(सीजी टॉकिज) :- गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम रक्सा-बासीन के जंगल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव के पास युवक की बाइक और जहर का डिब्बा मिलने के बाद मामला और भी रहस्यमयी बन गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल के भीतर एक युवक का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते इलाके में खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर फिंगेश्वर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से युवक की मोटरसाइकिल और दस्तावेज मिले, जिसके आधार पर मृतक की पहचान खेमप्रकाश दीवान निवासी ग्राम नागझर, थाना पाण्डुका, जिला गरियाबंद के रूप में हुई।
घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर युवक जंगल के सुनसान इलाके तक कैसे पहुंचा? क्या वह किसी से मिलने गया था, दोस्तों के साथ निकला था या किसी निजी काम से वहां पहुंचा था? इन तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच कर रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शव के पास से जहर का डिब्बा भी बरामद हुआ है। ऐसे में मामला आत्महत्या, हादसा या फिर सुनियोजित हत्या का है, इसे लेकर संशय बना हुआ है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिंगेश्वर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के ग्रामीणों और मृतक के परिचितों से पूछताछ कर उसकी अंतिम गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।














Leave a Reply