(सीजी टॉकिज) नवापारा:- रायपुर जिले के गोबरा नवापारा पुलिस की टीम ने शुक्रवार को टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के निवास और उसके कथित अड्डे पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस टीम के पहुंचते ही कथित अड्डे पर मौजूद कई संदिग्ध लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके की तलाशी लेते हुए कई महत्वपूर्ण वस्तुएं बरामद की हैं।
पुलिस की टीम सुबह करीब 11.30 बजे सदर रोड स्थित लल्ला सोनवानी के निवास पहुंची। लोगों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से दो जेरिकेन में भरा पेट्रोल मिला है, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही लल्ला सोनवानी, उसके परिजनों और समर्थकों द्वारा पुलिस वाहन पर पेट्रोल बम फेंकने और पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने जैसी धमकियां दी गई।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पेट्रोल किस उद्देश्य से रखा गया था और इसका घटना से कोई संबंध है या नहीं। तलाशी के दौरान कथित अड्डे पर शराब की खाली बोतलों का ढेर भी मिला। पुलिस द्वारा मौके पर मिले सामान और परिसर की गतिविधियों की जांच की जा रही है।
‘सभापति’ लिखी स्कॉर्पियो और ईको वाहन पर कार्रवाई
पुलिस टीम द्वारा मौके से ‘सभापति’ लिखी स्कॉर्पियो और एक ईको वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस वाहन को रोकने और उसका पीछा करने के दौरान इन वाहनों के इस्तेमाल की आशंका है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करेगी।
पुलिस पहुंची तो कई लोग हुए फरार
दूसरे दिन की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम जैसे ही लल्ला सोनवानी के निवास और कथित अड्डे पर पहुंची, वहां मौजूद कई लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा फरार लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई आगे भी जारी रहने के संकेत
पुलिस द्वारा बरामद सामग्री, जब्त किए जा रहे वाहनों और मौके से फरार लोगों के संबंध में जांच आगे बढ़ाई जा रही है। सीएसपी तुलसी लेकाम और गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे ने बताया कि अब तक स्कार्पियो-इको वाहन समेत तीन बाइक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मौके पर मिला पेट्रोल के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
एक दिन पहले हुई थी बड़ी कार्रवाई
टुम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में आबकारी एक्ट के तहत जेल निरुद्ध किया गया था। 5 अगस्त को जेल से छूटने के बाद लल्ला सोनवानी अपने घर पहुंचा था। पुलिस को जानकारी मिली कि उसके विरुद्ध जिला दंडाधिकारी रायपुर द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत कार्रवाई की जानी है। 6 अगस्त को थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए सदर रोड स्थित उसके घर की ओर रवाना हुई। पुलिस वाहन को देखकर लल्ला भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने दबोच लिया।
अस्पताल में परिजनों का हंगामा
इसके बाद पुलिस ने लल्ला सोनवानी को पुलिस अभिरक्षा में मुलाहिजे के लिए सीएचसी गोबरा नवापारा ले जाया गया। इसी दौरान उसकी मां, दोनों पत्नियां और कुछ अन्य लोग अस्पताल पहुंचकर लल्ला सोनवानी को छुड़ाने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की का प्रयास किया गया और अश्लील गाली-गलौज की गई।
पुलिस के अनुसार पुलिस टीम लल्ला सोनवानी को रायपुर जेल दाखिल कराने के लिए रवाना हुई। इसके कुछ समय बाद लल्ला सोनवानी के साथी यश सोना, सागर कुर्रे, गौकरण, दौलत आडिल और खुलेश कुमार रात्रे समेत अन्य लोग स्कॉर्पियो और करीब चार मोटरसाइकिलों से पुलिस वाहन का पीछा करने लगे और रोकने का प्रयास किया गया।
स्थिति बिगड़ती देख प्रधान आरक्षक राधेश्याम सिंह ने सीएसपी को मोबाइल से घटना की जानकारी दी। सीएसपी के निर्देश पर पुलिस वाहन को वापस थाना परिसर लाया गया। थाने परिसर में लल्ला सोनवानी कथित तौर पर मोहल्ले के करीब 100 लोगों को थाने में बुलाकर घेराव कराने, पुलिसकर्मियों को उसकी पत्नी के माध्यम से हरिजन एक्ट और बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके अलावा पुलिस वाहन पर पेट्रोल बम फेंककर पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने, थाना और कलेक्टर-एसपी के बंगले को बम से उड़ाने जैसी धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।
थाना परिसर में जुटी भीड़
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी यश सोना, सागर कुर्रे, गौकरण, दौलत आडिल, खुलेश कुमार रात्रे, लल्ला सोनवानी और उसकी मां व दो पत्नी एवं अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 132, 221, 296, 351(2) और 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों का पुलिस ने नगर में जुलूस भी निकाला।













Leave a Reply