोधन ने उपस्थित जनसमुदाय में उत्साह का संचार किया। विधायक रोहित साहू ने कहा कि नवरात्रि पर्व केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि शक्ति, श्रद्धा और सकारात्मक संकल्प का भी अवसर है। मां दुर्गा से प्रार्थना है कि ग्रामवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि आए, हर परिवार खुशहाल रहे, मानव जीवन का कल्याण हो और हर गांव निरंतर तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि जनकल्याण और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
शिक्षक सुरेश शर्मा का सम्मान, शिक्षा के प्रति समर्पण को सराहा
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ग्राम पचपेड़ी में पदस्थ राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक सुरेश शर्मा का सम्मान हुआ। विधायक रोहित साहू ने उन्हें प्रतीक चिह्न भेंटकर शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षक श्री शर्मा की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। बच्चों को अच्छी शिक्षा देना, उन्हें संस्कारवान बनाना और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है।
विधायक श्री साहू ने कहा कि सुरेश शर्मा जैसे समर्पित शिक्षक अपना पूरा शिक्षकीय जीवन बच्चों को पढ़ाने, उनकी प्रतिभा निखारने और उन्हें बेहतर भविष्य की राह दिखाने में लगा दिए। उनका योगदान केवल विद्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इससे समाज और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी वे संवारे है। ऐसे शिक्षक का सम्मान पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने शिक्षक सुरेश शर्मा को उनके समर्पण के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान से अभिभूत हुए शिक्षक, जताया आभार
विधायक के हाथों सम्मानित होने पर सुप्रसिद्ध मंच संचालक राज्यपाल पुरूस्कृत लोकप्रिय शिक्षक सुरेश शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राजिम क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के हाथों सम्मान प्राप्त करना उनके लिए गौरव और गर्व का विषय है। उन्होंने इस सम्मान के लिए विधायक के प्रति कृतज्ञता जताई तथा ग्रामवासियों का भी आभार व्यक्त किया। ग्राम पचपेड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम ने विकास कार्यों के साथ शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित व्यक्तित्व के सम्मान का संदेश भी दिया।
एक ओर निर्माण कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण से गांव के विकास की उम्मीदें मजबूत हुईं, वहीं दूसरी ओर शिक्षक सुरेश शर्मा का सम्मान कर समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में नवरात्रि की धार्मिक आस्था के बीच जनकल्याण, विकास और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, साहू समाज के वरिष्ठ महेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे।












Leave a Reply