CGTalkies

CGTalkies News

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 395 लीटर महुआ शराब जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) रायगढ़:- जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने ग्राम धनागर, कुरमापाली और कलमी में कार्रवाई के दौरान कुल 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 अगस्त को सिलसिलेवार चार रेड की कार्रवाई को अंजाम दिया।
धनागर में 100 लीटर महुआ शराब जब्त

पहली कार्रवाई ग्राम धनागर में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल अपने घर के आंगन में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान अलग-अलग प्लास्टिक डिब्बों और जरिकेन में रखी 100 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है, बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास शराब रखने या बिक्री करने का कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला।

कुरमापाली में 20 लीटर शराब बरामद

महुआ शराब जब्तदूसरी कार्रवाई ग्राम कुरमापाली में की गई। पुलिस ने शिव रजवार के ससुर के मकान के पास दबिश दी। पूछताछ में आरोपी द्वारा कच्ची महुआ शराब की बिक्री करना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही। उसके कब्जे से प्लास्टिक जरिकेन और पन्नी में रखी 20 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 2 हजार रुपये है, बरामद की गई।

कलमी में पिता-पुत्र से 140 लीटर शराब जब्त

तीसरी कार्रवाई ग्राम कलमी में तरुण सतनामी और लक्ष्मी प्रसाद सतनामी के खिलाफ की गई। पुलिस को दोनों द्वारा अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब तैयार कर बिक्री के लिए रखने की सूचना मिली थी। दबिश के दौरान तरुण सतनामी के कब्जे से 50 लीटर और लक्ष्मी प्रसाद सतनामी के कब्जे से 90 लीटर, कुल 140 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है।

दो आरोपियों से 135 लीटर शराब बरामद

चौथी कार्रवाई भी ग्राम कलमी में की गई। पुलिस ने अमन सतनामी और तोषराम जोल्हे को कथित रूप से अवैध कच्ची महुआ शराब तैयार करते और बिक्री के लिए रखते हुए पकड़ा। तलाशी में अमन सतनामी के कब्जे से 85 लीटर तथा तोषराम जोल्हे के कब्जे से 50 लीटर, कुल 135 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कुल कीमत करीब 13 हजार 500 रुपये बताई गई है।

395 लीटर शराब और सामान जब्त

चारों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 53 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बनाने और रखने में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, चूल्हा, प्लास्टिक डिब्बे, जरिकेन, बाल्टी सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई की है।

नशे के कारोबार पर जारी रहेगी सख्ती

महुआ शराब जब्तवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे का अवैध कारोबार अपराध को बढ़ावा देता है। जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक रवि किशोर साय तथा आरक्षक मनोज कुमार यादव, बंशी रात्रे, शैलेन्द्र पैंकरा, चूड़ामणि गुप्ता, विनोद लकड़ा, राजेश खंडे और महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की अहम भूमिका रही।