CGTalkies

CGTalkies News

सड़क पर तलवार लहराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, दो धारदार हथियार जब्त

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- सार्वजनिक सड़कों पर हाथों में तलवार लेकर दहशत फैलाने वाले दो युवकों पर गरियाबंद पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। जिले में अलग-अलग स्थानों पर तलवार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो लोहे की धारदार तलवारें भी बरामद की गई हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

राहगीरों को डरा रहा था युवक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को देवभोग थाना पुलिस की टीम टाउन पेट्रोलिंग और अपराधों की पतासाजी के लिए निकली हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गुड़भेली निवासी रूपेश यादव देवभोग मंडी के पास मुख्य सड़क पर हाथ में लोहे की धारदार तलवार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवार जब्त की गई।

तलवार लेकर फैला रहा था दहशत

इसी दिन पुलिस को दूसरी सूचना मिली कि ग्राम झाराबहाल पुलिया के पास मुख्य सड़क पर ग्राम गोलामाल निवासी रिंकु उर्फ ओंकार सोनवानी हाथ में धारदार तलवार लहराकर आने-जाने वाले लोगों में भय का माहौल बना रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को दबोच लिया। उसके कब्जे से भी एक लोहे की धारदार तलवार बरामद की गई।

दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

देवभोग पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक धारदार तलवार जब्त की है। उनके खिलाफ थाना देवभोग में धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

1. रूपेश यादव (22 वर्ष) पिता मंगल सिंह यादव, निवासी ग्राम गुड़भेली, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद।
2. रिंकु उर्फ ओंकार सोनवानी (31 वर्ष) पिता लछिन्दर सोनवानी, निवासी ग्राम गोलामाल, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *