CGTalkies

CGTalkies News

सरकड़ा-पांडुका मार्ग पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौके पर मौत, साथी घायल

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- गरियाबंद जिले के पाण्डुका क्षेत्र के अंतर्गत सरकड़ा और पाण्डुका के बीच बुधवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे हुआ है। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर लगभग 1 बजे हुआ। मृतक की पहचान गैंद विश्वकर्मा (19 वर्ष) पिता लोकेश विश्वकर्मा निवासी ग्राम रजनकटा के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक तिजेश्वर साहू (19 वर्ष), पिता हेमूराम साहू, निवासी ग्राम रजनकटा बताया गया है।

टक्कर मारने वाला वाहन अब तक अज्ञात

प्रत्यक्ष परिस्थितियों और घटनास्थल के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि बाइक को किसी तेज रफ्तार कार, ट्रक या हाइवा ने जोरदार टक्कर मारी होगी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी पाण्डुका ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

इस हृदयविदारक हादसे से रजनकटा सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और दोषी वाहन चालक की तलाश जारी है।

हमर क्लिनिक भवन के निर्माण में मिली खामियां, जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- गरियाबंद जिले के नगर पंचायत फिंगेश्वर के वार्ड क्रमांक 15 में निर्माणाधीन हमर क्लिनिक भवन का निरीक्षण जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी कमियां तथा कई आवश्यक कार्य अधूरे पाए जाने पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त की।

निरीक्षण में विधायक प्रतिनिधि राजू साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष धनराज सूर्यवंशी, उपाध्यक्ष दीपक श्रीवास, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ह्यूमने, योगेश पराना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

गुणवत्ता पर उठे सवाल

निरीक्षण के दौरान भवन के विभिन्न हिस्सों में निर्माण कार्य अधूरा पाया गया। साथ ही कुछ स्थानों पर निर्माण गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए गए। इस पर विधायक प्रतिनिधि राजू साहू ने संबंधित निर्माण एजेंसी को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शासन द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से हमर क्लिनिक का निर्माण कराया जा रहा है, इसलिए भवन को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करना आवश्यक है।

जल्द पूरा करें शेष कार्य

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को भवन में शेष बचे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति एवं गुणवत्ता संबंधी शिकायतों से सीजीएमएससी (ब्ळडैब्) के कार्यपालन अभियंता और क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू को पत्र लिखकर अवगत कराया गया है।

जनता को मिले बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

राजू साहू ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने संबंधित विभाग से सभी कमियों को जल्द दूर कर भवन को पूर्ण रूप से तैयार करने की मांग की, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

ग्रामीणों ने उठाई मांग

निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने भी गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने और समस्याओं को गंभीरता से उठाने पर आभार व्यक्त किया।

राजिम में भाजपा की प्रेसवार्ता, कांग्रेस पर तानाशाही मानसिकता का आरोप; आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय – यज्ञदत्त शर्मा

(सीजी टॉकिज) राजिम:- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ (राज्य मंत्री दर्जा) यज्ञदत्त शर्मा ने आपातकाल की बरसी पर राजिम में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला दिन था। इसी तारीख को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए संविधान और लोकतंत्र दोनों को कुचल कर आंतरिक अशांति का हवाला देते हुए देश पर आपातकाल थोप दिया था।

25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक का 21 महीने की अवधि में भारत में आपातकाल घोषित था। इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राधेश्याम सोनवानी, राजिम मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू मौजूद रहे।

आपातकाल लोकतंत्र की हत्या का प्रतीक था : यज्ञदत्त शर्मा

आपातकाल की बरसी पर बुधवार को राजिम विश्रामगृह में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ ( राज्य मंत्री दर्जा ) यज्ञदत्त शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आपातकाल एक राजनीतिक षड्यंत्र था, न कि कोई राष्ट्रीय संकट। इंदिरा गांधी ने सत्ता में बने रहने के लिए संविधान, लोकतंत्र और जन-अधिकारों को कुचल दिया था। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 की रात सिर्फ एक तिथि नहीं, बल्कि लोकतंत्र की हत्या का प्रतीक बन चुकी है। प्रेस की स्वतंत्रता को खत्म कर दिया गया, समाचार पत्रों की बिजली काटी गई, सेंसरशिप थोप दी गई और हजारों निर्दोष नागरिकों, नेताओं और पत्रकारों को जेलों में ठूंस दिया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी उसी आपातकालीन मानसिकता से ग्रस्त है। आज जब कांग्रेस सत्ता से बाहर है, तब वह लोकतंत्र की दुहाई देती है, लेकिन जब सत्ता में होती है, तब विरोध की हर आवाज को दबाने का प्रयास करती है। कहा कि इस बात को खासकर याद रखना होगा कि आपातकाल के दौरान अभिव्यक्ति की आजादी को भी कुचल दिया गया था, मीडिया पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया था।

इमरजेंसी लगाने के तुरंत बाद अख़बारों के दफ्तरों की बिजली काट दी गई ताकि ज़्यादातर अख़बार अगले दिन आपातकाल का समाचार ना छाप सकें। आपातकाल के दौरान 3801 अख़बारों को ज़ब्त किया गया। 327 पत्रकारों को मीसा कानून के तहत जेल में बंद कर दिया गया । 290 अख़बारों में सरकारी विज्ञापन बंद कर दिए गए। रॉयटर्स सहित कई विदेशी न्यूज़ एजेंसियों के टेलीफोन और दूसरी सुविधाएं काट दी गई। 51 विदेशी पत्रकारों की मान्यता छीन ली गई। 29 विदेशी पत्रकारों को भारत में एंट्री देने से मना कर दिया गया ।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जब देश में जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेता लोकतंत्र की रक्षा में जेलों में बंद थे, तब इंदिरा गांधी ने अपने पुत्र संजय गांधी को अघोषित सत्ता का केंद्र बना दिया था। उन्होंने कहा कि आज भाजपा देश की जनता को उस कालखंड की सच्चाई याद दिला रही है ताकि फिर कभी कोई सत्ता के लालच में देश को तानाशाही की ओर न धकेल सके।

आपातकाल की सच्चाई नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी : रोहित साहू

राजिम विधायक रोहित साहू ने भी आपातकाल विषय पर कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आह्वान किया कि आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों पर हुए प्रहार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दमन और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों के योगदान की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की रक्षा और संविधान के मूल्यों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रही है। इसलिए हमारा दायित्व है कि वह आपातकाल की सच्चाई को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाकर लोगों को लोकतंत्र के महत्व के प्रति जागरूक करे।

प्रेसवार्ता में भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी रितेश यादव, पालिका सभापति आकाश सिंह राजपूत, देवकी साहू, कुलेश्वर साहू,ईश्वर साहू, बादल साहू, लालजी साहू,महेश देवांगन,जितेंद्र पेंदरिया उपस्थित थे।

आपातकाल की बरसी पर भाजपा की मशाल रैली, लोकतंत्र सेनानियों को किया नमन

(सीजी टॉकिज) राजिम:- आपातकाल की बरसी की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी जिला गरियाबंद द्वारा बुधवार को गायत्री मंदिर परिसर राजिम से सुंदरलाल शर्मा चौक तक मशाल रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए।

रैली का नेतृत्व विधायक रोहित साहू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने किया। इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय था, जिसमें नागरिक अधिकारों का हनन किया गया और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया।

भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकार ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा एवं संविधान के मूल्यों को बनाए रखने के लिए आपातकाल की घटनाओं को याद रखना आवश्यक है। मशाल रैली के माध्यम से लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को नमन करते हुए युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

रैली गायत्री मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुंदरलाल शर्मा चौक पहुंची, जहां लोकतंत्र सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव: तिलक लगाकर बच्चों को कराया शाला प्रवेश

बच्चे बड़े सपने देखें और लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ें, सफलता जरूर मिलेगी – रोहित साहू

(सीजी टॉकिज) राजिम:- नवीन शिक्षण सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोमा विकासखंड फिंगेश्वर में अत्यंत हर्षाेल्लास और गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय परिसर में टीन शेड कार्य का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू उपस्थित थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चन्दूलाल साहू जी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती नंदनी ओंकार साहू सभापति, जिला पंचायत गरियाबंद, श्रीमती नंदनी कोमल ढीढ़ी सभापति जिला पंचायत गरियाबंद, इंद्रजीत महाड़िक सदस्य जिला पंचायत गरियाबंद, डॉ.रामकुमार साहू पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष, चंद्रशेखर साहू भाजपा जिला महामंत्री,जितेन्द्र साहू जनपद सदस्य फिंगेश्वर, रिकेश साहू मंडल अध्यक्ष राजिम,हरीश साहू अध्यक्ष सरपंच संघ फिंगेश्वर,ओमप्रकाश साहू अध्यक्ष सहकारी समिति कोमा,बलराम साहू सरपंच ग्राम पंचायत कोमा,नीतू जनक बंजारे उपसरपंच ग्राम पंचायत कोमा,भोजराम यादव अध्यक्ष ग्राम विकास समिति कोमा,टहलूरराम तारक अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति पूर्व मा. शाला कोमा,घनश्याम साहू अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति प्रा. शाला कोमा आदि शामिल हुए।

इस अवसर पर स्कूल पहुंचे नवप्रवेशी बच्चों का अतिथियों द्वारा तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और निरूशुल्क पाठ्य-पुस्तकें एवं कॉपियां भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों और ग्रामीणों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत स्कूल परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

कार्यक्रम के संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की धुरी है। हमारे मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में राज्य सरकार हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए संकल्पित है। आज इस शाला प्रवेशोत्सव के पावन अवसर पर मैं सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। पालकों से मेरी अपील है कि वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें तथा बच्चे बड़े सपने देखे और लक्ष्य बनाकर आगे बढे,सफलता जरूर मिलेगी।

इसके साथ ही आज हमने पर्यावरण को बचाने और अपनी धरती मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए श्एक पेड़ मां के नामश् अभियान के तहत पौधे रोपे हैं। मैं सभी शिक्षकों, बच्चों और ग्रामीणों से आग्रह करता हूँ कि इन पौधों की देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करें ताकि हमारा स्कूल परिसर हरा-भरा और स्वस्थ रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छ.ग. राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चन्दूलाल साहू ने कहा कि आज का दिन हमारे नौनिहालों के लिए एक नई यात्रा की शुरुआत है। पढ़बो सब झन, गढ़बो जन-जन के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए हमें छत्तीसगढ़ के भविष्य को संवारना है। स्कूल हमारे जीवन में संस्कारों की वेदी है। मुझे पूरा विश्वास है कि शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोमा के शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ बच्चों को बेहतर नागरिक बनाएंगे। बुनियादी सुविधाओं और बेहतर अधोसंरचना के लिए आज भूमिपूजन भी किया गया है, जो इस क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सभापति श्रीमती नंदनी ओमकार साहू ने कहा कि एक शिक्षित बेटी और एक शिक्षित बेटा ही उन्नत समाज का निर्माण कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर लगातार सुधर रहा है। पालकों और शिक्षकों के बीच का बेहतर समन्वय ही बच्चों की प्रतिभा को निखार सकता है। आज इस प्रवेशोत्सव में बच्चों के चेहरों की मुस्कान देखकर यह साफ है कि वे स्कूल आने के लिए कितने उत्साहित हैं। हम सब मिलकर फिंगेश्वर विकासखंड को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाएंगे। कार्यक्रम को नंदनी डीडी, इंद्रजीत महाडिक ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और राज्य गीत के साथ हुई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी फिंगेश्वर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विशेष रूप से आसपास के सरपंचगण ,शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण,पालक तथा विकासखंड के शिक्षकगण उपस्थित रहे। स्थानीय प्रशासन और शाला परिवार द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन किया गया।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रतीक – रोहित साहू

(सीजी टॉकिज) राजिम :- भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद् एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर मंगलवार को विधायक कार्यालय राजिम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक रोहित साहू सहित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ.मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने देश की एकता को सर्वाेपरि मानते हुए जम्मू-कश्मीर में लागू दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था का विरोध किया तथा राष्ट्रहित के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया। उनका जीवन देशभक्ति, त्याग और समर्पण की अनुपम मिसाल है,जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता के प्रबल प्रहरी थे। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने तथा भारत को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ.मुखर्जी के योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि विजय कंडरा, पन्ना साहू, होरीलाल साहू, किशोर साहू, ईश्वर साहू भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मातृ शक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

खाद-बीज और महंगाई को लेकर कांग्रेस का हंगामा, विधायक रोहित साहू को दिखाए काले झंडे, सैकड़ों कांग्रेसी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) राजिम :- खाद-बीज की किल्लत और लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर बुधवार को राजिम क्षेत्र में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने गरियाबंद जा रहे विधायक रोहित साहू को काले झंडे दिखाने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पाण्डुका के चारों धाम चौक पर रोकते हुए बड़ी संख्या में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान क्षेत्र कुछ समय के लिए गरियाबंद-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता काले कपड़े और काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने रोहित साहू वापस जाओ और मुख्यमंत्री वापस जाओ के नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि प्रदेश में खाद-बीज संकट और बढ़ती महंगाई से किसान एवं आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।

ब्लॉक अध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता गिरफ्तार

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए चारों धाम चौक पर बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रुपेश साहू सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद भी कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे।

विरोध के चलते विधायक का काफिला रुका

कांग्रेस के उग्र प्रदर्शन के कारण विधायक रोहित साहू के काफिले को भी कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। इस दौरान सड़क पर भारी गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने

विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया।

मुख्यमंत्री के गरियाबंद दौरे और कार्यक्रम को लेकर जिले में पहले से ही राजनीतिक सरगर्मी बनी हुई थी। कांग्रेस ने इसे जनहित के मुद्दों को उठाने का अवसर बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की।

अतिक्रमण हटाने पहुंचे प्रशासन के सामने बवाल, सरपंच सहित परिवार पर जानलेवा हमला, 13 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

(सीजी टॉकिज) राजिम:- राजिम क्षेत्र में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक झड़प में बदल गई। सरपंच ने गांव के एक व्यक्ति पर भीड़ उकसाने और सरकारी कार्रवाई में बाधा पहुंचाने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। पूरा मामला राजिम थाना अंतर्गत ग्राम सुरसाबांधा का है।

मिली जानकारी के अनुसार राजस्व विभाग की टीम उच्च न्यायालय बिलासपुर एवं तहसीलदार न्यायालय राजिम के आदेश के अनुपालन में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने सुरसाबांधा गांव पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद माहौल गरमा गया और मौके पर बलवे जैसी स्थिति निर्मित हो गई।

कार्रवाई के दौरान विवाद

घटना के बाद ग्राम पंचायत के सरपंच घनश्याम साहू ने गरियाबंद पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि पूर्व नियोजित साजिश के तहत भीड़ को भड़काकर उन पर और उनके परिजनों पर जानलेवा हमला कराया गया। सरपंच घनश्याम साहू ने आरोप लगाया है कि गांव के एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते लोगों को उकसाया और सरकारी कार्रवाई को मुद्दा बनाकर भीड़ को भड़काया।

शिकायत के अनुसार पहले अफवाहें फैलाई गईं और फिर सुनियोजित तरीके से लोगों को एकत्रित कर हमला कराया गया। सरपंच का कहना है कि उग्र भीड़ ने उन पर, उनके भाई जागेश्वर साहू तथा दुखीन बाई साहू पर हमला कर दिया, जिससे तीनों घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

13 नामजदों पर एफआईआर की मांग

गरियाबंद पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए आवेदन में मुख्य साजिशकर्ता सहित 13 नामजद व्यक्तियों के खिलाफ बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, जान से मारने की धमकी और जानलेवा हमले जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सरपंच परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई है।

गांव में तनाव, पुलिस जांच शुरू

घटना के बाद पूरे गांव में तनावपूर्ण माहौल बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि संबंधित भूमि पर अतिक्रमण को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन था। उच्च न्यायालय बिलासपुर और तहसीलदार न्यायालय राजिम के आदेश के पालन में राजस्व अमला अतिक्रमण हटाने पहुंचा था। लेकिन कार्रवाई के दौरान हुए विवाद ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।

गरियाबंद पुलिस का सघन सत्यापन अभियान: 105 घरों में पहुंची टीम, किराएदारों और बाहरी लोगों का खंगाला रिकॉर्ड

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- गरियाबंद जिले में संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से पुलिस ने रविवार को विशेष सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के तहत बाहर से आकर रह रहे लोगों और किराएदारों का रिकॉर्ड खंगालने के लिए पुलिस की छह टीमों ने 105 घरों में पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर (आईपीएस) के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दर्रापारा (केशोडार) में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर किराएदारों, बाहरी नागरिकों तथा मकान मालिकों से जानकारी एकत्रित की और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया।

संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिला मुख्यालय होने के कारण गरियाबंद में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा रोजगार और व्यवसाय के सिलसिले में बड़ी संख्या में बाहरी लोग निवास करते हैं। ऐसे में उनकी पृष्ठभूमि और गतिविधियों की जानकारी रखना सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है। अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई और उनके मूल निवास क्षेत्र के थानों से आपराधिक रिकॉर्ड मंगाने की प्रक्रिया भी शुरू की है। आदतन अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

मकान मालिकों को दी गई अहम जानकारी

सत्यापन अभियान के दौरान मकान मालिकों को किराएदारों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें समाधान ऐप के बारे में जानकारी देकर ऑनलाइन माध्यम से किराएदार सत्यापन कराने के लिए प्रेरित किया गया।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि जिले में इस प्रकार की सघन जांच और सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नगरवासियों और मकान मालिकों से अपील की कि वे किराएदारों का सत्यापन कराकर पुलिस का सहयोग करें, ताकि अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। गरियाबंद पुलिस का यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर नकेल कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जन्मदिन पर विधायक रोहित साहू बने निक्षय मित्र, 5 टीबी मरीजों को लिया गोद

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने जनप्रतिनिधियों से की आगे आने की अपील, रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का भी हुआ आयोजन

(सीजी टॉकिज) :- राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने अपने जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण के कार्यों के साथ मनाते हुए प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय मित्र बनकर जिले के पांच टीबी मरीजों को गोद लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को अतिरिक्त पोषण आहार किट वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य और उपचार में सहयोग का संकल्प लिया।

पाण्डुका स्थित गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर के अवसर पर विधायक श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और सक्षम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों की सहायता करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से मुक्ति के लिए मरीजों को नियमित उपचार के साथ पर्याप्त पोषण की भी आवश्यकता होती है। समाज के सहयोग से ही टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित चिकित्सकों द्वारा लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक परामर्श भी दिया गया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष श्रीमती मीरा ठाकुर, अमित साहू, अनिल चंद्राकर, अजय रोहरा, पाण्डुका की सरपंच सुश्री भानू ध्रुव, जिला क्षय अधिकारी डॉ. ए.के. हुमने, बीएमओ डॉ. राहुल नेताम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।