CGTalkies

CGTalkies News

बैंक मित्र और चॉइस सेंटर कर्मियों से लूटपाट, 4 आरोपी गिरफ्तार, सरपंच का भाई निकला मास्टरमाइंड

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- अभनपुर पुलिस ने लूट की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बैंक मित्र और चॉइस सेंटर के कर्मचारियों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गिरोह का मास्टरमाइंड सरपंच का छोटा भाई निकला, जो पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। मामला रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हसदा और सारखी में दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देते हुए करीब 3 लाख 50 हजार रुपये लूट लिए थे। गिरोह के सदस्य पहले अपने शिकार की पूरी रेकी करते थे और फिर सुनसान जगह पर रोककर चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंकते हुए चाकू दिखाकर नकदी लूट लेते थे।

बैंक मित्र से लूटे 2 लाख

ग्राम बिरोदा निवासी पोषण साहू खोरपा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में बैंक मित्र के पद पर कार्यरत हैं। 1 जून की शाम करीब 4.40 बजे पोषण बैंक से छुट्टी होने के बाद अपने निजी खाते से 2 लाख रुपये निकाले और रकम को अपने पिट्ठू बैग में रखकर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे।

इस दौरान ग्राम सारखी और बिरोदा के बीच स्थित पुलिया के पास आरोपियों ने जेब से मिर्च पाउडर निकालकर उनके चेहरे पर फेंकने का प्रयास किया, जबकि दूसरे ने चाकू जैसी वस्तु निकालकर डराया-धमकाया। अकेला होने के कारण वह विरोध नहीं कर सके। इसके बाद आरोपी उनके बैग में रखे 2 लाख रुपये नकद, करीब 10 हजार रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल फोन और दुकान की चाबी लूटकर फरार हो गए।

बैंक से ही करते थे रेकी

मामले की शिकायत के बाद अभनपुर पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक और चॉइस सेंटरों के आसपास नजर रखते थे। जैसे ही कोई बैंक मित्र या कर्मचारी बड़ी रकम लेकर निकलता, उसका पीछा शुरू कर देते थे। सुनसान स्थान मिलते ही मिर्च पाउडर और चाकू के दम पर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस को आशंका थी कि आरोपियों ने बैंक परिसर से ही पोषण साहू की गतिविधियों पर नजर रखी थी और रकम निकालते ही उनका पीछा शुरू कर दिया था। इसी एंगल पर जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद पूरा गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

सरपंच का भाई निकला गिरोह का सरगना

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह का मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु है, जो ग्राम पंचायत सारखी के सरपंच का छोटा भाई है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी लंबा है। उसके खिलाफ आबकारी, मारपीट, धोखाधड़ी सहित कई मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो दोपहिया वाहन, चार मोबाइल फोन, दो धारदार चाकू तथा लूट की रकम में से 70 हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। आरोपियों से पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

अभनपुर में क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी, लाश की नहीं हो पाई पहचान; पुलिस ने जारी की बेल्ट की तस्वीर

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उल्बा में एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। गांव के बाहर सुनसान इलाके में खेत किनारे मिली लाश की हालत इतनी खराब है कि पुलिस अब तक मृतक की पहचान नहीं कर सकी है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर ग्रामीणों ने खेत के पास एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। लंबे समय तक खुले स्थान पर पड़े रहने के कारण शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका है, जिससे पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है।

पहचान बनी सबसे बड़ी चुनौती

पुलिस के अनुसार मृतक के पास कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की जानकारी खंगाली जा रही है। वहीं मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने उसकी बेल्ट पर बने मोनो (चिन्ह) की तस्वीर सार्वजनिक की है और लोगों से सहयोग मांगा है।

अभनपुर पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति बेल्ट के आधार पर मृतक की पहचान कर सके या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता हो, तो तत्काल थाना अभनपुर से संपर्क करे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हत्या या अन्य किसी अपराध की पुष्टि नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

अभनपुर में अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :-  अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार 13 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि अभनपुर ओवरब्रिज के नीचे एक युवक अवैध रूप से शराब बिक्री करने के उद्देश्य से भारी मात्रा में शराब रखकर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजूलाल कोसरिया पिता पूरनलाल कोसरिया, (20 वर्ष) निवासी ग्राम भटगांव, अभनपुर, जिला रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास रखे थैले से 34 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अभनपुर ब्रेकिंग: सड़क किनारे मिला युवक का शव, जहर सेवन से मौत की आशंका

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- अभनपुर-राजिम मार्ग पर एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सावन साहू, निवासी ग्राम सिवनी खुर्द, जिला धमतरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सावन साहू अपने ससुराल अभनपुर के सातपारा क्षेत्र आया हुआ था। बताया जा रहा है कि वह घर से अभनपुर मार्केट घूमने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन बाद में उसका शव अभनपुर-राजिम मार्ग पर मिला। मृतक की बाइक भी शव के पास ही खड़ी मिली है।

प्रारंभिक जानकारी में जहर सेवन से मौत होने की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

आबकारी कर्मचारी से लूटपाट: नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार; खेत में ले जाकर लूटी सोने की चेन-अंगूठियां

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग में पदस्थ लिपिक से लूट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने माचिस मांगने के बहाने खेत की ओर घसीट कर ले गए और सोने की चेन-अंगूठियां लूट लिया। पुलिस ने वारदात में शामिल एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

जानकारी के अनुसार, पीड़ित आकाश कुमार तिवारी गरियाबंद में आबकारी विभाग में लिपिक हैं। वह 2 मई 2026 की रात राजिम से रायपुर लौट रहे थे। रात करीब 12.30 बजे वे अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास रुके थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनसे माचिस मांगी।

माचिस लेने के बाद दोनों युवकों ने उनसे गांजा रखने की बात कहते हुए जबरन तलाशी लेने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने आकाश को पकड़कर यात्री प्रतीक्षालय के पीछे खेत की ओर घसीटकर ले गए। वहां जान से मारने की धमकी देकर उनके हाथ में पहनी दो सोने की अंगूठियां और गले की सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

घटना के बाद अभनपुर थाने में लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और रायपुर ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। साथ ही मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में राखी निवासी धर्मेंद्र टंडन उर्फ लल्ला उर्फ हटेला शामिल है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि धर्मेंद्र टंडन पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ तेलीबांधा और राखी थाना क्षेत्रों में लूट समेत अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं।

राखी थाना के एक मामले में उसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी किया जा चुका है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।

अभनपुर में बैंक मित्र से 2 लाख की लूट, आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, चाकू दिखाकर लूटे रकम

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में बैंक मित्र से दिनदहाड़े 2 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने पूरी घटना को फिल्मी अंदाज में अंजाम देते हुए पहले पीड़ित को रोकने की कोशिश की, फिर आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर चाकू जैसी वस्तु से धमकाया और नकदी से भरा बैग, मोबाइल फोन तथा चाबी लूटकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम बिरोदा निवासी पोषण साहू खोरपा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में बैंक मित्र के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार शाम करीब 4.40 बजे बैंक से छुट्टी होने के बाद उन्होंने अपने निजी खाते से 2 लाख रुपये निकाले और रकम को अपने पिट्ठू बैग में रखकर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि ग्राम सारखी और बिरोदा के बीच स्थित पुलिया के पास दो युवक पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही पोषण साहू वहां पहुंचे, दोनों युवक काले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके पीछे लग गए और कुछ दूरी पर जाकर उनकी बाइक के सामने अपनी मोटरसाइकिल अड़ा दी।

पीड़ित के मुताबिक, एक आरोपी ने जेब से मिर्च पाउडर निकालकर उनके चेहरे पर फेंकने का प्रयास किया, जबकि दूसरे ने चाकू जैसी वस्तु निकालकर डराया-धमकाया। अकेला होने के कारण वह विरोध नहीं कर सके। इसके बाद आरोपी उनके बैग में रखे 2 लाख रुपये नकद, करीब 10 हजार रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल फोन और दुकान की चाबी लूटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी बैंक परिसर से ही पोषण साहू की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। नकदी निकालने के बाद जैसे ही वे गांव के लिए रवाना हुए, बदमाशों ने उनका पीछा किया और सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम दे दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटना स्थल तक जाने वाले मार्गों पर लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

अभनपुर में घर के भीतर संदिग्ध हालत में महिला की लाश, दूसरी महिला बेहोश मिली

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मानिकचौरी से शुक्रवार सुबह एक बेहद सनसनीखेज और रहस्यमयी मामला सामने आया, जहां घर के भीतर एक महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला, जबकि उसकी छोटी बहन उसी कमरे में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के मुताबिक, दोनों महिलाएं ग्राम मानिकचौरी में अकेले रहकर अपना जीवन-यापन करती थीं, जबकि उनके अन्य परिजन रायपुर में रहते हैं। गुरुवार रात दोनों बहनों ने साथ में भोजन किया और सोने चली गईं। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और कोई गतिविधि दिखाई नहीं दी, तब आसपास के लोगों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा गया तो बड़ी बहन जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि छोटी बहन खाट पर बेहोश हालत में मिली।

मृतका की पहचान भोज बाई रात्रे (58 वर्ष) पिता स्वर्गीय दिनेश रात्रे निवासी मानिकचौरी के रूप में हुई है। वहीं बेहोश मिली महिला की पहचान उसकी छोटी बहन मीरा बाई रात्रे (55 वर्ष) के रूप में की गई है। दोनों सगी बहनें बताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल बेहोश महिला को गंभीर हालत में अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा। पुलिस लोगों से पूछताछ कर रही है और घर के भीतर मिले हालातों की बारीकी से जांच में जुटी हुई है। वहीं मृतका के भाई और अन्य परिजनों को सूचना दे दी गई है, जो रायपुर से मानिकचौरी पहुंच रहे हैं।

शादीशुदा प्रेमी जोड़े ने खाया जहर, महिला की मौत, युवक की हालत गंभीर; अफेयर खुलासा होने के कारण आत्महत्या की आशंका

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचेड़ा में शादीशुदा प्रेमी जोड़े द्वारा जहर सेवन करने का मामला सामने आया है। घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान शारदा भारती (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान शिव कुमार कुर्रे (45 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों शादीशुदा थे और लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों ने गांव के पास जहरीला पदार्थ सेवन किया। हालत बिगड़ने पर आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं पुरुष की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। आशंका है कि संबंधों के खुलासे के बाद दोनों मानसिक तनाव में थे। हालांकि आत्मघाती कदम उठाने की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। मौके पर पहुंची अभनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार 3 युवकों को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत; पहले मवेशी से टकराई बाइक, फिर रेत से भरे हाईवा ने रौंदा

(सीजी टॉकिज) :- राजिम-अभनपुर मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। रेत से भरे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। घटना रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गातापार स्थित ठाकुर दुकान के पास की बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान डोमन टंडन, अंकित बंजारे और राजा ओगरे के रूप में हुई है। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे।

जानकारी के मुताबिक छोटे उरला निवासी डोमन टंडन रायपुर से काम कर मंगलवार रात घर लौटा था। कुछ देर बाद उसने परिवार वालों से दोस्तों और धुमाल पार्टी वालों से मिलने जाने की बात कही और रात करीब 8:30 बजे बाइक से घर से निकला। उसके साथ अंकित बंजारे और राजा ओगरे भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही तीनों युवक ग्राम गातापार स्थित ठाकुर दुकान के पास पहुंचे, उनकी बाइक अचानक सड़क पर आए मवेशी से टकरा गई। टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान राजिम की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे रेत से भरे हाईवा क्रमांक CG07 CX 8758 ने तीनों को बेरहमी से रौंद दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर खून बिखर गया और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

पेट्रोल नहीं मिला तो पंप में घुसकर कर्मचारियों पर बरसाए लाठी-डंडे, तीन आरोपी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) :- रायपुर जिले के अभनपुर में पेट्रोल नहीं मिलने से नाराज युवकों ने कर्मचारियों से मारपीट की। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की, फिर कुछ देर बाद साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों बेरहमी से पिटाई कर दी। शिकायत के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्राम ठेलकाबांधा निवासी पीड़ित शिवा यादव ने अभनपुर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 16 मई 2026 की रात करीब 9 बजे वह अपने साथी अजय यदु और योगेश्वर साहू के साथ भारत पेट्रोल पंप में ड्यूटी कर रहा था। उसी दौरान बिजली बंद थी। तभी ठाकुर राम साहू अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल में पहुंचे और अलग डिब्बे में पेट्रोल भरने की बात कही।

कर्मचारियों ने बिजली आने के बाद पेट्रोल देने की बात कही, जिससे आरोपी भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने अश्लील गालियां देते हुए कर्मचारियों से धक्का-मुक्की की और धमकी देकर वहां से चले गए।

शिकायत के मुताबिक करीब 10 मिनट बाद ठाकुर राम साहू, भोज सेन और पुरुषोत्तम ध्रुव अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचे। आते ही उन्होंने कर्मचारियों को गालियां देना शुरू कर दिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में योगेश्वर साहू के सिर, चेहरे और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जबकि अजय कुमार यदु के सीने, सिर और मुंह पर चोट लगी। शिवा यादव को भी मामूली चोटें आई हैं।

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनके खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।