CGTalkies

CGTalkies News

बिरबिरा दोहरा हत्याकांड: जादू-टोने की शंका में बुजुर्ग दंपति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने बिरबिरा में हुए बुजुर्ग दंपति के दोहरे हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी मां की मौत का जिम्मेदार जादू-टोने को मानकर रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते उसने पति-पत्नी की हत्या कर दी और मृतका के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया। मामला रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र का है।

घर के अलग-अलग कमरों में मिले थे शव

जानकारी के अनुसार आरंग क्षेत्र के ग्राम बीरबिरा में 8 अक्टूबर को सदाशी राम साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू का शव घर के अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। मजदूरी की रकम देने पहुंचे पड़ोसी सालिकराम साहू ने दोनों के शव देखा था। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मां की मौत के शक में रची हत्या की साजिश

पुलिस ने 48 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा करते हुए 22 वर्षीय आरोपी प्रमोद उर्फ रॉकी साहू को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी को संदेह था कि एक वर्ष पहले उसकी मां की मौत के पीछे जादू-टोना था और इसके लिए वह सदाशी राम और उनकी पत्नी आसबती साहू को जिम्मेदार मानता था।

इसी संदेह के चलते उसने 6 अक्टूबर की रात दंपति के घर में घुसकर टंगिया और हंसिया से हमला किया, जिससे दोनों की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने मृतका के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जांच के दौरान संदेह के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।

हथियार, खून लगी जींस और जेवरात बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार, खून लगी जींस और लूटे गए जेवरात बरामद किए हैं। पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरंग में बुजुर्ग दंपती की निर्मम हत्या, अलग-अलग कमरों में मिले शव

(सीजी टॉकिज) आरंग:-बीरबीरा में बुजुर्ग दंपती की हत्या, घर में मिले शव से मचा हड़कंप; डॉग स्क्वाड और थ्ैस् ने जुटाए साक्ष्य
आरंग। रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बीरबीरा में बुजुर्ग दंपती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों के शव उनके घर से बरामद होने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।

मृतकों की पहचान सदासी राम साहू (65 वर्ष) और उनकी पत्नी आसबती साहू (62 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में दोनों की हत्या किसी नुकीली या धारदार वस्तु से किए जाने की आशंका है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में इस्तेमाल हथियार को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

बताया गया कि बुजुर्ग दंपती गांव में अपने मकान में रहते थे और खेती-किसानी करते थे। उनके पास करीब 10 एकड़ जमीन थी। उनके दो बेटे रायपुर में रहकर काम करते हैं, जबकि दो बेटियों की शादी हो चुकी है।

दोपहर में मिली घटना की सूचना

एसीपी रायपुर ग्रामीण अभिषेक झा के अनुसार, दोपहर करीब 12 से 12.30 बजे के बीच पुलिस को सूचना मिली कि बीरबीरा गांव में रहने वाले बुजुर्ग दंपती के शव उनके घर में मिले हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

डॉग स्क्वाड और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है और किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आएंगी।

आरंग के कुरूद रेत खदान में रात के अंधेरे में बेखौफ अवैध उत्खनन: NGT के नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं

(सीजी टॉकिज) रायपुर:- आरंग क्षेत्र के कुरूद स्थित महानदी तट पर रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) की सख्त रोक और नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए यहां रात भर भारी-भरकम मशीनें गरज रही हैं।

हैरानी की बात यह है कि बीते दिनों इसी खदान के संचालन को लेकर आयोजित जनसुनवाई में स्थानीय ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया था। इसके बावजूद, नियम-कायदों को ताक पर रखकर रेत का यह काला कारोबार बिना किसी खौफ के जारी है।

2 जेसीबी, दर्जनों ट्रैक्टर और हाइवा वाहनों का जमघट

मौके से मिले एक्सक्लूसिव वीडियो/फोटो और गुप्त जानकारियों से इस बात का स्पष्ट खुलासा हुआ है कि महानदी के सीने से रात भर अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। उत्खनन स्थल पर 2 जेसीबी मशीनें, दर्जनों ट्रैक्टर और कई भारी-भरकम हाइवा वाहन लगातार सक्रिय हैं।

जांच में यह बेहद चौंकाने वाला पहलू सामने आया है कि इस पूरे अवैध खेल में कुछ स्थानीय ट्रैक्टर मालिकों और ग्रामीणों की भी सीधी संलिप्तता है। कार्ययोजना के तहत पहले ग्रामीणों के ट्रैक्टरों के जरिए नदी के भीतर से रेत निकालकर एक जगह डंप की जाती है, फिर जेसीबी मशीनों से उस रेत को तेज़ी से हाइवा वाहनों में लोड कर दिया जाता है।

15,000 रुपये प्रति हाइवा का रेट: अंतरजिले तक सप्लाई की चेन

सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, इस अवैध उत्खनन स्थल पर प्रति हाइवा रेत लोड करने के बदले लगभग 15,000 रुपये की दर से मोटी रकम वसूली जा रही है।

कुरूद रेत खदान की बारीक रेत की मांग निर्माण कार्यों में अत्यधिक है, इसी भारी मांग का फायदा उठाते हुए यहाँ से निकाली गई रेत को सिर्फ राजधानी रायपुर ही नहीं, बल्कि बेमेतरा, कवर्धा और राज्य के अन्य दूर-दराज के जिलों तक धड़ल्ले से अवैध रूप से सप्लाई किया जा रहा है।

जनसुनवाई में विरोध, पर रात में भारी वाहनों की बेधड़क आवाजाही

उल्लेखनीय है कि कुरूद में रेत खदान की लीज और संचालन को लेकर हुई प्रशासनिक जनसुनवाई में ग्रामीणों ने पर्यावरण नुकसान और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारी विरोध जताया था। लेकिन इसके विपरीत, रात के समय स्थानीय संलिप्तता के बल पर दर्जनों वाहनों की आवाजाही जारी रहती है। संकरे रास्तों पर तेज रफ्तार दौड़ते इन भारी वाहनों और रात में चल रही मशीनों के कारण क्षेत्र में कभी भी कोई अप्रिय घटना या भीषण सड़क दुर्घटना घटने की गंभीर आशंका बनी हुई है।

जिम्मेदार अधिकारी बेखबर या जानबूझकर मौन..?

विगत 4 से 5 घंटों से नदी तट पर अवैध उत्खनन की यह पूरी प्रक्रिया बेधड़क चल रही है, लेकिन अब तक न तो स्थानीय पुलिस और ना ही खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। शासन के सख्त निर्देशों के बावजूद जिम्मेदार तंत्र का बेखबर रहना या मौन साधे रखना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। इस अवैध कारोबार के चलते रोज राज्य सरकार को लाखों रुपये के राजस्व की चपत लग रही है।

अब देखना यह होगा कि वीडियो/फोटो साक्ष्यों और इस समाचार के उजागर होने के बाद जिम्मेदार अधिकारी और विभाग क्या कोई ठोस व सख्त दंडात्मक कार्रवाई करते हैं, या फिर यह अवैध खेल यूं ही जारी रहेगा?

VIDEO

आरंग में महानदी किनारे मिले दो शव, मचा हड़कंप; शिनाख्त में जुटी पुलिस

(सीजी टॉकिज) आरंग:- महानदी किनारे दो शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों शव नदी के तेज बहाव में बहकर किनारे की झाड़ियों में फंसे मिले। ग्रामीणों की सूचना पर आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, बरामद शवों में से एक महिला का है। दोनों शव काफी गल चुके हैं, जिसके कारण उनकी पहचान करने में परेशानी हो रही है। पुलिस महानदी से लगे तथा हाल में बाढ़ प्रभावित जिलों के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी जुटा रही है और शवों की पहचान के लिए उसका मिलान किया जा रहा है।

बाढ़ में बहकर आने की आशंका, हत्या का एंगल भी जांच में

हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ गया था और आसपास के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी थी। पुलिस प्रथम दृष्टया इस संभावना की जांच कर रही है कि नदी किनारे दफन शव बाढ़ के तेज बहाव में बहकर चिखली तक पहुंचे हों। इसके अलावा दोनों लोगों के बाढ़ के पानी में बह जाने और डूबने से मौत होने की आशंका भी जांच के दायरे में है। वहीं, हत्या के बाद शवों को नदी में बहाए जाने की संभावना से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरंग के ग्राम चिखली में दो शव बरामद हुए हैं। प्रथम दृष्टया शवों के नदी के बहाव में बहकर आने की संभावना नजर आ रही है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

शिक्षक हत्याकांड का खुलासा, 30 लाख की उधारी और 3 महीने से ब्याज नहीं मिलने पर हत्या, हथौड़े से सिर कुचला

(सीजी टॉकिज) आरंग :- आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बनचरौदा के पास शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की निर्मम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में निवेश-ट्रेडिंग से जुड़े करीब 30 लाख रुपये के लेन-देन और तीन महीने के ब्याज का विवाद बनी। मामले में मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया गया है।

महानदी किनारे मिला था शिक्षक का शव

जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को ग्राम बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर पिता शंकरलाल चंद्राकर (46 वर्ष) निवासी रामपुर डंगनिया थाना गोबरा नवापारा के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक शिवकुमार चंद्राकर और संदिग्ध चंद्रप्रकाश वर्मा ग्राम कुम्हारी के स्कूल में शिक्षक हैं। ग्रामीणों और गांव के चरवाहे से पूछताछ में पता चला कि मृतक को आखिरी बार चंद्रप्रकाश वर्मा के साथ स्कूटी पर बनचरौदा की दिशा में जाते देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज और VSK ऐप के लॉग रिकॉर्ड की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों से संदिग्ध की गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।

VSK ऐप के लॉग से सामने आई गतिविधियों की कड़ी

महानदी किनारे मिली शिक्षक की लाशपुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को सुबह लगभग 9.35 बजे चंद्रप्रकाश वर्मा स्कूल पहुंचा था। इसके बाद वह निजी काम का बहाना बनाकर स्कूल से बाहर चला गया। बताया गया कि उसने घटना के दौरान मोबाइल का लोकेशन बंद रखा और हत्या के बाद दोपहर करीब 12.50 बजे स्कूल वापस लौटा। स्कूल लौटने पर आरोपी ने अपने मोबाइल से VSK ऐप में लॉगिन नहीं किया, बल्कि मोबाइल घर पर रह जाने की बात कहकर साथी शिक्षक के मोबाइल से उपस्थिति दर्ज की।

30 लाख रुपये की उधारी और ब्याज को लेकर था विवाद

पुलिस ने संदिग्ध चंद्रप्रकाश वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतक पिछले करीब चार वर्षों से परिचित थे। दोनों रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में निवेश-ट्रेडिंग से जुड़े हुए थे। चंद्रप्रकाश ने मृतक शिवकुमार को लगभग 30 लाख रुपये उधार दिए थे। इसके बदले मृतक ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे।

सुनसान इलाके में ले जाकर हत्या

महानदी किनारे मिली शिक्षक की लाशआरोपी के अनुसार, वह हर महीने ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीनों से ब्याज का भुगतान नहीं मिला रहा था। इसी लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते 17 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास दोनों की मुलाकात हुई। पैसे और ब्याज की वापसी को लेकर विवाद के बाद दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके की ओर चले गए। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी स्कूटी में रखे धारदार हथियार से मृतक के सिर के पीछे हमला किया। इसके बाद हथौड़े से सिर और चेहरे पर कई वार कर मौत के घाट उतार दिया।

स्कूटी, हथियार, हथौड़ा और ब्लैंक चेक जब्त

पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी, धारदार हथियार और हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स और दोनों मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

आरंग: शिक्षक की सिर कुचलकर हत्या, महानदी किनारे मिला शव, पास मिली बाइक

(सीजी टॉकिज) रायपुर:- रायपुर से लगे आरंग क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। महानदी के तट पर बनचरौदा के पास एक शिक्षक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिक्षक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या की गई है। घटनास्थल पर मृतक की बाइक भी बरामद हुई है।

किसान नेता के भतीजे थे मृतक शिक्षक

महानदी किनारे मिली शिक्षक की लाशमृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई है, जो शासकीय विद्यालय कुम्हारी में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वे डंगनिया (चंपारण) के निवासी बताए जा रहे हैं। शिवकुमार चंद्राकर किसान नेता रुपन चंद्राकर के भतीजे थे। उनका शव महानदी के तट पर बनचरौदा के पास खून से लथपथ अवस्था में मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सिर पर भारी वस्तु से वार की आशंका

प्रारंभिक जांच में शिक्षक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु से हमला कर उनकी हत्या की गई। घटनास्थल पर बाइक मिलने के बाद पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल आरोपियों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम पहुंची

सूचना मिलने के बाद आरंग थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। रायपुर से डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जिससे हत्या की परिस्थितियों और संदिग्धों तक पहुंचने में मदद मिल सके।

आरंग में शराब दुकान के कर्मचारी ही निकले कोचिये, आर्टिका कार से 160 पाव शराब जब्त; 7 गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) आरंग :- अवैध शराब के खिलाफ रायपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आरंग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आर्टिका कार से 160 पाव देशी मसाला शराब जब्त कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में गुल्लू शराब दुकान का सुपरवाइजर, सेल्समेन और मल्टी वर्कर सहित एक सरकारी शिक्षक भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की आर्टिका कार क्रमांक सीजी 04 क्यूबी 5200 में ग्राम गुल्लू स्थित शराब दुकान से बड़ी मात्रा में शराब भरकर ग्राम रानीसागर की ओर अवैध बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस की टीम ने रानीसागर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें से 160 पाव देशी मसाला शराब (28.800 बल्क लीटर) जब्त की गई। जिसकी कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने शराब को अवैध बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त आर्टिका कार भी जब्त किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

ये 7 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने शराब दुकान सुपरवाइजर उबारन दास पुरेना (34) निवासी गुल्लू, शराब दुकान मल्टी वर्कर सुरेश बांधे (36) निवासी परसवानी, शिक्षक तिरीत राम बांधे (45) निवासी परसवानी, वाहन चालक भरत रात्रे (38) निवासी परसवानी, दिलीप कुमार कुर्रे (50), भागवत बारले (38) दोनों निवासी अमोदी और शराब दुकान सेल्समेन राजेश काटले (31) को गिरफ्तार किया है।

सुपरवाइजर-सेल्समेन ही निकले शराब कोचियेथाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के मुताबिक, जांच में यह बात सामने आई है कि सरकारी शराब दुकान के कुछ कर्मचारी ही शराब को अवैध रूप से बिक्री के लिए बाहर ले जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अवैध शराब के इस कारोबार का संचालन किस स्तर तक हो रहा था।

आरंग पुलिस की बड़ी कार्रवाई! 220 पाव अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) आरंग:- अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए आरंग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की 220 पाव अवैध शराब और शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की स्कूटी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 34 हजार 600 रुपए बताई गई है।

दो आरोपी पकड़े गए

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को थाना आरंग पुलिस को ग्राम कुरूद स्थित कोटवार गली में अवैध शराब के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की। इस दौरान यश कुमार कोसले (22 वर्ष) निवासी ग्राम नवागांव थाना पलारी जिला बलौदाबाजार और शिव कुमार साहू (38 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 11 गिधपुरी थाना गिधपुरी जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी दूसरे जिले से शराब लाकर क्षेत्र में उसकी अवैध बिक्री और खपाने की कोशिश कर रहे थे।

अलग-अलग ब्रांड की 220 पाव शराब जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70 पाव देशी मदिरा मसाला शोले, 20 पाव देशी मदिरा मसाला रोमियो, 130 पाव गोल्डन गोवा शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 24 हजार 600 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई।

आबकारी एक्ट के तहत FIR दर्ज

पुलिस ने शराब और वाहन को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

नए थाना प्रभारी के बाद कार्रवाई तेज

गौरतलब है कि थाना प्रभारी नरेश साहू के पदभार ग्रहण करने के बाद आरंग थाना क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हुई है। लगातार मिल रही शिकायतों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर बनी हुई है।

आरंग में गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल ने जगाई आजादी की यादें: गांधी-लक्ष्मीबाई बने 800 बच्चों की भव्य तिरंगा रैली, ली देश रक्षा की शपथ

(सीजी टॉकिज) आरंग:- आज़ादी के अमृत महोत्सव’ की 80वीं वर्षगांठ और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आरंग स्थित गांधी इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक ने अपनी सक्रिय भागीदारी से पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

800 से अधिक विद्यार्थियों ने निकाली भव्य तिरंगा रैली

स्वतंत्रता सप्ताह की श्रृंखला में विद्यालय के कक्षा दूसरी से बारहवीं तक के 800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने एक विशाल एवं भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली के शुभारंभ से पूर्व सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने देश के अमर शहीद स्वतंत्रता सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों—कलई चौक, कॉलेज चौक, शीतला पारा चौक और केवशी साहू पारा से होती हुई पुनः विद्यालय परिसर में समाप्त हुई। इस दौरान विद्यार्थियों के हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज और वातावरण में गूंजते देशभक्ति के नारे आकर्षण का केंद्र रहे।

स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चे

रैली की मुख्य विशेषता विद्यार्थियों की वेशभूषा (फैंसी ड्रेस) रही। कई नन्हे-मुन्ने बच्चों ने महान स्वतंत्रता सेनानियों—रानी लक्ष्मीबाई, महात्मा गांधी, सेनापति बापट, बाल गंगाधर तिलक, माधवराव सप्रे, मंगल पांडे, सरदार वल्लभ भाई पटेल और चंद्रशेखर आजाद का रूप धारण कर उनकी स्मृतियों को जीवंत कर दिया। वहीं, भारतीय सेना की गणवेश में सजे-धजे बच्चों ने देश की सीमाओं की सदैव रक्षा करने की निष्ठापूर्वक शपथ ली।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “जय जवान, जय किसान”, “भारत देश अमर रहे”, “वंदे मातरम”, “घर-घर की शान तिरंगा, अपना अभिमान तिरंगा” और “जय हिंद-जय भारत” जैसे ओजस्वी नारों से पूरे मार्ग को गुंजायमान कर दिया।

बालशक्ति को समर्पित ध्वजारोहण समारोह

स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ को ‘बालशक्ति’ को समर्पित करते हुए विद्यालय में एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल की गई। ध्वजारोहण का मुख्य कार्यक्रम कक्षा दूसरी में अध्ययनरत छात्र वंश नामदेव, लक्ष्य जलछत्री एवं छात्रा समृद्धि देवांगन के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।

ध्वजारोहण के पश्चात संपूर्ण विद्यालय परिवार ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया। इसके बाद स्काउट-गाइड का ध्वज फहराया गया और स्काउट-गाइड्स ने अनुशासित कदम-ताल करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और कला प्रदर्शनी का आयोजन

ध्वजारोहण के उपरांत विद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, मनमोहक नृत्य, भाषण और ओजस्वी कविता पाठ प्रस्तुत किए। 

प्रश्नोत्तरी व कला प्रदर्शनी, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता

स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित देशभक्ति प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा विद्यार्थियों द्वारा निर्मित कला प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। वीर-वीरांगनाओं के रूप में सजे बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश

समारोह के दौरान विद्यालय के प्राचार्य हरेश कुमार दास ने सभी को स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व और ‘आज़ादी के अमृत महोत्सव’ की भावना से अवगत कराया। वहीं, एकेडमिक प्राचार्या पुष्प लता जॉर्ज ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की विशेषताओं की जानकारी दी और तिरंगे के सम्मान तथा रख-रखाव से जुड़े नियमों के बारे में विस्तार से बताया। इस गरिमामय और देशभक्ति से परिपूर्ण कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रशासनिक स्टॉफ और कर्मचारी उपस्थित रहे।

चार बच्चों की मां की संदिग्ध मौत: पिता ने दामाद पर लगाया हत्या का आरोप, अवैध संबंधों के चलते कुएं में धक्का देने का आरोप

(सीजी टॉकिज) आरंग :- रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आरंग शहर के वार्ड क्रमांक-14 स्थित शनि मंदिर के पास रहने वाली पुष्पा सोनकर की कुएं में गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पिता ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए अपने दामाद भोला सोनकर पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने आरंग थाने में लिखित शिकायत देकर हत्या का मामला दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

20 साल पहले हुई थी शादी

मृतका के पिता रामधार सोनकर के अनुसार, लगभग 20 वर्ष पूर्व पुष्पा का विवाह भोला सोनकर से हुआ था। दंपति के चार बच्चे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले करीब तीन वर्षों से भोला सोनकर का दूसरी महिला से अवैध संबंध था, जिससे उसका एक वर्ष का बच्चा भी है। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि भोला अक्सर पुष्पा के साथ मारपीट करता था और उसे जान से मारने की धमकियां देता था।

परिजनों के अनुसार, घटना से एक रात पहले भोला सोनकर घर नहीं लौटा था। मृतका की 18 वर्षीय बेटी का कहना है कि 31 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे भोला घर पहुंचा और पुष्पा से उसका विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद वह उसे घर के पीछे स्थित बाड़ी की ओर ले गया। करीब सुबह 8.15 बजे भोला ने मृतका के भाई गोविंदा को फोन कर बताया कि पुष्पा कुएं में गिर गई है।

रायपुर ले जाते समय तोड़ा दम

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो पुष्पा गंभीर हालत में कुएं के पास मिली। उसे पहले आरंग के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के पिता और अन्य परिजनों का कहना है कि पुष्पा को अच्छी तरह तैरना आता था। ऐसे में उसका अचानक कुएं में गिर जाना उन्हें संदिग्ध लग रहा है। उनका आरोप है कि दूसरी महिला से संबंधों में बाधा बनने के कारण भोला सोनकर ने ही पुष्पा को कुएं में धक्का देकर उसकी हत्या की।

निष्पक्ष जांच की मांग

मृतका के परिजनों ने 2 अगस्त को आरंग थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कराने तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

आरंग पुलिस का कहना है कि परिजनों से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।