CGTalkies

CGTalkies News

फिंगेश्वर में शिवमहापुराण कथा में पहुंचे विधायक रोहित साहू, सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला बनाने की घोषणा

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- फिंगेश्वर के फणिकेश्वर नाथ महादेव मंदिर प्रांगण में फणिकेश्वर नाथ महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय शिवमहापुराण कथा का 17 अगस्त को भक्तिमय वातावरण में विराम हुआ। कथा के अंतिम दिवस क्षेत्र के विधायक रोहित साहू भी कथा श्रवण करने पहुंचे। उन्होंने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया और कथा व्यास पंडित भूपेंद्र धर दीवान के मुखारविंद से शिवमहापुराण की कथा का श्रवण किया।

कथा के सातों दिनों में फिंगेश्वर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पहुंचे। प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की महिमा का रसपान किया। अंतिम दिवस भी कथा स्थल पर धर्मप्रेमी नागरिकों, श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों की बड़ी उपस्थिति रही।

विधायक ने की धर्मशाला की घोषणा

शिवमहापुराण कथा के दौरान फणिकेश्वर नाथ महादेव सेवा समिति ने विधायक रोहित साहू के समक्ष श्रद्धालुओं और बाहर से आने वाले धर्मप्रेमियों की सुविधा के लिए सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला निर्माण की मांग रखी। समिति की मांग को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने धर्मशाला निर्माण की घोषणा की।

शिवमहापुराण कथा में पहुंचे विधायक रोहित साहूइस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि समिति की मांग को निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिंगेश्वर के राजा नीलेन्द्र बहादुर सिंह भी यहां पर उपस्थित हैं। उनके द्वारा धर्मशाला निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान का चयन किए जाने के बाद वहां सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला का निर्माण कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धर्मशाला निर्माण के कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी। उनकी इस घोषणा का समिति के सदस्यों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।

सात दिनों तक गूंजता रहा शिव महिमा का गुणगान

सात दिवसीय शिवमहापुराण कथा में कथा व्यास पंडित भूपेंद्र धर दीवान ने भगवान शिव की महिमा, शिव तत्व और भगवान शिव से जुड़े विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। सात दिनों तक पूरा फिंगेश्वर नगर शिवभक्ति के रंग में रंगा रहा।

कथा के विराम दिवस पर समिति की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमी नागरिकों, सहयोगियों एवं सभी प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया गया। समिति ने कहा कि शिवमहापुराण कथा का विधिवत विराम भले ही हो गया हो, लेकिन सात दिनों तक कथा के माध्यम से मिले शिवभक्ति, धर्म और सदाचार के संदेश की गूंज श्रद्धालुओं के मन में लंबे समय तक बनी रहेगी।