(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 400 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ पांच अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है। कार्रवाई के दौरान गांजा तस्करी में प्रयुक्त आयशर वाहन, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 6 लाख 50 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
देवभोग चेकपोस्ट पर पकड़ाया संदिग्ध वाहन
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 की रात देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम खुटगांव स्थित चेकपोस्ट नाका, एनएच-130सी पर पुलिस टीम द्वारा सघन जांच की जा रही थी।
इसी दौरान ओडिशा की ओर से एक नारंगी रंग का आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर जांच की तो उसके ऊपर काले रंग के तिरपाल से ढके संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। तिरपाल हटाकर तलाशी लेने पर पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। वाहन में मौजूद दो लोगों ने अपनी पहचान संतोष अनंता मोहिते और सुमित सुभाष थोड़वे के रूप में बताई।
आगे चल रही बाइक बताती थी रास्ता, दो और आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके आगे एक नीले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक OD 08 W 5814 चल रही है, जिसमें दो लोग सवार हैं और वे उन्हें रास्ता बता रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल की तलाश शुरू की और उसमें सवार पंकज अनंता मोहिते तथा जलंधर खम्हारी को पकड़ लिया। इसके बाद आयशर वाहन की विस्तृत तलाशी लेने पर उसमें से कुल 400 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी गांजे के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
ओडिशा से सप्लायर गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले के आमपानी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डेंगागुड़ा निवासी विनोद दिसारी से प्राप्त करने की जानकारी दी। इसके बाद गरियाबंद पुलिस ने मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए ओडिशा पहुंचकर विनोद दिसारी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा के कथित क्रय-विक्रय से संबंधित 5 लाख रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
6.50 लाख नकद समेत वाहन और मोबाइल जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 400 किलो अवैध गांजा, आयशर वाहन, ग्लैमर बाइक, मोबाइल फोन, 1 लाख 50 हजार रुपये नकद तथा ओडिशा से गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 5 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। इस तरह नकद राशि कुल 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर NDPS एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि गांजे की यह खेप कहां पहुंचाई जा रही थी और इसके पीछे कितने अन्य लोग जुड़े हुए हैं।





