CGTalkies

CGTalkies News

मंदिर के पास लावारिस मिला 10 दिन का नवजात, डायल-112 की तत्परता से बची जान; सुरक्षित अस्पताल में कराया भर्ती

(सीजी टॉकिज) रायपुर :- रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। मोनेट रोड स्थित चिरकुतहीन माता मंदिर के पास करीब 10 दिन का एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मासूम को वहां छोड़कर चले जाने की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बिना देर किए नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की इस तत्परता और मानवीय पहल से मासूम को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।

सूचना मिलते ही तुरंत दौड़ी डायल-112 टीम

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को सुबह करीब 6.37 बजे डायल-112 पुलिस टीम को सूचना मिली कि थाना मंदिर हसौद क्षेत्र के मोनेट रोड स्थित चिरकुतहीन माता मंदिर के पास एक नवजात शिशु लावारिस अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पुलिसकर्मियों को लगभग 10 दिन का नवजात शिशु वहां लावारिस हालत में पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा शिशु को वहां छोड़ दिया गया था।

पुलिस ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल

नवजात की गंभीर स्थिति और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। मासूम को अपने वाहन में सुरक्षित रखकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मंदिर हसौद पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद नवजात को शिशु वार्ड में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसकी आवश्यक देखभाल की जा रही है। पुलिस ने नवजात के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग को भी आवश्यक सूचना दे दी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस मानवीय कार्यवाही में मंदिर हसौद टाइगर वन के पुलिसकर्मी आर. राजेश यादव एवं चालक टिकेंद्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों ने सूचना मिलते ही तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर नवजात को सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब अज्ञात व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने नवजात को मंदिर के पास लावारिस अवस्था में छोड़ा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के अलावा अन्य जानकारी जुटाई जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नवजात की सुरक्षा और उचित देखभाल के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *