CGTalkies

CGTalkies News

विधायक रोहित साहू ने ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पर की पुल निर्माण की घोषणा, विकास कार्यों को लेकर गांव में दिखा उत्साह; सैकड़ों ग्रामीणों ने किया भाजपा प्रवेश

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- क्षेत्र के ग्राम पंचायत चैतरा अंतर्गत ग्राम रवेली में सामुदायिक भवन एवं टीन शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए विधायक ने गांव के नाला पर लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कराने की घोषणा की। घोषणा के बाद ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में विकास कार्यों की घोषणाओं और भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों का अतिथियों ने स्वागत किया।

बारिश में आवागमन की समस्या होगी दूर

ग्राम रवेली के ग्रामीणों के लिए नाला पार करना लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ था। विशेषकर बारिश के दिनों में आवागमन चुनौतीपूर्ण हो जाता था। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक रोहित साहू के सामने नाला पर पुल निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण की घोषणा की।

इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि रवेली गांव के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जा रहा है। सामुदायिक भवन और टीन शेड से ग्रामीणों को सामाजिक आयोजनों और दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी। नाला पर पुल बनने से किसी भी मौसम में आवागमन बाधित नहीं होगा। गांव की अन्य मूलभूत आवश्यकताओं को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है।

सैकड़ों ग्रामीणों ने थामा भाजपा का दामन

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने वाले लोगों का स्वागत करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जताकर संगठन से जुड़ने वाले सभी लोगों का स्वागत है। उन्होंने सभी को जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने कहा कि किसी भी गांव की तरक्की जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से संभव होती है। रवेली में टीन शेड और सामुदायिक भवन का कार्य तथा नाला पुल निर्माण की घोषणा क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने का उदाहरण है। पुल बनने से ग्रामीणों की पुरानी समस्या का समाधान होगा।

जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों को बताया प्राथमिकता

जनपद अध्यक्ष इंद्राणी साहू ने कहा कि भाजपा की रीति-नीति अंत्योदय और जनसेवा पर आधारित है। रवेली में विकास कार्यों की गति बताती है कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने भाजपा में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का अभिनंदन किया।

जिला पंचायत सभापति नंदनी ओमकार साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का मजबूत होना बेहद जरूरी है। सामुदायिक भवन और टीन शेड बनने से गांव की सामाजिक गतिविधियों को बेहतर मंच मिलेगा। वहीं नाला पर पुल बनने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित सभी ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, रामूराम साहू, राजू साहू, भुवन साहू, श्रीराम साहू, कुंजन लाल साहू, जागेश्वर साहू, भुवनेश्वर साहू, संतोषी श्रीवास्तव, लक्ष्मी श्रीवास्तव, सुखदेव साहू, मकसूदन साहू, सरपंच गनेशिया रवि साहू, मोती निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *