CGTalkies

CGTalkies News

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार का भीषण हादसा, हाथ में फ्रैक्चर; AIIMS में भर्ती

(सीजी टॉकिज) रायपुर :- छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भाजपा की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार खरोरा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वे बलौदाबाजार में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौट रही थीं। हादसे में सांसद के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि उनके बेटे, गनमैन और कार चालक को भी चोटें आई हैं। सांसद को उपचार के लिए रायपुर AIIMS में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को सांसद लक्ष्मी वर्मा की गाड़ी खरोरा के पास हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि कार में सांसद समेत चार लोग सवार थे। दुर्घटना में उनके ड्राइवर के सीने और हाथ में भी चोट आई है। वहीं अन्य घायलों को खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि सांसद की कार दुर्घटना से कुछ समय पहले इसी मार्ग पर एक अन्य सड़क हादसा भी हुआ था, जिसमें रायपुर से खरोरा जा रही कार और खरोरा से रायपुर की ओर आ रहे ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई थी। इस हादसे में भी कई लोगों के घायल होने की सूचना है।

दोनों दुर्घटनाओं की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हादसों के कारणों की जांच कर रही है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

मुख्यमंत्री ने जताई चिंता, शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के सड़क हादसे में घायल होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से सांसद के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रभु श्रीराम से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी हादसे में घायल सांसद सहित अन्य लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *