CGTalkies

CGTalkies News

नवापारा गुलाब गार्डन में चाकूबाजी, तीन युवकों पर हमला, अज्ञात आरोपी फरार

(सीजी टॉकिज) गोबरा नवापारा:- नवापारा-राजिम। नवापारा में गुलाब गार्डन में घूमने पहुंचे तीन युवकों पर एक अज्ञात बदमाश ने अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने पहले युवकों से उनका गांव पूछा और फिर विवाद करते हुए गाली-गलौच शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चाकू और डंडे से हमला कर तीनों युवकों को घायल कर दिया। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कुर्रा निवासी अमित तारक अपने साथी मनीश बर्मन और नवीन बंदे के साथ 14 जून को गोबरा नवापारा स्थित गुलाब गार्डन घूमने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे उनका पता-ठिकाना पूछा। युवकों द्वारा ग्राम कुर्रा निवासी होने की जानकारी देने पर आरोपी भड़क गया और तुम लोग हीरो बनने आए हो कहते हुए अश्लील गालियां देने लगा।

बताया गया कि आरोपी ने अचानक अपने पास रखे चाकू से अमित तारक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी दाहिनी जांघ के पास चोट आई। वहीं मनीश बर्मन को डंडे से बाएं हाथ और पैर में वार कर घायल कर दिया गया। नवीन बंदे को भी थप्पड़ मारकर चोट पहुंचाई गई। घटना के दौरान गुलाब गार्डन में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़ित अमित तारक ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 296, 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच कर रही है। पुलिस की टीम आरोपी की पहचान कर उसकी तलाष में जुटी हुई है।

विकास और विश्वास के 12 वर्ष: हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना, जनसंपर्क कर गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां

भाजपा कार्यकर्ताओं ने आमजन से किया संवाद, राष्ट्र की समृद्धि और जनकल्याण की कामना

(सीजी टॉकिज) नवापारा-राजिम:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को नवापारा स्थित हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला संगठन के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।

इस अवसर पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विश्व पटल पर भारत की बढ़ी प्रतिष्ठा के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही राष्ट्र की समृद्धि, प्रदेश की खुशहाली एवं जन-जन के सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना की गई।

आमजन और व्यापारियों से किया जनसंपर्क

आयोजन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर स्थानीय दुकानदारों एवं आम नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ‘‘विकास और विश्वास’’ के विषय पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है तथा देश आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

बड़ी संख्या में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता

कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक इंद्र कुमार साहू, मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष धनमती साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, महामंत्री सिंटू जैन, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य योगिता सिन्हा एवं तनु मिश्रा, जिला पदाधिकारी अन्नपूर्णा देवांगन, धीरज साहू, मुकुंद मेश्राम, संजय साहू, इंद्रजीत ठाकुर, देवेंद्र सेन, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकित मेघवानी, उपाध्यक्ष राजू रजक, अनुज राजपूत, साधना सौरज, हर्ष कंसारी, उमा कंसारी, प्रभा बासवार, सरोज साहू, संतोषी कंसारी, नंदनी साहू, गीता राजपूत, सचिन सचदेव, डिगेश साहू, युवराज यादव, राहुल साहू, दुकाल्हिन साहू, तिजिया साहू, जानकी साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कांग्रेस की दिग्गज नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने दिया इस्तीफा, सियासी गलियारों में मची हलचल

(सीजी टॉकिज) :- नवापारा नगर की राजनीति में उस समय बड़ा राजनीतिक विस्फोट हो गया, जब कांग्रेस की तीन बार की विजयी पार्षद, पार्टी की वरिष्ठ नेता और नगर पालिका परिषद में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी निभा रहीं संध्या राव ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनके इस फैसले ने स्थानीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

संध्या राव को कांग्रेस की उन चुनिंदा नेताओं में गिना जाता है जिन्होंने लगातार जनसमर्थन के दम पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। वे नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस की ओर से सर्वाधिक मतों से जीत दर्ज कर चुकी हैं और वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष के रूप में बेहद सक्रिय एवं आक्रामक भूमिका निभा रही थीं। ऐसे में उनका अचानक इस्तीफा पार्टी के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं माना जा रहा है।

संगठन को भेजा औपचारिक इस्तीफा

संध्या राव ने अपने इस्तीफे की जानकारी संगठन को औपचारिक पत्र भेजकर दी है। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि वे लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़ी रही हैं तथा पार्टी के विभिन्न आंदोलनों, जनसरोकारों और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाती रही हैं। उन्होंने अपने इस्तीफे को व्यक्तिगत निर्णय बताया है।

हालांकि उन्होंने अपने पत्र में इस्तीफे के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इतना जरूर कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में उनका पार्टी में बने रहना संभव नहीं था।

कारणों पर सस्पेंस, अटकलों का दौर तेज

स्थानीय लोगों का मानना है कि संध्या राव जैसी सक्रिय और प्रभावशाली नेता का अचानक पार्टी छोड़ना सामान्य घटना नहीं है। यही वजह है कि उनके इस्तीफे के पीछे के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक उन्होंने अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई संकेत नहीं दिया है।

कांग्रेस के लिए बड़ा नुकसान!

नगर की राजनीति में मजबूत जनाधार रखने वाली संध्या राव के इस्तीफे को कांग्रेस संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। उनके समर्थकों की संख्या अच्छी-खासी है और ऐसे में आने वाले दिनों में उनके फैसले का स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ सकता है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर संध्या राव का अगला राजनीतिक कदम क्या होगा? क्या वे किसी अन्य दल का दामन थामेंगी या फिर स्वतंत्र राजनीतिक राह चुनेंगी? इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में साफ होंगे, लेकिन इतना तय है कि उनके इस्तीफे ने नवापारा की राजनीति में नई सरगर्मी पैदा कर दी है।

नवापारा में सोमवारी बाजार के पास लगेगा बैरियर, रेत वाहनों के प्रवेश पर लगेगी रोक, पालिका परिषद की बैठक में लिया गया निर्णय

(सीजी टॉकिज) :- नवापारा नगर में रेत परिवहन करने वाले भारी वाहनों की तेज रफ्तार और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर गोबरा-नवापारा नगर पालिका परिषद ने बड़ा और ऐतिहासिक निर्णय लिया है। नगर पालिका की सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष ओम कुमारी संजय साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, नेता प्रतिपक्ष संध्या राव सहित पक्ष-विपक्ष के सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से सोमवारी बाजार के पास बैरियर लगाने का फैसला किया।

निर्णय के अनुसार सुबह 6 बजे से रात 10.30 बजे तक नगर के मुख्य मार्गों से रेत से भरे हाइवा वाहनों का प्रवेश और आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बैरियर के माध्यम से केवल रेत परिवहन करने वाले भारी वाहनों को रोका जाएगा, जबकि अन्य व्यवसायिक, मालवाहक और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रहेगी।

नगरवासियों की मांग पर लिया गया फैसला

नगर पालिका परिषद ने बताया कि धमतरी जिले की विभिन्न रेत खदानों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में हाइवा वाहन नगर के भीतर से गुजरते हैं। भारी वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और कई बार गंभीर सड़क हादसे भी हो चुके हैं। लंबे समय से नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों द्वारा दिन के समय रेत हाइवा वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की जा रही थी। पूर्व में सूचना बोर्ड लगाकर प्रतिबंधित समय में हाइवा वाहनों की आवाजाही रोकने का प्रयास किया गया था, लेकिन उसका अपेक्षित परिणाम नहीं मिला। इसके बाद परिषद ने इस बार सख्त कदम उठाते हुए बैरियर लगाकर निगरानी व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।

नगरवासियों ने किया स्वागत

परिषद के फैसले का नगरवासियों ने स्वागत करते हुए इसे सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है। लोगों का कहना है कि इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और मुख्य मार्गों पर आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा।

नगरवासियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता – ओम कुमारी साहू

नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी संजय साहू ने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा परिषद की पहली प्राथमिकता है। लगातार मिल रही शिकायतों और सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है। बैरियर लगने के बाद प्रतिबंधित समय में रेत हाइवा वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोका जाएगा, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

नगरहित में लिया गया फैसला – संध्या राव

नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने कहा कि यह निर्णय राजनीति से ऊपर उठकर पूरी तरह नगरहित में लिया गया है। पक्ष और विपक्ष ने एकमत होकर जनता की मांग को स्वीकार किया है। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था मिलेगी।

नियमों का होगा सख्ती से पालन – भूपेंद्र सोनी

नगर पालिका उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी ने कहा कि भारी वाहनों के कारण नगर में लगातार यातायात प्रभावित हो रहा था। परिषद का यह निर्णय जनभावनाओं के अनुरूप है। बैरियर व्यवस्था लागू होने के बाद नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा ताकि नगरवासियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात उपलब्ध हो सके।

प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 2.5 एकड़ सरकारी जमीन कब्जामुक्त, रेत माफियाओं का अवैध रपटा बार ध्वस्त

तहसीलदार की दो टूक चेतावनी – दोबारा रपटा बनाया तो होगी FIR, नहीं बख्शे जाएंगे कब्जाधारी और रेत तस्कर

(सीजी टॉकिज) :- नवापारा क्षेत्र में अवैध कब्जों और रेत के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ा और सख्त अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जहां ग्राम सेमरा में करीब 2.5 एकड़ शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया, वहीं ग्राम दुलना में अवैध रेत परिवहन के लिए बनाए गए रपटे को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों और रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

नवापारा तहसीलदार विक्रांत सिंह राठौर एवं रायपुर सीएसपी तुलसी लेकाम के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को क्षेत्र में लंबे समय से चल रही अवैध गतिविधियों पर प्रशासनिक शिकंजा कसने की बड़ी पहल माना जा रहा है।

सरकारी जमीन पर कब्जा कर बेचने की थी तैयारी

ग्राम सेमरा में लगभग 2.5 एकड़ शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत लंबे समय से मिल रही थी। जांच में सामने आया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा सरकारी भूमि को अपने निजी खेत में शामिल कर चारों ओर बाउंड्रीवाल खड़ी कर दी गई थी और उसे बेचने की तैयारी भी चल रही थी।

शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को हटाया और पूरी भूमि को कब्जामुक्त कराया। साथ ही संबंधित व्यक्ति पर 5 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में अवैध निर्माण हटाए गए और सरकारी भूमि को पुनः राजस्व अभिलेखों के अनुसार सुरक्षित किया गया।

रेत माफियाओं के रास्ते पर चला बुलडोजर

दूसरी बड़ी कार्रवाई ग्राम दुलना में की गई, जहां नदी मार्ग से अवैध रेत परिवहन के लिए बनाए गए अस्थायी रपटे को जेसीबी मशीन से तीन अलग-अलग स्थानों पर तोड़ दिया गया। अधिकारियों के अनुसार इस मार्ग का उपयोग लंबे समय से अवैध रेत परिवहन के लिए किया जा रहा था और रात के अंधेरे में ट्रैक्टर एवं भारी वाहनों के जरिए रेत का परिवहन किया जाता था।

स्थानीय लोगों ने भी शिकायत की थी कि अवैध रेत परिवहन के कारण न केवल शासन को राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि नदी तंत्र और पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है।

तीसरी बार टूटा रपटा, फिर भी नहीं मान रहे रेत माफिया

गौरतलब है कि दुलना में बनाए गए इस अवैध मार्ग को प्रशासन पहले भी दो बार ध्वस्त कर चुका है। इसके बावजूद रेत माफिया कुछ समय बाद फिर से रपटा तैयार कर अवैध कारोबार शुरू कर देते थे। लगातार हो रही इस गतिविधि को देखते हुए प्रशासन ने इस बार और अधिक सख्ती बरतते हुए स्पष्ट चेतावनी जारी की है।

अब दोबारा बनाया तो सीधे होगी FIR

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार विक्रांत सिंह राठौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की भूमि और प्राकृतिक संसाधनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या दोहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में दोबारा रपटा बनाकर अवैध रेत परिवहन करने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ऐसे मामलों में अब शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रहा है।

जीवनदायिनी महानदी अपनी दुर्दशा पर बहा रही आंसू: सुशासन तिहार में गूंजी महानदी की सफाई की मांग

(सीजी टॉकिज) :- नवापारा और राजिम क्षेत्र की जीवनरेखा कही जाने वाली महानदी आज अपनी बदहाली पर आंसू बहाने को मजबूर है। नदी का विशाल पाट जल के बजाय घास-फूस, जलीय खरपतवार, मुरुम और मिट्टी से पट चुका है। कई स्थानों पर जल प्रवाह अवरुद्ध हो गया है और नदी का प्राकृतिक स्वरूप तेजी से नष्ट होता दिखाई दे रहा है। बरसात से ठीक पहले सामने आई यह स्थिति पर्यावरणविदों, सामाजिक संगठनों और नगरवासियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।

सुशासन तिहार के अंतर्गत पीएम श्री हरिहर हाई स्कूल मैदान में आयोजित समाधान शिविर में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष धनराज मध्यानी तथा कांग्रेस महामंत्री सौरभ शर्मा ने नगरवासियों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक प्रतिनिधियों की ओर से मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपकर महानदी की तत्काल सफाई और संरक्षण की मांग उठाई।

महानदी का अस्तित्व संकट में

ज्ञापन में कहा गया कि महानदी में वर्षों से जमा हो रही मुरुम, मिट्टी और जलीय खरपतवार के कारण जलधारा सिमटती जा रही है। नदी के कई हिस्सों में पानी का ठहराव होने से गंदगी फैल रही है और जल निस्तारी योग्य भी नहीं रह गया है। यदि समय रहते सफाई और गहरीकरण नहीं कराया गया तो आने वाले वर्षों में जल संकट और पर्यावरणीय असंतुलन गंभीर रूप धारण कर सकता है।

नगरवासियों का कहना है कि जिस महानदी के जल से कभी हजारों लोगों की प्यास बुझती थी और कृषि कार्य संचालित होते थे, वही नदी आज उपेक्षा का शिकार होकर अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है। नदी की वर्तमान स्थिति देखकर लोगों में गहरी चिंता और आक्रोश है।

अवैध रेत परिवहन से बढ़ रहा खतरा

ज्ञापन में अवैध रेत परिवहन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। नागरिकों ने बताया कि प्रतिबंध के बावजूद दूसरे जिलों से भारी रेत वाहन दिन-रात नगर क्षेत्र से गुजर रहे हैं। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है तथा कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने और प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।

व्यवस्थित बाजार और मुक्तिधाम निर्माण की मांग

पीएम श्री हरिहर हाई स्कूल मैदान के आसपास अतिक्रमण कर संचालित अस्थायी दुकानों को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। मांग की गई कि छोटे एवं बड़े व्यापारियों के लिए सुव्यवस्थित स्थायी दुकानों का निर्माण कराया जाए, जिससे व्यापार को बढ़ावा मिले और नगर पालिका के राजस्व में भी वृद्धि हो। इसके साथ ही बढ़ती आबादी को देखते हुए पूर्व में स्वीकृत दो मुक्तिधामों के निर्माण कार्य को पुनः प्रारंभ कराने की मांग भी रखी गई, ताकि भविष्य में नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग

गली-मोहल्लों में खुलेआम हो रही अवैध शराब बिक्री को सामाजिक बुराई बताते हुए नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि इससे युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और सामाजिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।

मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा शहर

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण गोबरा-नवापारा-राजिम क्षेत्र आज भी अनेक मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है। महानदी की दुर्दशा, अवैध रेत परिवहन, अतिक्रमण, अधूरे मुक्तिधाम और अवैध शराब बिक्री जैसे मुद्दों पर शीघ्र एवं ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।

पूर्व पालिकाध्यक्ष धनराज मध्यानी ने कहा कि महानदी केवल एक नदी नहीं, बल्कि इस क्षेत्र की संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार है। यदि आज इसके संरक्षण के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियां हमें कभी माफ नहीं करेंगी। वहीं सौरभ शर्मा ने कहा कि नगर हित से जुड़े इन मुद्दों पर शासन-प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।

नवापारा CHC में HPV टीकाकरण अभियानः बच्चों में संभावित कैंसर से बचाव करने चलाया जा रहा अभियान

(सीजी टॉकिज) :- शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा-नवापारा में किशोरियों को संभावित कैंसर रोगों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य सेवा योजनाओं के अंतर्गत देशभर में बालिकाओं में होने वाले संभावित कैंसर के जोखिम को कम करने के लिए एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा-नवापारा में 5 जून को आयोजित टीकाकरण सत्र के दौरान 24 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा मितानिनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाएं इस टीकाकरण का लाभ उठा सकें।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं, जिससे भविष्य में संभावित कैंसर संबंधी जोखिमों से बचाव किया जा सके। टीकाकरण कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेंद्र साहू, सेक्टर सुपरवाइजर एल.पी. तारक, टीकाकर्मी, मितानिन प्रशिक्षकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम का विशेष योगदान रहा।

गोपाल गौशाला में रविवार से शुरू होगी तीन दिवसीय श्री गौ भागवत कथा

(सीजी टॉकिज) :- नवापारा नगर में पहली बार श्री गोपाल गौशाला परिसर में गौ माता की महिमा, स्तुति, वंदना एवं पूजन विधान पर आधारित श्री गौ भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन का शुभारंभ 7 जून, रविवार से होगा। यह जानकारी गौशाला समिति के अध्यक्ष गिरधारीलाल अग्रवाल ने दी।

उन्होंने बताया कि हाल ही में छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल के गौशाला आगमन के दौरान प्राप्त प्रेरणा से इस आयोजन की परिकल्पना की गई। उद्देश्य है कि नगर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों के लोग गौ माता की महिमा से परिचित हों, उनके संरक्षण एवं कल्याण के प्रति जागरूक बनें तथा गौ सेवा से जुड़ें।

समिति के अनुसार कथा के मुख्य यजमान नगर की प्रथम नागरिक श्रीमती ओमकुमारी साहू अपने पति संजय साहू के साथ कथा श्रवण हेतु विराजमान रहेंगी। कथा व्यास के रूप में गौशाला के ही विद्वान पंडित ब्रह्मदत्त शास्त्री श्रद्धालुओं को गौ भागवत कथा का रसपान कराएंगे। गौशाला समिति ने बताया कि आयोजन की अधिकांश तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और समिति के सदस्य आयोजन को लेकर उत्साहित हैं। कथा के प्रचार-प्रसार एवं व्यवस्थाओं में प्रफुल्ल दुबे, राजू काबरा, रूपेन्द्र चंद्राकर एवं चंदू कंसारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ लेने की अपील की है। कथा प्रतिदिन सायं 4.30 बजे से 7.30 बजे तक गौशाला परिसर में आयोजित होगी। कथा के पश्चात आरती एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी होगा। गौशाला समिति के सदस्य संतोष माखीजा एवं रविशंकर साहू ने बताया कि कथा पूरी तरह संगीतमय होगी, जिसमें गौ माता की महिमा के साथ-साथ उनके आराध्य भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े भजन एवं कथा प्रसंग भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कर सकेंगे।

वृक्षारोपण कार्यक्रम: पर्यावरण संरक्षण हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी – ओमकुमारी साहू

(सीजी टॉकिज) :- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नवापारा नगर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था आईसेक्ट द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, विधायक प्रतिनिधि संजय साहू, भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य योगिता सिन्हा एवं आईसेक्ट निदेशक बलराम देवांगन ने मुख्य सदर मार्ग स्थित सुभाष चौक परिसर में गुलमोहर का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान लगभग 10 फीट ऊंचे गुलमोहर के पौधे का रोपण किया गया। आईसेक्ट निदेशक बलराम देवांगन ने बताया कि उन्होंने अपने संस्थान परिसर में अब तक 500 से अधिक पौधे लगाए हैं। वृक्षों की अधिकता के कारण संस्थान का तापमान आसपास के अन्य स्थानों की तुलना में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहता है, जिससे विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को बेहतर वातावरण प्राप्त होता है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू एवं विधायक प्रतिनिधि संजय साहू ने बलराम देवांगन के पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से खुले स्थानों पर पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया, ताकि नगर को हराभरा एवं स्वच्छ बनाया जा सके।

भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य योगिता सिन्हा ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने घरों, आंगनों, गमलों एवं खाली स्थानों में पौधे लगाकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने तालाबों एवं नदियों के किनारों पर भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में गोलू यादव, साखी निर्मलकर, भुनेश्वरी साहू, खिलेश्वरी साहू, लेखिका साहू, टीकम साहू सहित आईसेक्ट के सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

नवापारा में भीषण सड़क हादसा: दो हाइवा की आमने-सामने टक्कर, वाहनों में फंसे चालक; विधायक रोहित साहू ने दिखाई मानवता

(सीजी टॉकिज) :-  गोबरा नवापारा क्षेत्र के नवागांव मुख्य मार्ग पर बुधवार देर रात दो हाइवा वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक केबिन में फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना के समय राजिम विधायक रोहित साहू रायपुर से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी नजर हादसे पर पड़ी, उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने बिना देर किए डायल-112 को सूचना दी तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

केबिन में फंसे चालकों को सुरक्षित निकाला

हादसे में दोनों हाइवा वाहन के चालक केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। विधायक रोहित साहू स्वयं मौके पर मौजूद रहे और ग्रामीणों के सहयोग से करीब एक से डेढ़ घंटे तक लगातार राहत कार्य में जुटे रहे। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायल चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को तत्काल 112 वाहन के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से दोनों चालकों की जान बच गई।

विधायक की तत्परता की हो रही सराहना

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विधायक रोहित साहू की तत्परता और मानवीय पहल की जमकर सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर मदद नहीं मिलती तो हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था। घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।