CGTalkies

CGTalkies News

अभनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग समेत तीन बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर पुलिस को बाइक चोरी के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच दुपहिया वाहन बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरी की वारदातों का खुलासा किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शनिवार बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। बरामद पांच मोटरसाइकिलों में से चार अभनपुर के शनिवार बाजार से तथा एक बाइक राखी थाना क्षेत्र के ग्राम तर्रा से चोरी की गई थी। सभी आरोपी अभनपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

मामले का खुलासा नवा रायपुर सीएसपी तुलसी राम लेकाम ने किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों आकाश और संदीप से पूछताछ के दौरान चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरोह ने जिले के अन्य थाना क्षेत्रों या आसपास के इलाकों में भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही चोरी के अन्य मामलों से भी आरोपियों के संबंधों की जांच जारी है।

अभनपुर में किशोरी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सकरी में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 17 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान देविका (17 वर्ष) के रूप में हुई है। आत्महत्या का कारण अज्ञात है। घटना की सूचना मिलने पर अभनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल किशोरी द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। अभनपुर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

न्याय संहिता अभियान: अभनपुर पुलिस ने विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा और महिला अपराधों के प्रति किया जागरूक

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर अभनपुर पुलिस ने न्याय संहिता अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यह कार्यक्रम श्री बजरंग दास शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अभनपुर में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती जानकी साहू सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे। थाना अभनपुर की ओर से उप निरीक्षक दीपक कुमार साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक विमल खरे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कौशिल्या गोंड, आरक्षक मधुसूदन सिन्हा तथा महिला आरक्षक प्रतिमा वर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में जागरूक किया। साथ ही सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पुलिस अधिकारियों ने उन्हें सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, ऑनलाइन ठगी से बचने, कानून का सम्मान करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल कानून की जानकारी देना नहीं, बल्कि युवाओं में जिम्मेदारी, सतर्कता और सामाजिक सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना भी है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया।

अभनपुर में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक 23 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हुलेश यदु (23 वर्ष) पिता देवलाल यदु निवासी ग्राम सातपारा, थाना अभनपुर जिला रायपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिरोदा में अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही अभनपुर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।

खेत में पेड़ से लटका मिला बुजुर्ग का शव, इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में एक बुजुर्ग का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सालिकराम यादव (65 वर्ष) निवासी ग्राम हसदा-2, थाना अभनपुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग ने गांव स्थित अपने खेत में अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

अभनपुर में सुना गया मन की बात का संदेश, महिलाओं सहित बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘‘मन की बात’’ के 135वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण रविवार को अभनपुर के शक्तिकेंद्र क्रमांक-02, बूथ क्रमांक-211, वार्ड क्रमांक-10 में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वार्डवासियों, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुना।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला मंत्री (रायपुर ग्रामीण) संचित तिवारी उपस्थित रहे। उनके साथ मंडल महामंत्री सूरजलाल साहू, शक्तिकेंद्र संयोजक लौटन गिलहरे, सह संयोजक सागर साहू, पार्षद रूपनारायण साहू, पार्षद मीना साहू, वरुण राठी, राजा राय, बूथ अध्यक्ष धनेश्वर साहू, बूथ अध्यक्ष सागर बारले, रामचरण चक्रधारी, बूथ अध्यक्ष देवनारायण साहू, रामा साहू, आकाश साहू, लाला भैया, दिनेश साहू तथा सुयश गिरेपुंजे सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मन की बात कार्यक्रम Abhanpur

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा कार्यक्रम में उठाए गए विभिन्न सामाजिक, राष्ट्रीय और जनभागीदारी से जुड़े विषयों पर चर्चा भी की। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि वार्ड की माता-बहनों एवं महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल और प्रभावी बनाया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

रायपुर-अभनपुर मुख्य मार्ग पर बस ने युवक को रौंदा; बस के अगले हिस्से में फंसा शव और बाइक!, क्रेन की मदद से निकाला गया क्षत-विक्षत शव

(सीजी टॉकीज) अभनपुर:- शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। धमतरी से रायपुर की ओर आ रही कांकेर ट्रेवल्स की एक बेकाबू बस ने ओवरब्रिज के पास मोटर साइकिल सवार एक युवक को इस कदर रौंदा कि देखने वालों की रूह कांप गई। टक्कर इतनी भयावह और भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद का खौफनाक मंजर देखकर हाईवे पर मौजूद लोगों के कलेजे मुंह को आ गए।

बस का अगला हिस्सा में फंस गई बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रफ्तार का कहर ऐसा था कि टक्कर मारते ही बाइक और युवक का शरीर बस के अगले हिस्से में भीतर तक फंस गई। बस युवक को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गई। दुर्घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। बस के अगले हिस्से में लोहे और मांस के लोथड़ों के बीच फंसी लाश और मोटर साइकिल को बाहर निकालने में पुलिस के पसीने छूट गए। भारी मशक्कत और क्रेन-औजारों की मदद से क्षत-विक्षत शव को बाहर निकाला जा सका।

मृतक की हुई पहचान

जांच में मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर युवक की शिनाख्त शिवकुमार बारले के रूप में की गई है। मृतक धमतरी जिले के ग्राम कोड़ापार का रहने वाला था। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद ड्राइवर फरार, पुलिस ने बस को किया जब्त

घटना के बाद बस का चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर रफूचक्कर हो गया। अभनपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित लग्जरी बस को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवा दिया है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है और पुलिस ने पूरे मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

भाजयुमो अभनपुर मंडल की नई कार्यकारिणी घोषित, नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) अभनपुर मंडल की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई। यह घोषणा भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम नारंग के मार्गदर्शन, भाजयुमो जिला अध्यक्ष पिंटू साहू के निर्देश तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष भरत बैंस की सहमति से भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सागर साहू द्वारा की गई।

नई कार्यकारिणी की घोषणा के अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ युवाओं को पार्टी से जोड़ने और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को सक्रियता से सफल बनाने का संकल्प लिया।

पीएम स्वनिधि महोत्सव: स्वरोजगार से बदली जिंदगी, नगर पालिका अभनपुर ने हितग्राहियों का किया सम्मान

अभनपुर। नगर पालिका परिषद अभनपुर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योजना के तहत लाभान्वित पथ विक्रेताओं को सम्मानित करने के साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक अधिकारियों एवं नगर पालिका कर्मचारियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

समय पर ऋण चुकाने वाले पथ विक्रेताओं हुए सम्मानित

नगर पालिका द्वारा विभिन्न वार्डों में पहुंचकर पथ विक्रेताओं से आवेदन प्राप्त किए गए तथा पात्र हितग्राहियों को बैंकों के माध्यम से योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में उन हितग्राहियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने बैंक से प्राप्त ऋण की किश्तों का नियमित भुगतान कर प्रथम ऋण के बाद द्वितीय एवं तृतीय ऋण का लाभ उठाया और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाकर आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार किया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए श्रीमती अन्नु सोनी (सहायक ग्रेड-02), श्रीमती संजू सिन्हा तथा सीआरपी को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं क्षेत्रीय बैंक अधिकारियों को समय पर ऋण वितरण में सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं के सामने आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था। ऐसे कठिन समय में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने लाखों छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल प्रदान किया। योजना के तहत प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया गया, जिससे अनेक परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष उत्रसेन गाहिरवारे, उपाध्यक्ष बलविंदर गांधी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी निलेश केरकेट्टा, पार्षद मीना साहू, चंपा लेदेकर, दिक्षा राठी, डोमेंद्र साहू एवं बीरबल टंडन सहित क्षेत्रीय बैंक अधिकारी, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

अभनपुर में चाकू की नोक महिला से दुष्कर्म, पड़ोसी युवक गिरफ्तार, अकेली पाकर बिगड़ी नीयत

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी भास्कर जना (23 वर्ष) और पीड़िता का परिवार मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है तथा दोनों परिवार अभनपुर क्षेत्र के गांव में एक ही मकान के अलग-अलग हिस्सों में किराये से रहते हैं। दोनों परिवार स्थानीय आकृति बिस्किट फैक्ट्री में कार्यरत हैं।

बताया गया कि 18 जून 2026 को आरोपी नियमित रूप से फैक्ट्री गया था, लेकिन दोपहर में मौका देखकर घर लौट आया। घर में महिला के अकेले होने की जानकारी आरोपी को थी। आरोप है कि आरोपी ने महिला के घर पहुंचकर उससे प्रेम का इजहार किया और जबरन कमरे में प्रवेश कर दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर डराया-धमकाया तथा उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। आरोपी ने कथित तौर पर महिला के फोटो और वीडियो भी बना लिए।

घटना के बाद आरोपी ने महिला को धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना की जानकारी दी तो वह उसे और उसके पति को जान से मार देगा। बाद में महिला ने अपने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पति, आरोपी की पत्नी और मकान मालकिन घर पहुंचे तथा आरोपी से पूछताछ की। इस दौरान आरोपी कथित रूप से चाकू लेकर उन पर हमला करने दौड़ा। मकान मालकिन ने साहस दिखाते हुए डंडे से वार कर आरोपी को रोक लिया। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर प्राथमिक उपचार कराया। पीड़िता की शिकायत पर थाना अभनपुर में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 351(2) एवं 333 के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़िता, उसके पति तथा मकान मालकिन के बयान दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।