CGTalkies

CGTalkies News

सोनतीर्थ घाट के निर्माणाधीन संस्कार भवन का विधायक रोहित साहू ने किया निरीक्षण

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम के ऐतिहासिक सोनतीर्थ घाट पर निर्माणाधीन संस्कार भवन का राजिम विधायक रोहित साहू ने औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुविधा से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश

विधायक रोहित साहू ने निर्माण स्थल पर उपयोग की जा रही सामग्री का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने संस्कार भवन परिसर में पेयजल व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्नान स्थल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि सोनतीर्थ घाट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पिंडदान करने वाले परिवार और धार्मिक-सामाजिक आयोजनों में शामिल होने वाले लोग पहुंचते हैं। ऐसे में यहां बनने वाला संस्कार भवन सर्वसुविधायुक्त, विशाल और सुविधाजनक होना चाहिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि धर्मनगरी राजिम आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

गुणवत्ता से समझौता नहीं

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी या गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया कि संस्कार भवन बनने के बाद प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पिंडदान और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब तक अंतिम संस्कार के बाद होने वाली धार्मिक रस्मों और सामाजिक आयोजनों के लिए समुचित स्थान का अभाव था, जिसे यह भवन दूर करेगा।

निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, पार्षद बलराम यादव, भारत यादव, आकाश राजपूत तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी संतोष विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

सावन के पहले सोमवार को कुलेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी भीड़, दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु

(सीजी टॉकिज) राजिम:- सावन माह के प्रथम सोमवार को त्रिवेणी संगम तट स्थित प्राचीन श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। ‘‘हर-हर महादेव’’ और ‘‘बम-बम भोले’’ के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो उठा। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।

सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर महिलाओं, युवतियों, बुजुर्गों और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को गंगाजल, दूध, दही, शहद और पवित्र जल से अभिषेक किया। शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, कनेर के पुष्प् और मौसमी फल अर्पित कर भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में गूंजते शिव भजनों और वैदिक मंत्रोच्चार ने भक्तिमय वातावरण को और अधिक दिव्य बना दिया।

भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और पुजारियों ने श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित दर्शन की व्यवस्था की। कतारबद्ध तरीके से श्रद्धालुओं को दर्शन कराए गए, जिससे पूरे समय व्यवस्था सुचारू बनी रही।

पंचकोशी के शिवालयों में भी उमड़ी श्रद्धा

राजिम ही नहीं, बल्कि पूरे अंचल के प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बाबा गरीबनाथ महादेव मंदिर, मामा-भांजा मंदिर, दान दानेश्वर, राजराजेश्वर, ब्रह्मचर्य आश्रम स्थित सोमेश्वरनाथ मंदिर सहित पंचकोशी क्षेत्र के कोपेश्वरनाथ, फणेश्वरनाथ, ब्रह्मणेश्वरनाथ, पटेश्वरनाथ और चंपेश्वरनाथ मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक का सिलसिला चलता रहा।

 

राजिम रेस्ट हाउस में भाजपा महिला मोर्चा की बैठक संपन्न: संगठन विस्तार पर मंथन, 16 अगस्त को भव्य सावन महोत्सव और सीमा पर तैनात जवानों को भेजी जाएंगी राखियां

(सीजी टॉकिज) राजिम:- भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला गरियाबंद की प्रथम कामकाजी एवं परिचयात्मक बैठक का आयोजन राजिम स्थित विश्राम गृह में संपन्न हुआ। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों पर विचार-विमर्श कर रूपरेखा तय की गई।

बैठक में मुख्य रूप से आगामी 16 अगस्त को आयोजित होने वाले सावन महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही, रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर देश की सीमाओं पर दिन-रात मुस्तैदी से तैनात भारत मां के वीर जवानों के सम्मान एवं लंबी आयु की कामना के लिए महिला मोर्चा द्वारा विशेष रूप से राखियां एवं शुभकामनाएं भेजने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया।

बैठक में प्रमुख रूप से राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा महिला मोर्चा जिला प्रभारी सविता चंद्राकर, सह प्रभारी माधुरी साहू ने महिला कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा।

महिला कार्यकर्ता भाजपा की रीढ़

बैठक को संबोधित करते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि भाजपा की रीढ़ हमारी महिला कार्यकर्ता हैं, जिनकी शक्ति और समर्पण के बल पर संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है। सावन का महीना हमारी सनातन संस्कृति और बहनों के स्नेह का प्रतीक है।

16 अगस्त को आयोजित होने वाला सावन महोत्सव हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजेगा और बहनों की एकजुटता की मिसाल पेश करेगा। इसके साथ ही सीमा पर तैनात हमारे नौजवान, जो अपने परिवारों से दूर रहकर देश की सुरक्षा कर रहे हैं, उनके लिए राखियां भेजना एक सराहनीय पहल है। जब हमारी बहनों द्वारा भेजी गई स्नेह की डोर उन तक पहुंचेगी, तो उनका मनोबल और अधिक बढ़ेगा।

ऐतिहासिक होगा सावन महोत्सव

भाजपा महिला मोर्चा की जिला प्रभारी श्रीमती सविता चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि प्रथम कामकाजी एवं परिचयात्मक बैठक के माध्यम से आज गरियाबंद जिले की महिला मोर्चा एक नई ऊर्जा के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुट गई है। 16 अगस्त का सावन महोत्सव ऐतिहासिक होगा। इसमें पारंपरिक खेलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बहनों के सम्मान का भव्य संगम देखने को मिलेगा। इसके साथ ही, सरहद के रक्षकों को राखी अभियान के तहत गरियाबंद जिले की हर पंचायत और मंडल से राखियां एकत्र कर सेना के जवानों तक भेजी जाएंगी।

सह-प्रभारी श्रीमती माधुरी साहू ने भी बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर अपने विचार व्यक्त किए। बैठक के अंत में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती बिंदु सिन्हा ने समस्त अतिथियों एवं बहनों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि मैं महिला मोर्चा की ओर से हमारे विधायक रोहित साहू जी, जिला प्रभारी श्रीमती सविता चंद्राकर जी, सह-प्रभारी माधुरी साहू जी एवं आप सभी वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने इस बैठक को सफल बनाया। 

बैठक में महिला मोर्चा की वरिष्ठ नेत्रियों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही जिसमें प्रमुख रूप से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रेखा सोनकर एवं श्रीमती तनु मिश्रा,जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा पारस ठाकुर,उपाध्यक्ष नगर पालिका राजिम श्रीमती पूर्णिमा चंद्राकर,वरिष्ठ कार्यकर्ता व पदाधिकारी श्रीमती स्वंजना उपाध्याय, श्रीमती संतोषी श्रीवास्तव, श्रीमती मधु नाथानी, श्रीमती भारती साहू जिला महामंत्री, श्रीमती लक्ष्मी श्रीवास्तव, श्रीमती भुनेश्वरी साहू, श्रीमती तोकेश्वरी मांझी, हीरामनी साहू, रेणुका साहू तथा बड़ी संख्या में गरियाबंद जिले की महिला मोर्चा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थीं, जिन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।

विधायक रोहित साहू और नपाध्यक्ष महेश यादव ने पौनी पसारी कॉम्प्लेक्स निर्माण का किया भूमिपूजन

(सीजी टॉकिज) राजिम:- जन-सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए विधायक रोहित साहू ने राजिम नगर के दत्तात्रेय मंदिर के समीप बनने वाले पौनी पसारी कॉम्प्लेक्स के भूमिपूजन कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने नगरवासियों को नए विकास कार्यों की सौगात दी। पौनी पसारी कॉम्प्लेक्स के निर्माण से स्थानीय छोटे व्यापारियों, बेरोज़गार युवाओं और स्वरोजगार से जुड़े पारंपरिक व्यवसायियों को व्यापार के लिए एक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधायुक्त स्थान मिल सकेगा, जिससे उनकी आजीविका में सुधार होगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम के तत्काल पश्चात, विधायक रोहित साहू ने वार्ड क्रमांक 01 गांधी नगर का दौरा किया। सघन जनसंपर्क अभियान के दौरान विधायक ने वार्ड के नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। वार्डवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित मांगों को विधायक के समक्ष रखा जिसे विधायक रोहित साहू ने सभी मुद्दों को विस्तार से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए।

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान भावुक क्षण तब देखने को मिला जब विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र की वरिष्ठ नागरिक एवं लोक संस्कृति की प्रतीक बिहुला बाई का आत्मीय स्वागत एवं नागरिक अभिनंदन किया जिन्हें अयोध्या के श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा उत्सव में आमंत्रित किया गया था।

इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों और हमारी समृद्ध लोक संस्कृति को जीवित रखने वाले गुणीजनों का सम्मान करना हमारी सदियों पुरानी परंपरा और संस्कारों का मूल हिस्सा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने विधायक रोहित साहू का राजिम नगर की जनता की ओर से सहृदय धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मैं राजिम नगर पालिका और समस्त नगरवासियों की ओर से हमारे विधायक रोहित साहू जी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ, जो राजिम के विकास के लिए निरंतर समर्पित हैं।

पौनी पसारी योजना हमारे छोटे व्यापारी भाइयों और खासकर युवाओं के लिए एक वरदान साबित होगी। आज विधायक जी के प्रयासों से नई सुविधाओं को विस्तार दिया जा रहा है।नगर पालिका परिषद राजिम इस निर्माण कार्य को पूरी गुणवत्ता और तय समय-सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक के नेतृत्व में राजिम विकास के नए आयाम छू रहा है।

इस दौरान प्रमुख रूप से नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा चंद्राकर, सीएमओ संतोष विश्वकर्मा, राजिम भक्तिन मंदिर समिति अध्यक्ष लाला साहू सहित पार्षद मंशाराम कुर्रे, भारत यादव, आकाश राजपूत, सुरेश पटेल, बलराम यादव, तुषार कदम, उत्तम निषाद, अजय पटेल, टंकु सोनकर, कमल सिन्हा, गजेश्वर ध्रुव, ऋषि दुबे एवं योगेंद्र राजपूत सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

राजिम में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज का आत्मीय स्वागत, आगामी रणनीति पर भी हुआ मंथन

(सीजी टॉकिज) राजिम:-  धर्मनगरी राजिम में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर के अध्यक्ष रूपेश साहू के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने स्थानीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की वर्तमान स्थिति, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर जनता के बीच सक्रिय रहकर कांग्रेस की नीतियों और जनकल्याणकारी मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में कांग्रेस आने वाले समय में और अधिक सशक्त होकर जनता की आवाज बुलंद करेगी।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रदेश प्रतिनिधि भवानी शंकर शुक्ल सहित मनोज कंदोई, राजेंद्र सूर्यवंशी, विकास तिवारी, तेजेश यदू, डेकेश्वर ठाकुर, पवन सोनकर, योगेश साहू, टिकेश साहू, कुलेश्वर साहू, सुंदर साहू, देवानंद साहू, राजेंद्र साहू, चेतन सिन्हा, रामनारायण साहू, प्रहलाद गंधर्व, रमेश शर्मा, डॉ. रमेश साहू, गैंद राम यादव, लेखराम साहू, रामकुमार साहू, गोविंद कहार, होरीलाल वर्मा, मनोज सोनवानी, हेमलता सिन्हा, योगेश्वरी साहू, हिमेश्वरी साहू, जानकी साहू, भुनेश्वरी बंजारे, खेमू साहू, वासुदेव यादव, जगमोहन राजा, खिलेश साहू, रामू तारक, डॉ. दिलीप साहू, मुकेश भारती, शिवम सिन्हा, शेखर साहू, ईश्वरी साहू, खेमराज सिन्हा, शेषू गुप्ता, कुलेश्वर धनकर, तुलेश्वर धृतलहरे, विष्णु जांगड़े सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गुरु रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, 207 दिन चलेगा ‘समरसता संकल्प अभियान’

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :-  भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (रविदास जयंती) तक देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने राजिम में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि अभियान के तहत राष्ट्रीय से लेकर ग्राम स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

प्रेसवार्ता में राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष रामकुमार साहू, जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, जिला मंत्री सुरेंद्र सोंटेके, जिला प्रवक्ता पारस ठाकुर तथा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समरसता दीप महोत्सव से होगा शुभारंभ 

अमित चिमनानी ने कहा कि अभियान की शुरुआत ‘समरसता दीप महोत्सव’ से होगी, जबकि इसके अंतर्गत समरसता यात्रा, संत संपर्क, कलश वंदन और छात्रावास संपर्क जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक, समाज सुधारक और आध्यात्मिक चिंतक हैं। उन्होंने अपने जीवन के माध्यम से जातिगत भेदभाव, ऊँच-नीच और सामाजिक विषमताओं के विरुद्ध आवाज़ उठाई तथा समानता, आत्मसम्मान और भाईचारे का संदेश दिया। उनका “बेगमपुरा” का दर्शन ऐसे समाज की कल्पना प्रस्तुत करता है, जहाँ किसी प्रकार का दुख, अन्याय, भेदभाव या शोषण न हो।

उन्होंने कहा कि फ्रांसीसी क्रांति और अब्राहम लिंकन के स्वतंत्रता संबंधी विचारों से सदियों पहले ही गुरु रविदास महाराज ने समानता और समरसता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल में भी गुरु रविदास महाराज के विचारों की प्रेरणा दिखाई देती है।

दीप महोत्सव, समरसता यात्रा और संत संपर्क होंगे अभियान का हिस्सा

प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर “समरसता दीप महोत्सव” के साथ होगा।देशभर के मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा, छात्रावास संपर्क अभियान तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देशभर के प्रदेश, जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर तक पहुँचाए जाएंगे।

5 अक्टूबर से निकलेगी समरसता यात्रा

उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक “गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियाँ, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों लोगों को सामाजिक समरसता के इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

अमित चिमनानी ने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने सभी संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं तथा समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

राजिम पुलिस की बड़ी सफलता: खेत से समर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम पुलिस ने खेत से समर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया 3 एचपी का समर्सिबल पंप और करीब 150 मीटर केबल वायर बरामद कर लिया है। मामला राजिम थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को ग्राम धमनी निवासी मुकेश सोनवानी ने थाना राजिम में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत में बने मोटर पंप कक्ष में रखा 3 एचपी का समर्सिबल पंप और लगभग 150 मीटर केबल वायर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। अधिक बारिश के कारण पंप को बोर में फिट नहीं किया गया था और उसे कमरे में सुरक्षित रखा गया था।

ग्राहक तलाश रहे दोनों युवक दबोचे

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धमनी के दो युवक चोरी का समर्सिबल पंप और केबल वायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम किरवई स्थित टिकेश मोटर वाइंडिंग के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि 23 जुलाई 2026 को उन्होंने मुकेश सोनवानी के खेत स्थित मोटर पंप कक्ष का ताला तोड़कर समर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी किया था। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की उर्फ चंद्रकांत तारक (19 वर्ष) और हर्ष यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों ग्राम धमनी थाना राजिम के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305 एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हथखोज में विधायक रोहित साहू की उपस्थिति में ग्रामवासियों ने सुना गया पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम

(सीजी टॉकिज) राजिम :- फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम हथखोज के बूथ क्रमांक 3 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय एवं प्रेरणादायी रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री के देश के विकास, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और सामाजिक चेतना से ओत-प्रोत संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।

कार्यक्रम के उपरांत कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का मन की बात कार्यक्रम देशवासियों में एक नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है। यह रेडियो कार्यक्रम देश के हर कोने में समाजहित के लिए असाधारण कार्य कर रहे आम नागरिकों की गाथाओं को उजागर करने का एक महाअभियान है। हमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से अपने क्षेत्र व गांव के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

इस दौरान प्रमुख रूप से सरपंच बलराम निषाद, पूर्व सरपंच नरेश निषाद, बूथ अध्यक्ष कलेश्वर साहू, उपसरपंच जोगेश्वर यादव, मनोहर साहू, मंगतू राम साहू, जगनाथ साहू, संतोष निषाद, कुंतराम निषाद, अशोक यादव, बिसौहा निषाद, रामाधार निषाद, उमेंद साहू, दयाराम साहू, चितरेखा निषाद, पंचोबाई निषाद, दुकाला ध्रुव,  ग्राम पंचायत के पंचगण रेखा साहू, परमेश्वरी ध्रुव, पार्वती यादव, जयंती निषाद, बिटावन बांधे, पिंकी साहू सहित गांव के बुजुर्गों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री जी के विचारों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण एवं गांव के विकास में अपना शत-प्रतिशत योगदान देने का संकल्प लिया।

सुरक्षा के मद्देनजर गरियाबंद पुलिस की सरपंचों व कोटवारों से बैठक: दिए गए सख्त निर्देश

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद:- जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने अवैध प्रवासियों की पहचान और किरायेदारों के शत-प्रतिशत सत्यापन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सरपंचों और कोटवारों की बैठक आयोजित कर उन्हें गांव और शहरों में आने वाले नए लोगों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

गांव स्तर पर होगी निगरानी

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सरपंचों और कोटवारों से कहा कि वे गांव और वार्ड स्तर पर सजग प्रहरी की भूमिका निभाएं। मजदूरी, रोजगार या अन्य कारणों से बाहर से आकर रहने वाले प्रत्येक नए व्यक्ति की जानकारी संबंधित थाना पुलिस को तत्काल उपलब्ध कराएं। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है या उसके पास वैध पहचान पत्र नहीं है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।

गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किराये के मकानों में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। सभी मकान मालिकों से अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की गई है। इसके लिए पुलिस के ‘‘समाधान ऐप’’ के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन किरायेदार सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और मकान मालिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जिले को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध रूप से रह रहे व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें।

विधायक रोहित साहू ने ली विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक, समयबद्ध और प्रभावी तरीके से कार्य की पूर्णता के दिए निर्देश

(सीजी टॉकिज) राजिम:-  राजिम विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और आगामी योजनाओं की समीक्षा के लिए विधायक रोहित साहू ने स्थानीय विश्राम गृह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक ली। बैठक में लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, सेतु निगम और विद्युत सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। विधायक ने सभी विभागों को विकास कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

पर्यटन स्थलों के विकास पर विशेष जोर

बैठक में क्षेत्र की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। विधायक रोहित साहू ने जतमई-घटारानी, झरझरा और चिंगरापगार जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के लिए बेहतर सड़क, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।

समीक्षा बैठक के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर आम जनता को शीघ्र लाभ पहुंचाया जाए।

विधायक रोहित साहू ने राजस्व विभाग को नामांतरण, सीमांकन एवं अन्य राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

जनसेवा और सुशासन सरकार की प्राथमिकता

विधायक रोहित साहू की समीक्षा बैठकबैठक के अंत में विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनसेवा, सुशासन और क्षेत्र के समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

बैठक में अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए सभी निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, डीएफओ शशिकानंदन के., एसडीएम विशाल महाराणा, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता रामेश्वर प्रसाद सिंह सहित सेतु निगम, विद्युत एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।