CGTalkies

CGTalkies News

विधायक रोहित साहू ने दी विकास कार्यों की सौगात, सिवनी में 17.84 लाख के लोकार्पण और 69 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन

(सीजी टॉकिज) छुरा :- छुरा विकासखंड के ग्राम पंचायत सिवनी में रविवार को विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू ने ग्राम सिवनी एवं आश्रित ग्रामों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान करीब 17.84 लाख रुपये के पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण तथा लगभग 69 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

विधायक रोहित साहू एवं अतिथियों के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने बाजे-गाजे और आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने की। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा मंडल छुरा महामंत्री अशोक कुमार ठाकुर, जनपद सदस्य पंकज निर्मलकर, जनपद सदस्य पार्वती ध्रुव, फनेश्वर महाविद्यालय फिंगेश्वर के अध्यक्ष राजू साहू, सरपंच गंगा बाई ठाकुर एवं उपसरपंच सुलोचना नायक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

लोकार्पण और भूमिपूजनकार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने ग्राम पंचायत सिवनी में 28.51 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उपस्वास्थ्य केंद्र, 10 लाख रुपये के राजमिस्त्री सामुदायिक भवन, 6.50 लाख रुपये के धनश्री सामुदायिक भवन तथा 10 लाख रुपये के टिनशेड निर्माण का भूमिपूजन किया।

इसके अलावा ग्राम राजपुर में 4 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्रार्थना शेड का भी विधिवत भूमिपूजन किया गया। वहीं सिवनी के आश्रित ग्राम कांटाखुसरी में बंजारा समाज भवन तथा सिवनी में निर्मित टिनशेड निर्माण कार्य का पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया गया।

ग्रामीणों की मांग पर तत्काल स्वीकृति दिलाने का किया प्रयास

विधायक रोहित साहू ने कहा कि विधायक बनने के बाद जब वे पहली बार सिवनी पहुंचे थे, तब ग्रामीणों ने स्कूल भवन की आवश्यकता बताई थी। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल स्कूल भवन की स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया। इसी तरह ग्राम पेंड्रा में भी स्कूल भवन स्वीकृत कराया गया है।

उन्होंने कहा कि खरखरा से रसेला मार्ग की स्थिति काफी खराब हो गई थी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए सड़क के डामरीकरण की स्वीकृति दिलाई गई है। विधायक ने कहा कि उनका स्पष्ट उद्देश्य राजिम विधानसभा क्षेत्र के गांवों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पुल-पुलिया और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं और आने वाले समय में विकास की गति को और तेज किया जाएगा।

“जनता के भरोसे को कभी कमजोर नहीं होने दूंगा”

लोकार्पण और भूमिपूजनविधायक रोहित साहू ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, वह उनके लिए केवल राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपये तथा भूमिहीन परिवारों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।

विधायक ने कहा, “मुझे विधायक बने अभी ढाई साल हुए हैं और कार्यकाल के ढाई साल बाकी हैं। मैं सिवनी सहित पूरे राजिम विधानसभा क्षेत्र की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि आने वाले ढाई वर्षों में सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास करता रहूंगा। जनता ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उस भरोसे को कभी कमजोर नहीं होने दूंगा।” इस दौरान विधायक रोहित साहू ने स्वेच्छा अनुदान निधि के तहत सात हितग्राहियों को पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

गांव तक पहुंच रहे विकास कार्य – शिवांगी

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने कहा कि राजिम विधानसभा क्षेत्र में पहले ग्रामीणों को विकास कार्यों के लिए दफ्तरों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि विधायक रोहित साहू लगातार गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुन रहे हैं और आवश्यकता के अनुसार विकास कार्यों की सौगात दे रहे हैं।

उन्होंने कहा, “आज स्थिति यह है कि विकास के लिए गांवों को नेताओं के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ रही, बल्कि विकास कार्य गांवों तक पहुंच रहे हैं। विधायक रोहित साहू लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और ग्रामीणों की समस्याओं को नजदीक से समझकर उनके समाधान के लिए प्रयास कर रहे हैं।”

शिवांगी चतुर्वेदी ने कहा कि जनप्रतिनिधि का वास्तविक दायित्व जनता के बीच रहकर उसकी समस्याओं को समझना और विकास की दिशा में काम करना है। सिवनी में एक साथ कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को दी जा रही प्राथमिकता को दर्शाता है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में सरपंच गंगा बाई ठाकुर, उपसरपंच सुलोचना नायक, उपसरपंच खिरमणी हरपाल, अवध राम ओगरे, लक्की नायक, मंजू नायक, कमलेश्वरी ध्रुव, माधुरी ध्रुव, धनेश ध्रुव, मोहन मरकाम, पीहार ठाकुर, गैदलाल ओगरे, रेवाराम ध्रुव, संतु दिवान, भीमराम नायक, हेमलाल नायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ज्ञानोवा हाइट्स स्कूल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मनाया गया प्रधानमंत्री का जन्मदिन, सफाई अभियान व चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

(सीजी टॉकिज)राजिम :- ग्राम बासीन स्थित ज्ञानोवा हाइट्स स्कूल में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिन पूरे उत्साह और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। दो दिनों तक चलने वाले इस विशेष आयोजन में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन के अवसर पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान विद्यालय परिसर में दीपक जलाकर उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। इसके पश्चात बच्चों और शिक्षकों ने मिलकर एक वृहद सफाई कार्यक्रम (स्वच्छता अभियान) चलाया, जिसमें सभी ने श्रमदान करके आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखने का सकारात्मक संदेश दिया।

18 सितंबर को विद्यालय में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों ने खुले प्रांगण में बैठकर अपनी प्रतिभा और सृजनात्मकता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने देश हित और सामाजिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए, वहीं चित्रकला में सुंदर चित्र उकेर कर सबका मन मोह लिया।

विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने बच्चों की इस सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा की और उन्हें देश प्रेम, स्वच्छता और सामाजिक सेवा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के सभी शिक्षक, स्टाफ और छोटे-बड़े विद्यार्थी भारी संख्या में उपस्थित थे।

फणीकेश्वरनाथ महाविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान का आयोजन, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित, महिला कमांडो ने साझा किए अनुभव

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- फणीकेश्वरनाथ शासकीय महाविद्यालय, फिंगेश्वर में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के तत्वावधान में “विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से फिंगेश्वर तहसीलदार अंकिता गुप्ता, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष राजू साहू, थाना प्रभारी फिंगेश्वर हेमंत साहू, डॉ. मनोज, एल्युमिनी छात्र संघ के संरक्षक इमरान खान, नीरज शर्मा, संतोषी श्रीवास्तव, प्रभारी प्राचार्य डॉ. देवदास बंजारे, प्रोफेसर रितेश गोलछा, कमलेश्वर निषाद, तीरथ राम कपूर, डॉ. अलका कौशिक सहित गेस्ट प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

नशे से दूर रहकर भविष्य संवारें युवा—अंकिता गुप्ता

तहसीलदार अंकिता गुप्ता जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को शिक्षा, खेल, रोजगार एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं की जागरूकता और दृढ़ संकल्प से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव—राजू साहू

जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष राजू साहू जी ने कहा कि आज के युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे से मुक्त रहेंगे तो वे अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग देश एवं समाज के निर्माण में कर सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि “नशे को जीवन का हिस्सा नहीं, बल्कि जीवन की प्रगति में बाधा समझें और स्वयं नशामुक्त रहने के साथ अपने मित्रों एवं समाज को भी नशे से दूर रखने का संकल्प लें।”

महिला कमांडो ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में महिला कमांडो दल की सदस्यों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने नशे से जुड़े सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उनके अनुभवों ने छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के साथ नशामुक्त जीवन के प्रति सकारात्मक संदेश दिया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया जागरूकता संदेश

कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटक में नशे की लत से व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा और भविष्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रदर्शित करते हुए युवाओं को इससे बचने का संदेश दिया गया। छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और समाज को नशामुक्त बनाने में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। सभी वक्ताओं ने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन प्रभारी प्राचार्य डॉ. देवदास बंजारे जी ने किया। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। वहीं आभार प्रदर्शन प्रोफेसर रितेश गोलछा जी ने किया।

बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं अतिथियों की उपस्थिति से कार्यक्रम सफल रहा। आयोजन के माध्यम से महाविद्यालय परिसर से “नशे को ना, जीवन को हां” का संदेश देते हुए युवाओं को नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

तीज पर्व को यादगार बनाने महिलाओं ने रोपे कपूर के पौधे, संरक्षण का लिया संकल्प

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर:- प्रदेश का पारंपरिक एवं धार्मिक पर्व तीज सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। तीज के अवसर पर महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की मंगलकामना की। पर्व के दौरान महिलाओं ने सोलह शृंगार कर पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया।

तीज पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए निवेदिता महिला मंडल समूह की महिलाओं ने इस अवसर को यादगार बनाने की अनूठी पहल की। समूह की महिलाओं ने नगर के पंचदेव मंदिर परिसर में कपूर के पौधों का रोपण किया। पौधरोपण के दौरान महिलाओं ने लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।

महिलाओं ने कहा कि धार्मिक एवं पारंपरिक पर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश भी दिया जा सकता है। तीज के पावन अवसर पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का प्रयास किया गया है। आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करना सभी की जिम्मेदारी है।

मंदिर परिसर में पौधरोपण के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने लगाए गए कपूर के पौधों की देखभाल करने तथा समय-समय पर उनकी स्थिति की निगरानी करने की बात कही। महिला समूह की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की गई। इस अवसर पर निवेदिता महिला मंडल समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं। उन्होंने तीज पर्व की धार्मिक परंपरा के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर फणीकेश्वरनाथ महाविद्यालय में ‘आशीर्वाद का दीप’ प्रज्वलित

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर फणीकेश्वरनाथ महाविद्यालय परिसर में ‘आशीर्वाद का दीप’ प्रज्वलित किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में उपस्थितजनों ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही देश की निरंतर प्रगति, शांति और समृद्धि के लिए मंगलकामना की गई। इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष राजू साहू, जितेंद्र साहू, निशु यादव, डिगेश साहू तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवदास बंजारे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्राध्यापक रितेश गोलछा, कमलेश्वर निषाद, कपूर तथा डॉ. अल्का सहित अन्य प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ हुआ। महाविद्यालय परिवार की सहभागिता से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

राजिम त्रिवेणी संगम में 21 हजार दीपों से जगमगाया घाट; पीएम मोदी के जन्मदिन पर हुआ भव्य गंगा आरती कार्यक्रम,

(सीजी टॉकिज) राजिम :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर राजिम के पवित्र त्रिवेणी संगम में गुरुवार को श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। ‘25 वर्ष सेवा संकल्प’ अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में त्रिवेणी संगम के घाट पर 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा और संगम का नजारा बेहद मनोहारी दिखाई दिया।

कार्यक्रम के दौरान विधिवत गंगा आरती का आयोजन भी किया गया। आरती के समय घाट पर भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। त्रिवेणी संगम में हजारों दीपों के एक साथ प्रज्ज्वलित होने से घाट का दृश्य आकर्षण का केंद्र बना रहा। जानकारी के अनुसार राजिम विधानसभा क्षेत्र में 6 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। वहीं पूरे गरियाबंद जिले में करीब 10 लाख दीप जलाकर अभियान को सफल बनाया गया।

विधायक रोहित साहू ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामकुमार साहू, भाजपा नेता श्याम अग्रवाल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सतीश यादव, नगर पालिका सभापति तुषार कदम, एसडीएम विशाल महाराणा समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगर व क्षेत्रवासी शामिल हुए।

राजिम के त्रिवेणी संगम पर प्रज्ज्वलित होगा आशीर्वाद का दीया, 21 हजार दीपों से जगमगाएगा तट, विधायक रोहित साहू ने क्षेत्रवासियों से की अपील

(सीजी टॉकिज) राजिम:- छत्तीसगढ़ के प्रयागराज के रूप में विख्यात राजिम के पवित्र त्रिवेणी संगम तट पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा उनके सार्वजनिक जीवन, सेवा, सुशासन और संकल्प के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम के अंतर्गत त्रिवेणी संगम को 21 हजार दीपों से जगमगाया जाएगा। यह विकासखंड स्तरीय भव्य आयोजन नगरपालिका परिषद राजिम और जनपद पंचायत फिंगेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान त्रिवेणी संगम तट पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान शंखध्वनि, मंत्रोच्चार और 21 हजार प्रज्वलित दीपों की रोशनी से पूरा राजिम जगमगा उठेगा। उपस्थित सभी नागरिक एवं जनप्रतिनिधि एक साथ देश के प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और यशस्वी कार्यकाल की कामना करते हुए दीप दान करेंगे। इस ऐतिहासिक और गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू उपस्थित रहेंगे। उनके साथ नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव,जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू,नगरपालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर,जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सतीश यादव स्थानीय जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगर व क्षेत्रवासी शामिल होकर इस अवसर के साक्षी बनेंगे।

राजिम विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, श्रद्धालुओं और युवाओं से इस अलौकिक दीप प्रज्वलन और महाआरती कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह आयोजन सेवा और सुशासन के प्रति हमारी निष्ठा और हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति जन-आशीर्वाद का प्रतीक है। सभी नगरवासी और क्षेत्रवासी संध्या 06 बजे संगम तट पहुँचकर 21 हजार दीपों के इस विहंगम दृश्य का हिस्सा बनें। शाम 07 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा।

विधायक रोहित साहू ने क्षेत्रवासियों के नाम विशेष संदेश जारी करते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जीवन मां भारती की सेवा, त्यागमय तपस्या और अंत्योदय के संकल्प को समर्पित है। सार्वजनिक जीवन और सुशासन के 25 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होना भारत के सशक्तिकरण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। मोदी जी ने देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने का जो भागीरथ प्रयास किया है, उसने 140 करोड़ भारतीयों के जीवन में आत्मसम्मान और समृद्धि का उजाला भरा है।

राजिम की यह पावन धारा, जहाँ तीन पवित्र नदियों का संगम होता है, आज ऐसे महानायक के दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करती है। मैं क्षेत्र के अपने सभी परिवारजनों से विनम्र आग्रह करता हूँ कि इस ऐतिहासिक संध्या पर त्रिवेणी संगम तट पर पधारकर आशीर्वाद का दिया प्रज्ज्वलित करें और इस अलौकिक महादीपोत्सव के साक्षी बनें।

25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर जलाएं ‘आशीर्वाद का दीया’, जन-जन से विरेन्द्र साहू की अपील

(सीजी टॉकिज) गरियाबंद :- देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस तथा उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक की गौरवपूर्ण यात्रा के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम पूरे देश में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर जन-जन से अपने-अपने घरों में दीपक जलाकर इस अभियान में सहभागी बनने का आह्वान प्रदेश भाजयुमो नेता विरेन्द्र साहू ने किया है। समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे 17 सितंबर की शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच अपने घर के आंगन, द्वार अथवा पूजा स्थल पर दीपक प्रज्वलित कर इस विशेष अवसर को परिवार सहित मनाएं।

भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विरेन्द्र कुमार साहू ने कहा कि “आशीर्वाद का दीया” केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, सकारात्मकता और राष्ट्रहित के प्रति संकल्प का प्रतीक है। एक दीपक जब घर में जलता है तो परिवार को रोशन करता है और जब जन-जन अपने घरों में दीप जलाता है तो पूरे समाज में सेवा और सद्भाव का प्रकाश फैलता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रत्येक परिवार अपनी सहभागिता के माध्यम से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचा सकता है। उन्होंने सभी माताओं-बहनों, युवाओं, बुजुर्गों एवं नागरिकों से आग्रह किया कि 17 सितंबर की शाम अपने-अपने घरों में “आशीर्वाद का दीया” अवश्य जलाएं और सेवा के इस संकल्प में सहभागी बनें। हर घर का दीपक एक आशीर्वाद बने, हर परिवार की सहभागिता एक संकल्प बने और जन-जन की भागीदारी से सेवा का संदेश घर-घर पहुंचे, यही इस अभियान का उद्देश्य है।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाने का आह्वान; डॉ. रामकुमार साहू ने कहा 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न सेवा कार्य

(सीजी टॉकिज) राजिम:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को भारतीय जनता पार्टी एवं विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जाएगा। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अलग-अलग सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान के जिला संयोजक एवं पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रामकुमार साहू ने क्षेत्रवासियों से अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को शाम 6 से 7 बजे के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर ‘आशीर्वाद के दीप’ के रूप में किया जाएगा।

डॉ. साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर दीप जलाकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करने के साथ देश के प्रति उनके योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के साथ भाजपा संगठन तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठन जनसेवा के अलग-अलग कार्यों के माध्यम से इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे।

अंतिम पंक्ति तक पहुंचेगा सेवा अभियान

डॉ. रामकुमार साहू ने कहा कि अभियान के दौरान समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों से सीधे जुड़कर उनके जीवन को बेहतर बनाने में सहयोग करना है।

विकसित भारत के संकल्प में सहभागिता का आह्वान

डॉ. साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प रखा है। इस लक्ष्य की दिशा में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने और विभिन्न जनसेवा कार्यों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए स्वच्छ, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण है।

तीन मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में चार घायल, दो युवकों के पैर फैक्चर, तेंदुआभाठा और बोड़की के लोग घायल

(सीजी टॉकिज) फिंगेश्वर :- फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में चरौदा मुक्तिधाम के पास बुधवार को तीन मोटरसाइकिलों के बीच हुई भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि दो युवकों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और दोनों के पैर टूटने की जानकारी सामने आई है। वहीं एक महिला और एक अन्य युवक भी घायल हुए हैं। तीसरी मोटरसाइकिल से टकराने वाले व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, तेंदुआभाठा, जिला धमतरी निवासी एक महिला और एक युवक बेलर से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर बोड़की निवासी तोमलेश दीवान और दौलत दीवान चरौदा से अपने घर बोड़की की ओर जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि चरौदा मुक्तिधाम के पास दोनों मोटरसाइकिलों की आपस में भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर एक तीसरी मोटरसाइकिल से भी जा टकराए। तीसरी मोटरसाइकिल पर कौन्दकेरा निवासी व्यक्ति सवार था, जिसे इस दुर्घटना में मामूली चोटें आने की जानकारी है।

हादसे में तेंदुआभाठा निवासी महिला और युवक तथा बोड़की निवासी तोमलेश दीवान और दौलत दीवान घायल हुए हैं। इनमें तोमलेश दीवान और दौलत दीवान के पैरों में गंभीर चोट आई है और दोनों के पैर टूटने की जानकारी सामने आई है। वहीं तेंदुआभाठा निवासी महिला के पैर में भी गंभीर चोट बताई जा रही है। उसके साथ मौजूद युवक को भी चोटें आई हैं।

दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घायलों की मदद करते हुए तत्काल घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही 112 और 108 की दोनों टीमें मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिंगेश्वर ले जाया गया।

घटना की सूचना मिलने पर फिंगेश्वर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। तीनों मोटरसाइकिलों की भिड़ंत आखिर किस परिस्थिति में हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है।

फिलहाल हादसे में घायल लोगों का उपचार जारी है। पुलिस की जांच और घायलों से मिली जानकारी के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।