बैंक मित्र और चॉइस सेंटर कर्मियों से लूटपाट, 4 आरोपी गिरफ्तार, सरपंच का भाई निकला मास्टरमाइंड

(सीजी टॉकिज) अभनपुर :- अभनपुर पुलिस ने लूट की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बैंक मित्र और चॉइस सेंटर के कर्मचारियों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गिरोह का मास्टरमाइंड सरपंच का छोटा भाई निकला, जो पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। मामला रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हसदा और सारखी में दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देते हुए करीब 3 लाख 50 हजार रुपये लूट लिए थे। गिरोह के सदस्य पहले अपने शिकार की पूरी रेकी करते थे और फिर सुनसान जगह पर रोककर चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंकते हुए चाकू दिखाकर नकदी लूट लेते थे।

बैंक मित्र से लूटे 2 लाख

ग्राम बिरोदा निवासी पोषण साहू खोरपा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में बैंक मित्र के पद पर कार्यरत हैं। 1 जून की शाम करीब 4.40 बजे पोषण बैंक से छुट्टी होने के बाद अपने निजी खाते से 2 लाख रुपये निकाले और रकम को अपने पिट्ठू बैग में रखकर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे।

इस दौरान ग्राम सारखी और बिरोदा के बीच स्थित पुलिया के पास आरोपियों ने जेब से मिर्च पाउडर निकालकर उनके चेहरे पर फेंकने का प्रयास किया, जबकि दूसरे ने चाकू जैसी वस्तु निकालकर डराया-धमकाया। अकेला होने के कारण वह विरोध नहीं कर सके। इसके बाद आरोपी उनके बैग में रखे 2 लाख रुपये नकद, करीब 10 हजार रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल फोन और दुकान की चाबी लूटकर फरार हो गए।

बैंक से ही करते थे रेकी

मामले की शिकायत के बाद अभनपुर पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक और चॉइस सेंटरों के आसपास नजर रखते थे। जैसे ही कोई बैंक मित्र या कर्मचारी बड़ी रकम लेकर निकलता, उसका पीछा शुरू कर देते थे। सुनसान स्थान मिलते ही मिर्च पाउडर और चाकू के दम पर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस को आशंका थी कि आरोपियों ने बैंक परिसर से ही पोषण साहू की गतिविधियों पर नजर रखी थी और रकम निकालते ही उनका पीछा शुरू कर दिया था। इसी एंगल पर जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद पूरा गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

सरपंच का भाई निकला गिरोह का सरगना

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह का मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु है, जो ग्राम पंचायत सारखी के सरपंच का छोटा भाई है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी लंबा है। उसके खिलाफ आबकारी, मारपीट, धोखाधड़ी सहित कई मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो दोपहिया वाहन, चार मोबाइल फोन, दो धारदार चाकू तथा लूट की रकम में से 70 हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। आरोपियों से पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *