CGTalkies

CGTalkies News

गरियाबंद में बड़ा हादसा: सुशासन तिहार शिविर में गिरा विशाल पीपल का पेड़, कार्यक्रम स्थल पर मची चीख-पुकार, 7 लोग दबे; कलेक्टर ने तत्काल शिविर किया स्थगित

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले के खरहरी में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल के पास मौजूद एक विशालकाय पीपल का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में 2 बच्चों समेत कुल 7 लोग घायल हो गए, जबकि एक छोटा हाथी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के मुताबिक, सुशासन तिहार शिविर की तैयारियां चल रही थीं। कुछ लोग कार्यक्रम देखने और टेंट व्यवस्था के दौरान पेड़ पर चढ़े हुए थे, वहीं नीचे खाना बनाने और अन्य इंतजाम का काम जारी था। इसी दौरान अचानक वर्षों पुराना विशाल पीपल का पेड़ जड़ समेत गिर पड़ा और कई लोग उसकी चपेट में आ गए।

टेंट कर्मी और बच्चे दबे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पेड़ गिरते ही कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। टेंट लगाने वाले कर्मचारी, खाना बना रहे लोग और आसपास मौजूद बच्चे इसकी चपेट में आ गए। हादसे में कई लोगों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ को फ्रैक्चर बताया जा रहा है। घटना के समय जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। हादसे के तुरंत बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

बड़ा हादसा टला

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पेड़ एक घंटे बाद गिरता, तब तक कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट चुकी होती और हादसा भयावह रूप ले सकता था। इस बात को लेकर मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए।

कलेक्टर ने दिखाई संवेदनशीलता, तुरंत स्थगित किया कार्यक्रम

घटना के बाद जिला कलेक्टर ने तत्काल सुशासन तिहार शिविर कार्यक्रम को स्थगित करने के निर्देश दिए। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों का रेस्क्यू कर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है। चिकित्सक डॉ. हरीश चौहान ने बताया कि कुछ घायलों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर है, जबकि दो घायलों की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें कलेक्टर की मौजूदगी में रेफर किया गया।

मैनपुर दौरा रद्द कर अस्पताल पहुंचे कलेक्टर-एसपी

हादसे की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर और एसपी ने अपना मैनपुर दौरा रद्द कर दिया और सीधे जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। काफी देर तक अधिकारी डॉक्टरों से इलाज की स्थिति पर चर्चा करते रहे। हादसे के बाद प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। पेड़ गिरने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।

होटल में घुसकर महिला की गर्दन पर ब्लेड से हमला, मौके पर मौत… पति और बेटे भी घायल

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक आरोपी ने होटल में घुसकर महिला समेत पूरे परिवार पर धारदार ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। खौफनाक वारदात में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

मृतका की पहचान ग्राम दीवानमुड़ा निवासी 45 वर्षीय छबिता यादव के रूप में हुई है, जो गांव में चाय-नाश्ते की टपरी संचालित करती थी। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह आरोपी देवी सिंह यादव नाश्ता करने होटल पहुंचा था। इसी दौरान नाश्ते के पैसे मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने अचानक ब्लेड निकालकर छबिता यादव की गर्दन पकड़ ली और ताबड़तोड़ वार कर दिया। महिला खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ी। घटना इतनी तेजी से हुई कि वहां मौजूद पति पूरित राम यादव और दोनों बेटे कुछ समझ ही नहीं पाए। जब परिवार ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में पति पूरित राम यादव के पेट और बेटे हेमंत यादव की गर्दन पर चोट आई। होटल के भीतर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल परिवार को तत्काल देवभोग अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर प्रकाश साहू ने जांच के बाद छबिता यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल पिता-पुत्र का उपचार जारी है।

उड़ीसा भागने की फिराक में था आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी फैजुल शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी देवी सिंह यादव (35 वर्ष), पिता गुणधर यादव निवासी दीवानमुड़ा को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात के बाद उड़ीसा भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर हत्या सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।

रेत माफियाओं पर खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई: 1 मशीन समेत 28 वाहन जब्त

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान विभाग ने 1 एक्सकवेटर मशीन सहित 28 वाहनों को जब्त कर बड़ी कार्रवाई की है।

मंदिर हसौद में देर रात छापा, 20 वाहन पकड़े

खनिज विभाग की टीम ने मंदिर हसौद और खरोरा थाना क्षेत्र में दबिश देकर अवैध खनिज परिवहन का बड़ा खुलासा किया। छापेमारी के दौरान 01 एक्सकवेटर मशीन, 02 कोयला लदे वाहन, 08 रेत से भरे वाहन, 03 मुरूम लदे वाहन और 06 चूनापत्थर परिवहन करते वाहन समेत कुल 20 वाहनों को जब्त किया गया।

जांच में सामने आया कि सभी वाहन बिना वैध अनुमति के खनिजों का उत्खनन और परिवहन कर रहे थे। खनिज अधिनियम 1957 के तहत कार्रवाई करते हुए विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सुबह 4 बजे से अभनपुर में चला सर्च ऑपरेशन

इधर अभनपुर क्षेत्र में भी खनिज विभाग ने तड़के सुबह 4 बजे से सघन चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 8 हाइवा वाहन अवैध खनिज परिवहन करते पकड़े गए। इनमें 5 हाइवा रेत, 2 हाइवा मुरूम और 1 हाइवा गिट्टी परिवहन करते पाए गए। सभी वाहनों को जब्त कर उपरवारा चौकी के सुपुर्द कर दिया गया।

रेत माफियाओं पर प्रशासन सख्त

कार्रवाई में जिला खनिज अधिकारी उमेश भार्गव, उप संचालक राजेश मालवे, खनिज निरीक्षक प्रवीण नेताम, प्रीति सिन्हा सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
उप संचालक राजेश मालवे ने बताया कि अवैध उत्खनन की सूचना मिलते ही विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर दबिश दी। जब्त वाहनों पर नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर के सख्त निर्देश, लगातार होगी कार्रवाई

रायपुर कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने सभी एसडीएम और खनिज अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जाए और सूचना मिलते ही तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में भारी बेचौनी देखी जा रही है।

 

आकाशवाणी के 90 वर्षों की गौरवगाथा पर सजा “स्वरोत्सव”, सुरों की महफिल में झूमे संगीत प्रेमी

(सीजी टॉकिज) :- आकाशवाणी के 90 वर्षों की शिक्षा, सूचना और मनोरंजन से जुड़ी गौरवमयी यात्रा के उपलक्ष्य में आकाशवाणी रायपुर द्वारा “स्वरोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। विमतारा ऑडिटोरियम में आयोजित इस संगीतमय कार्यक्रम में उपशास्त्रीय और सुगम संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत ख्यातिप्राप्त कलाकार श्वेता शिवाले की प्रस्तुति से हुई। उन्होंने ठुमरी, दादरा, मिर्जापुरी कजरी, सावनी नग्मा और गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। “आन मिलो सजना” ठुमरी और “सेजिया पर लोटे काला नाग” मिर्जापुरी कजरी की प्रस्तुति पर संगीत रसिक झूम उठे और पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी।

इसके बाद पद्मश्री मदन चौहान ने सुगम संगीत, कबीर भजन, गजल और सूफियाना कलाम प्रस्तुत कर ऐसा समां बांधा कि दर्शक आत्मविभोर हो गए। उनकी मधुर आवाज और भावपूर्ण प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर आकाशवाणी रायपुर के उप महानिदेशक एवं क्लस्टर प्रमुख वी. राजेश्वर ने उपस्थित दर्शकों का स्वागत करते हुए कहा कि आकाशवाणी ने स्वतंत्रता पूर्व से लेकर आज तक समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में भी आकाशवाणी “बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय” के सिद्धांत पर अपने प्रसारण को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।

वहीं आकाशवाणी रायपुर के कार्यक्रम प्रमुख एवं सहायक निदेशक (कार्यक्रम) पंकज मेश्राम ने श्रोताओं और कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रोता और कलाकार ही आकाशवाणी की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि “स्वरोत्सव” जैसे आयोजनों का उद्देश्य श्रोताओं को उनकी पसंद के संगीत से सीधे जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान संगीत प्रेमियों में उत्साह का माहौल बना रहा और “स्वरोत्सव” की यह संगीतमयी शाम लंबे समय तक लोगों की यादों में बनी रहेगी।

नवापारा में तटबंध निर्माण में दर्दनाक हादसा: 16 वर्षीय नाबालिग मौत, ठेकेदार और एजेंसी पर लापरवाही का आरोप

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के नवापारा थाना क्षेत्र में महानदी किनारे चल रहे तटबंध निर्माण कार्य के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार और एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला ग्राम कोलियारी और पारागांव के बीच का है। मृतक की पहचान हर्ष साहू (16 वर्ष) निवासी ग्राम खुरसेंगा, थाना कुरूद जिला धमतरी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, हर्ष तटबंध निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। शुक्रवार सुबह काम के दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी में काम करते समय उसे चक्कर आया और वह मौके पर ही गिर पड़ा। साथी मजदूर उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर गोबरा नवापारा रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोर की मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि करोड़ों रुपये के निर्माण कार्य में आखिर एक नाबालिग मजदूर कैसे काम कर रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का भारी अभाव था। ग्रामीणों के मुताबिक, मजदूरों के लिए न तो पर्याप्त पीने के पानी की व्यवस्था थी, न प्राथमिक उपचार की सुविधा और न ही सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे।

आरोप है कि काम जल्दी पूरा करने के दबाव में मजदूरों को भीषण गर्मी में लगातार काम कराया जा रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। फिलहाल गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

चौबेबांधा स्थित पैरी नदी में अवैध रेत उत्खनन: खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग ने मारा छापा, चैन माउंटेन मशीन जब्त

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर बीएस उइके के निर्देश पर राजिम तहसील अंतर्गत ग्राम चौबेबांधा स्थित पैरी नदी क्षेत्र में खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेन मशीन जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, पैरी नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत के बाद 20 मई 2026 को संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई। जांच के दौरान नदी क्षेत्र में अवैध उत्खनन करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन पाई गई। संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीन को जब्त कर लिया। जब्त वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से थाना पांडुका की अभिरक्षा में रखा गया है।

प्रशासन ने बताया कि अवैध उत्खनन में शामिल वाहन संचालकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए टास्क फोर्स समिति लगातार निगरानी रख रही है और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नवापारा में अस्पताल के बाहर खड़ी बाइक की चोरी, एक महीने बाद आरोपी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) :- नवापारा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली है। आरोपी चोरी की बाइक को छिपाकर रखता था और बीच-बीच में उसका इस्तेमाल भी कर रहा था।

जानकारी के अनुसार ग्राम परसट्ठी निवासी योगेश्वर साहू (27 वर्ष) ने नवापारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें प्रार्थी ने बताया कि वह 21 अप्रैल 2026 की रात करीब 8.30 बजे अपने पिता का इलाज कराने संजीवनी अस्पताल नवापारा आया था। उसने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एलजी 3920 अस्पताल के सामने खड़ी की थी। इलाज के बाद बाहर निकलने पर बाइक वहां से गायब मिली। किसी अज्ञात चोर ने मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी।

शिकायत के बाद पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान 21 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक यादव नाम का युवक एक संदिग्ध मोटरसाइकिल छिपाकर रखा है और बीच-बीच में उसे चला रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एचएफ डीलक्स बाइक बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जंगली सुअर का शिकार, 2 शिकारी गिरफ्तार, 4 फरार; मौके से पिकअप वाहन और हथियार जब्त

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले के आरक्षित वन क्षेत्र में वन्यप्राणी के अवैध शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने वनगश्त के दौरान 6 शिकारीयों को जंगली सुअर का शिकार करते रंगे हाथों पकड़ लिया। हालांकि मौके का फायदा उठाकर 4 आरोपी फरार हो गए, जबकि 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य वन संरक्षक मणिवासगण एस. के नेतृत्व तथा विकास कुमार चंद्राकर एवं वनमंडलाधिकारी गरियाबंद के निर्देशानुसार 22 मई 2026 को सुबह लगभग 9 बजे परिसर रक्षी बासीन की टीम आरक्षित वन टेका क्रमांक 468 एवं 694 में नियमित गश्त पर निकली थी। इसी दौरान सुरक्षा श्रमिकों के साथ पहुंची टीम ने देखा कि 6 आरोपी अपने पालतू कुत्तों की मदद से एक नर जंगली सुअर को घेरकर उसका शिकार कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि शिकारी कुत्तों ने जंगली सुअर पर बुरी तरह हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वन अमले ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया, जबकि चार आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

मौके से वन विभाग ने मृत जंगली सुअर का शव, शिकार में प्रयुक्त लाठियां तथा छोटा हाथी पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 04 एनएच 0150 जब्त किया। घटनास्थल पर पंचनामा एवं जप्तीनामा तैयार कर पी.ओ.आर. क्रमांक 19346/20 दिनांक 22/05/2026 दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

1. भुनेश्वर देवार पिता रमेश देवार, निवासी तर्रा, तहसील राजिम, थाना पाण्डुका, जिला गरियाबंद
2. कृष्णा देवार पिता भूपेन्द्र देवार, निवासी तर्रा, तहसील राजिम, थाना पाण्डुका, जिला गरियाबंद

दोनों आरोपियों को भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 50, 51 एवं 52 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर गरियाबंद जेल भेज दिया गया है। फरार 4 आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई में वनक्षेत्रपाल फिंगेश्वर बद्रीनाथ ध्रुव, उपवनक्षेत्रपाल नरोत्तम साहू, मनीष कुमार वर्मा, वनरक्षक टोमन लाल साहू तथा सुरक्षा श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शादीशुदा प्रेमी जोड़े ने खाया जहर, महिला की मौत, युवक की हालत गंभीर; अफेयर खुलासा होने के कारण आत्महत्या की आशंका

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचेड़ा में शादीशुदा प्रेमी जोड़े द्वारा जहर सेवन करने का मामला सामने आया है। घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान शारदा भारती (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान शिव कुमार कुर्रे (45 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों शादीशुदा थे और लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों ने गांव के पास जहरीला पदार्थ सेवन किया। हालत बिगड़ने पर आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं पुरुष की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। आशंका है कि संबंधों के खुलासे के बाद दोनों मानसिक तनाव में थे। हालांकि आत्मघाती कदम उठाने की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। मौके पर पहुंची अभनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

भीषण गर्मी में बिजली कटौती से जनता बेहाल, रात में घंटों गुल रहती है बिजली, ग्रामीणों में भारी आक्रोश, कोपरा विद्युत कार्यालय में शराबखोरी के आरोप

कार्यालय परिसर में मिलीं खाली शराब की बोतलें, कचरे के ढेर में फेंके गए इंसुलेटर

(सीजी टॉकिज) :- भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से जहां नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के लोग परेशान हैं, वहीं कोपरा स्थित विद्युत वितरण कार्यालय की बदहाल व्यवस्था ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्यालय परिसर में शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल, प्लास्टिक कचरा और टूटे-फूटे इंसुलेटर पड़े मिलने से लोगों में भारी नाराजगी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारी शाम होते ही शराबखोरी में मस्त हो जाते हैं, जिसका सीधा असर विद्युत व्यवस्था पर पड़ रहा है। रात के समय यदि किसी इलाके की बिजली बंद हो जाए तो शिकायत के बाद भी घंटों तक सप्लाई बहाल नहीं हो पाती। कई बार तो पूरी रात अंधेरे में गुजर जाती है और सुबह तक भी सुधार कार्य पूरा नहीं हो पाता।

भीषण गर्मी में बार-बार बिजली गुल होने से छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। लगातार कटौती के कारण इन्वर्टर भी जवाब देने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दिनों लगातार बाधित बिजली आपूर्ति के चलते किसानों की फसलें भी प्रभावित हुई हैं।

कार्यालय परिसर की तस्वीरें विभाग की लापरवाही की पोल खोल रही हैं। परिसर में जगह-जगह शराब की खाली शीशियां, प्लास्टिक बोतलें, सूखे पत्तों का ढेर और बिजली उपकरण बिखरे पड़े दिखाई दे रहे हैं। सरकारी कार्यालय की ऐसी स्थिति को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार्यालय को “श्मशान और शराबखाना” बना दिया गया है।

सख्त कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कार्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और कर्मचारियों की ड्यूटी के दौरान निगरानी सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

आंधी-तूफान के दौरान ही होती बिजली प्रभावित-JE

इस मामले में कोपरा के जेई रविशंकर पटेल ने कहा कि “आंधी-तूफान के दौरान ही बिजली प्रभावित होती है, बाकी समय सप्लाई सामान्य रहती है।” वहीं कार्यालय परिसर में मिली खाली शराब की बोतलों के संबंध में उन्होंने जानकारी नहीं होने की बात कही।