CGTalkies

CGTalkies News

आरंग में युवती का अपहरण कर बंधक बनाया, नानी के घर से लौट रही थी, परिवार ने सुरक्षित निकाला, आरोपी फरार

(सीजी टॉकिज) आरंग :- राजधानी रायपुर से लगे आरंग थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवती का अपहरण और बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मंदिर हसौद क्षेत्र निवासी हनी उर्फ दीपक ने युवती को रास्ते में चाकू की नोक पर अगवा कर अपने घर ले जाकर बंधक बना लिया।

आरोपी ने युवती के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, दोनों हाथ पीछे बांध दिए और उसे खाट के नीचे छिपाकर रखा, ताकि किसी को उसकी भनक तक न लगे। परिजनों की सतर्कता से युवती को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

नानी के घर से लौट रही थी युवती

पुलिस के अनुसार, युवती शनिवार को अपनी नानी के घर से वापस अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी हनी उर्फ दीपक ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उसने युवती का मुंह दबाकर चाकू दिखाया और जबरन अपने साथ ले गया। इसके बाद अपने घर में ले जाकर उसे बंधक बना दिया। आरोपी ने युवती के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, दोनों हाथ पीछे बांध दिए और उसे खाट के नीचे छिपाकर रखा, ताकि घर आने-जाने वाले किसी भी व्यक्ति को उसकी मौजूदगी का पता न चल सके।

परिजनों की सूझबूझ से बची युवती

जब युवती काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने पतासाजी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका में रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान शक पड़ोसी युवक हनी उर्फ दीपक पर गया। इसके बाद परिजन उसके घर पहुंचे और वहां तलाशी ली। घर के भीतर खाट के नीचे युवती हाथ बंधे और मुंह में कपड़ा ठूंसे हुए मिली। परिजनों ने तत्काल उसे मुक्त कराया और पुलिस को सूचना दी।

मौके से भागा आरोपी

सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ अपहरण, अवैध रूप से बंधक बनाने, धमकी देने तथा महिला से जुड़े अन्य वैधानिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में जुट गई है। आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *