(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र के ग्राम मोहतरा स्थित डेम में एक महिला की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान ग्राम खरखरा निवासी शांति बाई पति स्व. घुरवा कमार उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के रूप में की गई है, जो पिछले 15 अगस्त से लापता थी।
जानकारी के अनुसार, शांति बाई 15 अगस्त 2026 से घर से बिना बताए लापता थीं। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मोहतरा डेम में एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस तक पहुंची। शव कई दिनों पुराना होने के कारण काफी सड़-गल गया था। शव मिलने की सूचना पर पांडुका पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
भतीजे ने की शव की पहचान
महिला की शिनाख्त के लिए पाण्डुका पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ और पतासाजी शुरू की। इसी दौरान ग्राम खरखरा निवासी अहमद कमार पिता सुकुल राम कमार (40 वर्ष) मौके पर पहुंचा और शव की पहचान अपनी चाची शांति बाई के रूप में की। पुलिस के अनुसार, अहमद ने बताया कि शांति बाई 15 अगस्त से घर से लापता थीं और परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे।
फॉरेंसिक जांच से मिलेगा सुराग
बताया जा रहा है कि महिला का शव कई दिनों पुराना है और पानी में रहने के कारण उसकी हालत काफी खराब हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा आवश्यक जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम की मदद से भी मामले की जांच की जा रही है। वहीं, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पांच दिन तक शव पड़े रहने की चर्चा
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कुछ लोगों ने करीब पांच दिन पहले डेम में महिला का शव देखे जाने की बात कही थी, लेकिन तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी गई। बाद में मामला चर्चा में आया और पुलिस तक सूचना पहुंची। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पाण्डुका पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और महिला की मौत से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।












Leave a Reply