CGTalkies

CGTalkies News

आरंग रेलवे ट्रैक पर मिला शिक्षक का शव, आत्महत्या की आशंका; देर रात तक ट्रैक पर पड़ा रहा शव

 (सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के आरंग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक सरकारी स्कूल के शिक्षक का शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। घटना की खबर फैलते ही स्टेशन परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आशीष बघेल (41 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अकोली (कला) स्थित शासकीय विद्यालय में शिक्षक थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब 7.30 बजे वे ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

शिक्षक की मौत की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक साथी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

मानसिक तनाव की आशंका

प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक आशीष बघेल पिछले कुछ समय से पारिवारिक कारणों को लेकर तनाव में थे। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर शव पड़े रहने को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात करीब 11.30 बजे रेलवे पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया गया। इस दौरान परिजनों को घंटों इंतजार करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

नवापारा में ‘लल्ला कनेक्शन’ पर गिरी गाज! थाना प्रभारी निलंबित, अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नवापारा में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध शराब कारोबार के बीच शुक्रवार को पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है। अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रहने और कार्रवाई के दौरान संदिग्ध आचरण प्रदर्शित करने के आरोप में गोबरा नवापारा थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिंह द्वारा आदेश जारी किया गया है।

आदेश के अनुसार, गोबरा नवापारा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। थाना प्रभारी को इस पर सख्त नियंत्रण के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध कारोबार जारी रहा। मामला तब और गंभीर हो गया जब 29 मई की देर रात एसीसीयू रायपुर की देहात टीम ने नवापारा के चर्चित अवैध शराब कारोबारी लल्ला सोनवानी के ठिकाने पर दबिश देकर अवैध शराब बिक्री का खुलासा किया।

आरोपी से एकांत में बातचीत ने बढ़ाया संदेह

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल भी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन कार्रवाई के दौरान उन्हें आरोपी लल्ला सोनवानी के साथ एकांत में बातचीत करते हुए पाया गया। पुलिस विभाग ने इसे संदिग्ध और अनुशासनहीन आचरण माना। आदेश में उल्लेख है कि थाना प्रभारी ने अवैध शराब कारोबार पर नियंत्रण स्थापित करने में असफलता दिखाई और मौके पर उनका व्यवहार भी संदेहास्पद पाया गया। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायपुर (ग्रामीण) से संबद्ध कर दिया गया।

कौन है लल्ला सोनवानी?

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लल्ला सोनवानी गोबरा नवापारा के पार्षद सभापति केकती सोनवानी का बेटा है। लल्ला का नाम लंबे समय से अवैध शराब कारोबार से जुड़ता रहा है। उसके खिलाफ कई शिकायतें पुलिस अधिकारियों तक पहुंच चुकी थीं। क्षेत्र में वह एक सक्रिय बदमाश के रूप में भी चर्चित रहा है और उसके विरुद्ध पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई से संदेश जरूर गया है, लेकिन अवैध कारोबार के कथित संरक्षकों और मुख्य संचालकों तक कार्रवाई पहुंचे बिना समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। अब प्रशासन को अवैध शराब, गांजा और सट्टे के पूरे नेटवर्क पर निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए।

न पानी, न छांव…. 45 डिग्री की आग में झोंके जा रहे मजदूर! नौतपा की भीषण गर्मी में काम करने को मजबूर है महिलाएं…

 (सीजी टॉकिज) :- नौतपा की भीषण गर्मी में जहां लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, वहीं नवापारा-अभनपुर मार्ग पर महिला मजदूरों को झुलसाती धूप में काम करने पर मजबूर किया जा रहा है। लगभग 44-45 डिग्री तापमान और तेज लू के बीच महिलाएं सड़क पर पसीना बहाती नजर आ रही हैं, लेकिन निर्माण स्थल पर न पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है और न ही छांव या आराम की कोई सुविधा।

निर्माण स्थल की तस्वीरें मजदूरों की बदहाली और ठेकेदार की लापरवाही की कहानी खुद बयां कर रही हैं। दोपहर की तपती धूप में महिलाएं लगाने में जुटी हुई हैं। मजदूरों का कहना है कि उन्हें लगातार घंटों तक काम कराया जा रहा है, लेकिन गर्मी से बचाव के लिए कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है।

सवालों के घेरे में ठेकेदार

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार केवल काम जल्द पूरा कराने के दबाव में मजदूरों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को पूरी तरह नजरअंदाज कर रहा है। भीषण गर्मी में यदि किसी मजदूर, खासकर महिला मजदूर की तबीयत बिगड़ती है या कोई बड़ा हादसा हो जाता है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

पहले भी जा चुकी है एक नाबालिग मजदूर की जान

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में महानदी किनारे चल रहे तटबंध निर्माण कार्य के दौरान एक 16 वर्षीय नाबालिग मजदूर हर्ष साहू की मौत हो गई थी। बताया गया था कि भीषण गर्मी में काम करते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उस मामले में भी निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, मेडिकल सुविधा और मजदूरों के लिए जरूरी इंतजाम नहीं होने के आरोप लगे थे।
इतना ही नहीं, नाबालिग से मजदूरी कराने को लेकर भी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।

मजदूरों की जिंदगी से खिलवाड़?

अब अभनपुर क्षेत्र में फिर उसी तरह का लापरवाह रवैया देखने को मिल रहा है। नौतपा की जानलेवा गर्मी में खुले आसमान के नीचे महिलाओं से काम कराया जाना मजदूरों की जिंदगी से सीधा खिलवाड़ माना जा रहा है।

आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, पेड़ के नीचे बैठा था युवक, गांव में पसरा मातम; घर लौटते वक्त गिरी गाज

(सीजी टॉकिज) :-  गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माहुलकोट में गुरुवार शाम अचानक बदले मौसम ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और हल्की बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 34 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

साइकिल से घर लौट रहा था

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चितानंद भोई (34 वर्ष) निवासी ग्राम माहुलकोट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम युवक गांव के पास एक पेड़ के नीचे बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट बदल ली और तेज आंधी-तूफान के साथ लगातार बिजली कड़कने लगी।

ग्रामीणों के मुताबिक मौसम बिगड़ता देख चितानंद भोई अपनी साइकिल लेकर घर लौटने के लिए निकला ही था कि अचानक उसके ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई। गाज की चपेट में आते ही युवक गंभीर रूप से झुलसकर सड़क किनारे गिर पड़ा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को 108 एम्बुलेंस की मदद से देवभोग अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी शोक का माहौल है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय पूरे क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया था। तेज आंधी चलने के साथ लगातार बिजली कड़क रही थी और हल्की बारिश भी हो रही थी। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। बता दें कि बारिश के मौसम की शुरुआत के साथ ही लगातार आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद देवभोग पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

मामूली विवाद में युवक की हत्या, महानदी किनारे रेत में दफनाया शव, पार्षद समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर जिले के मंदिर हसौद इलाके में मामूली विवाद में पार्षद ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले युवक को कार में अगवा किया, फिर महासमुंद ले जाकर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को महानदी किनारे रेत में दफनाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। मामले में पुलिस ने पार्षद समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार रायपुर जिले के मंदिर हसौद अंतर्गत ग्राम नकटी निवासी भुवनेश्वर यादव 22 मई से लापता था। वह मोनेट कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। परिजनों ने मंदिर हसौद थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन मंदिर हसौद शराब भट्ठी के पास भुवनेश्वर कुछ लोगों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान पानी को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर भुवनेश्वर और निर्दलीय पार्षद गोलू रात्रे के बीच गाली-गलौज भी हुई।

पीट-पीटकर ले ली जान

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद गोलू रात्रे अपने साथियों अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे के साथ भुवनेश्वर को जबरन कार में बैठाकर महासमुंद जिले के महानदी किनारे ले गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि महानदी किनारे तीनों आरोपियों ने भुवनेश्वर के साथ बेरहमी से मारपीट की। पिटाई में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी घबरा गए और सबूत मिटाने की साजिश रच डाली। आरोपियों ने नांदगांव निवासी अपने एक रिश्तेदार की मदद से महानदी किनारे टापूनुमा स्थान पर गड्ढा खोदकर शव को रेत में दफना दिया।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि घटना की शाम भुवनेश्वर ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी। इस दौरान उसने पार्षद गोलू रात्रे से भी पत्नी की बातचीत करवाई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। टेक्निकल जांच में मृतक का आखिरी लोकेशन मंदिर हसौद क्षेत्र में मिला। पुलिस को जानकारी मिली कि वह आखिरी बार गोलू रात्रे और उसके साथियों के साथ शराब पीते देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जहां पूरा राज खुल गया।

खुदाई कर निकाला गया शव

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम महासमुंद पहुंची और नांदगांव घाट के पास बताए गए स्थान पर खुदाई करवाई गई। वहां से भुवनेश्वर यादव का शव बरामद किया गया। मामले में महासमुंद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103, 238 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि गुमशुदगी की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा गया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली। फिलहाल पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

फिंगेश्वर में कांग्रेस का हल्लाबोल: खाद-बीज संकट, बिजली कटौती और आवास योजना को लेकर किसान सहकारी समिति का घेराव

(सीजी टॉकिज) :-  गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में किसानों और आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार जनआंदोलन देखने को मिला। खाद-बीज की कमी, लगातार बिजली कटौती, पेंशन एवं आवास योजना सहित 9 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसान सहकारी समिति का घेराव कर चक्का जाम किया।

कांग्रेस के इस आंदोलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान, महिला कांग्रेस, नगर कांग्रेस, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष एवं बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए किसानों और गरीबों की अनदेखी का आरोप लगाया।

खाद-बीज संकट से नाराज किसान

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि खरीफ सीजन शुरू होने के बावजूद किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। सहकारी समितियों में लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज नहीं मिल रहा। इससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है और किसान परेशान हैं।

बिजली कटौती और योजनाओं में लापरवाही पर आक्रोश

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती से आम जनता त्रस्त है। वहीं वृद्धावस्था पेंशन, आवास योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। गरीब परिवार सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

पेट्रोल-डीजल संकट और बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरा

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। नेताओं का कहना था कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है।

अवैध रेत उत्खनन रोकने की मांग

गरियाबंद जिले में लगातार हो रहे अवैध रेत उत्खनन को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि रेत माफिया खुलेआम सक्रिय हैं और प्रशासन कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने तत्काल अवैध उत्खनन पर रोक लगाने की मांग की।

“गरीबों और किसानों का हक छीना जा रहा”

आंदोलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में गरीबों और किसानों का हक छीना जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस आने वाले दिनों में और उग्र आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अमला भी मौके पर मौजूद रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।

अभनपुर में घर के भीतर संदिग्ध हालत में महिला की लाश, दूसरी महिला बेहोश मिली

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मानिकचौरी से शुक्रवार सुबह एक बेहद सनसनीखेज और रहस्यमयी मामला सामने आया, जहां घर के भीतर एक महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला, जबकि उसकी छोटी बहन उसी कमरे में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के मुताबिक, दोनों महिलाएं ग्राम मानिकचौरी में अकेले रहकर अपना जीवन-यापन करती थीं, जबकि उनके अन्य परिजन रायपुर में रहते हैं। गुरुवार रात दोनों बहनों ने साथ में भोजन किया और सोने चली गईं। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और कोई गतिविधि दिखाई नहीं दी, तब आसपास के लोगों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा गया तो बड़ी बहन जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि छोटी बहन खाट पर बेहोश हालत में मिली।

मृतका की पहचान भोज बाई रात्रे (58 वर्ष) पिता स्वर्गीय दिनेश रात्रे निवासी मानिकचौरी के रूप में हुई है। वहीं बेहोश मिली महिला की पहचान उसकी छोटी बहन मीरा बाई रात्रे (55 वर्ष) के रूप में की गई है। दोनों सगी बहनें बताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल बेहोश महिला को गंभीर हालत में अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा। पुलिस लोगों से पूछताछ कर रही है और घर के भीतर मिले हालातों की बारीकी से जांच में जुटी हुई है। वहीं मृतका के भाई और अन्य परिजनों को सूचना दे दी गई है, जो रायपुर से मानिकचौरी पहुंच रहे हैं।

कुकदा डैम में बड़ा हादसा: पिकनिक मनाने पहुंचे युवक-युवती की डूबने से मौत

कुकदा डैम में बड़ा हादसा: पिकनिक मनाने पहुंचे युवक-युवती की डूबने से मौत

(सीजी टॉकीज गरियाबंद) :  गरियाबंद जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकदा पिकअप वियर (डैम) में आज दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक और युवती की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के शंकर नगर इलाके से चार लोग कार में सवार होकर कुकदा डैम घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान युवक और युवती डैम में नहाने उतरे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण दोनों डूब गए। मौके पर मौजूद उनके दो अन्य सहयोगियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

हादसे में मृत युवती की पहचान 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना के रूप में हुई है, जबकि युवक की पहचान 30 वर्षीय पीयूष मंडल के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकाला गया।

एसडीओपी निशा सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में नहाने के दौरान गहराई में चले जाने से डूबने की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुकदा डैम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हर साल यहां पिकनिक मनाने आने वाले लोग थोड़ी सी लापरवाही के कारण अपनी जान गंवा बैठते हैं। इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से लगातार हादसे सामने आ रहे हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डैम और पिकनिक स्पॉट पर नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें।

गरियाबंद भाजपा सोशल मीडिया की नई कार्यकारिणी घोषित, जिला एवं मंडल स्तर पर मिली नई जिम्मेदारियां

भारतीय जनता पार्टी गरियाबंद सोशल मीडिया की नई कार्यकारिणी, जिला एवं मंडल टोली के संयोजक, सहसंयोजक एवं सदस्यों की घोषणा की गई। यह घोषणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन मंत्री पवन साय, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी, संगठन प्रभारी अमित चिमनानी, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर एवं सोशल मीडिया जिला संयोजक अमित वखारिया के मार्गदर्शन में की गई।

नई टीम के गठन के साथ संगठन को डिजिटल माध्यमों में और अधिक मजबूती प्रदान करने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संगठन की विचारधारा को जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नवगठित कार्यकारिणी में जिले एवं मंडलों के सक्रिय, ऊर्जावान एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि नई सोशल मीडिया टीम संगठन की नीतियों, उपलब्धियों एवं जनहित के कार्यों को सोशल मीडिया के माध्यम से मजबूती के साथ जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही संगठन विस्तार, जनसंपर्क एवं डिजिटल अभियान को नई गति मिलेगी।

नई नियुक्तियों के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है तथा सभी ने संगठन हित में पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया है।

छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद को मिलेगा नया संबल, अधिकारियों की मांगों पर सरकार सकारात्मक, प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मेलन का हुआ आयोजन

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के साथ शामिल हुए राजिम विधायक रोहित साहू

राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ के प्रांतीय प्रतिनिधि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा एवं अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सम्मेलन के दौरान प्रदेश में आयुर्वेद चिकित्सा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक, प्रभावी एवं व्यापक बनाने को लेकर अतिथियों एवं संघ के पदाधिकारियों के मध्य विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने आयुर्वेद के महत्व पर विशेष प्रकाश डालते हुए कहा कि आयुर्वेद विश्व की सबसे प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों में से एक है। यह रोगों के उपचार का माध्यम होने के साथ ही हम भारतीयों की जीवनचर्या में रची बसी एक समृद्ध जीवनपद्धति है। हमारे पूर्वजों द्वारा संरक्षित यह ज्ञान आज वैश्विक स्तर पर नई पहचान प्राप्त कर रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आयुर्वेद की प्रासंगिकता निरंतर बढ़ रही है तथा छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक इस प्राचीन चिकित्सा पद्धति का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विधायक रोहित साहू ने विशेष रूप से अपने गृह जिले गरियाबंद में कार्यरत आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें विशेष प्रोत्साहन प्रदान करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत आयुर्वेद चिकित्सक सीमित संसाधनों के बीच जनसेवा का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं जो अत्यंत प्रशंसनीय है।सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करना एवं आयुर्वेद अधिकारियों की समस्याओं एवं सुझावों पर गंभीरता से विचार करना था।

सम्मेलन में आयुर्वेद चिकित्सा प्रणाली को नई तकनीकों एवं आधुनिक अनुसंधान से जोड़ने, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित आयुर्वेद औषधालयों की स्थिति सुधारने तथा दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने संघ की विभिन्न मांगों एवं सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा आश्वस्त किया कि राज्य सरकार आयुर्वेद एवं आयुष विभाग के विकास हेतु हरसंभव कदम उठाएगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. गदाधर पांडा ने आयुर्वेद संविदा चिकित्सा अधिकारियों के नियमितीकरण एवं वेतन वृद्धि तथा नियमित आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों के लिए 4 स्तरीय वेतनमान की मांग प्रमुखता से रखी।

इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं सभी विधायकों ने माननीय मुख्यमंत्री से चर्चा कर समस्याओं के समाधान हेतु सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए छत्तीसगढ़ आयुर्वेद अधिकारी संघ के प्रांतीय प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। स्वास्थ्य मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति तथा उनके सकारात्मक रुख के लिए संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।