राजिम में घर के सामने मिली युवक की लाश, शरीर पर लोहे की रॉड के वार के निशान; हत्या की आशंका

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम पितईबंद में शनिवार तड़के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। युवक का शव उसके ही घर के सामने मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मृतक के शरीर पर लोहे की रॉड जैसे किसी भारी हथियार से वार किए जाने के निशान दिखाई देने के बाद हत्या की आशंका और गहरा गई है।

मृतक की पहचान उत्तम भारती के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। परिजनों ने युवक को गंभीर हालत में तत्काल राजिम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या युवक की हत्या कहीं और की गई और शव घर के सामने लाकर फेंका गया, या गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह किसी तरह अपने घर तक पहुंचा?

सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए रवाना हो चुकी है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण और हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घर से 120 किमी दूर राजिम में मिली युवक की लाश, पेड़ पर लटका मिला शव, मामला संदिग्ध

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधौरी में एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह ग्राम सिंधौरी के ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने खेत की मेड़ पर स्थित बबूल के पेड़ से एक युवक का शव लटकते देखा और घटना की सूचना तत्काल राजिम पुलिस को दी गई।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को जांच के दौरान युवक की जेब से आधार कार्ड बरामद किया। इसके आधार पर मृतक की पहचान हेमराज निवासी ग्राम सरोना, थाना नरहरपुर, जिला कांकेर के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी दी।

घर से करीब 120 किलोमीटर दूर हेमराज का शव मिलने के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है। सवाल उठ रहा है कि कांकेर जिले का रहने वाला युवक आखिर राजिम क्षेत्र के ग्राम सिंधौरी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन आत्महत्या के पीछे का कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। वहीं युवक का इतनी दूर आकर फांसी लगाना भी कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है।

पुलिस अब मृतक के परिजनों से पूछताछ करेगी। साथ ही उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, लोकेशन हिस्ट्री और अन्य गतिविधियों की भी जांच की जाएगी, जिसके बाद मौत के कारणों पर से पर्दा उठ सकता है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

फिंगेश्वर इलाके के जंगल में मिली युवक की लाश, हत्या या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी

(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम रक्सा-बासीन के जंगल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव के पास युवक की बाइक और जहर का डिब्बा मिलने के बाद मामला और भी रहस्यमयी बन गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल के भीतर एक युवक का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते इलाके में खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर फिंगेश्वर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से युवक की मोटरसाइकिल और दस्तावेज मिले, जिसके आधार पर मृतक की पहचान खेमप्रकाश दीवान निवासी ग्राम नागझर, थाना पाण्डुका, जिला गरियाबंद के रूप में हुई।

घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर युवक जंगल के सुनसान इलाके तक कैसे पहुंचा? क्या वह किसी से मिलने गया था, दोस्तों के साथ निकला था या किसी निजी काम से वहां पहुंचा था? इन तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच कर रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शव के पास से जहर का डिब्बा भी बरामद हुआ है। ऐसे में मामला आत्महत्या, हादसा या फिर सुनियोजित हत्या का है, इसे लेकर संशय बना हुआ है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिंगेश्वर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के ग्रामीणों और मृतक के परिचितों से पूछताछ कर उसकी अंतिम गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।