राजिम में घर के सामने मिली युवक की लाश, शरीर पर लोहे की रॉड के वार के निशान; हत्या की आशंका

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम पितईबंद में शनिवार तड़के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। युवक का शव उसके ही घर के सामने मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मृतक के शरीर पर लोहे की रॉड जैसे किसी भारी हथियार से वार किए जाने के निशान दिखाई देने के बाद हत्या की आशंका और गहरा गई है।

मृतक की पहचान उत्तम भारती के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। परिजनों ने युवक को गंभीर हालत में तत्काल राजिम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या युवक की हत्या कहीं और की गई और शव घर के सामने लाकर फेंका गया, या गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह किसी तरह अपने घर तक पहुंचा?

सूचना मिलते ही राजिम पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल की बारीकी से जांच के लिए रवाना हो चुकी है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण और हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *