CGTalkies

CGTalkies News

छुरा में मितानिन दिवस: विधायक रोहित साहू ने साड़ी भेंटकर किया मितानिन बहनों का सम्मान

(सीजी टॉकिज) छुरा :- ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने और गांव-गांव तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाली मितानिन बहनों के सम्मान में नगर के शीतला मंदिर प्रांगण में स्वस्थ पंचायत सम्मेलन एवं मितानिन दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र की मितानिन बहनों को साड़ी भेंटकर सम्मानित किया और उनके सेवा, समर्पण एवं परिश्रम की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने की। समारोह में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश साहू, जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, आशीष शर्मा, जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद, जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा एवं शिवांगी चतुर्वेदी, छुरा भाजपा मंडल अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, खड़मा भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, जनपद उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी, जनपद सदस्य पंकज निर्मलकर एवं दुलारी साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं मितानिनें

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण अंचलों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने वाली मितानिन बहनों को साड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन के माध्यम से स्वस्थ, स्वच्छ और जागरूक पंचायतों के निर्माण के साथ आम लोगों तक समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। धूप, बारिश और हर मौसम की परवाह किए बिना वे गांव के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाएं और जागरूकता पहुंचाने का काम करती हैं। जब हर पंचायत स्वस्थ और जागरूक होगी, तभी क्षेत्र और प्रदेश का समग्र विकास संभव है। मितानिन बहनों का सम्मान उनके त्याग, परिश्रम और सेवा भावना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।

अनिल चंद्राकर बोले- मितानिन बहनें समाज के लिए प्रेरणास्रोत

भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि सेवा और समर्पण की जीवंत मिसाल मितानिन बहनें समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कठिन परिस्थितियों और संकट के समय भी उन्होंने जिस निष्ठा से लोगों की सेवा की है, वह सराहनीय है। स्वस्थ पंचायत की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य अमला और ग्रामवासी मिलकर काम करेंगे। ऐसे सम्मान समारोह मितानिन बहनों और सेवा भाव से जुड़े कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हैं। कार्यक्रम को जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा, शिवांगी चतुर्वेदी, जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर केशरी ध्रुव, थानसिंग निषाद, रामलाल कुलदीप, गोविन्द तिवारी, ओमप्रकाश साहू, कामनी यादव, दिशांक चंद्राकर, तुलाराम साहू, गरिमा ध्रुव, गणेश यादव, इमरान मेमन, पुरुषोत्तम गोस्वामी, भवानी शंकर, वेदिका वासनिक, संतोषी साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *