CGTalkies

CGTalkies News

नवापारा में बंदूक की नोक पर व्यापारी का अपहरण, 10 लाख की फिरौती और मारपीट का आरोप

(सीजी टॉकिज) नवापारा :- रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में एक व्यापारी के कथित अपहरण, बंदूक की नोक पर 10 लाख रुपये की उगाही, मारपीट और जान से मारने की धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता गोबरा नवापारा निवासी मयंक छल्लानी, ने आरोप लगाया है कि 20 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने कर्मचारी महेश कंसारी के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गुलजार खान और उसके एक साथी ने उनकी स्कूटी रोक ली। आरोप है कि पहले कर्मचारी से विवाद किया गया, फिर बंदूक दिखाकर मयंक को जबरन अपने साथ ले जाया गया।

बेरहमी से की मारपीट का आरोप

बंदूक की नोक पर व्यापारी का अपहरणपीड़ित के आवेदन के अनुसार, आरोपी उन्हें तर्री कुबेर कैंटीन के बेसमेंट में ले गए, जहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि बंदूक के पिछले हिस्से से कान के पास वार किया गया, 15 से 20 थप्पड़ मारे गए और 10 लाख रुपये की मांग करते हुए घटना का वीडियो भी बनाया गया। पीड़ित का कहना है कि घटना से वहां मौजूद कुछ युवक भी घबराकर भाग गए।

मयंक ने बताया कि डर के कारण पीड़ित ने अपने परिचित से फोन पर संपर्क कर पैसों की व्यवस्था करवाई। आरोप है कि इस दौरान उनके पर्स से करीब 1500 रुपये भी निकाल लिए गए। इतना ही नहीं, साक्ष्य मिटाने की नीयत से खून से सने कपड़े उतरवाकर नाले में फेंक दिए गए और नई शर्ट पहनाई गई।

बच्चों को मारने की धमकी का आरोप

प्रार्थी का आरोप है कि रुपये मिलने के बाद उनसे जबरन एक वीडियो बनवाया गया, जिसमें यह कहलवाया गया कि यह आपसी लेन-देन का मामला है। साथ ही आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर उनके बच्चों की हत्या कर शव थाने के सामने फेंकने की धमकी भी दी।

पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया है कि उनकी नाक की हड्डी टूटने, कान का पर्दा फटने और आंखों से देखने में दिक्कत होने जैसी गंभीर चोटें आई हैं। भय और शारीरिक पीड़ा के कारण उन्होंने घटना के दो दिन बाद 22 जुलाई को लिखित शिकायत दर्ज कराई। मयंक छल्लानी ने पुलिस से उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी करने और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत FIRदर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जे.के. दुबे ने बताया कि व्यापारी द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नवापारा में मंदिर के पास चल रहा था गांजे का कारोबार, पुलिस ने दी दबिश, 3 तस्कर गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) नवापारा-राजिम:- पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गोबरा नवापारा के शीतला पारा स्थित हनुमान मंदिर चबूतरा के पास गांजा बेच रहे तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, बिक्री की नकदी और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 59,500 रुपये का सामान जब्त किया है।

रंगे हाथ दबोचे गए आरोपी

दरअसल, नवापारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शीतला पारा स्थित हनुमान मंदिर चबूतरा के पास तीन युवक कैरी बैग में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना गोबरा नवापारा पुलिस और साइबर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक कैरी बैग में रखे लगभग 550 ग्राम अवैध गांजा जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 27,000 आंकी गई है। साथ ही बिक्री के 2 हजार नगद तथा 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने ईशाक रिजवी (26 वर्ष), सोमनाथ साहू (27 वर्ष) और निखिल साहू (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। तीनों शीतला पारा, नवापारा के रहने वाले हैं।

NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज

तीनों आरोपियों के खिलाफ नवापारा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना गोबरा नवापारा के सउनि हेमंत यादव, पीएसआई जागेश्वर सिंह, टंकेश्वर, आरक्षक हुलास, सनत पाल, टीकम साहू, साइबर आरक्षक राकेश सोनी, गौरी शंकर साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अंचल वासियों को संजीवनी 108 की मिली सौगात, विधायक इंद्र कुमार साहू ने किया शुभारंभ

(सीजी टॉकिज) नवापारा-राजिम:- नवापारा-राजिम क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय विधायक इंद्र कुमार साहू ने अपने विशेष प्रयास से आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा को एक नया संजीवनी 108 वाहन उपलब्ध कराते हुए इसका विधिवत शुभारंभ किया गया, जो की उक्त वाहन स्थाई रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा में ही उपलब्ध रहेगा।

इस अवसर पर विधायक श्री साहू ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि संजीवनी 108 एक्सप्रेस एक सरकारी आपातकालीन एंबुलेंस सेवा है। जिसका मकसद सड़क हादसे, गंभीर बीमारी, प्रसूति केस में मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाना और रास्ते में प्राथमिक इलाज देना है। भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा ने इसे शहर एवं अंचल वासियों के लिए बहुत सुखद क्षण बताया और जीवनदायिनी संजीवनी एक्सप्रेस भी कहा।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.तेजेंद्र साहू ने कहा कि संजीवनी 108 वाहन में बेसिक लाइफ सपोर्ट ऑक्सीजन, स्ट्रेचर, बेसिक दवाएं,बीपी.मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ग्लूकोमीटर, नेबुलाइजर, ऑक्सीजन और अन्य जीवनरक्षक उपकरण, तीन नर्सिंग स्टाफ, तीन वाहन चालक है 24 घंटा के लिए उपलब्ध रहेगी।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, पार्षद गण रवि साहू, नम्मू नारायण ध्रुव, धीरज साहू, जीवनदीप समिति के सदस्य संजय साहू, मुकुंद मेश्राम, डॉ.लीलाराम साहू, श्रीमती वर्षा शर्मा, साधना सौरज, धनमती साहू, किरण सोनी, उमा कंसारी, प्रेम साधवानी, मुकेश निषाद, सीएससी के कर्मचारी लिकेश्वर तारक, मुकेश साहू, महेंद्र साहू, दुष्यंत साहू सहित सभी स्टाफ गण शहर-वासी उपस्थित थे।

महानदी में डूबे युवक का 15 घंटे बाद मिला शव, दो बच्चों को बचाने के दौरान गई थी जान

(सीजी टॉकिज) नवापारा-राजिम:- शनिवार दोपहर महानदी में दो मासूम बच्चों को बचाने के दौरान डूबे युवक का शव करीब 15 घंटे बाद रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। शनि मंदिर के पीछे नेहरू घाट के नीचे नदी में शव तैरता दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोबरा नवापारा पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रदीप कश्यप

प्रदीप कश्यप

जानकारी के अनुसार नवापारा इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (लगभग 35 वर्ष) शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी पत्नी मंगला कश्यप और एक मासूम बच्चे के साथ महानदी के नेहरू घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए प्रदीप कश्यप और एक अन्य युवक बिना देर किए नदी में कूद पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दूसरे युवक ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन प्रदीप कश्यप तेज बहाव की चपेट में आ गए। कुछ ही क्षणों में वह गहरे पानी में समा गए और फिर दिखाई नहीं दिए।

महानदी में डूबा युवक

घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कई घंटे तक मोटर बोट और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन शनिवार देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा और नदी के तेज बहाव के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने शनि मंदिर के पीछे नेहरू घाट के नीचे नदी में एक शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही लोगों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई तथा आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस दर्दनाक घटना से पूरे गोबरा नवापारा शहर में शोक की लहर है। प्रदीप कश्यप की बहादुरी की हर ओर चर्चा हो रही है। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दो मासूम बच्चों को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई। दोनों बच्चों की जान तो बच गई, लेकिन उन्हें बचाने वाला युवक खुद महानदी की तेज धाराओं का शिकार हो गया।

महानदी में नहाने के दौरान युवक लापता, पुलिस और स्थानीय लोग तलाश में जुटे

(सीजी टॉकीज) नवापारा-राजिम:- नवापारा में शनिवार दोपहर महानदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। दो मासूम बच्चों की जान बचाने के लिए नदी में कूदे एक युवक की तेज बहाव में डूबने से मौत की आशंका है। यह पूरी घटना उसकी पत्नी की आंखों के सामने हुई। देखते ही देखते युवक नदी की लहरों में समा गया। घटना के बाद नेहरू घाट पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

महानदी में डूबा युवकजानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (लगभग 35 वर्ष) शनिवार दोपहर करीब 2.45 बजे अपनी पत्नी मंगला कश्यप और एक मासूम बच्चे के साथ महानदी के नेहरू घाट के पास नहाने पहुंचे थे। प्रदीप नदी में स्नान कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी घाट पर कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो अन्य मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए प्रदीप कश्यप और एक अन्य युवक बिना देर किए नदी में कूद पड़े। दोनों ने जान जोखिम में डालकर बच्चों तक पहुंचने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरे युवक ने किसी तरह दोनों बच्चों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया, लेकिन प्रदीप कश्यप तेज बहाव की चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में वे गहरे पानी में समा गए और फिर दिखाई नहीं दिए।

घटना के बाद पत्नी मंगला कश्यप बदहवास हो गईं। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक प्रदीप गहराई में डूब चुका था। घटना के बाद घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय युवकों ने बिना समय गंवाए नदी में उतरकर अपने स्तर पर तलाश शुरू कर दी, लेकिन प्रदीप का कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस और SDRF ने संभाला मोर्चा

महानदी में डूबा युवकघटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एसडीआरएफ को सूचना दी गई। करीब शाम 4 बजे एसडीआरएफ की टीम विशेष उपकरणों, ऑक्सीजन मास्क और मोटर बोट के साथ मौके पर पहुंची और सघन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे तक टीम ने नदी के कई हिस्सों में गहन खोजबीन की। गोताखोरों ने गहरे पानी में उतरकर तलाशी ली और बोट के जरिए बहाव वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला।

अंधेरा और तेज बहाव बना बाधा

शाम ढलने के साथ नदी में बढ़ते अंधेरे और जल प्रवाह के कारण एसडीआरएफ को रेस्क्यू अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह फिर से व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा और युवक की तलाश जारी रहेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष पहुंचीं, परिवार को बंधाया ढांढस

महानदी में डूबा युवकघटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी साहू भी नेहरू घाट पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान पुलिस, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नगरवासी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

विधायक इंद्रकुमार साहू की मौजूदगी में एल्डरमेनों का शपथ ग्रहण संपन्न, नगर विकास में निभाएंगे अहम भूमिका

नवापारा-राजिम। नगर पालिका परिषद गोबरा-नवापारा में शुक्रवार को मनोनीत एल्डरमेनों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। क्षेत्रीय विधायक इंद्रकुमार साहू की विशेष उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मनोनीत एल्डरमेन श्रीमती अन्नपूर्णा देवांगन, नवल साहू, कन्हैया (फेकनू साहू), मुकुंद मेश्राम एवं गुलाब राव को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रवि सिंह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी संजय साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी लवकेश पैकरा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं नगरवासी उपस्थित रहे। विधायक की उपस्थिति से पूरे कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर विधायक इंद्रकुमार साहू ने सभी नवनियुक्त एल्डरमेनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शहरों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। गोबरा-नवापारा में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नवमनोनीत एल्डरमेन नगर विकास और जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

जनसेवा और विकास के लिए किया संकल्प

नवनियुक्त एल्डरमेनों ने अपने मनोनयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे नगर के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और जनहित के कार्यों में पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ सहभागिता निभाएंगे। उन्होंने जनता के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका प्रशासन की ओर से सभी एल्डरमेनों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। विधायक इंद्रकुमार साहू से मुलाकात करने और नवनियुक्त एल्डरमेनों को शुभकामनाएं देने के लिए सभाकक्ष खचाखच भरा रहा।

समारोह में सभापति सचिन सचदेव, पार्षद रवि साहू, नम्मू नारायण ध्रुव, जागेश्वर यादव, जीना निषाद, लोमेश्वरी साहू, पूजा कंसारी, रामरतन निषाद, तरुण कंसारी, दीपाली राजपूत, अर्जुन साहू, अजय साहू, हेमंत साहनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं पत्रकार श्याम किशोर शर्मा, आलोक पहाड़िया, डॉ. लीलाराम साहू, प्रवीण साहू, मनीष जैन सहित सामाजिक, राजनीतिक एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

11 वर्षीय बच्ची को नहीं मिला टीडी टीका! स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन की कमी पर गंभीर सवाल, जिम्मेदार अधिकारियों से मांगा जवाब

राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 10 वर्ष की आयु में लगाए जाने वाले टीडी (ज्मजंदने – क्पचीजीमतपं) टीके की लगातार अनुपलब्धता को लेकर गोबरा नवापारा निवासी मयूर मनियार ने नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की जांच एवं जवाबदेही तय करने की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी 11 वर्षीय पुत्री दिव्यल मनियार को निर्धारित आयु में लगाया जाने वाला टीडी टीका अब तक नहीं लग पाया है। परिवार पिछले लगभग एक वर्ष से प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच रहा है, लेकिन हर बार यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि टीडी वैक्सीन उपलब्ध नहीं है तथा टीका लगवाने के लिए राजिम शासकीय अस्पताल जाने की सलाह दी जाती है।

7 जुलाई को भी लौटना पड़ा खाली हाथ

शिकायत के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को सुबह लगभग 11.50 बजे शिकायतकर्ता की पत्नी अपनी पुत्री को टीका लगवाने फिर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचीं, लेकिन इस बार भी वही कारण बताते हुए वापस भेज दिया गया कि टीडी वैक्सीन उपलब्ध नहीं है।

बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर चिंता

शिकायत में कहा गया है कि टीडी वैक्सीन केवल बच्चों के लिए ही नहीं बल्कि गर्भवती महिलाओं के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण एवं अनिवार्य टीका है। ऐसे में यदि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय तक इसकी उपलब्धता नहीं रहती है तो यह गंभीर चिंता का विषय है और स्वास्थ्य व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करता है।

स्वास्थ्य विभाग से मांगे पांच महत्वपूर्ण जवाब

शिकायतकर्ता ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से टीडी वैक्सीन उपलब्धा, आपूर्ति और अन्य बिन्दुओं पर जानकारी मांगी है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सभी बिंदुओं पर लिखित रूप से जवाब उपलब्ध कराने की मांग की है।

क्या बोले प्रभारी चिकित्सा अधिकारी

इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेंद्र साहू ने शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में टीडी वैक्सीन उपलब्ध है। यदि कभी स्टॉक समाप्त भी हो जाता है तो तत्काल ब्लॉक कार्यालय अथवा जिला कार्यालय को सूचना देकर वैक्सीन मंगवा ली जाती है। अस्पताल में टीकाकरण व्यवस्था नियमित रूप से संचालित की जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भाजपा सरकार पर बरसे: महंगाई, अपराध और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर साधा निशाना

(सीजी टॉकिज) नवापारा-राजिम:- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को राजिम दौरे के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। एक सामाजिक लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे नवापारा स्थित कांग्रेस नेता जीत सिंह के निवास पहुंचे। श्री बघेल के आगमन पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवापारा बस स्टैण्ड के पास ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पुष्पहारों के साथ शानदार जोरदार स्वागत किया।

यहां जीत सिंग के निवास पर दोपहर भोज के पश्चात पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने राज्य सरकार की कार्यशैली पर कई गंभीर सवाल खड़े किए। महंगाई, किसानों की बदहाल स्थिति, बढ़ते अपराध और अवैध रेत उत्खनन जैसे मुद्दों पर उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में जनता हर मोर्चे पर परेशान है, लेकिन सरकार सिर्फ दावे और प्रचार में व्यस्त है।

महंगाई नियंत्रण करने में भाजपा विफल

पत्रकारों से बातचीत में भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी, पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की कीमतों में इजाफे ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याओं को लेकर भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के बीच किसान खाद और बीज के लिए भटकने को मजबूर हैं। सरकारी समितियों में खाद उपलब्ध नहीं है और निजी दुकानों में किसानों से मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने में असफल रही है, जिससे खेती-किसानी पर संकट गहरा गया है।

कानून व्यवस्था चरमराई

भूपेश बघेल ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हत्या, लूट, चोरी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में नाकाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है। प्रदेश के अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। दिनदहाड़े हत्याएं हो रही है।

अवैध रेत उत्खनन के मुद्दे पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार को घेरते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रेत माफिया बेखौफ होकर नदियों का सीना छलनी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की संरक्षण नीति के कारण अवैध उत्खनन का कारोबार फल-फूल रहा है। प्रदेश में रेत माफियाओं की गुण्डागर्दी बढ़ गई है। रेत माफिया लोगों को जिंदा जलाकर मौत के घाट उतार रहे हैं, लेकिन सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों से पूरी तरह भटक चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की परेशानियां और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर विषयों पर सरकार की चुप्पी उसकी विफलता को उजागर करती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, बिन्द्रानवगढ़ विधायक जनक ध्रुव, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, कांग्रेस नेता गिरीश देवांगन, शैलेन्द्र साहू, राम गिडलानी, सन्नी अग्रवाल, नवापारा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष धनराज मध्यानी, जीत सिंग, सौरभ शर्मा, अजय कोचर, राजा चावला, चंद्रहास साहू, गोल्डी पारख, स्वर्णजीत कौर, रेखा तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस के कार्यकर्तागण मौजूद थे।

रिसॉर्ट में कमरे की बुकिंग को लेकर हंगामा, कर्मचारियों से मारपीट, FIR दर्ज

(सीजी टॉकिज) नवापारा-राजिम:- नवापारा इलाके के रिसॉर्ट में कमरे की बुकिंग को लेकर जमकर हंगामा और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि 10 कमरे बुक कराने के बाद करीब 30 से 34 लोगों का समूह रिसॉर्ट पहुंचा और सभी के लिए एक ही स्थान पर कमरे की मांग करने लगा। जब ऐसा संभव नहीं हुआ तो आरोपियों ने रिसॉर्ट के कर्मचारियों से गाली-गलौज और मारपीट करते हुए होटल में तोड़फोड़ कर दी। मामला गोबरा नवापारा थाना अंतर्गत क्षेत्र चम्पारण चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार चम्पारण निवासी चिनमय जौंदा स्थित बैकुंठ रिसॉर्ट के सेल्स मैनेजर का काम करता है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि आशीष अग्रवाल ने 26 जून के लिए रिसॉर्ट में 10 कमरों की बुकिंग कराई थी। बुकिंग के समय ही उन्हें स्पष्ट रूप से बता दिया गया था कि सभी कमरे एक ही ब्लॉक या एक ही स्थान पर उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। साथ ही कौन-कौन से कमरे उनके लिए आरक्षित किए गए हैं, इसकी जानकारी भी दे दी गई थी।

शिकायत के अनुसार, 26 जून को दोपहर करीब 1.30 बजे आशीष अग्रवाल अपने परिजनों और मित्रों के साथ रिसॉर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने सभी मेहमानों के लिए एक ही जगह कमरे देने की मांग की। जब कर्मचारियों ने पहले से दी गई जानकारी का हवाला देते हुए असमर्थता जताई, तो आरोपी पक्ष भड़क गया।

आरोप है कि आशीष अग्रवाल और उसके साथियों ने कहा कि यदि एक ही जगह कमरे नहीं दिए गए तो वे अन्य कमरों में ठहरे मेहमानों को जबरन बाहर निकाल देंगे और खुद वहां ठहर जाएंगे। विरोध करने पर आरोपियों ने सेल्स मैनेजर सहित अन्य कर्मचारियों और महिला स्टाफ के साथ अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने रिसॉर्ट में रखे सजावटी सामान, वॉल लाइट, कंप्यूटरीकृत डिस्प्ले, मुख्य गेट के पास लगी प्रतिमा (स्टैच्यू) और फूलदानों को तोड़कर नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद रिसॉर्ट प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नवापारा-मगरलोड को जोड़ने वाले पुल पर बड़ा हादसा टला, चालक ने कूदकर बचाई जान

(सीजी टॉकिज) नवापारा-राजिम:- नवापारा-मगरलोड मार्ग पर स्थित पुल पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए पुल के किनारे लटक गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक कार को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैक्टर पुल की रेलिंग तोड़कर आधा पुल से नीचे लटक गया। हादसे में कार को भी नुकसान पहुंचा है।

यह पूरा मामला कड़ी करेली चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा अनहोनी टल गई।