CGTalkies

CGTalkies News

फिंगेश्वर के पसौद में तालाब में डूबने से किसान की मौत, 24 घंटे बाद मिला शव

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- दीपावली के त्योहार के बीच गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पसौद में दर्दनाक हादसा सामने आया है। सोमवार दोपहर से लापता 50 वर्षीय किसान गिरीश कुमार साहू का शव मंगलवार सुबह गांव के तालाब से बरामद हुआ। करीब 24 घंटे तक तलाश के बाद शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सोमवार दोपहर अचानक हो गए थे लापता

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पसौद निवासी गिरीश कुमार साहू सोमवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच अचानक लापता हो गए थे। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद मामले की सूचना फिंगेश्वर पुलिस को दी गई। तलाश के दौरान जानकारी मिली कि उन्हें आखिरी बार तालाब किनारे गुड़ाखू करते और गांव के शीतला मंदिर के आसपास देखा गया था।

पुलिस और DDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान

सोमवार को तालाब में खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह पुलिस और जिला आपदा बचाव दल (DDRF) की टीम ने ग्रामीणों की मदद से दोबारा तलाश अभियान शुरू किया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 10 बजे तालाब से गिरीश साहू का शव बरामद किया गया।

तालाब में गिरने की आशंका

बताया जा रहा है कि गिरीश साहू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उनकी आंखों की रोशनी भी कमजोर थी। आशंका जताई जा रही है कि टहलने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वे तालाब में गिर गए होंगे। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पत्नी और दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

गिरीश कुमार साहू पेशे से किसान थे। उनके परिवार में पत्नी रामकुमारी साहू और दो बेटियां हैं। अचानक हुई इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस ने शव बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्राम पसौद सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *