CGTalkies

CGTalkies News

राजिम पुलिस की बड़ी सफलता: खेत से समर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

(सीजी टॉकिज) राजिम :- राजिम पुलिस ने खेत से समर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया 3 एचपी का समर्सिबल पंप और करीब 150 मीटर केबल वायर बरामद कर लिया है। मामला राजिम थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को ग्राम धमनी निवासी मुकेश सोनवानी ने थाना राजिम में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत में बने मोटर पंप कक्ष में रखा 3 एचपी का समर्सिबल पंप और लगभग 150 मीटर केबल वायर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। अधिक बारिश के कारण पंप को बोर में फिट नहीं किया गया था और उसे कमरे में सुरक्षित रखा गया था।

ग्राहक तलाश रहे दोनों युवक दबोचे

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धमनी के दो युवक चोरी का समर्सिबल पंप और केबल वायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम किरवई स्थित टिकेश मोटर वाइंडिंग के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि 23 जुलाई 2026 को उन्होंने मुकेश सोनवानी के खेत स्थित मोटर पंप कक्ष का ताला तोड़कर समर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी किया था। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की उर्फ चंद्रकांत तारक (19 वर्ष) और हर्ष यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों ग्राम धमनी थाना राजिम के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305 एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *