CGTalkies

CGTalkies News

विकास की सौगात, विधायक रोहित साहू ने घोघरा में सीसी रोड और सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- ग्राम पंचायत गनियारी के आश्रित ग्राम घोघरा में ग्रामीणों को बड़ी विकास सौगात मिली है। गांव में नवनिर्मित सीसी रोड और सामुदायिक भवन का विधायक रोहित साहू ने लोकार्पण किया। विकास कार्यों के शुरू होने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति नंदनी ओमकार साहू ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष हरीश साहू और भाजपा मंडल अध्यक्ष मंजुलता साहू मौजूद रहीं।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार गांव, गरीब और जरूरतमंद परिवारों के हित में लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य हर जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों के सम्मान और आर्थिक सहयोग के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच रहा है और विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास जारी है।

बिजली बिल को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

विधायक रोहित साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग घर-घर जाकर बिजली बिल के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार जनता को राहत देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।

रोहित साहू ने किया लोकार्पणउन्होंने प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से सौर ऊर्जा योजना का लाभ उठाने और अपने घरों में सोलर पैनल लगाने की अपील की। विधायक ने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से परिवारों को बिजली खर्च में राहत मिल सकती है और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत सभापति नंदनी ओमकार साहू ने कहा कि घोघरा में सीसी रोड और सामुदायिक भवन का निर्माण ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही जरूरत को पूरा करता है। सीसी रोड बनने से आवागमन सुगम होगा, वहीं सामुदायिक भवन का उपयोग सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए आगे भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष मंजुलता साहू ने ग्रामीणों को विकास कार्यों की बधाई देते हुए शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती सरोज भीखम लोहिले, उपसरपंच महेश साहू, ओमकार साहू, दीना साहू, भूषण साहू, किशोर निर्मलकर, परमेश्वर गन्धर्व, मिथलेश ध्रुव, आशाराम, पूर्व जनपद सदस्य भुपेश्वरी साहू, पुष्पी साहू, पंच आनंदराम साहू, उदय यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। लोकार्पण के बाद ग्रामीणों ने गांव में विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

पसरदाकला में जन्माष्टमी पर गूंजा ‘गोविंदा आला रे’, विधायक रोहित साहू ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण

(सीजी टॉकिज) राजिम :- कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ग्राम पसरदाकला में मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन हर्षाेल्लास और भक्तिमय माहौल में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रोहित साहू शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति नंदनी साहू ने की। इस दौरान विधायक ने टिनशेड निर्माण एवं नवनिर्मित सीसी रोड का लोकार्पण कर ग्रामीणों को विकास कार्यों की सौगात दी।

भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के बाद मटकी फोड़ प्रतियोगिता शुरू हुई। युवाओं ने गोविंदा की टोली बनाकर मटकी फोड़ने का रोमांचक प्रयास किया। जैसे-जैसे मानव पिरामिड ऊपर बढ़ता गया, ग्रामीणों का उत्साह भी चरम पर पहुंचता गया। पूरे आयोजन स्थल पर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘गोविंदा आला रे’ के जयकारे गूंजते रहे।

जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ कार्यक्रम

इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने क्षेत्रवासियों को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, सत्य, कर्म और जनकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे एवं एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है। पसरदकला में टिनशेड और सीसी रोड का निर्माण ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है। आने वाले समय में भी क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।

संस्कृति और परंपराओं को सहेजने पर जोर

जिला पंचायत सभापति नंदनी साहू ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला पर्व है। गांवों में होने वाले ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्य लगातार आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ कार्यक्रमसरपंच संघ के जिलाध्यक्ष हरीश साहू ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी ग्रामीण संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता की प्रतीक है। पसरदकला में युवाओं ने जिस उत्साह के साथ मटकी फोड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, वह उनकी ऊर्जा और आपसी भाईचारे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि टिनशेड और सीसी रोड की सौगात से ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं में राहत मिलेगी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष मंजूलता हरित ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन संगठित होकर समाज और धर्म की सेवा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ गांवों में अधोसंरचना का विस्तार भी प्राथमिकता है।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में सरपंच गणेश साहू, पूर्व जनपद सदस्य नेमीचंद देवांगन, उपसरपंच तिलेश्वरि मिथलेश साहू, होरी लाल साहू, जनक श्रीवास, बिसराम निषाद, खुमान साहू, बिहारी साहू, बालिक राम, खलेश साहू, सुरेश साहू, किसलाल साहू, युवराज साहू, रवि साहू, गिरधारी निषाद सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ कार्यक्रममटकी फोड़ कार्यक्रम में ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं, विकास कार्यों के लोकार्पण पर ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।

विधायक जनदर्शन में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, रोहित साहू ने जनसमस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए निर्देश

(सीजी टॉकिज) राजिम :- जनसमस्याओं के समाधान और आम जनता से सीधे संवाद के क्रम में विधायक रोहित साहू द्वारा आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में विधायक ने राजिम विधानसभा और गरियाबंद जिले के कोने-कोने से पहुंचे नागरिकों एवं अंचलवासियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने जनहित के मुद्दों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

निज निवास कार्यालय में आयोजित इस जनदर्शन में मैनपुरखुर्द, छिंदोला, पोड़, छुरा, चुरकीदादर, जामगांव, परसदाकला, रावड़, बेलर, कपसीडीह, गनियारी, घोघरा, बोड़ाबांधा, मुरमुरा, चैतरा, खुसरुपाली, तर्रा, बासीन, कोमा, पतोरी, छुईया, जोगीडीपा, चरौदा, फिंगेश्वर, खपरी, सोनेसीली, कसेकेरा सहित दर्जनों गांवों से सैकड़ों लोग पहुंचे। ग्रामीणों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं जैसे पेयजल आपूर्ति, सड़क मरम्मत, बिजली कटौती, राशन कार्ड, पेंशन, राजस्व मामले और कृषि से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर आवेदन सौंपे।

प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को लगता है जनदर्शन

उल्लेखनीय है कि क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए विधायक रोहित साहू के निज निवास कार्यालय में प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को जनदर्शन का आयोजन किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आम जनता को प्रशासनिक जटिलताओं से राहत दिलाना है।

इस दौरान विधायक रोहित साहू ने कहा कि जनता की सेवा और राजिम विधानसभा का सर्वांगीण विकास ही उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा कि यह जनदर्शन कार्यक्रम अंचल की जनता से जुड़ने और उनकी तकलीफों को दूर करने का एक माध्यम है। किसी भी ग्रामीण को अपने कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए हम पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं।

राजिम में पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम में गुरुवार सुबह स्कूल के सामने पेड़ पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मामला गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार राजिम-छुरा मार्ग पर पथर्रा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के सामने सड़क किनारे एक युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही राजिम पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान में जुटी पुलिस

मृतक की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक राजिम के थाना पारा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मृतक की पहचान और अन्य तथ्यों की पुष्टि में जुटी हुई है।

युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीक हो रहा है। मृतक की पहचान होने के बाद और परिजनों के बयान सामने आने के बाद आत्महत्या का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

राजिम पुल पर अंधेरा और गड्ढों से बढ़ा खतरा, आखिर किस हादसे का इंतजार कर रहे जिम्मेदार?

(सीजी टॉकिज) राजिम:- धर्मनगरी राजिम के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले महानदी पुल की बदहाली आम लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। रायपुर और गरियाबंद को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण पुल पर पिछले करीब 15 दिनों से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। रात होते ही पुल अंधेरे में डूब जाता है, जबकि दिन में दर्जनों जगहों पर गड्ढे और उखड़ी सड़क वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनी हुई है।

राजिम पुल के अलावा बेलाही पुल और चौबेबांधा पुल की स्ट्रीट लाइटों की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। अंधेरे में गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता और कई जगह सड़क से सरिया तक बाहर दिखाई देने की शिकायत है। बारिश में गड्ढों में पानी भरने से खतरा और बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में पुल पर मवेशी भी बैठे रहते हैं। अंधेरे में अचानक मवेशी सामने आने से कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। सवाल यह है कि इतने महत्वपूर्ण मार्ग पर लगातार बढ़ रहे खतरे के बावजूद जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि आखिर कब जागेंगे?

सबसे हैरानी की बात यह है कि इसी पुल से रोजाना नेताओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भी आना-जाना होता है, लेकिन 15 दिनों से बंद स्ट्रीट लाइटों और सड़क की बदहाली की सुध लेने वाला कोई नजर नहीं आ रहा। लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई करेगा?

बताया जा रहा है कि बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण विद्युत आपूर्ति रोकी गई है। लेकिन लोगों का सवाल है कि बिल और विभागीय प्रक्रिया के बीच यदि कोई बड़ा हादसा हो गया तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? स्थानीय नागरिकों ने राजिम पुल सहित बेलाही और चौबेबांधा पुल की स्ट्रीट लाइटें तत्काल चालू कराने तथा गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार हादसे से पहले जागते हैं या फिर किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करते हैं।

राजीव लोचन मंदिर में चोरों का आतंक! दर्शन के दौरान दो महिलाओं के गले से मंगलसूत्र पार

(सीजी टॉकिज) राजिम:- धार्मिक नगरी राजिम स्थित भगवान श्री राजीव लोचन मंदिर परिसर में चोरों ने दो महिलाओं के गले से सोने के मंगलसूत्र पार कर दिए। दोनों महिलाओं को घटना का पता तब चला, जब दर्शन के बाद उन्होंने अपने गले में मंगलसूत्र नहीं पाया। एक ही दिन और लगभग एक ही समय पर हुई इन दोनों घटनाओं से मंदिर परिसर में चोर गिरोह सक्रिय होने की आशंका बढ़ा दी है। मामला राजिम थाना क्षेत्र का है।

पीड़िता श्रीमती गीता यादव ने बताया कि वह 24 अगस्त को राजीव लोचन मंदिर दर्शन करने पहुंची थीं। दर्शन और प्रसाद लेने के बाद जब वह मंदिर परिसर से बाहर आईं तो दोपहर करीब 1.30 से 2 बजे के बीच उन्हें पता चला कि उनके गले से मंगलसूत्र गायब है। मंगलसूत्र में सोने का एक लॉकेट और 8 सोने के गेहूं दाने लगे हुए थे। काफी तलाश के बाद भी मंगलसूत्र नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करावाई।

दूसरी महिला का भी मंगलसूत्र पार

इसी दिन एक अन्य महिला श्रीमती गायत्री साहू भी अपनी देवरानी त्रिवेणी साहू के साथ राजीव लोचन मंदिर दर्शन करने पहुंची थीं। गायत्री साहू ने बताया कि दर्शन करने से पहले उनके गले में मंगलसूत्र था, लेकिन दोपहर करीब 1.30 बजे मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान किसी अज्ञात चोर ने उनके गले से सोने का पुराना मंगलसूत्र चोरी कर लिया।

इस मंगलसूत्र में सोने का एक पेंडल और 8 सोने के दाने लगे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन मंगलसूत्र का कोई सुराग नहीं मिला, तो थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई।

चोर गिरोह सक्रिय होने की आशंका

दो अलग-अलग महिलाओं के गले से एक ही दिन और लगभग एक ही समय में मंगलसूत्र चोरी होने की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों वारदातों का तरीका भी लगभग एक जैसा बताया जा रहा है। ऐसे में मंदिर परिसर में संगठित चोर गिरोह के सक्रिय होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

धार्मिक नगरी राजिम के प्रमुख राजीव लोचन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर चोरों द्वारा महिलाओं को निशाना बनाए जाने की आशंका ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस से कार्रवाई की मांग

दोनों पीड़ित महिलाओं ने अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई कर चोरी गए सोने के मंगलसूत्र बरामद करने की मांग की है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीम चोरों को पकड़ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।

उज्जैन की तर्ज पर राजिम में निकली बाबा गरीबनाथ की भव्य पालकी यात्रा, उमड़े हजारों श्रद्धालु

(सीजी टॉकिज) राजिम:- धर्मनगरी राजिम में सावन की शिवभक्ति चरम पर नजर आई। मंगलवार को बाबा गरीबनाथ की भव्य पालकी यात्रा ने पूरे नगर को शिवमय कर दिया। हर-हर महादेव और बाबा महाकाल के गगनभेदी जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालु आस्था के सैलाब में उमड़ पड़े। आकर्षक फूलों से सजी बाबा गरीबनाथ की पालकी, गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़े, डमरू वादकों और भक्तों के उत्साह ने ऐसा अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया कि राजिम की गलियां देर तक शिवभक्ति में डूबी रहीं।

बाबा केदारेश्वर वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में पवित्र सावन मास के दौरान यह भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। नगर के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर से निकली यात्रा में राजिम सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

बाबा गरीबनाथ की आकर्षक पालकी को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। पालकी के दर्शन और उसे कंधों पर उठाने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह भक्तों की भीड़ बाबा महाकाल के जयकारे लगाती नजर आई। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डमरू वादकों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह शिवमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति संगीत की धुन पर झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। राजिम की धर्मनगरी में हर ओर सिर्फ एक ही स्वर सुनाई दे रहा था “हर-हर महादेव… जय बाबा महाकाल!”

सोमवार को स्थगित हुई थी यात्रा

बाबा गरीबनाथ की भव्य पालकी यात्रा सोमवार को आयोजित की जानी थी, लेकिन मूसलाधार बारिश के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। इसके बाद मंगलवार को श्रद्धा, उत्साह और पूरे विधि-विधान के साथ पालकी यात्रा निकाली गई। दोपहर से ही आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। शाम होते-होते पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में बदल गया। पूजा-अर्चना के बाद बाबा गरीबनाथ की पालकी यात्रा निकाली गई, जो भगवान श्री राजीव लोचन मंदिर की परिक्रमा करते हुए नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई।

अखाड़ा, धार्मिक झांकियां बने आकर्षण का केंद्र

पालकी यात्रा में अखाड़ा, आकर्षक धार्मिक झांकियां, डीजे, धुमाल, बैंड पार्टी और किंग-कांग सहित विभिन्न प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। यात्रा में शामिल कलाकारों और धार्मिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। पालकी यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ का भव्य स्वागत किया। बस स्टैंड में विशेष स्वागत के साथ बाबा की आरती की गई। जैसे-जैसे शाम बढ़ती गई, श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती चली गई और देखते ही देखते हजारों भक्त यात्रा का हिस्सा बन गए।

कई घंटे जाम रहे प्रमुख मार्ग

हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के कारण नगर के प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ रही। पालकी यात्रा के दौरान राजिम-गरियाबंद, राजिम-महासमुंद समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, श्रद्धालुओं का उत्साह किसी भी परेशानी पर भारी नजर आया। हर उम्र के लोग बाबा के जयकारों के साथ यात्रा में शामिल हुए और भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।

VIDEO

श्री कुलेश्वरनाथ महादेव का 26 अगस्त को होगा भव्य जलाभिषेक, तैयारियों में जुटा कांवरिया संघ

(सीजी टॉकिज) राजिम :- तीन पवित्र नदियों महानदी, पैरी और सोंढूर के संगम पर नदी के बीच विराजमान भगवान श्री कुलेश्वरनाथ महादेव का भव्य जलाभिषेक कार्यक्रम 26 अगस्त, बुधवार को आयोजित किया जाएगा। श्री कुलेश्वरनाथ बोल बम कांवरिया संघ के तत्वावधान में होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर शिवभक्तों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जलाभिषेक कार्यक्रम सुबह 8 बजे से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ होगा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार राजिम का त्रिवेणी संगम क्षेत्र प्राचीन काल से ही आस्था और अध्यात्म का प्रमुख केंद्र रहा है। संगम के मध्य स्थित भगवान श्री कुलेश्वरनाथ महादेव का मंदिर शिवभक्तों के लिए विशेष श्रद्धा का केंद्र है। सावन मास के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसी क्रम में कांवरिया संघ द्वारा इस वर्ष भी विशेष जलाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु भगवान श्री कुलेश्वरनाथ महादेव का पवित्र जल से अभिषेक कर पूजा-अर्चना करेंगे और भगवान भोलेनाथ से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करेंगे। जलाभिषेक के साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव का जयघोष और भक्ति भाव से पूजन किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में कांवरियों और शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।

तैयारियों में जुटा कांवरिया संघ

जलाभिषेक कार्यक्रम को लेकर श्री कुलेश्वरनाथ बोल बम कांवरिया संघ द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ तैयारियां की जा रही हैं।

आयोजकों ने क्षेत्र के सभी शिवभक्तों, कांवरियों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। संघ ने श्रद्धालुओं से भगवान श्री कुलेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त करने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया है।

राजिम में अब 25 अगस्त को निकलेगी बाबा गरीबनाथ की पालकी यात्रा, मौसम के चलते सोमवार को हुआ स्थगित

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम में श्रावण मास के चतुर्थ एवं अंतिम सोमवार को प्रस्तावित बाबा गरीबनाथ जी की भव्य पालकी यात्रा अब 25 अगस्त, मंगलवार को आयोजित की जाएगी। अत्यधिक वर्षा एवं मौसम में अचानक हुए बदलाव को देखते हुए बाबा केदारेश्वर वेलफेयर फाउंडेशन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए यात्रा को एक दिन के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है और तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।

समिति के सदस्यों ने बताया कि दोपहर 3 बजे कार्यक्रम स्थल से बाबा गरीबनाथ जी की भव्य पालकी यात्रा प्रारंभ होगी। पालकी यात्रा के दौरान राजिम नगर भक्तिमय वातावरण में रंग जाएगा। डमरू वादन, भक्ति संगीत, धार्मिक झांकियों और श्रद्धालुओं के जयघोष से नगर का माहौल शिवमय होने की संभावना है।

आयोजकों द्वारा पालकी यात्रा को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा में श्री कुलेश्वरनाथ डमरू वादक ग्रुप, विशाल शिवशक्ति प्रतिमा, बाबा गरीबनाथ जी की महाआरती, सुप्रसिद्ध देव ऑडियो, मास्टर लक्की धमाल रायपुर, मां शाकंभरी की झांकी तथा राजनांदगांव की चलित रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

इन मार्गों से होकर गुजरेगी पालकी यात्रा

बाबा गरीबनाथ जी की पालकी यात्रा कार्यक्रम स्थल से प्रारंभ होकर भैरव बाबा मंदिर, बाबा गरीबनाथ मंदिर, पं. श्यामाचरण चौक, बस स्टैंड राजिम, शिवाजी चौक, आमापारा, मां महामाया मंदिर, आजाद चौक और ठाकुर पारा होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी।

यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा बाबा गरीबनाथ जी का स्वागत, पूजा-अर्चना एवं दर्शन किए जाने की तैयारी है। पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।

बस स्टैंड में शाम 7 बजे होगी महाआरती

आयोजन का प्रमुख आकर्षण बाबा गरीबनाथ जी की भव्य महाआरती होगी। आयोजकों के अनुसार शाम 7 बजे बस स्टैंड राजिम में बाबा गरीबनाथ जी की महाआरती आयोजित की जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

आयोजक बाबा केदारेश्वर वेलफेयर फाउंडेशन ने कहा कि मौसम ने भले ही आस्था की इस यात्रा को एक दिन के लिए रोक दिया है, लेकिन बाबा गरीबनाथ जी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास अटूट है। फाउंडेशन ने समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से परिवार सहित 25 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य पालकी यात्रा में शामिल होकर बाबा गरीबनाथ जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने और आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग करने का आग्रह किया है।

कुम्ही में 29 लाख रुपए के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण और भूमिपूजन

(सीजी टॉकिज) राजिम :-  समीपस्थ ग्राम कुम्ही में अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम उत्सव के रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

इस अवसर पर कुल 29 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया गया जिसमें विधायक मद से निर्मित सरस्वती शिशु मंदिर सामुदायिक भवन लागत 08 लाख रुपये तथा वार्ड नं. 12 एवं 06 में पक्का नाली निर्माण कार्य लागत 06 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा कृषि एवं बीज विकास निगम लिमिटेड छत्तीसगढ़ की स्वीकृति से शीतला तालाब टीना शेड निर्माण कार्य लागत 15 लाख रुपये का भूमिपूजन भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू शामिल हुए, कार्यक्रम की अध्यक्षता छग बीज एक कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने की। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर,जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती इंद्राणी नेहरू साहू,जिला पंचायत सभापति नंदनी ओंकार साहू, भाजपा जिला मंत्री सुरेन्द्र सोनटेके,भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, हरीश साहू जिलाअध्यक्ष सरपंच संघ गरियाबंद, पंकज निर्मलकर जनपद सदस्य एवं जिला महामंत्री भाजपा युवा मोर्चा, भाजपा मंडल महामंत्री जितेन्द्र पेंडरिया,श्रीमती रेणुका साहू आदि शामिल हुए।

इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचल का सर्वांगीण विकास हमारी पहली प्राथमिकता है। सामुदायिक भवन और पक्की नालियों के निर्माण से गाँव के बुनियादी सुविधाओं का स्तर बेहतर होगा। आज जिन कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन हुआ है, वे कुम्ही गाँव की प्रगति में मील का पत्थर साबित होंगे। हम क्षेत्र में जन-सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ लेकर बिजली बिल से हम राहत पा सकते हैं। इसमें मिलने वाली सब्सिडी का अधिक से अधिक लाभ लेकर अपने घरों में सौर पैनल स्थापित करें और ऊर्जा उपभोक्ता के साथ साथ अब हम ऊर्जा उत्पादक व ऊर्जा प्रदाता बनने की ओर अग्रसर हों तभी हम विकसित भारत की परिकल्पना को जल्द ही साकार कर सकेंगे।

छग कृषि एवं बीज विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर ने कहा कि विकास कार्यों के निष्पादन से गाँव की आधारभूत संरचना मजबूत होती है। शीतला तालाब परिसर में 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाला टीना शेड ग्रामीणों को सार्वजनिक व धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान प्रदान करेगा। कृषि और ग्रामीण विकास के जरिए हम क्षेत्र के हर नागरिक को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि गाँव का विकास भवनों या सड़कों के साथ-साथ समाज के एकजुट होकर आगे बढ़ने से होता है। आज ग्राम कुम्ही में जो विकास कार्य स्वीकृत और पूर्ण हुए हैं, वे पंचायत प्रतिनिधि और जन-सामान्य के साझा प्रयासों का परिणाम हैं। ऐसे निर्माण कार्यों से आने वाली पीढ़ियों को सीधा लाभ पहुँचेगा।

इस दौरान प्रमुख रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव चंद्राकर, प्रकाश साहू अध्यक्ष परिक्षेत्र साहू समाज राजिम,प्रभु नंद चंद्राकर, सुरेश दिलावर, वीरेंद्र साहू सरपंच, दीनू साहू उपसरपंच, श्याम लाल साहू, जीवराखन साहू, शत्रुहन साहू, मेघनाथ साहू प्राचार्य, बालचंद साहू, समस्त पंचगण व ग्रामवासी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सरपंच,उपसरपंच सहित समस्त ग्रामवासियों ने विकास कार्यों की सौगात मिलने पर जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।