(सीजी टॉकिज) आरंग :- अवैध शराब के खिलाफ रायपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आरंग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आर्टिका कार से 160 पाव देशी मसाला शराब जब्त कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में गुल्लू शराब दुकान का सुपरवाइजर, सेल्समेन और मल्टी वर्कर सहित एक सरकारी शिक्षक भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की आर्टिका कार क्रमांक सीजी 04 क्यूबी 5200 में ग्राम गुल्लू स्थित शराब दुकान से बड़ी मात्रा में शराब भरकर ग्राम रानीसागर की ओर अवैध बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस की टीम ने रानीसागर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें से 160 पाव देशी मसाला शराब (28.800 बल्क लीटर) जब्त की गई। जिसकी कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने शराब को अवैध बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त आर्टिका कार भी जब्त किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
ये 7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शराब दुकान सुपरवाइजर उबारन दास पुरेना (34) निवासी गुल्लू, शराब दुकान मल्टी वर्कर सुरेश बांधे (36) निवासी परसवानी, शिक्षक तिरीत राम बांधे (45) निवासी परसवानी, वाहन चालक भरत रात्रे (38) निवासी परसवानी, दिलीप कुमार कुर्रे (50), भागवत बारले (38) दोनों निवासी अमोदी और शराब दुकान सेल्समेन राजेश काटले (31) को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के मुताबिक, जांच में यह बात सामने आई है कि सरकारी शराब दुकान के कुछ कर्मचारी ही शराब को अवैध रूप से बिक्री के लिए बाहर ले जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अवैध शराब के इस कारोबार का संचालन किस स्तर तक हो रहा था।












Leave a Reply