CGTalkies

CGTalkies News

रिश्वत लेते GST अधिकारी समेत दो गिरफ्तार, घर पर संपत्ति की जांच शुरू

(सीजी टॉकिज) :- छत्तीसगढ़ के कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जगदलपुर ने रिश्वतखोरी के मामले में स्टेट GST विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा है। मामले में मध्यस्थ इमरान मेमन की संलिप्तता भी सामने आई है।

एसीबी के अनुसार, कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने शिकायत की थी कि ळैज् विभाग में पदस्थ सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने ई-वे बिल के संबंध में उसका वाहन रोके जाने के बाद वाहन रिलीज कराने और प्रकरण में राहत देने के बदले रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि अधिकारी द्वारा इस काम के लिए 1.50 लाख रुपये मांगे जा रहे थे। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।

शिकायत सही मिली, फिर बिछाया गया ट्रैप

शिकायत का सत्यापन एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा कराया गया। रिश्वत मांगने से संबंधित तथ्य सही पाए जाने के बाद ACB की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। 21 नवंबर को कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त अंचला गिरी को उनके निवास पर 1,50,000 रुपये की रिश्वत राशि के साथ पकड़ लिया गया। एसीबी के मुताबिक, रिश्वत की रकम मध्यस्थ इमरान मेमन के माध्यम से प्राप्त की गई थी।

इस मामले में इमरान मेमन पिता इदरीश मेमन (30 वर्ष) निवासी संजयनगर कांकेर की मध्यस्थ के रूप में संलिप्तता सामने आई है। एसीबी दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

रिश्वत के बाद घर पर आय से अधिक संपत्ति की जांच

ट्रैप कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने आरोपी अधिकारी अंचला गिरी के निवास पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में तलाशी अभियान शुरू किया है। रेड के दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी नियमानुसार जांच जारी है। फिलहाल एसीबी की विवेचना जारी है और तलाशी में सामने आने वाले दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *