CGTalkies

CGTalkies News

सेवा संकल्प अभियान के तहत 9 अक्टूबर को राजिम में होगी महानदी गंगा आरती, छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार आरु साहू की सांस्कृतिक संध्या से सजेगी शाम

(सीजी टॉकिज) राजिम :- सेवा संकल्प अभियान के तहत 9 अक्टूबर 2026 को राजिम स्थित महानदी तट पर महानदी गंगा आरती एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के जिला नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर के निर्देश पर आयोजन की तैयारियों को लेकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विशाल महाराणा एवं जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता एस के बर्मन की उपस्थिति में विश्राम गृह राजिम में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

इस दौरान कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि शाम 6:30 बजे महानदी गंगा आरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात शाम 7 बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध युवा लोक कलाकार आरु साहू अपनी सांस्कृतिक टीम के साथ मनमोहक प्रस्तुति देंगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने पहुंचे। बैठक में कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, मंचीय व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, गंगा आरती स्थल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, बैरिकेटिंग, पार्किंग, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मंच, दर्शक दीर्घा, आरती स्थल एवं अन्य व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर स्वच्छता एवं सुचारु आवागमन सहित नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रविवार 03 अक्टूबर को स्वच्छ महानदी, सुंदर राजिम, सुरक्षित घाट के तहत जन सहभागिता के साथ वृहद स्वच्छता अभियान भी चलाया गया था। जिसमें गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं राजिम वासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई थी। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों से आग्रह किया है कि वे कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपनी सहभागीता निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *