CGTalkies

CGTalkies News

कार्तिक पूर्णिमा पर राजिम के नदिया मड़ई में उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धालुओं ने पुण्य स्नान कर किया दीपदान

(सीजी टॉकिज) राजिम:- छत्तीसगढ़ के प्रयागराज राजिम में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ब्रह्म मुहूर्त से ही महानदी, पैरी और सोंढूर के त्रिवेणी संगम में स्नान करने श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। सुबह से लेकर दिनभर संगम तट पर भक्तों की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने पुण्य स्नान के बाद दीपदान किया और भगवान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर राजीव लोचन मंदिर, कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर, मामा-भांजा मंदिर और लोमश ऋषि आश्रम में भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। कुलेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने रेत से शिवलिंग बनाकर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।

कार्तिक पूर्णिमा के साथ आयोजित पारंपरिक नदिया मड़ई में भी जनसैलाब उमड़ा। सदियों पुरानी इस परंपरा के तहत अमला भात की रस्म निभाई गई। सुबह करीब चार बजे श्रद्धालुओं ने स्नान कर आंवले के वृक्ष के नीचे पूजा-अर्चना और पूर्णाहुति की। इसके बाद अमला भात का प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं और युवाओं की टोलियों ने लोमश ऋषि आश्रम और नदी किनारे सामूहिक रूप से भोजन बनाकर पिकनिक का आनंद भी लिया।

इस वर्ष संगम में पानी अधिक होने के कारण नदी के भीतर लगने वाले मेले की रौनक कुछ कम रही। इसके बावजूद मामा-भांजा मंदिर और लोमश ऋषि आश्रम की ओर भारी भीड़ जुटी। मेले में दुकानें, खानपान के स्टॉल और बच्चों के मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र रहे। भीड़ इतनी अधिक थी कि कई स्थानों पर लोगों को निकलने तक की जगह नहीं मिल रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *