CGTalkies

CGTalkies News

अभनपुर-रायपुर मार्ग पर डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत; बाइक के उड़े परखच्चे

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :-  अभनपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार अभनपुर-रायपुर मुख्य मार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान धनेंद्र साहू निवासी उपरपारा, अभनपुर के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

अभनपुर में धड़ल्ले से जारी अवैध मुरूम खनन, 30 फीट गहरे गड्ढों से बढ़ा हादसे का खतरा

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :-  अभनपुर क्षेत्र में अवैध मुरूम खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है कि रात के अंधेरे में लगातार मुरूम का अवैध उत्खनन किया जा रहा है, जिससे अभनपुर नगर पालिका क्षेत्र और ग्राम बेलभाटा की जमीन तेजी से छलनी होती जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फिल्टर प्लांट के आसपास लंबे समय से अवैध खनन जारी है। इस कारण क्षेत्र में 30 फीट से भी अधिक गहरे कई गड्ढे बन चुके हैं, जो भविष्य में बड़े हादसों का कारण बन सकते हैं। लगातार हो रहे उत्खनन से जनप्रतिनिधियों में भी नाराजगी बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कई बार पुलिस और खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से मुरूम माफिया के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के अभाव में अवैध खनन का सिलसिला लगातार जारी है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब बार-बार शिकायतों और निरीक्षण के बावजूद अवैध खनन नहीं रुक रहा, तो आखिर इस पर प्रभावी कार्रवाई कौन करेगा? प्रशासन की चुप्पी और कार्रवाई में देरी से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अभनपुर-राजिम मार्ग पर कार-बाइक की भिड़ंत, चार लोग घायल

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :-  अभनपुर-राजिम मार्ग पर एक सड़क हादसा सामने आया है, जहां कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक महिला और एक बच्चे समेत कुल चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार अभनपुर के कठिया मोड के पास यह हादसा हुआ है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में शामिल बच्चे को गंभीर चोट आने की जानकारी है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं अन्य घायलों का भी इलाज किया जा रहा है।

सड़क हादसे की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। कार और बाइक के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

घर में साड़ी के फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारभाटा में एक 20 वर्षीय युवक का शव घर के भीतर साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मनीष मार्कण्डेय पिता स्वर्गीय नोहर लाल मार्कण्डेय (20 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने जब युवक को फंदे पर लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर हर पहलू की जांच कर रही है। अभनपुर पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।

जेठ ने हंसिया से बहू का गला रेता, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संकरी में घरेलू विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी ही बहू पर हंसिया से जानलेवा हमला कर दिया। गले पर वार होते ही महिला लहूलुहान होकर चीखने लगी, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसकी जान बचाई। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल अभनपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम संकरी निवासी रेवती साहू मंगलवार सुबह करीब 9.30 बजे अपने बच्चों के लिए टिफिन तैयार कर रही थीं। इसी दौरान उनके जेठ सच्चिदानंद साहू घर के आंगन में पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी दी और अपने हाथ में रखे हंसिया से सीधे उसके गले पर वार कर दिया।

हमले में महिला के गले के दाहिने हिस्से पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास की महिलाएं और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। कुछ देर बाद महिला का पति भी घर पहुंचा और घायल पत्नी को तत्काल शासकीय अस्पताल अभनपुर लेकर गया, जहां उसका उपचार जारी है।

आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कर आरोपी सच्चिदानंद साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2) एवं 109 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

अभनपुर स्थित आरा मिल में वन विभाग का छापा, बड़ी मात्रा में सरई और अन्य इमारती लकड़िया बरामद, करोड़ों के अवैध कारोबार की जांच

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- अभनपुर में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरा मिल पर छापा मारा है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सरई समेत अन्य इमारती लकड़ियां बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जब्त लकड़ी की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर और कोरबा वन मंडल के अधिकारी पिछले दो दिनों से लगातार जांच में जुटे हैं।

दो दिनों से चल रही कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार, अभनपुर स्थित हुकुम चंद शर्मा के आरा मिल में पिछले दो दिनों से वन विभाग की संयुक्त टीम जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में लकड़ियों का स्टॉक मिला, जिसकी वैधता और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। वन विभाग की टीम लकड़ियों की नाप-तौल कर जब्ती की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

कोरबा से चोरी-छिपे लाई गई लकड़ी!

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कोरबा जिले में शासकीय भूमि, राजस्व विभाग, एसईसीएल (SECL ) और सीएसईबी (CSEB) क्षेत्र से काटी गई लकड़ियां चोरी-छिपे अभनपुर के इस आरा मिल तक पहुंचाई गई थीं। हालांकि इस संबंध में वन विभाग की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है और जांच जारी है।

जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, एक ही लाइसेंस पर चार अलग-अलग आरा मिलों का संचालन किया जा रहा था। इस मामले में वन विभाग दस्तावेजों की गहन जांच कर रहा है। अनियमितताएं मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

आरा मिल किया गया सील

वन विभाग ने कार्रवाई के दौरान हुकुम चंद शर्मा के आरा मिल को सील कर दिया है। मौके पर जब्त की गई लकड़ियों की गिनती, नाप-तौल और मूल्यांकन का कार्य जारी है।

करोड़ों के अवैध कारोबार की जांच

जब्त लकड़ियों की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस पूरे मामले में रायपुर और कोरबा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि लकड़ियों की आपूर्ति में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

अभनपुर के सोनेसिली में स्कूल भवन नहीं, जर्जर कमरों में पढ़ने को मजबूर बच्चे; पालकों और ग्रामीणों ने की तालाबंदी, मूकदर्शक बने शिक्षक

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- एक ओर सरकार सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनेसिली की तस्वीर इन दावों पर खोखला साबित कर रही है। गांव में वर्षों बाद भी स्थायी स्कूल भवन का निर्माण नहीं हो सका है। जर्जर भवन और कक्षाओं की भारी कमी के बीच बच्चों को जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।

इसी समस्या से नाराज पालकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। उन्होंने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर जोरदार प्रदर्शन किया और ‘‘नया स्कूल भवन दो’’ के नारे लगाए।

बरसात में खतरा, गर्मी में परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय एक ही परिसर में दो पालियों में संचालित हो रहे हैं। दोनों भवन बेहद जर्जर हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लगातार बारिश से भवनों की हालत और खराब हो गई है। वर्तमान में विद्यार्थियों की संख्या के मुकाबले पर्याप्त कक्षाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे बच्चे दो अतिरिक्त कमरों में किसी तरह पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

कई बार ज्ञापन, लेकिन नहीं मिली राहत

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल भवन निर्माण की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। वर्षों से केवल आश्वासन मिल रहे हैं, जबकि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा दोनों खतरे में हैं।

प्रदर्शन के दौरान शिक्षक स्कूल परिसर के बाहर मूकदर्शक बने रहे। हाथों में तख्तियां लिए ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जब तक नए भवन की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

ग्रामीणों की दो टूक चेतावनी

ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की जान जोखिम में डालकर पढ़ाई नहीं कराई जा सकती। यदि जल्द नया स्कूल भवन स्वीकृत नहीं हुआ और निर्माण शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

अभनपुर: ग्राम बेंद्री में बोरी में मिली युवक की लाश, सिर कुचलकर हत्या की आशंका

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- रायपुर जिले के ग्राम बेंद्री में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामला राखी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने नहर के पास स्थित खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना राखी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव के पास हत्या में इस्तेमाल किया गया एक बड़ा पत्थर भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है।

पुलिस का मानना है कि अज्ञात आरोपियों ने पहले युवक की हत्या की और बाद में शव को नहर किनारे खेत में लाकर फेंक दिया। हालांकि, हत्या किन परिस्थितियों में और किस कारण से की गई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है।

राखी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।

अभनपुर में दो अलग-अलग गांवों में फंदे से लटके मिले महिला और पुरुष के शव, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग गांवों में महिला और पुरूष का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। एक मामले में 59 वर्षीय व्यक्ति ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि दूसरे मामले में एक महिला ने रसोईघर में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

बकतरा में कमरे में लटका मिला ग्रामीण

मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्राम बकतरा निवासी भूषण साहू (59 वर्ष) ने अपने घर के कमरे में पंखे से स्कार्फ का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उन्हें फंदे पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आमनेर में महिला ने किचन में लगाई फांसी

वहीं दूसरी घटना ग्राम आमनेर में सामने आई, जहां भगवती कोसले पति राजकुमार कोसले ने अपने घर के किचन में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। परिजनों ने जब उन्हें आवाज दी और कोई जवाब नहीं मिला तो अंदर जाकर देखा। महिला फंदे पर लटकी हुई मिली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

दोनों घटनाओं में आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया। एक ही दिन अभनपुर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

विवाहित महिला को भेजे अश्लील और धमकी मैसेज, केस वापस लेने बनाया दबाव, जानिए पूरा मामला

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के मामले में न्यायालय में चल रहे विवाद के बीच एक विवाहिता को व्हाट्सएप पर अश्लील संदेश भेजकर धमकाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर अभनपुर थाना पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दहेज प्रताड़ना केस वापस लेने का दबाव

जानकारी के अनुसार, अभनपुर की रहने वाली पीड़िता थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने बताया कि उनकी शादी 16 मई 2019 को सामाजिक रीति-रिवाज से सुनील साहू निवासी ग्राम भखारा के साथ हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद से पति एवं ससुराल पक्ष के लोग कथित रूप से दहेज की मांग को लेकर उन्हें प्रताड़ित करने लगे। लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने अपने पति तथा ससुराल पक्ष के खिलाफ घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया, जिसकी सुनवाई वर्तमान में कुरूद न्यायालय में चल रही है।

शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 से वह अपने मायके अभनपुर में रह रही हैं। इसी बीच 19 जून 2026 को उनके मोबाइल पर दो अज्ञात नंबरों से व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजे गए। साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें धमकाया गया। पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने मैसेज भेजने वाले की पहचान पूछी तो सामने वाले ने अपना नाम पायल साहू बताया। चूंकि उनके पति, सास, ससुर और ननदों के खिलाफ पहले से न्यायालय में मामला लंबित है, इसलिए उन्हें आशंका है कि यह संदेश उनकी ननद द्वारा ही भेजे गए हैं।

FIR दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर अभनपुर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल (CDR) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संदेश भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।