CGTalkies

CGTalkies News

गरियाबंद में तेज रफ्तार कार ने कॉलेज से लौट रही 3 छात्राओं को कुचला, CCTV में कैद हादसा

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- जिले में कॉलेज से पैदल घर लौट रही तीन छात्राओं को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों छात्राएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। इनमें एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

छात्राओं को पीछे से कार ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर के समय गरियाबंद सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुराने एसपी कार्यालय के सामने हुई। कॉलेज में छुट्टी होने के बाद तीन छात्राएं पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान छात्राओं को पीछे से आ रही कार ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद तीनों छात्राएं सड़क पर गिर पड़ीं और घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

एक छात्रा गंभीर, रायपुर रेफर

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल छात्राओं को जिला अस्पताल गरियाबंद पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया। एक छात्रा को गंभीर चोटें आने के कारण बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रायपुर रेफर किया गया, जबकि अन्य घायल छात्राओं का उपचार जिला अस्पताल में किया गया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल कार का चालक रायपुर निवासी है। घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार सहित चालक को अपने हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *